Young Writer, चंदौली। जिलाधिकारी संजीव सिंह की अध्यक्षता में डीसीसी एवं डीएलआरसी की बैठक मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई। बैठक में डीएम ने कहा कि वित्तीय वर्ष समाप्ति के दो दिन शेष बचे हैं अतः सभी बैंकर्स अधिकारी लाभार्थीपरक योजनाओं से संबंधित पत्रावलियों को बैंक में लंबित न रखें। चाहें वो प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना, मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना, स्टैंड-अप इंडिया योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, बुनकर क्रेडिट कार्ड, बाबा साहब अंबेडकर रोजगार प्रोत्साहन योजना, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी), पशुपालन (केसीसी) सहित विभिन्न योजनाओं में पात्र सभी व्यक्तियों को समय से भुगतान किया जाना सुनिश्चित करें।
उन्होंने प्रधानमंत्री मुद्रा बुनकर योजना में लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति नहीं रहने पर बैंक के अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। कहा कि आवेदन पत्रों व फाइलों का जांच करते हुए भुगतान किया जाना सुनिश्चित हो, लापरवाही बरतने वाले बैंक मैनेजर स्वयं जिम्मेदार होंगे। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी द्वारा बैठक में पशुओं पर किए जा रहे केसीसी का डाटा उपलब्ध नहीं कराने पर गहरी नाराजगी जताते हुए अभिलंब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। डीएम ने जनपद स्तरीय अनुश्रवण समिति डीएमसी की बैठक की समीक्षा करते हुए कहा कि जनपद में काला चावल, आदमचीनी, बादशाह भोग इत्यादि चावलों का बड़े पैमाने पर उत्पादन करके किसानों को उचित मूल्य दिलाने के लिए मार्केट लिंकेज कराया जा रहा है। 20 जनवरी 2022 को नियामताबाद ब्लॉक में रूलर मार्ट का उद्घाटन किया गया है, जिसमें स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा उत्पादित वस्तुओं का विक्रय किया जा रहा है। कहा कि उत्पादकों के बिक्री के लिए मार्केट में भटकना न पड़े इसलिए रूलर मार्ट एक सही प्लेटफार्म है नाबार्ड द्वारा अच्छी पहल की जा रही है। उन्होंने कृषि विभाग, उद्यान विभाग से बीज लाइसेंस व फर्टिलाइजर लाइसेंस जरूरतमंद को उपलब्ध कराए जाने के निर्देश दिया। बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अजितेंद्र नारायण, अग्रणी जिला प्रबंधक शंकर सामंत, डीडीएम नाबार्ड तनुज कुमार सेन, उपायुक्त उद्योग गौरव मिश्रा उपस्थित थे।
बैंक लंबित ना रखें लाभार्थीपरक योजनाओं की फाइलः डीएम
सकलडीहा तहसील प्रशासन से नाराज हैं स्थानीय अधिवक्ता
Young Writer, सकलडीहा। तहसील प्रशासन के खिलाफ अधिवक्ताओं का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को संयुक्त बार के अधिवक्ताओं ने तहसील के अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी किया। पूरे दिन न्यायिक कार्य से विरत रहे। इस दौरान अधिवक्ताओं ने तहसील प्रशासन की मनमानी के खिलाफ अंकुश लगाने की मांग उठाया। अधिवक्ताओं ने बुधवार को डीएम से मिलकर समस्या से अवगत कराने की बात कही।
लम्बे समय से जमीं तहसीलदार की मनमानी को लेकर अधिवक्ता लामबंद है। सेामवार को एडीएम से मिलकर सकलडीहा बार के अधिवक्ताओं ने तहसील प्रशासन की मनमानी के खिलाफ शिकायत किया। जिस क्रम में एसडीएम ने अधिवक्ताओ को बुलाकर वार्ता किया। लेकिन कोई ठोस निर्णय नही निकलने पर अधिवक्ताओं ने तहसील प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए तहसील गेट पर विरोध जताया। अधिवक्ताओं ने तहसील प्रशासन की मनमानी और हटाने तक आन्दोलन की चेतावनी दिया है। अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि वादकारियों के फाइलों का निस्तारण कार्यालय और न्यायालय के बजाय अधिकारियों के आवास पर रखकर किया जाता है। अंत में अधिवक्ताओं ने डीएम से मिलकर समस्या से अवगत कराने की बात कही है। इस मौके पर विरोध जताने वालों में बार अध्यक्ष नितिन तिवारी, महामंत्री पंकज सिंह, वीणा पांडेय, अतुल तिवारी, अंगद मौर्या, मनोज पांडेय, कमलेश मिश्रा, दुर्ग विजय सिंह, धर्मदेव, रामराज यादव, उपेन्द्र नारायण सिंह, सोनू, मनोज पांडेय, आलोक मिश्रा आदि मौजूद रहे।
गरीब महिला के आशियाने को मनबढ़ों ने जलाया
Young Writer, नौगढ़। आरक्षित वनभूमि में मड़ई छप्पर लगाकर निवासरत गरीब महिला का आशियाना मनबढों ने जलाकर के राख कर दिया, जिससे पीड़िता अपने पाल्यों के साथ खुले आकाश के नीचे रहने को विवश हो गई है।
बताते हैं कि लोहसनिया बीट (भरदुआ) निवासी संतोषी देवी पत्नी लाले ने नौगढ थाने पर तहरीर देकर आरोप लगाया कि सोनू पुत्र रामनरेश निवासी इमिलियाडीह व मुस्तकीम पुत्र अज्ञात निवासी मझगांवा ने द्वैषवश उसके छप्पर मड़ई में आग लगाकर घर गृहस्थी का सारा सामान व 40 हजार नकदी जला दिया है। घटना के समय छोटे छोटे बच्चे ही मौके पर मौजूद थे जिन्हें काफी धमकी देते हुए किसी से नहीं बताने की चेतावनी भी दी गई है। प्रभारी निरीक्षक राजेश सरोज ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपों की जांच करके आरोपियों के विरुद्ध समुचित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार किया जाएगा।
हरिकीर्तन कार्यक्रम में डाला व्यवधान, विरोध करने पर जीप को जलाया
पीड़ित ने नौगढ़ थाने में दी गयी तहरीर देकर की शिकायत
Young Writer, नौगढ़। थाना क्षेत्र के गहिला बाबा मंदिर पर आयोजित हरिकीर्तन कार्यक्रम के दौरान अर्धरात्रि में पेट्रोल छिड़कर जीप को जलाए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि हरकीर्तन के दौरान मंदिर पर मौजूद श्रद्धालुओं की मनबढ़ युवकों ने पिटाई की, जो क्षेत्र में पशु तस्करी जैसे कृत्यों में लिप्त हैं।
उक्त घटना के बाद पीड़ित अशोक सिंह ने मंगलवार को नौगढ़ थाने पर तहरीर देकर के आरोप लगाया है कि गहिला संघार बीर मंदिर में परंपरागत अखण्ड हरिकीर्तन का आयोजन सोमवार को किया गया था। अर्धरात्रि में कुछ लोग करीब 15 की संख्या में मंदिर पर आए और वहां चल रहे हरिकीर्तन अनुष्ठान में व्यवधान उत्पन्न करने लगे। जिसका विरोध किए जाने पर लाठी डंडे से लैस होकर हमलावर हो गए। मारपीट कर कई लोगों को घायल कर दिया। साथ ही मंदिर परिसर में खड़ी जीप में पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दिया। बताया कि विपक्षीगण पशु तस्करी के कार्याें मे संलिप्त हैं। जिनके द्वारा धार्मिक आयोजन में व्यवधान उत्पन्न किया गया है। प्रभारी निरीक्षक राजेश सरोज ने बताया कि इस बारे में तहरीर मिली है। जांच पड़ताल करके आवश्यक विधिक कार्यवाही की जाएगी।
पतंगबाजी में धड़ल्ले से हो रहा चाइनीज मांझे का इस्तेमाल
Young Writer, पड़ाव। क्षेत्र के चौरहट और बखरा ग्राम सभा के सिवान में बड़ी तेजी से पतंगबाजी बड़ा रूप लेता जा रहा है। इस दौरान हजारों हजारों रुपए का सट्टा लगाया जाता है जबकि आए दिन यह सुनने को मिल जाता है कि चाइनीज मांझे से किसी एक की मौत हो गई और इस पर कुछ सोशल वर्कर लोगों को जागरूक भी कर रहे हैं।
चाइनीज मांझा का इस्तेमाल ना करें उसके बावजूद कुछ लोग बिना चाइनीज मांझा का पतंगबाजी ही नहीं करते चौरहट और बखरा के सिवान मे इस वक्त ऐसा कोई खेत नहीं होगा जिस खेत में मांझा और तात ना बिखरा हो खड़ी फसलों के साथ खाली पड़े खेतों में भी नंगे पांव नहीं चल सकते आपके पैर मांझा में उलझ कर जरूर कट जाएंगे उक्त सिवान में पतंगबाजी के लिए क्षेत्रवासियों के साथ-साथ वाराणसी जनपद से भी लोग दर्जनों दर्जनों पतंग लेकर शिरकत कर रहे हैं पहले तो शनिवार और रविवार को ऐसा नजारा देखने को मिल जाता था लेकिन अब रोजाना तीन बजे शाम के बाद दर्जनों दर्जनों लोग पतंगबाजी करते हुए दिखाई देते हैं जबकि पतंग कटने के बाद चांदीतारा निबुपुर बखरा सीतापुर बिजुरिया वीर आदि गांव के छोटे बच्चे और बड़े पतंग लूटने के लिए खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। वहीं कुछ किसानों के अनुसार उक्त सिवान मे पहले जैसा जल निकासी ना होने के कारण कुछ किसान बुवाई नहीं करते हैं तो कुछ किसान मांझा के वजह से पैर कटने के भय से खेतों में बुआई करने से कतराते हैं।
गर्ल आइकन के जरिए निखारा जाएगा युवतियों का हुनर
Young Writer, नौगढ़। ग्राम्या संस्थान एवं मिलान फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में संचालित गर्ल आइकन कार्यक्रम के तहत मंगलवार को क्षेत्र के अमदहां गांव में बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें मौजूद समुदाय के लोगों ने गर्ल आइकन कार्यक्रम के बारे में सविस्तार जानकारी देते हुए आर्थिक और सामाजिक रूप से वंचित किशोरियों का चयन प्रक्रिया के बारे में बताया।
संस्थान की नीतू सिंह ने बताया कि मिलान फाउंडेशन द्वारा गर्ल आइकन कार्यक्रम के 2022 बैच हेतु ऑनलाइन आवेदन फार्म लांच किया गया है। जिसमें जनपद चंदौली की कोई भी आर्थिक और सामाजिक रूप से वंचित समुदाय की 12 से 18 वर्ष आयु की किशोरी जिनकी पारिवारिक आय अधिकतम 100000 वार्षिक हो वह आवेदन कर सकती हैं। चयनित गर्ल आइकन को अनुभवात्मक जीवन कौशल आधारित प्रशिक्षण एवं विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से उनकी आंतरिक क्षमता को विकसित किया जाएगा, जिससे कि वह न केवल अपने जीवन में बल्कि समाज में भी सकारात्मक बदलाव लाकर के अपने आसपास की किशोरियों को भी सशक्त बना सके। इसके लिए 31 मार्च 2022 तक ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है।
कटान की भेंट चढ़ जाएगा सुदांव पम्प कैनाल
! कर्मनाशा नदी के कटान के कारण पम्प कैनाल के अस्तित्व को खतरा
चंदौली। भारतीय किसान यूनियन ने सुदांव गांव में पंचायत लगाया। इस दौरान किसानों ने लघु डाल, सुदांव पम्प कैनाल की समस्या पर चर्चा की। यूनियन प्रवक्ता मणिदेव चतुर्वेदी ने बताया कि यूनियन ग्रामीणों के साथ कैनाल का मौका-मुआयना किया। बताया कि कैनाल चलने के लिए जो पावर हाउस बैठाया गया है, अगर समय रहते शासन-प्रशासन द्वारा बरसात से पहले कटान की समस्या को देखते हुए पत्थर के बोल्डरों से भरने की समुचित व्यवस्था नहीं की गई तो पूरा पावर हाउस ही नदी के कटान की भेंट चढ़ जाएगा। उन्होंने कहा कि बिजली सप्लाई के लिए जिन खंभों को स्थापित किया है वह बरसात में कभी भी कटान की जद में आ सकते हैं। जिनके माध्यम से सुदांव, गायघाट, परसिया, औरईय्या और भतीजा में स्थापित पम्प कैनाल को बिजली आपूर्ति होती है। अगर बरसात में ये विद्युत पोल कटान की जद में आए तो पांचों कैनालों का बिजली आपूर्ति बाधित होगी और लगभग 25 गांव प्रभावित होंगे। सिंचाई बाधित हो जाएगी। मंडल अध्यक्ष जितेंद्र प्रताप तिवारी ने कहा कि किसानों की समस्या को लेकर यूनियन सतर्क है। साथ ही गेहूं खरीदी की प्रकिया पर पूरी नजर रखे हुए है। मंडल महासचिव विभूति नारायण तिवारी ने कहा कि यूनियन किसानों की लड़ाई लड़ता रहेगा। जिलाध्यक्ष सतीश सिंह ने कहा कि अगर पम्प कैनाल के विषय मे शासन-प्रशासन जल्द कोई कदम नहीं उठाएगा तो यूनियन धरना देने के लिए बाध्य होगा। जिला युवा उपाध्यक्ष रंकज सिंह ने कहा कि शासन-प्रशासन को जल्द ही कैनाल का निरीक्षण करना चाहिए। तहसील अध्यक्ष गोपाल सिंह ने कहा कि ग्रामीणों की समस्या को लेकर लड़ाई जारी रहेगी। वही पंचायत में ग्राम संगठन के लिए पदाधिकारियों का चयन किया गया। इस दौरान ग्राम संगठन अध्यक्ष संतोष कुमार बिंद, उपाध्यक्ष रणविजय सिंह मौर्या, सूचना मंत्री विजय कुमार, कोषाध्यक्ष जीउत मौर्या पदाधिकारी चुने गए। इस पंचायत में गंगाधर मौर्या,पूर्व प्रधान, जगदीश मौर्या, अक्षयबर मौर्य, भगवान दास बिंद, रामराज बिंद,चंद्र भूषण यादव, रामसुधार मौर्या आदि आदि उपस्थित रहे। संचालन विभूति नारायण तिवारी ने व अध्यक्षता पूर्व प्रधान गंगाधर मैर्या ने किया।
इंडियन बैंक लाकर चोरी प्रकरण में दो आरोपियों की जमानत खारिज
Young Writer, चंदौली। इंडियन बैंक लाकरों में सेंधमारी करने वाले चोरों की जमानत याचिका मंगलवार को सुनवाई के लिए जनपद एवं सत्र न्यायाधीश ज्योति कुमार त्रिपाठी की अदालत में पेश हुई। इस दौरान जिला जज ने मुकदमा अपराध संख्या 33/2022 में निरूद्ध आरोपी आलोक कुमार व पूजा के जमानत प्रार्थना-पत्रों को निरस्त कर दिया।
ज्ञात हो कि बीते 31 जनवरी को वादी मुकदमा इंडियन बैंक के शाखा प्रबंधक मनीष कुमार द्वारा तहरीर देकर बैंक शाखा में चोरी होने की सूचना दर्ज कराई थी। शाखा प्रबंधक ने अपनी तहरीर में इस बात का उल्लेख किया था कि बैंक शाखा के सफाई कर्मी अखिलेश कुमार चौबे द्वारा शाखा खोला गया तो अंदर कैल वाल्ट रूम का दरवाजा टूटा हुआ था। फायर अलार्म व सभी सिक्युरिटी कैमरा टूटे पाए गए। वाल्ट रूम के अंदर कैमरे व लॉकरों को तोड़कर अंदर का सामान निकाला गया था। वाल्ट रूम के अंदर चांदी के गहने व अन्य सामान बिखरा पाया गया। हालांकि नकदी सुरक्षित पाया गया। चोरी की घटना में कुल 40 लॉकर टूटे पाए गए। उक्त मामले में जांच व तफ्तीश के दौरान पुलिस कर्मियों द्वारा बीते 15 फरवरी को सहअभियुक्त डुग्गू, पवन शाहा, मिट्ठू मण्डल उर्फ मिथुन मण्डल व गौरव कुमार मण्डल को गिरफ्तार किया गया, जिनके पास से उक्त घटना से सम्बंधित पीली धातु के आभूषण आदि बरामद हुए। वर्तमान में आरोपी पूजा व आलोक कुमार का नाम प्रकाश में आना दर्शित है जिसके आधार पर अभियुक्तों की गिरफ्तारी व जामा तलाशी पर सफेद धातु के आभूषण आदि बरामद हुआ। न्यायालय में सुनवाई के दौरान अभियोजन द्वारा यह भी कहा गया कि गिरफ्तार आरोपियों के पास से आभूषणों की बरामदगी तथा सर्विलांस से आरोपियों के बातचीत के आधार पर ही गिरफ्तारी हुई है। दोनों पक्षों की बहस सुनने के बाद जिला एवं सत्र न्यायाधीश ज्योति कुमार त्रिपाठी ने अपराध को गम्भीर प्रकृति का मानते हुए दोनों अभियुक्तों का जमानत प्रार्थना पत्र निरस्त कर दिया। अभियोजन की तरफ से जिला शासकीय अधिवक्ता दाण्डिक शशि शंकर सिंह, सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता अवधेश कुमार पांडेय ने तर्क प्रस्तुत किया।
एससी-एसटी से जुड़े वादों की डीएम ने की समीक्षा
चंदौली। जिलाधिकारी संजीव सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार की दोपहर कलेक्ट्रेट सभागार में अभियोजन व वादों एवं अनुसूचित जाति एवं जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के माह जनवरी व फरवरी 2022 में हुए वादों से संबंधित मासिक समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई।जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग को निर्देशित किया कि किसी भी आपराधिक मामले में दोषी सजा से नहीं बच पाए। दोषियों को सजा दिलाने के लिए आरोप पत्र समर्पित करने में सभी तकनीकी पहलुओं को जोड़ने के साथ समयान्तर्गत जांच पूरी करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि महिला एवं बच्चों से जुड़े अपराधों के मामले में शीघ्रता से मामलों का निस्तारण कराएं और समस्या उत्पन्न होने पर अवगत अवश्य कराये। जिलाधिकारी ने अभियोजन कार्यों की समीक्षा करते हुए अभियोजन अधिकारियों को कोर्ट में लम्बित मामलों के निस्तारण हेतु प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा है कि मामलों के निस्तारण हेतु आवश्यक विधिक कार्यवाही समयान्तर्गत पूरी करते हुए अधिक से अधिक वादों का निस्तारण सुनिश्चित करायें।
चंदौली तेज़ रफ़्तार कार ने कंटेनर में मारी टक्कर, चार लोग घायल
चंदौली। सदर कोतवाली क्षेत्र के बिछियां गांव के समीप सोमवार को तेज़ रफ़्तार कार अनियंत्रित हो कर आगे चल रही कंटेनर में पीछे से जोरदार टक्कर मार दिया। घटना में कार का अगला हिस्सा पूरी तरह छतिग्रस्त हो गया। और उसमें बैठे एक महिला सहित चार लोग घायल हो गए। मौके पर जुटे आस पास के लोगो ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी घटना स्थल पर पहुची पुलिस ने कंटेनर और कार को कब्जे में कर कोतवाली ले आयी औऱ आगे की कार्यवाही में जुट गई।

बताते हैं कि भभुआ थाना क्षेत्र के बिहार हटा गांव निवासी विनोद जयसवाल उमेश जायसवाल बबली जायसवाल चालक बलवंत के साथ अपने घर से वाराणसी जा रहे थे। जैसे ही वो बिछियां गांव के समीप पहुचे की उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गयी। और चालक बलवंत ने कलकत्ता से टेंट का सामान लादकर दिल्ली जा रही कंटेनर में पीछे से टक्कर मार दिया घटना में कार का अगला हिस्सा पूरी तरह छतिग्रस्त हो गया। वही घटना में सभी सवारों को मामूली चोटें आई। घटना देख मौके पर ग्रामीणों भी भारी भीड़ इकट्ठा हो गयी।

ग्रामीणों ने तत्काल सभी को कार से बाहर निकाला और घटना की जानकारी पुलिस को दी मौके पर पहुची पुलिस ने दोनों वाहनों को कोतवाली ले आयी और आगे की कार्यवाही में जुट गई।











