29.2 C
Chandauli
Thursday, July 23, 2026

Buy now

Home Blog Page 552

सपा के मनोज सिंह डब्लू पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज

Young Writer: गोपालपुर में सपा का झंडा लगाने के बाद चेतावनी जारी करते मनोज सिंह डब्लू।

Young Writer, सैयदराजा। सैयदराजा थाना क्षेत्र के बनसिंगपुर गांव में बीजेपी बूथ अध्यक्ष से मारपीट मामले में पुलिस ने पूर्व विधायक और सपा प्रत्याशी मनोज सिंह डब्लू सहित पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। घटना की जानकारी होने के बाद सैयदराजा से बीजेपी विधायक सुशील सिंह तब तक थाने में डटे रहे जब तक पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं कर दी। पूरा मामला रविवार की देर शाम बनसिंगपुर रनिया गांव का है, जहां ग्रामीणों ने बूथ प्रभारी दिग्विजय पांडेय को डायरी व पैसे के साथ पकड़ लिया था।
इस दौरान ग्रामीणों व उक्त बूथ प्रभारी में मारपीट कीघटना हुई। सूचना के बाद सपा प्रत्याशी मनोज सिंह डब्लू व उनके समर्थक भी मौके पर पहुंचे और भाजपा के बूथ अध्यक्ष के पास मौजूद डायरी को अपने कब्जे में ले लिया। साथ सूचना के बाद सैयदराजा पुलिस को भी मौके पर बुला लिया गया। उक्त घटना के बाद विधायक सुशील सिंह ने सैयदराजा थाने पहुंचे और सपा प्रत्याशी मनोज सिंह डब्लू समेत उनके साथियों पर मुकदमा कायम करने के लिए अड़ गए। बताया जाता है कि बूथ अध्यक्ष को मतदाताओं को पैसा और शराब बांटने का आरोप लगाते हुए पिटाई की गई थी। बूथ प्रभारी के पास से डायरी मिलने का दावा किया गया, जिसमें उन मतदाताओं के नाम लिखे थे जिन्हें पैसा देना था या दिया जा चुका था। मारपीट के दौरान सपा प्रत्याशी मनोज सिंह भी मौजूद थे। इस दौरान उनकी पुलिस से नोंकझोक भी हुई। भुक्तभोगी की तहरीर पर मनोज सिंह डब्लू सहित अरविंद यादव, रईस यादव, रीशू यादव, गोविंद यादव के खिलाफ धारा 147, 148 , 323 , 506 और 307 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया। हालांकि इस कार्यवाही से सैयदराजा के लोग पुलिस की कार्यवाही से बेहद खफा दिखे। उनका आरोप था कि पुलिस कानून-व्यवस्था को बनाए रखने के लिए प्रयास करती तो इस तरह की घटनाएं चुनावी समय में नहीं हो पाती।

साजिशः साइकिल के बटन में डाला दिया फेवीक्विक

मतदान के लिए कतारबद्ध होकर इंतजार करते मतदाता।

करवत व दुल्हीपुर में दुस्साहसिक महिला ने ईवीएम में डाला फेवीक्विक

Young Writer, मुगलसराय। मुगलसराय विधानसभा में समाजवादी पार्टी के वोट को रोकने के लिए बड़ी साजिश होती नजर आयी। इस दौरान सर्वप्रथम दुलहीपुर में जहां एक महिला ने साइकिल वाले बटन में फेवीक्विक डालकर मतदान को 45 मिनट के लिए रोक दिया। वहीं इसी तरह की साजिश करवत में होने की सूचना मिल रही है। इससे समाजवादी पार्टी के लोगों ने बड़ी साजिश करार दिया। साथ ही सुरक्षा को पुख्ता किए जाने मांग की है
मुगलसराय विधानसभा के पूर्व माध्यमिक विद्यालय दुलहीपुर में बनाए गए मतदान केंद्र अंतर्गत बूथ संख्या-137 पर एक दुस्साहसिक महिला ने ईवीएम मशीन में फेवीक्विक डाल दिया। महिला द्वारा साइकिल निशान वाले बटन में फेवीक्विक डालने से मतदान की प्रक्रिया उक्त बूथ पर रोक गई। इसे लेकर सपा के वोटरों व सपोटरों में गहरा आक्रोश दिखाई दिया। एक तरफ जहां मतदान के लिए आए मतदाताओं को कतार में करीब आधे घंटे तक इंतजार करना पड़ा, वहीं सूचना के बाद मौके पर पहुंचे एसडीएम मुगलसराय मतदान को बहाल करने की प्रक्रिया में जुट गए। इस कारण करीब 45 मिनट तक मतदान की प्रक्रिया स्थगित रहने की सूचना कंट्रोल रूम से प्राप्त हुई है। दूसरी ओर स्थानीय लोगों ने ईवीएम में फेवीक्विक डालने की सूचना पर सवाल खड़े किए। कहा कि जब मतदान केंद्र के इंट्री प्वाइंट से लगायत बूथ कक्ष जाने तक इतनी कड़ी सुरक्षा है तो आखिर कैसे फेवीक्विक लेकर बैलेट यूनिट तक पहुंच गयी। कहीं न कहीं यह सुरक्षा में चूक के साथ ही महिला के साहस को सह देने जैसा कृत्य है।

वृद्धजनों व दिव्यांगों को नहीं मिली घर से वोटिंग की सुविधा

चंदौली बूथ से अपने 80 वर्षीय पिता लल्लन चौरसिया को मतदान कराकर घर लौटते प्रमोद चौरसिया।

Young Writer, चंदौली। मतदान को लेकर जिला प्रशासन ने पिछले एक माह से बड़े-बड़े दावे किए। स्वीप कार्यक्रमों पर लाखों रुपये खर्च कर मतदाता जागरूकता लायी। साथ ही 80 वर्ष की अवस्था पार कर चुके वृद्धजनों व दिव्यांगों को घर पर ही पोस्टल बैलेट के जरिए मतदान कराने का दावा किया। साथ ही जागरूकता कार्यक्रमों में निर्वाचन आयोग की नयी पहल के खूब कसीदे पढ़े गए, लेकिन जब इन प्रयासों को मूर्त रूप देने का अवसर आया तो जिलाप्रशासन की तैयारियां अचानक से धड़ाम हो गयीं। नतीजा न तो दिव्यांगजनों को पोस्टल बैलेट मिला और ना ही वृद्धजनों को ऐसे में कोई लाठी के सहारे बूथ तक पहुंचा तो किसी को परिवार के लोगों ने सहारा देकर पोलिंग बूथ तक पहुंचाया।

सकलडीहा विधानसभा के दिघवट मतदान केंद्र से वोट डालकर आते वृद्धजन।

बात चंदौली की करें तो यहां जिला मुख्यालय पर ही वृद्धजन व दिव्यांगजन पोलिंग बूथ पर सहारे के साथ वोट देने के लिए पहुंचे। भले ही निर्वाचन संबंधित दायित्वों में जगह-जगह चूक रही, लेकिन वृद्ध व दिव्यांगजनों के मतदान को लेकर उत्साह में कहीं कोई कमी नहीं थी, लेकिन यदि इन्हें घर से मतदान की सुविधा होती तो वृद्धजनों को काफी सहूलियत मिलती। जैसा कि निर्वाचन आयोग की ओर से मतदान प्रतिशत बढ़ाने और वृद्ध व दिव्यांगजन मतदाताओं की सुविधा के लिए पहल की गयी थी, लेकिन यह पहल सात मार्च को मतदान तिथि के दिन केवल कागजी साबित होकर रह गयी। तमाम दुश्वारियों के बावजूद दिव्यांगजनों व वृद्धजनों में युवाओं की भांति मतदान को लेकर उत्साह देखने को मिला। नगर के लल्लन चौरसिया 80 वर्ष अपने पुत्र प्रमोद चौरसिया के साथ बूथ पर पहुंचे और वोट डाला। इस बाबत प्रमोद चौरसिया ने बताया कि घर पर मतदान करने संबंधित किसी भी कर्मचारी ने सम्पर्क नहीं किया। उम्मीद थी कि पिताजी को घर पर ही मतदान की सुविधा मिलेगी, लेकिन ऐसा नहीं होने पर एक किलोमीटर दूरी तय करके मतदान करने के लिए उन्हें लाना पड़ा। यह हाल जिला मुख्यालय चंदौली का है तो जनपद के अन्य हिस्सों में वृद्धजनों व दिव्यांगों को पोस्टल बैलेट के जरिए मतदान कराने की क्या स्थिति होगी। इसका सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है। कहीं न कहीं इस अव्यवस्था के लिए जिला प्रशासन व नोडल अफसर की जवाबदेही बनती है।

ईवीएम हुई खराब, कई बूथों पर बदलने पड़े वीवी पैट

चकिया, सकलडीहा, सैयदराजा व मुगलसराय में खराब हुई ईवीएम

Young Writer, चंदौली। विधानसभा चुनाव सात मार्च को समय से शुरू हुआ, लेकिन बूथों पर ईवीएम व वीवी पैट में आयी तकनीकी खराबी के कारण मतदान प्रक्रिया में बाधा आयी। वहीं कुछ ऐसे भीबूथ रहे जहां मतदान शुरू ही नहीं हो पाया। ईवीएम व वीवी पैट की खराबी तकनीकी रही। लेकिन उसे समय से चेक ना किया जाना प्रशासनिक लापरवाही रहा। जिसे लेकर मतदान को सकुशल सम्पन्न कराने में नियुक्त जिला स्तर से लगायत पोलिंग दल के अफसर जिम्मेदार रहे। जिसे लेकर मतदाताओं में गहरा आक्रोश देखने को मिला। जनपद के सभी विधानसभाओं में ईवीएम की खराबी की सूचनाएं व खबरें प्राप्त हुई, वहीं मतदान में प्रशासनिक लापरवाही से पड़े खलल से मतदाताओं में प्रशासन के प्रति गुस्सा भी देखने को मिला।
कंट्रोल रूम से प्राप्त सूचना के मुताबिक सकलडीहा विधानसभा के बूथ नम्बर 109 और 111 में मार्क पोल में खराबी पकड़ी गयी, जिसे मतदान शुरू होने से बदलना पड़ा। इस कारण यहां मतदान विलंब से शुरू हुआ। इसी तरह चकिया विधानसभा में बूथ नंबर 274 पर बैलेट यूनिट में खराबी आ गयी, जिसे पोलिंग दल को बदलना पड़ा, जिससे वहां भी मतदान की प्रक्रिया बाधित हुई।0चकिया विधानसभा में ही बूथ नंबर-143 पर मशीन खराब होने की सूचना है। फिलहाल यहां मतदान शुरू हुआ या नहीं इसकी सूचना समाचार लिखे जाने तक नहीं मिली थी। इसी तरह सैयदराजा विधानसभा के बूथ नंबर-94 पर मशीन खराब होने की सूचना मिली है। चकिया विधानसभा में कन्या पाठशाला चकिया बूथ पर ईवीएम खराब होने के कारण मतदान कार्य करीब एक घंटे तक बाधित रहा। समाचार लिखे जाने तक ईवीएम बदलने की प्रक्रिया जारी थी। दूसरी ओर कतारबद्ध मतदाताओं को असुविधा का सामना करना पड़ा। इसी तरह मुगलसराय विधानसभा के गोधना बूथ नंबर-264 की ईवीएम खराब मतदान नही हो पाया शुरू था।

भारी अव्यवस्था के बीच चंदौली जनपद में मतदान शुरू

कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्‍यालय चंदौली के पास मतदाता सूची में नाम खोजते वोटर।

चंदौली जनपद में एक घंटे बाद 7.38 प्रतिशत हुआ मतदान

Young Writer, चंदौली। निर्वाचन को सकुशल, सुव्यवस्थित सम्पन्न कराने के लिए चले मैराथन प्रयास के बावजूद सोमवार को मतदान की प्रक्रिया भारी अव्यवस्था के बीच शुरू हुई। एक तरफ जहां मतदाताओं में मतदाता पर्ची का वितरण नहीं होने से कई लोग अपना नाम ढूंढने में पसीना बहाते दिखे। वहीं बूथों के अंदर अंधेरे में मतदान प्रक्रिया चली। चंदौली कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के बूथ सं0-426 पर मतदान अंधेरे कमरे में कराया जा रहा था, वहीं वहां तैनात द्वितीय स्तर की महिला मतदान कर्मी द्वारा जबरन लोगों से अंगूठे लगवाए जा रहे थे। लोगों द्वारा हस्ताक्षर किए जाने की बात पर महिला कर्मचारी द्वारा यह जवाब दिया जा रहा था कि क्या मैं यहां पन्ने पलटने के लिए बैठी हूं।

यह मात्र एक नजीर भर थी। इस तरह जनपद के कई बूथों पर भारी अव्यवस्थाओं, मतदाता पर्ची के अभाव व मतदान कर्मियों के सहयोग के कारण मतदाताओं को वोट डालने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्थिति यहां तक खराब थी कि बूथों पर स्पष्ट रूप से बूथ संख्या का अंकन तक नहीं किया गया। जबकि बूथों पर बिजली, पानी व अन्य मूलभूत सुविधाओं के लिए पिछले एक माह से जिला प्रशासन लगातार तैयारियों में जुटा है। बूथों को सुविधाओं से लैस करने का प्रशासनिक दावा। सोमवार को सात बजे सातवें चरण का मतदान शुरू होते ही पूरी तरह से धड़ाम हो गया। कई स्थानों पर लोगों के नाम मतदाता सूची से गायब थे। ऐसे में कई जगह लोगों को विरोध-प्रदर्शन के लिए विवश होना पड़ा। इसके बावजूद सात बजे जनपद के चारों विधानसभा में सात बजे मतदान शुरू हुआ। नौ बजे तक निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त सूचना के मुताबिक जनपद में आल ओवर 7.38 प्रतिशत वोटिंग हो चुकी थी, जिसमें मुगलसराय में 07 प्रतिशत, सकलडीहा में 6.5 प्रतिशत, सैयदराजा में 8 प्रतिशत व चकिया में 8 प्रतिशत रहा।

खरीद नहीं हुई तो चंदौली में धान फूकेंगे नाराज किसान

Young Writer, चंदौली। धान बेचने के लिए कई दिन से परेशान किसानों ने शनिवार को मंडी समिति पर धान लदे ट्रैक्टरों के साथ धरना दिया। जिसमें सदर एसडीएम अविनाश कुमार ने किसानों को आस्वासन देकर ट्रैक्टरों को केंद्रों पर रवाना किया। लेकिन रविवार को पूरे दिन भर भूखे-प्यासे किसानों के ट्रैक्टर पर लदे किसान की धान की खरीद नहीं हो पायी। ये किसान क्रमशः सैदूपुर, गौरी, उतवत, शहाबगंज और चंदौली मार्केटिंग में खड़े रहे।
विदित हो कि धान खरीद के लिए आंदोलित किसानों को एसडीएम द्वारा दिन भर आश्वासन दिया जा रहा है। धान की खरीद के लिए किसान एसडीएम द्वारा दिए गए नंबर पर फोन करते रह गए, लेकिन उन्हें प्रशासन से कोई जवाब नहीं मिला। स्थिति यह है कि किसानों के धान लदे ट्रैक्टर अभी भी केंद्रों पर खड़े है। भारतीय किसान यूनियन के मंडल प्रवक्ता मणि देव चतुर्वेदी ने बताया कि पहले किसान अपना धान चंदौली लेकर गए, फिर इन किसानों को चंदौली से क्रय केंद्र पर लेकर गए। ये किसानों के साथ धोखा है। पीड़ित किसानों ने फैसला किया है कि अगर धान नहीं खरीद किया गया तो किसान अपना धान जिला मुख्यालय पर फूंकने के लिए मजबूर होंगे। जिसके लिए पूरी तरह से शासन-प्रशासन जिम्मेदार होगा। किसान पंचायत में मंडल अध्यक्ष जितेंद्र प्रताप तिवारी, जिलाध्यक्ष सतीश सिंह चौहान, जिला युवा उपाध्यक्ष रंकज सिंह, तहसील अध्यक्ष गोपाल सिंह व मुकेश सिंह, राजेश सिंह एडोकेट, चुल्हन राम, अमरजीत राम, वीरेंद्र यादव, सारनाथ पांडेय, मुरलीधर सिंह, अभय कुमार पटेल आदि उपस्थित रहे।

चुनाव पास लेकर लौट रहे शिक्षामित्र की हादसे में मौत

Young Writer, चकिया। कोतवाली क्षेत्र के चकिया अहरौरा मार्ग पर मुुडहुआ दक्षिणी गांव के समीप शनिवार की देर शाम अज्ञात ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आने से शिक्षामित्र कृष्ण मुरारी पांडेय 32 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो हो गए जिन्हें आसपास के ग्रामीणों ने पुलिस की मदद से चकिया जिला संयुक्त चिकित्सालय में ले आए जहां तैनात चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताते हैं कि कृष्ण मुरारी पांडेय निचोट गांव में बीएलओ के पद पर तैनात थे जो चकिया चुनाव पास लेने के लिए आए हुए थे और वह पास लेकर अपने रिश्तेदारी शिकारगंज अपने रिश्तेदार से मिलने जा रहे थे। तभीे अंधेरा होने के कारण ट्रैक्टर ट्राली से धक्का लग गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गए। मौत की सूचना मिलते ही अस्पताल में पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई में जुट गयी। इलिया थाना क्षेत्र के निचोटकलां गांव निवासी दिव्यांग कृष्ण मुरारी पांडेय गांव के ही प्राथमिक विद्यालय में शिक्षामित्र के पद पर तैनात थे तथा विधानसभा चुनाव के दौरान बूथ संख्या 162 पर बीएलओ के कार्य के लिए नियुक्त थे। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। दिव्यांग शिक्षामित्र कृष्ण मुरारी पांडेय को एक पुत्र तथा एक बेटी है। पति की मौत की खबर मिलते ही पत्नी सुप्रिया पांडेय का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है। वहीं दोनों आंख से अंधीं मां मिनता देवी भी बेसुध हो गई है। कोतवाल राजेश यादव ने बताया कि शव को जिला संयुक्त चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवा कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

मीडिया पास जारी नहीं किया जाना दुखद एवं दुर्भाग्यपूर्णः दीपक

दीपक सिंह‚ उपजा जिलाध्यक्ष।

Young Writer, चंदौली। उत्तर प्रदेश जर्नलिस्ट एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ने जिला निर्वाचन अधिकारी को सोशल मीडिया के जरिए पत्र जारी कर चंदौली में मीडिया पास नहीं जारी किए जाने की शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन के इतिहास में यह पहली बार है जब पत्रकारों को मीडिया पास जारी नहीं किया गया है, जो अत्यंत दुखद एवं दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने यूपी जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन (उपजा) की ओर से मांग किया है कि मीडिया पास के अभाव में पत्रकारों को समाचार संकलन में कोई दिक्कत न आए। इसकी व्यवस्था सुनिश्चित की जाय। जिला निर्वाचन अधिकारी मीडिया पास के स्थान पर अखबार या मीडिया संस्थान व संगठन के परिचय पत्र (कार्ड) के साथ समाचार संकलन करने में सहयोग प्रदान करे। सूचना एवं खबरों के संकलन में मीडिया कर्मियों का सहयोग करने का जिला प्रशासन एवं पुलिस को निर्देशित करने का कष्ट करें, ताकि किसी तरह का कोई टकराव न उत्पन्न होने पाए। कहा कि निर्वाचन संबंधित सूचनाएं आमजन तक अखबार व टेलीविजन के जरिए पहुंचाना मीडिया व मीडिया संस्थानों का दायित्व है जिसके निर्वहन में जिला प्रशासन की सहयोग जरूरी है।

मतदानः चुनाव कराने बूथ पर पहुंची 1694 पोलिंग पार्टियां

चंदौली नवीन मंडी से मतदान सामग्री व ईवीएम के साथ हुई रवानगी

Young Writer, चंदौली। विधानसभा चुनाव में आखिरी चरण के मतदान के लिए पोलिंग पार्टियां रविवार को माधोपुर स्थित त नवीन कृषि मंडी से रवाना हुईं। उन्हें ईवीएम समेत अन्य मतदान सामग्री देकर विभिन्न वाहनों से बूथों के लिए रवाना किया गया। इस दौरान मंडी परिसर में गहमागहमी दिखी। वहीं मतदान सामग्री वितरण के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहे। जनपद में चार विधानसभा क्षेत्रों में मतदान कराने के लिए कुल 1865 पोलिंग पार्टियां गठित की गई हैं, जिसमें 1694 बूथों पर रवाना कर दी गयी है, वहीं 171 पोलिंग पार्टियां रिजर्व में रखा गया है।

बताते हैं कि जनपद में सात मार्च को सुबह सात बजे मतदान शुरू हो जाएगा। इसके लिए कुल 1865 पोलिंग पार्टियां बनाई गई हैं। इसमें 1694 पोलिंग पार्टियां बूथों पर चुनाव कराएंगी। वहीं 171 को रिजर्व में रखा जाएगा। उन्हें जरूरत पड़ने पर बूथों पर भेजा जाएगा। मुगलसराय विधानसभा के लिए 498, सकलडीहा में 428, सैयदराजा में 433 और चकिया में 506 पोलिंग पार्टियां गठित की गई हैं। पोलिंग पार्टियों को मतदान सामग्री व ईवीएम वितरण के लिए नवीन मंडी में टेबल लगाए गए थे। यहां से मतदान सामग्री व ईवीएम दिया गया। पीठासीन अधिकारियों ने बस्ता में रखी सामग्री का मिलान किया। इसके बाद वाहनों में बैठकर बूथों के लिए रवाना हुए। मंडी में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम दिखे। वाहनों को बाहर ही रोक दिया गया. शाम तक पोलिंग पार्टियां बूथों पर पहुंच जाएंगी।

गौरतलब है कि नक्सल प्रभावित चकिया में सुबह 7 से 4 बजे मतदान चकिया विधानसभा में सुबह सात से शाम चार बजे जबकि मुगलसराय, सकलडीहा और सैयदराजा विधानसभा में सुबह सात से शाम छह बजे तक मतदान होगा। इसके लिए पोलिंग पार्टियां एक दिन पहले रविवार को ही बूथों के लिए रवाना की गईं। प्रत्येक पोलिंग पार्टी के साथ तीन पुलिस कर्मियों और एक एसआई को तैनात किया गया है, जो बूथों पर सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभालेंगे। शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव होगा। इस बाबत जिला निर्वाचन अधिकारी संजीव सिंह ने बताया कि विधानसभा चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए 1865 पोलिंग पार्टियों को बूथों पर रवाना किया गया है, वहीं रिजर्व में 171 पोलिंग पार्टियों को नवीन मंडी में रखा गया है। सभी बूथों पर सुरक्षा बल तैनात रहेंगे।

मतदानः आज वोट की आहुति डालेंगे 1433138 मतदाता

जनपद के 1694 बूथ पर सुबह सात बजे शुरू होगा मतदान

Young Writer, चंदौली। विधानसभा चुनाव-2022 के सातवें चरण के मतदान में सात मार्च सुबह सात बजे 1433138 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के लिए घरों से निकलेंगे। इसमें पुरूष मतदाताओं की संख्या 771244 तथा महिला मतदाताओं की संख्या 661803 है। वहीं 91 थर्ड जेंडर मतदाता भी इसमें शामिल हैं। वोटिंग शुरू होते ही लोकतंत्र के महापर्व में मतदाताओं के वोट की आहुति पड़ेगी, जो अगले पांच साल के लिए जनकल्याण व विकास की बुनियाद को स्थापित करेगा। इसमें सबसे अधिक मतदाता मुगलसराय विधानसभा के है। मुगलसराय में कुल 394795 मतदाता वोट डालेंगे, वहीं सबसे कम मतदाता सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र में 329892 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।
जनपद के मुगलसराय, चकिया, सैयदराजा व सकलडीहा विधानसभा में मतदान सुबह सात बजे शुरू हो जाएगा। चकिया विधानसभा में शाम चार बजे तक मतदान होने निर्धारित किया गया है, वहीं अन्य तीन विधानसभा क्षेत्रों में शाम छह बजे तक मतदान की प्रक्रिया मुकम्मल की जाएगी। आंकड़ों पर नजर डालें तो मुगलसराय विधानसभा में कुल 394795 वोटर हैं, जिसमें पुरूष मतदाता-213613 तथ महिला मतदाता-181122 है। सकलडीहा विधानसभा में कुल 332614 मतदाता है, जिसमें पुरूष मतदाता-179086 व महिला मतदाता-153522 शामिल है। सैयदराजा विधानसभा में कुल 329892 मतदाता है, जिसमें पुरूष मतदाता-179145 व महिला मतदाता-150723 है। चकिया विधानसभा में 375837 वोटर है, जिसमें पुरूष मतदाता-199400 व महिला मतदाता 176436 शामिल है। जनपद के चारों विधानसभा में मतदान के लिए 1694 बूथ बनाए गए है, वहीं कुल 925 मतदान केंद्र हैं। मुगलसराय विधानसभा में बूथ-452, मतदान केंद्र 184 है। सकलडीहा में बूथ-389, मतदान केंद्र 207 है। सैयदराजा में बूथ-393, मतदान केंद्र 214 बनाए गए हैं। चकिया में बूथ 460 व मतदान केंद्र 320 बनाए गए हैं। मतदान को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए जनपद को जोन-21 व सेक्टर-127 बनाए गए हैं, जिसमें क्रिटिकल-213, बर्नेबल-168 बूथ हैं। जनपद के कुल 946 बूथों पर वेबकास्टिंग की जाएगी।

Chandauli
moderate rain
29.2 ° C
29.2 °
29.2 °
71 %
3.5kmh
73 %
Wed
29 °
Thu
32 °
Fri
32 °
Sat
34 °
Sun
36 °

You cannot copy content of this page

Verified by MonsterInsights