28.2 C
Chandauli
Thursday, July 23, 2026

Buy now

Home Blog Page 554

डीएम ने पोलिंग पार्टियों की रवानगी स्थल का लिया जायजा

Young Writer, चंदौली। जिला निर्वाचन अधिकारी संजीव सिंह ने शनिवार को पोलिंग पार्टियों की रवानगी स्थल, पार्किंग स्थल, पोलिंग पार्टी का बस्ता, प्रकाश व्यवस्था, लाउडस्पीकर, सीसीटीवी, पेयजल, मोबाइल टायलेट, हेल्फडेस्क सहित अन्य व्यवस्थाओ का जायजा लेने के लिये मण्डी परिसर का निरीक्षण किया गया।
इस दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद की चारों विधानसभा में मतदान को लेकर प्रशासन ने पूरी तैयारियां कर ली है। हर मतदान केंद्र पर पैरामिलिट्री फोर्स की निगरानी में मतदान कराया जायेगा। इसके अलावा सीसीटीवी, बेबकास्टिंग की व्यवस्था रहेगी। मंडी परिसर में पोलिंग पार्टियों की रवानगी की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, प्रभारी अधिकारी कार्मिक अजितेंद्र नारायण, मुख्य चिकित्साधिकारी, उप जिलाधिकारी सदर अविनाश कुमार उपस्थित रहे।

मतगणनाः प्रत्येक विधानसभा के लिए लगेगी 14 टेबल

नवीन मंडी समिति माधोपुर में मतगणना ईवीएम के साथ मतपत्रों की होगी गणना

Young Writer, चंदौली। विधानसभा चुनाव की मतगणना मुख्यालय स्थित नवीन मंडी में दस मार्च को होगी। इसके लिए विधानसभावार 14-14 टेबल लगाए जाएंगे। इसके अलावा आरओ का एक और टेबल लगाया जाएगा। प्रत्याशियों को मतगणना के लिए अभिकर्ताओं की नियुक्ति के लिए आवेदन करना होगा। उन्हें आठ मार्च की शाम पांच बजे तक मतगणना एजेंट की सूची आरओ के समक्ष प्रस्तुत करनी होगी। एजेंट को पास जारी किए जाएंगे।
मतगणना के लिए नवीन मंडी समिति परिसर में मतगणना स्थल बनाया गया है। वहां 10 मार्च को जनपद के चारों विधानसभा के मतों की गणना के लिए लगाए गए प्रत्येक टेबल पर प्रत्याशी अपना एक एजेंट नियुक्त कर सकता है। मतगणना के लिए सुबह आठ बजे बजे ईवीएम को स्ट्रांग रूम से निकालकर सील खोली जाएगी। इस दौरान पारदर्शिता के लिए अभिकर्ता मौजूद रह सकते हैं। इसको लेकर नवीन मंडी में तैयारी कराई जा रही है। मंडी से दोनों हाल में मतगणना कराई जाएगी। टेबल के चारों तरफ बैरिकेडिंग व जाली लगाई जाएगी। एजेंट के जाली के बाहर से मतगणना की प्रक्रिया का अवलोकन कर सकेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी संजीव सिंह ने शनिवार को तैयारी का जायजा लिया। उन्होंने मतगणना स्थल पर पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। बोले, मतगणना स्थल के अंदर सिर्फ पास वाले लोग ही प्रवेश कर पाएंगे। पूरी प्रकिया की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। मतगणना स्थल पर पेयजल, सफाई व्यवस्था बेहतर होनी चाहिए। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे। पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ संपन्न होगी।

मतदान केंद्र के अंदर प्रतिबंधित रहेगा मोबाइल फोन

तदान के लिए बनाए गए 925 मतदान केंद्र व 1694 बूथ

Young Writer, चंदौली। विधानसभा चुनाव-2022 को सकुशल व निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने के लिए महेंद्र टेक्निकल इण्टर कालेज परिसर में शनिवार को जिला निर्वाचन अधिकारी संजीव सिंह व पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल द्वारा पुलिस व प्रशासन के सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेट, अर्द्ध सैनिक बल के साथ ब्रीफिंग कर निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देश से अवगत कराया गया।
इस दौरान बताया कि जनपद में कुल 925 मतदान केंद्रों पर कुल 1694 बूथ बनाए गए हैं। जनपद को 21 जोन व 127 सेक्टर में विभाजित किया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबोधित करते हुए कहा कि निर्धारित वाहन से ही पोलिंग पार्टिया मतदान केंद्र के लिए रवाना होगी। इसका सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेट सुनिश्चित करेंगे। इसके बाद मतदान केंद्र के 100 मीटर की परिधि में किसी प्रत्याशी का बैनर व पोस्टर आदि नहीं लगेगा। यह सुनिश्चित कर लिया जाय। किसी के घर कत्तई न जाय, मतदान केंद्र पर ही रात्रि विश्राम किया जाय। किसी का आतिथ्य स्वीकार न करें। मतदान केंद्र पर भोजन-पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था रहेगी। मतदान केंद्र के अंदर मोबाइल ले जाने की अनुमति नही होगी। इसके अलावा गेट पर जांच करने के उपरान्त ही मतदान केंद्र में अंदर जाने की अनुमति दे। जिलाधिकारी ने निर्देशित करते हुए कहा कि सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेट निर्धारित वाहन में जीपीएस सिस्टम जरूर लगवा लेगे। पोलिंग पार्टी के साथ ईबीएम मशीन निर्धारित वाहन से जाएगी तथा मतदान समाप्ति पर उसी वाहन से जमा करने के लिए आएगी, इसका विशेष ध्यान रखेंगे। बीच में किसी जगह अनावश्यक कत्तई न रुके। जिलाधिकारी ने निर्देशित करते हुए कहा कि सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेट द्वारा पोलिंग पार्टियां निर्धारित वाहन से रवाना हो इसे सुनिश्चित करेंगे।
एसपी ने पुलिस टीम व अर्द्ध सैनिक बल को निर्वाचन आयोग की गाइड लाइन से अवगत कराया। कहा चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण व भयमुक्त ढंग से सम्पन्न कराने के लिए जिले की पुलिस-प्रसाशन कटिबद्ध है। इसमें सभी अपनी अहम भूमिका निभाएंगे। अंतिम चरण के मतदान को सकुशल ढंग से सम्पन्न कराये। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी, प्रभारी अधिकारी कर्मिक अजितेंद्र नारायण, उपजिलाधिकारी चकिया पीपी मीणा, स्वीप नोडल आर राम्या, अर्द्ध सैनिक बल के कमांडर उपस्थित थे।

सपा की सरकार बनी तो आम आदमी का बढ़ेगा सम्मानः मनोज काका

Young Writer, चंदौली। सातवें चरण के चुनाव के मद्देनजर शनिवार को प्रचार का थम जाएगा। इसके पूर्व ही समाजवादी पार्टी ने अंतिम दिन प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। सपा प्रवक्ता मनोज सिंह काका ने मुगलसराय प्रत्याशी चंद्रशेखर यादव के समर्थन में चंदौली जिला मुख्यालय पर जनसम्पर्क किया। इस दौरान सपा लोहियावाहिनी उपाध्यक्ष दानिश इकबाल के साथ नगर के एक-एक दुकानों पर जाकर व्यापारियों व आम नागरिकों से मुलाकात की। उन्हें सपा सरकार के विजन व वोट देने के रिजन को बताया।

उन्होंने कहा कि गरीबों के आर्थिक बोझ को समाजवादी पार्टी की सरकार बांटने का काम करेगी। गरीब व अशक्त महिलाओं को समाजवादी पेंशन देकर उनका खोया हुआ सम्मान लौटाने के काम होगा। वहीं बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार व स्वरोजगार के अवसर सृजित कर उन्हें आर्थिक रूप से संबल प्रदान करने का काम करेगी। हर घर को सरकार 300 यूनिट बिजली मुफ्त दी जाएगी। महिला सुरक्षा के मुद्दे पर सरकार काम करेगी। साथ ही किसान आंदोलन में मारे गए किसानों के सम्मान भी समाजवादी पार्टी करेगी। सरकार में वापसी के बाद किसान, नौजवान, व्यापारी व आम आदमी के जीवन को सरल व सहज बनाया जाएगा। बताया कि समाजवादी पार्टी ने अपने पांच साल के कार्यकाल में कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। चंदौली जिले को कलेक्ट्रेट देने के साथ ही कई पम्प कैनाल, पक्के पुल, स्कूल-कालेज की सौगात सपा सरकार की देन है। इसके पूर्व मनोज सिंह काका ने चंदौली नूर पैलेस से जनसम्पर्क कार्यक्रम शुरू हुआ और पुरानी बाजार होते हुए नगर के एक-एक कोने तक गए। उन्होंने आमजन से सपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की बात कही। दानिश इकबाल ने कहा कि समाजवादी पार्टी सर्वसमाज की पार्टी है। सपा ने हमेशा जाति-धर्म, संप्रदाय से ऊपर उठकर जनता के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य एवं रोजगार की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए काम किया है और अबकी बार जनता के भरोसे को कायम रखते हुए फिर से यूपी में सुशासन लाने जा रही है। कहा कि परिवर्तन की लहर में अपने वोट से भागीदार बने। इस अवसर पर अर्जुन अग्रहरि, दुर्गेश जायसवाल, गितेश यादव, शमीर, अजीज आदि उपस्थित रहे।

चुनाव ड्यूटीः सीआईएसएफ जवानों से भरी बस पलटी, एक की मौत

Young Writer, सोनभद्र। सात मार्च को सातवें चरण का विधानसभा चुनाव कराने के लिए सुरक्षा बलों को लेकर आ रही रोडवेज की बस शुक्रवार की रात राजमार्ग पर मारकुंडी घाटी में अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में बस सवार सीआईएसएफ के एक जवान की मौत हो गई। वहीं आठ अन्य गम्भीर रूप से घायल हो गए। जिला अस्पताल में प्रारंभिक उपचार के बाद तीन घायलों को वाराणसी रेफर कर दिया गया।
बताते हैं कि खुर्जा डिपो की बस में सवार होकर सीआईएसएफ के जवान सोनभद्र जिले में चुनाव ड्यूटी के लिए जा रहे थे। रात करीब दो बजे हाइवे पर स्थित मारकुंडी घाटी में बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे चली गई। हादसे में बस सवार जवानों को गंभीर चोट आई। मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने अन्य लोगों की मदद से सभी जवानों को दुर्घटनाग्रस्त बस से बाहर निकलवाकर जिला अस्पताल भेजवाया, जहां चिकित्सकों ने कॉन्स्टेबल कृष्णवीर सिंह (45) पुत्र जोगेंद्र सिंह ग्राम सलोनी थाना बहादुरगढ़ गाजियाबाद को मृत घोषित कर दिया। घायलों में सीआईएसएफ यूनिट एचपीसीएल विशाखापत्तनम 846/535 के कांस्टेबल बालाकृष्ण निवासी हैदराबाद, बृजेश राठौर निवासी आंध्रप्रदेश, एएसआई एसएल नायक, हेड कॉन्स्टेबल एमएम बेग निवासी हैदराबाद, कांस्टेबल के. चंद्रिया उड़ीसा, सुरेश, हेड कॉन्स्टेबल यूसी निवास राव, रजनीश आदि शामिल हैं। इसमें बालाकृष्ण, बृजेश और एसएल नायक को वाराणसी रेफर कर दिया गया।

अस्पताल में भर्ती घायल सीआईएसएफ जवान।

घर में नकब लगाकर नकदी व लाखों के आभूषण चोरी

धानापुर थाना क्षेत्र के कवई पहाड़पुर में चोरों ने घर में घुसकर घटना को दिया अंजाम

Young Writer, कमालपुर। धानापुर थाना क्षेत्र के कवई पहाडपुर गांव में शुक्रवार की रात चोरों ने अनिल बिंद के घर में सेंध लगाकर घुस गए। इसके बाद अंदर रखा 92 हजार रुपए नकदी सहित आठ थान गहना चुरा लिया। चोरी गए सामान में मारवाड़ी नथुनी, कर्धनी, मेहदी छल्ला चांदी चोटी छल्ला, मंगलसूत्र, झुमका सोने की सिकड़ी सहित अटैची कपड़े आदि सामान चोरी ने अपने साथ ले गए। इसके अलावा चोरों ने दो बॉक्स को तोड़कर उसमें रखा दो बैंको के पास बुक को अपने साथ ले गए।
कवई पहाड़पुर में चोरी की सूचना मिलते ही मौके पर पहूंचे जिला पंचायत सदस्य अंजनी सिंह, ब्लाक प्रमुख अजय सिंह ने मौके पर पहुंचे और इन नेताओं ने भुक्तभोगी को आर्थिक मदद की और चोरी गए सामानों को पता लगाने के लिए धानापुर पुलिस को भी अवगत कराया। भुक्तभोगी की पत्नी आशा देवी ने बताया कि रात्रि में बाक्स टूटने की आवाज आई तो नींद खुल गई। इसके बाद जब अंदर जाकर देखा तो कमरे के अंदर आलमारी खुली हुई थी और उसमें रखा बाक्स गायब था। साथ ही नीचे दीवार में बड़ा छेद था। यह देखकर आशा देवी शोर मचाने लगी। शोरगुल सुनकर चोर मौके से फरार हो गए, लेकिन आशा देवी घर के भीतर अलमारी में रखा पैसा व गहना गायब देख था, जिसे देकर वह मूर्छित होकर गिर गई। घर वाले बताते हैं कि भैंस गाय बेचकर पैसे इकट्ठा किया गया था घर में काम लगा था। पैसों और गहनों की चोरी होने से पति-पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया था। भुक्तभोगी ने शनिवार की सुबह धानापुर थाने में चोरी की लिखित सूचना दे दी है। बताते हैं कि भुक्तभोगी अनिल व पत्नी रात में खाना खाकर बगल के कमरे में सो रहे थे।चोर मध्य रात्रि में पीछे से नकब लगाकर कमरे में प्रवेश कर घर मे रखे बॉक्स व अलमारी को तोड़कर उसमे रखे नगदी व गहने लेकर चंपत हो गए। पुलिस ने मामले को सज्ञान में लेकर आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

नौगढ़ः पक्के पुल के इंतजार में बीत गए सात दशक

नौगढ़ स्थित चंद्रकाता किले के समीप नाव से कर्मनाशा नदी को पार करने की तैयारी में ग्रामीण।

कर्मनाशा पार के आधा दर्जन से गांवों तक नहीं पहुंची विकास की किरण

Young Writer, नौगढ़। नौगढ़ अपने आप में कई अद्भुत प्राकृतिक सुंदरता को अपने आप में समेटे हुए है। यहां मानव व वन्य जीव एक-दूसरे के बीच जीवन जीने के संतुलन को बनाए हुए है। जनपद के अन्य हिस्सों के साथ नौगढ़ का भी विकास तेजी से हो रहा है, लेकिन दुर्गम पहाड़ियों में बसे कई ऐसे मानव आबादी वाले इलाके हैं, जहां आज भी विकास की किरण पहुंचते-पहुंचते मंद हो जाती है। ऐसे में लोग हर दिन अपने जीवन को एक संघर्ष के रूप में जीते चले आ रहे हैं। अब बाद करें कर्मनाशा पार के आधा दर्जन से अधिक गांवों की तो यहां की आबादी आजादी के बाद एक अदद पक्के पुल का इंतजार कर रही है और इस इंतजार में सात दशक बीत गए और यही हाल रहा तो आठवां दशक भी बीत जाएगा। यह पुल इन आधा दर्जन से अधिक गांव के लोगों के कितना मायने रखता है। इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि जिस दूरी को ग्रामीण जलमार्ग से 10 मिनट में पूरी कर लेते हैं। उसे फिलहाल सड़क मार्ग से पूरा करने में 12 किलोमीटर गणेश परिक्रमा करनी पड़ती है।

नौगढ़ की शांत वादियों में चुनाव के शोर व सरगर्मी के बीच जब कैमरे की नजर नौगढ़ स्थित चंद्रकांता किले के बगल से बह रही कर्मनाशा नदी के तट पर गयी तो यह देखा गया कि ग्रामीण अपने साइकिल व सामान आदी को नाव पर लादकर नदी पार करने की तैयारी में है। जब करीब आकर उनके गतंव्य और जल यात्रा के बारे में जानने का प्रयास किया गया तो ग्रामीणों ने अपनी बातों से अपनी पीड़ा को भी बयां कर दिया। कहा कि कोठीघाट, मंगरही, शाहपुर, जमसोत, सुखदेवपुर, गहिला, पथरौ होरिला आदि गांव के ग्रामीण कर्मनाशा नदी को नाव के सहारे पार कर आवागमन करने के लिए विवश है क्योंकि नदी पर पक्का पुल नहीं बन पाया है। इस कारण पूर्व माध्यमिक, हाईस्कूल-इंटर व उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए इन इलाके के विद्यार्थियों को काफी कठिनाई हो रही है। बताया कि जान जोखिम में डालकर ग्रामीणों का आवागमन होता है। यदि कोई गंभीर बीमारियों से ग्रसित हो जाए तो उन्हें दवा-ईलाज के लिए खाट पर लेकर आना पड़ता है। खासकर गर्भवती महिलाओं को महिलाओं को प्रसव पीड़ा होने पर चारपाई पर लेटाकर परिजन कंधों के सहारे लाकर कर्मनाशा नदी को नाव करते हैं, तब जाकर एंबुलेंस सेवाएं इन ग्रामीणों को मुहैया हो पाती है। बताया कि सबसे विषम स्थिति बरसात के दिनों में उत्पन्न हो जाती है जब कर्मनाशा नदी में जलस्तर बढ़ जाता है। ऐसी स्थिति में नाव से आवागमन करना जान जोखिम में डालने जैसा हो जाता है। यदि कर्मनाशा नदी पर चंद्रकांता किले के समीप पक्का पुल का निर्माण हो जाए तो हम सभी को बड़ी राहत होगी, लेकिन स्थानीय सांसद व विधायकों ने कभी ध्यान नहीं दिया और ना जिले के जिम्मेदार अफसरों को ग्रामीणों की यह गंभीर समस्या नजर आ रही है।

भाजपा के पूर्व सांसद छोटेलाल खरवार ने किया निराश
नौगढ़।
कर्मनाशा पार इलाके के मंगरही निवासी छोटेलाल खरवार 2017 में जब सांसद चुके गए, जो क्षेत्रीय लोगों में उत्साह के साथ ही विकास को लेकर बड़ी उम्मीदे जगी। लेकिन छोटेलाल खरवार ने अपने पांच साल के कार्यकाल में अपने गांव-इलाके के लोगों के बेहद हताश व निराश करने का काम किया। ग्रामीणों ने बताया कि हम सभी को यह उम्मीद थी कि सांसद रहते हुए छोटेलाल खरवार पक्का पुल का निर्माण जरूर करा देंगे, लेकिन इस इंतजार में पूरा का पूरा पांच साल गुजर गया और लोगों की आशा समय बीतने के साथ ही निराशा में बदल गयी है। फिलहाल चुनाव सिर पर है और लोग अंतिम समय में पूरी ताकत लगाए हुए हैं, लेकिन इन गांव के ग्रामीणों का साफ कहना है कि यह वोट उन जनप्रतिनिधि को देंगे जो उनकी सहूलियत के लिए कर्मनाशा नदी पर पक्का पुल बनाए। साथ ही कर्मनाशा पाल के इलाकों में मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराए, जिससे ग्रामीणों को राहत मिल सके।

चंदौली तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को मारी टक्कर, उग्र भीड़ ने ईट पत्थर मारकर ट्रक को किया क्षतिग्रस्त


चंदौली मुख्यालय स्थित नगर के चंदौली माझवार स्टेशन के समीप नेशनल हाईवे पर शुक्रवार की रात तेज रफ्तार ट्रक ने एक बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी घटना में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। वही ट्रक चालक मौके से ट्रक छोड़ फरार हो गया। मौके पर जुटी आक्रोशित भीड़ ने ईट पत्थर मारकर ट्रक को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्काल घायल युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत चिंताजनक देख ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया।


बताते हैं कि बिहार थाना रामगढ़ बंदीपुर गांव निवासी दीपक सिंह 30 वर्षीय जो बनारस किसी कंपनी में प्राइवेट नौकरी करता है। रात को काम खत्म करके वह अपने घर बिहार जा रहा था। लेकिन जैसे ही वह चंदौली मझवार स्टेशन के समीप पहुंचा की उसकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार ट्रक ने उसको टक्कर मार दी। जिससे वह सड़क पर गिर कर लहूलुहान हो गया। घटना को देख ट्रक चालक मौके से ट्रक छोड़ फरार हो गया।मौके पर जुटी भीड़ ने उग्र होकर ईट पत्थर से ट्रक के शीशे को बुरी तरह छतिग्रस्त कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्काल घायल युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सक डॉ संजय ने युवक की हालत चिंताजनक देख ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया। वहीं पुलिस ने ट्रक को कब्जे में कर कोतवाली ले आई और युवक के परिजनों को सूचित कर आगे की कार्रवाई में जुट गई।

चंदौली सपा नेता लव बियार का बड़ा आरोप, कहा वोट लेने के बाद नहीं मिलता सम्मान

Young Writer, चंदौली। सपा नेताओं का स्वहित शुक्रवार को पार्टी हित से टकराता नजर आया। चंदौली पालीटेक्निक कालेज की जनसभा में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के मंच पर स्थान नहीं मिलने से सपा के जिला पंचायत सदस्य लव बियार आहत नजर आए। उनका दर्द जब बर्दाश्त की सीमा पार कर गया तो उन्होंने फेसबुक पर चंद जुमले लिखकर अपनी पीड़ा बयान करते के साथ ही पार्टी के प्रति अपने प्रतिकार को भी जगजाहिर कर दिया। यह वक्त चुनाव है जब सपा के एक-एक सिपाही की जरूरत पार्टी की है। ऐसे में जिला पंचायत सदस्य का हित, पार्टी की नीति-नीतियों से टकराता नजर आया।

सपा के जिला पंचायत सदस्य लव बियार द्वारा फेसबुक पर किया गया पोस्ट।

गौरतलब है कि यह वही लव बियार है जिन्हें समाजपार्टी ने बीते पंचायत चुनाव में अपने दिग्गज नेताओं के स्थान पर वरीयता देकर टिकट दिया और चंदौली ब्लाक के सेक्टर-2 से जिला पंचायत सदस्य बनाकर क्षेत्रीय आवाम व अपने समाज के प्रतिनिधित्व का मौका दिया। चंदौली ब्लाक का सेक्टर-2 यादव बाहुल्य इलाका रहा, जहां समाजवादी पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने अपनी सक्रियता व पार्टी के वोट बैंक के बलबूते लव बियार को चुनाव जिताने में अहम भूमिका अदा की थी। लेकिन वह इस मौके को भुनाने की बजाय व्यक्तिगत हित के ताने-बाने में अब तक उलझे नजर आए। लव बियार के बारे में जग-जाहिर हैं कि उन्होंने पंचायत चुनाव के पहले फेसबुक पर ही लाइव आकर अपनी उपेक्षा का आरोप लगाते हुए समाजवादी पार्टी को छोड़ने का ऐलान कर दिया था। हालांकि बाद में सपा जिलाध्यक्ष सत्यनरायन राजभर द्वारा लव बियार की बातों को सुनकर उन्हें पार्टी में लाया गया था। इसी बीच अब लव बियार एक बार फिर फेसबुक पर अपनी समस्या के साथ नजर आ रहे हैं। चुनावी सरगर्मी के बीच सोशल मीडिया पर इस तरह की नाराजगी जाहिर कर वह समाजवादी पार्टी के राजनीतिक समीकरण बिगाड़ने में भूमिका में नजर आए। ऐसे में यह देखना होगा की जिला कमेटी किस तरह की अनुशासनात्मक कार्रवाई करती है।

सैयदराजा में मनोज की खींची लकीर को पीट रही भाजपा

धानापुर को तहसील व नगवा–चोचकपुर पक्का पुल निर्माण का अंतिम समय में हो रहा वादा

Young Writer, चंदौली। चंदौली पालीटेक्निक कालेज के मैदान में आयोजित जनसभा में सपा के सैयदराज प्रत्याशी मनोज सिंह डब्लू भारी भीड़ के बीच एक बार फिर गरजे। इस दौरान उन्होंने भाजपा पर निशाना साधा। कहा कि पिछले पांच साल भाजपा की सरकार, समाजवादी योजनाओं व परियोजनाओं का फीता काटकर अपनी उपलब्धियों बताने में गुजार दिए, वहीं चुनाव में भी वह समाजवादी पार्टी की वादों को कॉपी कर रही है।
इस दौरान कहा कि पांच साल तो न तो विधायक और ना ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को धानापुर की याद आई। अब जब उनकी चुनावी जमीन खिसक चुकी है तो वे सपा के घोषणाओं व वादों का अनुकरण करती दिख रही। धानापुर को तहसील बनाने के वादे के साथ ही नगवा-चोचकपुर पक्का पुल निर्माण के वादों को चुनाव के अंतिम दिनों में शामिल किया है। इन दोनों मांगों को लेकर धानापुर विकास मंच के साथ ही स्थानीय आवाम ने लम्बे समय तक मांग किया और उसके समर्थन में संघर्ष करते रहे। लेकिन सैयदराजा विधायक व सूबे की सरकार की कानों में जूं तक नहीं रेंगा। अब चुनाव में वोट को हथियाने के लिए मंच से झूठ को बोला व गढ़ा जा रहा है। कहा कि धानापुर व सैयदराजा वीर शहीदों व क्रांतिकारियों की भूमि है जो झूठ बोलने वाले लोगों को अब हटाने का मन बना चुकी है। जनता अपनी सहूलियत, सुविधाएं, आत्मसम्मान व सुरक्षा के लिए चुनाव लड़ रहेगी है और जब जन-जन के बीच इतना मजबूत गठबंधन हो तो जनता को शिकस्त दे पाना नामुमकिन है।

Chandauli
light rain
28.2 ° C
28.2 °
28.2 °
76 %
3kmh
61 %
Wed
28 °
Thu
34 °
Fri
31 °
Sat
35 °
Sun
37 °

You cannot copy content of this page

Verified by MonsterInsights