29.4 C
Chandauli
Thursday, July 23, 2026

Buy now

Home Blog Page 567

राहत: चुनाव से पूर्व सीएचसी सीसी मार्ग निर्माण करने का निर्देश

सकलडीहा सीएचसी मार्ग पर कार्य में लगे श्रमिक।

Young Writer, सकलडीहा। लम्बे अंतराल के बाद बंद पड़ी सीएचसी सीसी मार्ग का निर्माण कार्य शुरू होगया है। सोमवार को बीडीओ अरूण पांडेय और एडीओ पंचायत बजरंगी पांडेय ने सीएचसी अधीक्षक संजय यादव के साथ निर्माण कार्य का जायजा लिया। विधान सभा चुनाव से पूर्व सड़क को गुणवत्तापूर्ण कराने का निर्देश दिया। यह मार्ग गुणवत्तापूर्ण नही होने पर तत्कालीन बीडीओ व ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रम्या आर ने श्रमदान घोषित कर दिया था। चुनाव आचार संहिता लगने से पूर्व निर्माण कार्य के लिये टेंडर प्रकाशित किया गया था।पिछले साल केन्द्रीय मंत्री व सांसद डा. महेन्द्रनाथ पांडेय ने सीएचसी को गोंद लिया था। इस क्रम में सीएचसी मार्ग पर सीसी रोड निर्माण का शिलान्यास किया गया था। लेकिन विभागीय ठेकेदार द्वारा गुणवत्तापूर्ण कार्य नही कराये जाने पर तत्कालीन बीडीओ व ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रम्या आर ने कार्य को श्रमदान घोषित कर दिया था। जिसके बाद से कार्य ठप पड़ा था। चुनाव आचार संहिता से पूर्व पुनरू कार्य के लिये टेंडर कराया गया था। रविवार से सीएचसी मार्ग पर सीसी मार्ग निर्माण कार्य शुरू कराया गया है। इस बाबत बीडीओ अरूण पांडेय ने बताया कि चुनाव से पूर्व सीसी मार्ग निर्माण को पूरा कराने का निर्देश दिया गया है। जिससे चुनाव के समय कोई दिक्कत होने पर लोगों को आसानी से सीएचसी पर लाया जा सके। इस मौके पर एडीओ पंचायत बजरंगी पांडेय, सीएचसी अधीक्षक डा. संजय यादव, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अशोक कुमार सहित अन्य मौजूद रहे।

…पापा मम्मी भूल न जाना वोट देने जरूर जाना

चहनियां में मतदाता जागरूकता रैली निकालते शिक्षक व बच्चे।

Young Writer, चहनियां। विधान सभा सामान्य निर्वाचन 2022 में मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित कराने और जिले का मतदान प्रतिशत बढ़ाने के उद्देश्य से आज क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय मथेला से मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई। रैली को खंड विकास अधिकारी चहनियां सतीश चंद्र मिश्रा व राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के जिलाध्यक्ष अजय सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली विद्यालय परिसर से निकलकर गांव में भ्रमण करते हुए पुनः विद्यालय परिसर में आकर सभा मे तब्दील हो गई। रैली में बच्चे मतदान करने जाना है अपना फ़र्ज निभाना है, हम जागरूक मतदाता भारत के भाग्य विधाता, युवा शक्ति के तीन काम शिक्षा सेवा और मतदान जैसे नारे लगाते हुए चल रहे थे।इस दौरान खंड विकास अधिकारी ने कहा कि एक मजबूत सशक्त और टिकाऊ सरकार के निर्माण के लिए हमें जातिवाद, क्षेत्रवाद, सम्प्रदायवाद और किसी भी तरह के प्रलोभन से ऊपर उठकर राष्ट्रहित में मतदान करना चाहिए। एक योग्य व्यक्ति को चुनने पर हमारा लोकतंत्र मजबूत होता है। अजय सिंह ने कहा कि मतदान हमारा संवैधानिक अधिकार होने के साथ ही नैतिक कर्तव्य भी है। लोकतंत्र के इस महायज्ञ में हमें बिना किसी पूर्वाग्रह और प्रलोभन के राष्ट्रहित के नाम पर वोट देना चाहिए। इस अवसर पर फैयाज अहमद, हैदर अली, अनुराग पाण्डेय, अमरनाथ दुबे, सुभाष राम, राजेंद्र चौरसिया, भगौती मिश्रा, मनोज गुप्ता, अर्चना यादव, सुजीत सिंह, पंकज सिंह, हंसराज यादव, चमन यादव, धर्मेंद्र सिंह, राजेश पांडेय, शुभम यादव, रितेश पांडेय, आलोक यादव, देवेंद्र कुमार गौतम, कृष्णानंद यादव आदि उपस्थित रहे।

चंदौली आक्रोश: इंडियन बैक लाकरधारियों ने दिया चेतावनी मतदान का करेंगे बहिष्कार

चंदौली जिले में 40 बैंक लॉकरों को लूटकर करोड़ों रुपए के गहने और जेवरात के साथ-साथ अन्य कीमती सामान की बैंक डकैती से नाराज पीड़ित लाकरधारियों ने आज बैंक कार्यालय के सामने खड़े होकर चुनाव बहिष्कार और मतदान न करने का ऐलान किया है। साथ ही साथ प्रशासन पर आरोप लगाया है कि चंदौली जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के द्वारा फरियादियों की फरियाद ना सुने जाने और मामले के फर्जी खुलासे के जरिए इसे ठंडे बस्ते में डालने की कोशिश कर रहा है। बैंक पर उपस्थित और धरना दे रहे पीड़ित लाकरधारियों और उनके परिवार के सदस्यों ने आज बैंक पर गंगाजल लेकर इस बात की शपथ ली है कि अगर 7 मार्च तक वह पुलिस और प्रशासन के साथ-साथ बैंक की कार्यवाही से संतुष्ट नहीं होते हैं, तो वह चुनाव का बहिष्कार करते हुए अपने पूरे परिवार के साथ मतदान का भी बहिष्कार करेंगे। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने उनकी लड़ाई में सहयोग न देने वाले विधायक और सांसद के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की। इस मौके पर पीड़ित लाकरधारियों के परिजन भी मौजूद रहे। वहीं उनका आक्रोश देखकर बैंक के कर्मचारी बैंक में घुसने की हिम्मत नहीं जुटा पाए और बाहर खड़े खड़े वह वापस लौट गए।

भाजपा नेता पर नौगढ़ थाने में मुकदमा दर्ज

Young Writer, नौगढ़। क्षेत्र के नरकटी में ग्रामीणों को धमकाना और उन्हें चुन-चुनकर मारने जैसी बातों को पुलिस ने संज्ञान में लिया है। उक्त प्रकरण में भाजपा कार्यकर्ता नेता अरविंद तिवारी के खिलाफ नौगढ़ थाने में एफआईआर दर्ज हुआ। प्रभारी निरीक्षक राजेश सरोज ने बताया कि जनपद सोनभद्र के रिपोर्टिंग पुलिस चौकी अंतर्गत लोहरा गांव निवासी रामआसरे ने थाने पर तहरीर देकर के आरोप लगाया है कि वाहन से भाजपा का प्रचार करने वालो में शामिल अरविंद तिवारी नामक व्यक्ति मारने की धमकी दे रहा है। जो कि आचार संहिता का उल्लंघन व चुनाव प्रभावित हो सकता है। तहरीर के आधार पर आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही की गई है। आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस तरह का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही विभिन्न राजनीतिक दलों के लोगों में तरह तरह की प्रतिक्रियाएं ब्याप्त है। उक्त मामले तहरीर देने वाले रामआसरे ने बताया कि उसे जान से मारने की धमकी दी जा रही है, जिससे हम परिजन काफी डरे सहमे व भयभीत है।

सेना के जवान से साढ़े सात लाख की साइबर ठगी

साइबर ठगी के शिकार राजीव कुमार यादव।

जालसाजों ने खाते पर लिया सात लाख पैतालीस हजार रुपये पर्सनल लोन, पैसा निकाला

Young Writer, चहनियां। बलुआं थाना क्षेत्र के हिनौता गांव निवासी राजीव कुमार यादव के सेना वेतन खाते से 764704 की ऑनलाइन ठगी का मामला प्रकाश में आया है। दिलचस्प यह कि जालसाजों ने खाते में पड़े 19704 रुपये निकाले। इसके साथ ही उक्त खाते पर 745000 का पर्सनल लोन भी जालसाजों द्वारा लिया गया है। जिसकी साइबर क्राइम के तहत लिखित शिकायत दर्ज करा दी गई है। साइबर पुलिस मामले की छानबीन करते हुए जालसाजों के गिरोह का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
जालसाजी के शिकार भारतीय सेना के जवान राजीव यादव ने बताया कि वह गत दिनों ही अवकाश पर घर आये हैं और मुगलसराय में परिवार के साथ रहते हैं। दो फरवरी को मोबाइल नम्बर 8918529870 से राजीव यादव को फोन आता है जो स्वयं को एसबीआई बैंक का कर्मचारी बताते हुए सहायता करने की बात करता है जिसपर सेना के जवान राजीव ने कहा कि मेरा क्रेडिट कार्ड बन्द हो गया। जिसके बाद फोन करने वाले ने योनो एप्लिकेशन डाउनलोड करने के लिए कहा और फिर डेबिट कार्ड नम्बर मांगा और पिन डालने के लिए बोला जिसके बाद मेरे खाते से 19704 डेबिट हो गया और योनो एप बन्द हो गया। दूसरे दिन पता चला कि खाते से 745000 का पर्सनल लोन लेकर ट्रांसफर कर लिया गया है। ऑनलाइन जालसाजी के शिकार हुए राजीव कुमार यादव सदमे में हैं जबकि उनको देशसेवा करने के लिए अपनी ड्यूटी पर भी लौटना है। इस पूरे घटनाक्रम की लिखित शिकायत साइबर अपराध सेल वाराणसी में दर्ज करा दी गई है।

शहाबगंज: हवा में झूल रहा पुल, जमीन से जुड़ने का है इंतजार

शहाबगंज में कर्मनाशा नदी पर बनकर तैयार पक्का पुल।

पुल के दोनों तरफ सड़क के अभाव में नहीं मिल रहा लाभ
कर्मनाशा नदी पर बने पुराने पुल पर लग रहा प्रतिदिन जाम

Young Writer, शहाबगंज। विधानसभा चुनाव-2022 की खुमारी सभी के सिर चढ़कर बोल रही है। ऐसे में वादों-इरादों का दौर भी चल रहा है, लेकिन नेताओं के हवहवाई दावे व वादों को जमीनी रूप लेने में कई वर्षों और कभी-कभी दशकों का वक्त लग जाता है। इसकी नजीर शहाबगंज में कर्मनाशा नदी पर निर्माणाधीन पुल है जिसका निर्माण तो पूरा हो गया है, लेकिन यह पुल नेताओं के वादों की तरह अभी भी हवा में झूल रहा है, जिसके जमीन से जुड़ने का इंतजार चकिया विधानसभा की एक बड़ी आबादी कर रही है। साथ ही यह सवाल भी कर रही है कि आखिरकार नयी सरकार में यह पुल जमीन से जुड़ जाएगा या फिर उन्हें और लम्बा इंतजार करना होगा? हाल-फिलहाल लोगों को नए पुल पर आवागमन का बेसब्री से इंजार है, जो कब खत्म होगा इसके बारे में ठीक-ठीक कह पाना मुश्किल है।

कर्मनाशा नदी के ऊपर बन रहे पुल का शिलापट्ट।

कर्मनाशा नदी पर उक्त पुल क्षेत्र की जनता को जाम के झाम से निजात दिलाने के लिए स्थानीय बनाने की योजना थी। मंशा तो नेक थी, लेकिन यह अभी तक जमीनी रूप नहीं ले पायी। 2016 में शुरू हुआ यह प्रोजेक्ट आज भी हवा में ही झूल रहा है। स्थिति यह है कि पुल के दोनों ओर एप्रोच पथ नहीं बनने के कारण यातायात में लोगों को काफ़ी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रीय लोगों को पुल का लाभ नहीं मिल रहा और आवागन उनके लिए अभी भी बड़ी समस्या बनी हुई है। वहीं पुराने व जर्जर हो चुके पुल पर प्रतिदिन घण्टों जाम के झाम से लोग बेहाल हैं।

बिहार प्रांत को जोड़ने वाली लेवा-इलिया मार्ग पर पुल स्थित होने के कारण पुल पर आवागमन रात-दिन होता रहता है। पुल की चौड़ाई कम होने से प्रतिदिन पुल पर घण्टों जाम लगता है जिससे यात्रियों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। सबसे ज्यादा संकट तब होता है जब कोई मरीज की गाड़ी व एंबुलेंस जाम में फंस जाता है। इसी समस्या को देखते हुए पूर्ववर्ती सरकार में करोड़ों रुपए की लागत से कर्मनाशा नदी पर बने पुराने पुल के पास ही नए पुल बनाने की स्वीकृति प्रदान की गई। जिसका शिलान्यास तत्कालीन विधायक पूनम सोनकर द्वारा किया गया था। पुल बनाने की जिम्मेदारी राजकीय निर्माण इकाई मिर्जापुर को दी गयी। वर्तमान में पुल तो बनकर तैयार हो गयी है लेकिन दोनों तरफ अप्रोच सड़क का निर्माण न होने से नए पुल का लाभ क्षेत्र के लोगों को नहीं मिल पा रहा है, जबकि पुल के दोनों तरफ सड़क बनाने के लिए किसानों की जमीन चिन्हित भी कर लिया गया है। लेकिन लोक निर्माण विभाग की उदासीनता के कारण सड़क निर्माण कार्य रुका हुआ है। इस संबंध में अतायस्तगंज के पूर्व प्रधान फन्तु मिश्र व बड़गांवा के प्रधान गुलफाम अहमद मिक्कू ने कहा कि पुल के दोनों तरफ सड़क का निर्माण कार्य शुरू न होने से किसान असमंजस में हैं। किसान अपने खेतों की मेड़बंदी नहीं कर पा रहे हैं। प्रधान संघ के पूर्व अध्यक्ष अरविंद मिश्र व पिंटू जायसवाल कहते हैं कि अगर सड़क का निर्माण जल्द नहीं होगा तो क्षेत्र के लोग आंदोलन करने को बाध्य हो जाएंगे। पुराने पुल पर घण्टों लग रहे जाम से निजात दिलाने के लिए बना नया पुल लोगों को मुंह चिढ़ा रहा है। सकरा पुल होने से व्यापार पर भी असर पड़ रहा है। रतीश कुमार कहते हैं कि कर्मनाशा नदी पर बना पुल काफ़ी पुराना है तथा जर्जर हो चुका है कभी भी बड़ा दुर्घटना हो सकती है। जिलाधिकारी को संज्ञान में लेकर जल्द से जल्द नए पुल पर अप्रोच सड़क का निर्माण कराना चाहिए, जिससे कोई बड़ी दुर्घटना न हो सके।

चुनाव चिह्न आवंटनः पतंग व हेलीकाप्टर उड़ाते दिखेंगे उम्मीदवार

जन अधिकार पार्टी के उम्मीदवारों को मिला गैस सिलिंडर

Young Writer, चंदौली। विधानसभा चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार भी चुनौती पेश कर रहे हैं। नामांकन वापसी के बाद सोमवार को निर्दलीय प्रत्याशियों को उनका मनपसंद चुनाव चिह्न आवंटित किया गया। आरओ की ओर से निर्दलियों को आयोग की ओर से दिए गए स्वतंत्र चुनाव चिह्न के विकल्प दिए गए। प्रत्याशियों ने इसमें से अपना मनपसंद सिंबल चुना। किसी ने हेलीकाप्टर तो किसी ने पानी की जहाज चुनाव चिह्न में दिलचस्पी दिखाई।
जिले की चारों विधानसभा में छह निर्दलीय उम्मीदवार ताल ठोक रहे हैं। इसके अलावा गैर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रत्याशी भी मैदान में हैं। गैर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों व निर्दलियों को आयोग से भेजे गए स्वतंत्र सिंबल दिए गए। मुगलसराय से समग्र उत्थान पार्टी के अजीत सिंह को अंगूठी प्रतीक चिह्न आवंटित किया गया। चकिया विधानसभा से चुनाव लड़ रहे जन अधिकार पार्टी के प्रत्याशी सुभाष सोनकर व जन अधिकार पार्टी की सकलडीहा विधानसभा चुनाव उम्मीदवार को गैस सिलिंडर चुनाव चिह्न मिला। वहीं मुगलसराय के एआईएमआईएम उम्मीदवार आबिद अली को पतंग आवंटित हुआ है। इसके अलावा अन्य उम्मीदवारों को बाल्टी, कप और प्लेट, आदमी व पालयुक्त नौका, छडी़, आटो रिक्शा, चारपाई, अंगूठी, आरी, एयरकंडिशनर, केतली, कैंची, आलमारी आदि चुनाव चिह्न दिए गए। ईवीएम के बैलेट यूनिट में इन प्रतीक चिह्नों को भी शामिल किया जाएगा, ताकि मतदाता बटन दबाकर अपने पसंदीदा उम्मीदवार को वोट दे सकें। आरओ की ओर से प्रतीक चिह्न के आवंटन के बाद इसकी सूची बाहर चस्पा कराई गई, ताकि पारदर्शिता बरकरार रहे।

नामवापसीः चकिया व मुगलसराय से एक-एक प्रत्याशी ने उठाया पर्चा

सैयदराजा-11, सकलडीहा-9, चकिया-10 व मुगलसराय से 13 उम्मीदवार बचे

Young Writer, चंदौली। विधानसभा चुनाव की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़़ रही है। इसी कड़ी में सोमवार को नामवापसी के साथ-साथ चुनाव चिह्न आवंटन की प्रक्रिया मुकम्मल हुई। इस दरम्यान दो उम्मीदवारों ने अपना नामांकन पत्र वापस ले लिया। इसमें मुगलसराय के निर्दल उम्मीदवार लियाकत अली व चकिया विधानसभा से उर्मिला ने पर्चा वापस लिया है। वहीं सैयदराजा 11 उम्मीदवार व सकलडीहा से नौ उम्मीदवार चुनाव लड़ने के लिए नामांकन करने वाले प्रत्याशी पूरी तरह से चुनाव लड़ने व उसे जीतने के इरादे पर तटस्थ रहे। नाम वापसी का समय पूर्ण होने के बाद तस्वीर स्पष्ट होने पर प्रतीक चिह्न आवंटन की प्रक्रिया भी कलेक्ट्रेट स्थित नामांकन स्थल पर पूरी कर ली गयी है।
नामवापसी की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद चकिया विधानसभा में प्रथम क्रमांक पर भाजपा के कैलाश हैं, उसके बाद सीपीआईएम के जयनाथ दूसरे, सपा के जितेंद्र कुमार तीसरे, कांग्रेस के रामसुमेर राम चौथे, बसपा के विकास आजाद पांचवें, सीपीआईएमएल के अनिल पासवान छठें, सर्वजन सनातन पार्टी के रामकिशुन सातवें, जन अधिकार पार्टी के सुभाष सोनकर आठवें, निर्दल उम्मीदवार कमलाशंकर नौवें तथा निर्दल उम्मीदवार रामअवध खरवार 10वें नंबर पर हैं। मुगलसराय विधानसभा में बसपा के इरशाद अहमद पहले, सपा के चंद्रशेखर यादव दूसरे, कांग्रेस के छब्बू पटेल तीसरे, भाजपा के रमेश जायसवाल चौथे, समग्र उत्थान पार्टी के अजीत कुमार सिंह पांचवें, एआईएमआईएम के आबिद अली छठवें, बहुजन मुक्ति पार्टी दयानिधि सिंह यादव सातवें, मौलिक अधिकार पार्टी के बृजेश कुमार आठवें, सुभासपा के राजू प्रसाद प्रजापति नौवें, वीआईपी के शैलेश 10वें, आप के साजिद अली 11वें तथा निर्दल उम्मीदवार इनायत उल्ला खां 12वें तथा विकेश कुमार 13वें नंबर पर होंगे। सकलडीहा विधानसभा में बसपा उम्मीदवार जयश्याम त्रिपाठी पहले, कांग्रेस के देवेंद्र प्रताप सिंह मुन्ना दूसरे, सपा के प्रभुनारायण सिंह यादव तीसरे, भाजपा के सूर्यमुनि तिवारी चौथे, जन अधिकार पार्टी की चंदा पांचवें, आम जनता पार्टी इंडिया के रविकांत विश्वकर्मा छठवें, राष्ट्रीय कृषक दल के रामधारी यादव सातवें, बहुजन मुक्ति पार्टी के शमीम राईन आठवें, मौलिक अधिकार पार्टी के इंजीनियर श्याम लाल विश्वकर्मा नौवें स्थान पर होंगे। सैयदराजा विधानसभा के बसपा प्रत्याशी अमित कुमार यादव उर्फ लाला पहले, सपा के मनोज कुमार सिंह दूसरे, कांग्रेस के विमला देवी बिंद तीसरे, भाजपा के सुशील सिंह चौथे, जनता राज पार्टी के महेश कुमार पांचवें, जन अधिकार के साहजमा खान छठवें, आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) सिद्धार्थ प्राण बाहू सातवें, आप के सुरेश सिंह आठवें, निर्दल उम्मीदवार नीलू सिंह उर्फ नीलम सिंह नौवें, रमेश 10वें तथा रविंद्र 11वें क्रम पर होंगे। प्रतीक चिह्न आवंटन के साथ ही प्रत्याशी अपने-अपने चुनाव प्रचार में पूरी शिद्दत के साथ जुट गए है।

चारा घोटाला के दोषी लालू यादव को 5 साल की सजा 60 लाख जुर्माना

डोरंडा कोषागार मामले में मिला दंड

नई दिल्ली। डोरंडा कोषागार से अवैध न‍िकासी मामले में दोषी ठहराए गए ब‍िहार के पूर्व मुख्‍यमंत्री लालू यादव को आज सीबीआइ की व‍िशेष अदालत ने 5 साल की सजा सुना दी है। 60 लाख जुर्माना लगाया गया है। अनुमान के मुताबिक आज सोमवार को दोपहर करीब 2 बजे सजा की घोषणा की गई। लालू यादव के अलावा चारा घोटाला के इस बड़े मामले में 37 अन्‍य दोष‍ियों को भी सजा सुनाई गई है।सीबीआई के जज एस के शशि ने इन दोषियों को सजा सुनाई। इससे पूर्व सभी दोषियों ने ऑनलाइन कोर्ट में हाजिरी लगाई। लालू प्रसाद यादव इस समय रांची र‍िम्‍स में इलाजरत हैं। यहां पर होटवार जेल प्रशासन की ओर से उन्‍हें एक लैपटाप उपलब्‍ध कराया गया था। इसी लैपटाप के सहारे लालू यादव ने अपनी सजा सुनी। सजा सुनाए जाने से पहले लालू प्रसाद की ओर से उनके वकील प्रभात कुमार ने अदालत में बहस की। उन्होंने कहा कि लालू यादव की उम्र 75 साल हो गई है। लालू को कुल 17 तरह की बीमारियां है। बीपी और शुगर का भी हवाला दिया। अदालत से उन्होंने कम से कम सजा देने की मांग की। उधर सीबीआई के वकील ने बहस करते हुए सभी दोषियों को अधिक से अधिक सजा देने की मांग की।

बैंक का जिम्मा है लाकर में रखे आभूषण की सुरक्षाः रामकिशुन

इंडियन बैंक शाखा के बाहर लाकरधारियों के आंदोलन को संबोधित करते पूर्व सांसद रामकिशुन यादव।

बोले, सम्मान के साथ चोरी हुए आभूषण को लौटाए बैंक व पुलिस महकमा

Young Writer, चंदौली। इंडियन बैंक के लाकरों में हुई चोरी का मामला शांत होता नहीं दिख रहा है। पुलिस व बैंक की कार्यवाही से नाखुश लाकरधारियों ने एक बार फिर बैंक शाखा के बाहर धरना दिया। इस दौरान सपा के पूर्व सांसद रामकिशुन यादव धरने में शामिल होकर लाकरधारियों के आंदोलन में जान फूंक दी। पूर्व सांसद रामकिशुन ने पूरे सम्मान के साथ लाकरधारियों के सभी जेवरात व कीमती वस्तुओं की प्रतिपूर्ति की आवश्यकता जताई। उन्होंने भारत सरकार की ओर से जारी नोट को नजीर दी। कहा कि जिस तरह आरबीआई गवर्नर नोट प्राप्त करने वाले को उतनी रकम देने का वचन देता है। ठीक उसी तरह बैंक के लाकरों में रखे आभूषण व कीमती वस्तुएं बैंक की जिम्मेदारी है, जिसका निर्वहन ठीक ढंग से नहीं हुआ। उन्होंने आंदोलन को अपना समर्थन देने की बात कही और अंतिम दम तक संघर्ष का भी आह्वान किया।
इस दौरान पूर्व सांसद रामकिशुन यादव ने कहा कि बैंक के लाकरों में सेंधमारी होना अपने आप में कई सारे सवालों को जन्म देता है। यह लापरवाही व सुरक्षा में चूक का मामला है, जिसकी मुकम्मल जांच होनी चाहिए। साथ ही घटना का अभी तक पूर्णतः खुलासा नहीं हो पाना है लाकरधारियों की परेशानी का सबब है। क्योंकि किसी के पुश्तैनी कीमती जेवरात चोरी हुए तो किसी का कीमती अन्य सामान जो उन्होंने सुरक्षा के लिहाज से लाकर में रखा था चोरी हो गया है। ऐसे में बैंक को चाहिए कि लाकरधारियों का जो भी नुकसान चोरी की घटना में हुआ है उसकी प्रतिपूर्ति करे, वहीं पुलिस महकमे की यह जिम्मेदारी बनती है कि वह प्रकरण का पूर्णतः खुलासा करे और जो भी सोने-चांदी के जेवरात व कीमती आभूषण चोरी हुए है उसे बरामद कर संबंधित लाकरधारी को सुपुर्द करे, ताकि पुलिसिंग के प्रति लोगों का विश्वास मजबूत हो। अंत में उन्होंने कहा कि मेरा पूरा जीवन आंदोलन व आम आदमी को समर्पित रहा है और आगे भी रहेगा। लाकरधारियों की समस्या का समाधान हो इसके लिए जो भी प्रयास होगा किया जाएगा। उधर, लाकरधारियों ने मांग किया कि जो भी जेवरात व आभूषण चोरी हुए हैं उसे उन्हें सौंपा जाए। ऐसा नहीं होता है तो वह धरना-प्रदर्शन व आंदोलन को जारी रखेंगे। इस अवसर पर रेखा सिंह, विजय तिवारी, सुदर्शन सिंह, रमाकांत सिंह, रौशन यादव ट्ल्लिू, विनोद कुमार आदि उपस्थित रहे।

Chandauli
light rain
29.4 ° C
29.4 °
29.4 °
72 %
4.9kmh
100 %
Thu
29 °
Fri
34 °
Sat
35 °
Sun
36 °
Mon
37 °

You cannot copy content of this page

Verified by MonsterInsights