Young Writer, चंदौली। जन सहयोग संस्थान ट्रस्ट के अध्यक्ष अजीत कुमार सोनी के नेतृत्व में संस्था के कोषाध्यक्ष हिमांशु वर्मा ने ब्लड बैंक चंदौली में 30वीं बार रक्तदान किया। उन्होंने 28 वर्ष की अवस्था में ही उन्होंने 30 बार रक्तदान करके उन लोगों को प्रेरित व जागरूक किया, जो लोग रक्तदान करने में आज भी हिचकते हैं। रक्तदान के क्षेत्र में उम्दा कार्य करने के लिए उन्हें चंदौली जिले के यूथ आइकॉन अवार्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है। उन्होंने एक अंजान मुस्लिम महिला के ऑपरेशन के लिए रक्तदान करके युवाओं को सकारात्मक संदेश देने का काम किया है। अध्यक्ष अजीत सोनी ने बताया कि संस्था रक्तदान के क्षेत्र में लोगों को लगातार सहयोग कर रही है। साथ ही लोगों को इस मुहिम से जोड़ने की भी पहल हो रही है। उनका कहना है कि प्यार साबित करने के लिए लोग नसे काटते है, लेकिन किसी की जान बचाने के लिए एक सुई की चुभन बर्दाश्त नहीं कर पाते हैं। ऐसे लोगों के लिए हिमांशु वर्मा प्रेरणास्रोत हैं।
कानून व्यवस्था को लेकर सीएम का दावा खोखलाः शंकर स्वरूप

Young Writer, चंदौली। कांग्रेस पर्यवेक्षक शंकर स्वरूप मंगलवार को कांग्रेस कार्यालय पर पत्रकारों से रूबरू थे। इस दौरान विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस की रणनीति को साझा किया। साथ ही कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे एक-दूसरे का सहयोग करें और पार्टी को चंदौली में सशक्त बनाए। कहा कि पिछले चुनावों में कांग्रेस क्षेत्रीय दलों से गठबंधन करती थी और कुछ सीटों तक ही सिमट कर रह जाती थी, लेकिन अबकी बार कांग्रेस स्वतंत्र रूप से यूपी के सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों पर प्रत्याशी उताएगी और मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय महासचिव व यूपी प्रभरी प्रियंका गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पिछले तीन वर्षों से संगठन को विस्तार देने के साथ ही उसे सशक्त बनाने का काम कर रहे थे। अब उस संगठन के बूते चुनाव लड़कर जीत दर्ज करने के इरादे से चुनावी मैदान में है। अबकी बार महिलाओं को प्रतिनिधित्व का अवसर देकर कांग्रेस ने उनका मान और सम्मान दोनों बढ़ाने का काम किया है। साथ ही महिला अपराध को बढ़ावा देने वाली भाजपा सरकार को सत्ता से हटाने का संकल्प भी लिया है। कहा कि सीएम योगी आदित्यनाथ कानून-व्यवस्था को लेकर मंच से बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, लेकिन वास्तविकता यह है कि यूपी में काूनन-व्यवस्था ने अपराधियों के समक्ष घुटने टेक दिए है। चंदौली एसपी आवास से सटे इंडियन बैंक में चोरी की वारदात मुख्यमंत्री के दावों पर करारा तमाचा है। जब बैंक जैसे अतिसुरक्षित स्थानों पर सेंधमारी हो जा रही है तो सुरक्षा व्यवस्था कितनी पुख्ता है उसका अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है। कहा कि यूपी की सत्ता में वापसी के साथ ही कांग्रेस सर्वजन को सम्माजनक जीवन जीने का अवसर सृजित करेगी। नौकरी, रोजगार के साथ ही महंगाई पर नियंत्रण होगा। इस अवसर पर सतीश बिंद, डा. नारायण मूर्ति ओझा, मधु राय, रजनीकांत पांडेय, दयाराम पटेल, राधेश्याम यादव, संजय तिवारी, अमरदेव आदि उपस्थित रहे।
यूपी बोर्ड के विद्यार्थियों को दें आनलाइन शिक्षा
Young Writer, चंदौली। प्री-बोर्ड के मद्देनजर छात्रों की पढ़ाई संबंधित तैयारियों को मुकम्मल करने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक विजय प्रकाश सिंह ने प्रधानाचार्यों से संवाद स्थापित किया। उन्होंने आनलाइन पठन-पाठन के संबंध में माध्यमिक शिक्षा विभाग के दिशा-निर्देश से अवगत कराया। कहा कि बच्चों को आनलाइन माध्यम से पढ़ाएं। विद्यार्थियों को अध्ययन में आ रही दिक्कतों को दूर करें। साथ ही 15 से 18 वर्ष के छात्रों को कोविड-19 की वैक्सीन लगवाना सुनिश्चित करें। विद्यार्थियों से प्री-बोर्ड की तैयारियों के बाद बातचीत करें और पाठ्यक्रम को आगे बढ़ाएं। कहा कि माध्यमिक शिक्षा परिषद‚ यूपी बोर्ड की परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों की पढ़ाई-लिखाई और उनके पाठ्यक्रम की तैयारियों पूरा कराने को लेकर फिक्रमंद है। लिहाजा बोर्ड के दिशा-निर्देशों को दृष्टिगत रखते हुए पठन-पाठन के कामकाज को आनलाइन ले जाएं और पाठ्यक्रम को तय समय के अंदर मुकम्मल करें, ताकि विद्यार्थियों को परीक्षा में किसी तरह की बाधा न आए। अपने–अपने विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को आनलाइन कक्षाओं से जोड़ें और उनका मार्गदर्शन करें।
इंडियन बैंक चोरीः लाकरधारकों में लकी रहे 24 नंबर लाकरधारी
लाकरधारकों ने चोरी की सूचना बैंक और चंदौली पुलिस को दी
Young Writer, चंदौली। इंडियन बैंक शाखा के लाकरों में हुई सेंधमारी के दूसरे दिन मंगलवार को बैंक के लाकरधारक हलकान व परेशान नजर आए। दूसरे दिन भी सुबह बैंक शाखा परिसर में घुसने पर लगे प्रतिबंध से लाकरधारियों का गुस्सा फूटा तो उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। स्थिति तनावपूर्ण होता देखा पुलिस व बैंक कर्मियों ने सूझबूझ दिखाई और एक-एक लाकरधारी को अंदर भेजकर उनके लाकरों का मुआयना कराया। इस दौरान बैंक ने सूची जारी करके लाकर तोड़े जाने की जानकारी दी, जिसमें लाकर नंबर 24 को तोड़ने का प्रयास हुआ, लेकिन चोर उसमें रखा आभूषण चोरी नहीं कर पाए। चोरी की पुष्टि होने के बाद लाकरधारियों ने चोरी गए आभूषण व अन्य कीमती सामान की लिखित सूचना बैंक को दी और बैंक द्वारा प्रदत्त प्राप्ति की प्रति चंदौली कोतवाली को मुहैया कराया।

इंडियान बैंक की ओर से जारी तोड़े गए लाकरों की सूची के मुताबिक चार नंबर लाकर गणेश सिंह, छह नंबर लाकर सर्वेश सिंह, आठ नंबर लाकर अजय कुमार सिंह, 10 नंबर लाकर दिनेश सिंह, 11 नंबर लाकर अजय कुमार सिंह, 12 नंबर लाकर राजेंद्र प्रसाद, 15 नंबर लाकर प्रवीण कुमार मिश्रा, 16 नंबर लाकर विनोद कुमार सिंह, 18 नंबर लाकर अश्वनी सिंह, 19 नंबर लाकर इंद्रजीत सिंह, 22 नंबर लाकर लोकनाथ सिंह, 25 नंबर लाकर जगदम्बा लाल, 26 नंबर लाकर सीमा सिंह, 27 नंबर लाकर सुधा सिंह, 28 नंबर लाकर प्रवेश पांडेय, 30 नंबर लाकर अमर देव पांडेय, 32 नंबर लाकर आनंद प्रताप तिवारी, 33 नंबर लाकर भुवनेश्वर सिंह, 34 नंबर लाकर मीना देवी, 36 नंबर लाकर रामेश्वर सिंह, 38 नंबर लाकर कृपा शंकर सिंह, 39 व 40 नंबर लाकर नवीन कुमार दास, 41 नंबर लाकर अनुराधा देवी, 42 नंबर लाकर अनील श्रीवास्तव, 44 नंबर लाकर विनोद कुमार सिंह, 46 नंबर लाकर उर्मिला देवी, 47 नंबर लाकर शिवेंद्र मौर्या, 48 नंबर लाकर शिवेंद्र प्रताप सिंह, 49 नंबर लाकर बिनोद कुमार, 50 नंबर गौतम त्रिपाठी, 51 नंबर बृजेश चंद श्रीवास्तव, 53 नंबर लाकर मेवा लाल, 54 नंबर लाकर सचिदानंद, 57 नंबर लाकर पल्लवी चौहान, 58 नंबर लाकर संतोष कुमार सिंह, 59 नंबर लाकर विजय प्रताप सिंह, 60 नंबर लाकर सुजीत कुमार सिंह को आवंटित था, जिन्हें चोरों द्वारा निशाना बनाया गया। इन लाकरों में रखा गया कीमती आभूषण व सामान चोर चुरा ले गए, जिसकी जानकारी लाकरधारियों ने लिखित रूप से बैंक को दी और बैंक से प्राप्त प्राप्ति के साथ चंदौली पुलिस को तहरीर देकर चोरी गए आभूषणों की सूचना दी। जिनके लाकरों को चोरी हुई थी उनके चेहरे पर निराशा व उदासी साफ झलक रही थी। वहीं 24 नंबर लाकर जो विनोद कुमार पांडेय को आवंटित था, जिसे चोरों ने गैस कटर से काटने का प्रयास किया, लेकिन चोर उसमें पड़े आभूषण को चुरा नहीं पाए।
मौनी अमावस्या: श्रद्धालुओं ने बलुआ तट पर लगाई आस्था की डुबकी
Young Writer, चहनियां। मौनी अमावस्या (माघ मेला) के अवसर पर बलुआ स्थित पश्चिम वाहिनीं गंगा तट पर श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगायी। इस दौरान गंगा में डुबकी लगाने वालों का आस्थावानों का जमावड़ा बलुआ गंगा तट पर दिखा। लोग स्नान दान का सिलसिला भोर से ही शुरू हो गया। इस दौरान गंगा तट पर उमड़ी भारी को नियंत्रित करने के लिए भारी संख्या में पुलिस फोर्स मुस्तैद नजर आयी। मौनी अमावस्या पर बलुआ स्थित पश्चिम वाहिनीं गंगा तट पर लाखों श्रद्धालुओं ने पतित पावनी मां गंगा में मौन रहकर आस्था की डुबकी लगायी। एक दिन पूर्व सोमवार को बटोर पर अन्य प्रान्त बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल व कई जनपदों से आकर प्रसासन द्वारा बने रैन बसेरा, कालेजों, प्राथमिक विद्यालयो व रिश्तेदारी में ठहरे शृद्धालु भोर से स्नान का सिलसिला शुरू कर दिया।

कोहरे के कारण जनपद व क्षेत्र के लोगो का भीड़ सुबह 8 बजे के बाद चलना शुरू हुआ। लाखो की संख्या में लोगो ने मौन रहकर डुबकी लगायी। भीड़ को कंट्रोल करने के लिये चहनियां से बलुआ घाट तक भारी मात्रा में पुलिस फोर्स,महिला पुलिस फोर्स,पीएससी लगी रही। इसके अलावा गंगा सेवा समिति के अध्यक्ष दीपक जायसवाल अपने कार्यकर्ताओं संग लोगो की मदद में व खोया पाया केंद्र के माध्यम से मदद करने में लगे रहे। एसडीएम अजय मिश्रा, क्षेत्राधिकारी अनिरुद्ध सिंह, बलुआ थानाध्यक्ष मिथिलेश तिवारी व कई थानों के प्रभारी मेले में निगरानी के लिए चक्रमण करते रहे।

मौनी अमावस्या (माघ मेला) पर एक तरफ गंगा स्नान करने वालों की भीड़ तो दूसरी तरफ चहनियां से बलुआ तक लगी मेला में लोग खरीदारी करते नजर आये। बलुआ फील्ड में लगा झूला,चाट ,पकौड़ी,गुड़हिया जलेबी,मिष्ठान,फल,औरतों के श्रृंगार,बच्चो के मनोरंजन आदि के अलावा सील,लोढ़ा, ओखली,मुसर आदि की भी खरीदारी किया।
स्वयं सेवी संगठनों,प्रधानों,देवेश हॉस्पिटल चहनियाँ समेत कई संस्थानों ने मेले में आये लोगो की मदद की। भीड़ इतनी थी कि आस्था के आगे कोबिड का डर पीछे रह गया। जगह जगह खोया पाया केंद्र,प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र द्वारा जगह जगह कैम्प की ब्यवस्था,जलनिगम द्वारा जगह जगह पानी की ब्यवस्था,पंचायत बिभाग द्वारा जगह जगह अस्थायी शौचालय बनवाया गया था ।
चंदौलीः इंडियन बैंक के बाहर लाकरधारियों का प्रदर्शन व हंगामा
Young Writer‚ चंदौली। पुलिस अधीक्षक आवास से सटे चंदौली इलाहाबाद इंडियन बैंक में करोड़ों की चोरी के बाद मंगलवार को उपभोक्ताओं ने बैंक के गेट पर पहुंचकर जमकर हंगामा किया। वहीं अपने लाकर को देखने की मांग करने लगे, लेकिन बैंक कर्मियों द्वारा उपभोक्ताओं को बैंक के अंदर जाने से मना करने पर उपभोक्ताओं ने बैंक के गेट पर ही बैंक और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे सदर कोतवाल संजीव मिश्रा ने उपभोक्ताओं को समझा-बुझाकर शांत कराया और कार्यवाही के बाबत जानकारी दी।

इस दौरान चंदाैली कोतवाल ने कहा कि इंडियन बैंक के जिस भी लाकरधारी के आभूषण चोरी हुए हैं वह अपने लिखित तहरीर सदर कोतवाली में दे दे। इससे पुलिस को अपने कार्य करने में आसानी होगी। कहा कि पुलिस हर संभव शातिर चोरों को पकड़ने का प्रयास कर रही है। जल्द ही शातिर चोर पुलिस की गिरफ्त में होंगे। बैंक के बाहर उपभोक्ताओं के भारी भीड़ को देखते हुए कोतवाल ने बैंक के पास भारी फोर्स तैनात कर दिया है।
चंदौलीः तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक को मारी टक्कर‚ मौत
Young Writer, चंदौली। क्षेत्र के नेगुरा गेट के समीप चकिया-चंदौली मार्ग पर मंगलवार को तेज रफ्तार बोलोरो ने बाइक सवार को टक्कर मार दिया। घटना के बाद जब तक आसपास के लोग मौके पर जमा होते उसके पहले ही बोलेरो चालक वाहन समेत फरार हो गया।इससे बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। घटनास्थल पर मौजूद आस पास के लोगों ने तत्काल उसकी सूचना चंदौली कोतवाली पुलिस को दी। जानकारी के बाद मौके पर पहुची पुलिस ने तत्काल घायल को जिला अस्पताल पहुचाया‚ जहा डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताते है कि सदर कोतवाली क्षेत्र के परासी कला गांव निवासी विजय कांत 26 वर्ष पल्सर बाइक से चंदौली बाजार में समान लेने आया था। चंदौली मार्केटिंग करके बाइक पर सवार होकर घर लौट रहा था। इसी दरम्यान जैसे ही वह नेगुरा गेट के समीप पहुंचा‚ तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने विजयकांत को पीछे से टक्कर मार दिया। इससे वह बाइम समेत सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गया। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण व नगरवासी मौके पर जुट गए। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दिए मौके पर पहुंचे कस्बा इंचार्ज संजय सिंह ने तत्काल उसको जिला अस्पताल में भर्ती कराया‚ जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद चंदौली पुलिस ने शव का पंचनामा कर अंत्य परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। उधर‚ दूसरी ओर विजयकांत के मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन रोते बिलखते पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए।
चंदौली इंडियन बैंक में चोरी करते समय सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए चोर पुलिस ने जारी किया फुटेज
चंदौली जिला मुख्यालय पर पुलिस अधीक्षक आवास के समीप स्थित इंडियन बैंक की शाखा में करोड़ों की चोरी के मामले में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और कुछ तस्वीरें जारी की है । घटना को अंजाम देते समय चार लोग बैंक के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए। बैंक में दाखिल होने से और बैंक में बाहर जाने तक का कारनामा सीसीटीवी में कैद हुआ है । हालांकि चोरों ने कई कैमरे भी निकाल लिए थे । लगभग 5 घंटे चार चोर बैंक में मौजूद रहे

और इत्मीनान से घटना को अंजाम दिया। इस दौरान उन्होंने 39 लॉकर काटे और करोड़ों के जेवरात लेकर चले गए । बड़ी बात यह रही नेशनल हाईवे 2 से सटे बैंक की शाखा का पीछे का हिस्सा खेतों से सटा हुआ है और चारों तरफ खेत ही खेत है । हालांकि जानकारी होने के बाद फॉरेंसिक टीम, स्वाट टीम, सर्विलांस टीम और पुलिस की टीमें मामले खुलासे में लगा दी गई हैं। सीसीटीवी फुटेज के समय के अनुसार 30 जनवरी कि रात लगभग 11:00 बजे के आसपास चोर बैंक के पिछले हिस्से में लगे खिड़की को गैस कटर से काटते हुए नजर आए और इसके बाद एक-एक कर चारों लोग बैंक के अंदर दाखिल हुए । सभी ने बैंक का मुआयना किया और जो भी संभव हो सका सीसीटीवी कैमरे को भी निकाल दिया ।

हालांकि कुछ कमरे तक वो नहीं पहुंच पाए। जिससे उनकी सारी करतूत कैमरे में कैद हो गई । इसके बाद सभी चोर लॉकर रूम पहुंचे और वहां 39 लाकर को काटकर उसमें रखे गहने और अन्य सामान उठा ले गए। हालांकि इस दौरान चारों में से एक चोर का चेहरा खुला रह गया और वह कैमरे में कैद भी हो गया ।
इस बाबत सदर कोतवाल संजीव मिश्रा ने बताया की सीसीटीवी फुटेज जारी किए गए हैं यह चारों चोर 25 से 30 साल के बीच के उम्र के बताए जा रहे हैं । ऐसा लगता है कि उन्होंने घटना को अंजाम देने से पहले कई दिनों तक बैंक की रेकी की है विधिवत बैंक की पूरी निगरानी की है और उसके बाद उस घटना को अंजाम दिया है । बैंक का पीछे का हिस्सा खेतों से सटा हुआ है जहां आबादी नहीं है और सन्नाटा पसरा रहता है । इसी का फायदा उठाकर उन्हें घटना को अंजाम दिया। चुकी शनिवार और रविवार बैंक में छुट्टी थी । इसलिए उन्होंने इस घटना को अंजाम देने के लिए चुना इस दौरान लगभग 5 घंटे तक सभी चोर बैंक में मौजूद रहे सभी सीसीटीवी फुटेज के रिकॉर्ड हासिल कर लिए गए हैं और पुलिस टीमें लगातार कार्रवाई कर रहे हैं जल्द इस मामले का खुलासा भी कर लिया जाएगा ।
संयुक्त किसान मोर्चा ने मनाया विश्वासघात दिवस
Young Writer, चंदौली। संयुक्त किसान मोर्चा ने सोमवार को राष्ट्रीय आह्वान पर विश्वासघात दिवस मनाया। इस दौरान जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपना। साथ ही केंद्र सरकार को उनके वादे याद दिलाए और विरोध में जमकर नारेबाजी की।
इस दौरान अखिल भारतीय किसान महासभा जिला अध्यक्ष कामरेड श्रवण मौर्य ने कहा कि देश के किसानों ने केंद्र सरकार की किसान विरोधी कानून को रद्द करने, न्यूनतम समर्थन मूल्य की कानूनी गारंटी हासिल करने और अन्यकिसान विरोधी नीतियों के खिलाफ एक अभूतपूर्व आंदोलन चलाया। जिसके परिणामस्वरूप सरकार को कानून वापस लेना पड़ा। जिला सचिव कामरेड किस्मत यादव ने कहा कि सरकार की कथनी और करनी का अंतर है। सरकार जो भी वादे करती है उससे मुकर जाती है, लेकिन किसानों के साथ वादाखिलाफी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सरकार को इसका मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। सरकार किसानों पर दर्ज मुकदमें वापस ले। सरकार का वादा था भारत सरकार अन्य राज्यों से भी अपील करके किसान आन्दोलन से सम्बन्धित दर्ज मुकदमों को वापिस लेने की कार्यवाही करेगी। लेकिन ऐसा अब तक नहीं हो सका है। कहा कि लखीमपुर खीरी हत्याकांड में एसआईटी की रिपोर्ट में षड्यंत्र की बात स्वीकार करने के बावजूद भी इस कांड के प्रमुख षड्यंत्रकारी अजय मिश्र टेनी का केंद्रीय मंत्रिमंडल में बना रहना संवैधानिक और राजनैतिक मर्यादा के खिलाफ है। यह किसानों के घाव पर नमक छिड़कने का काम है। दूसरी तरफ उत्तर प्रदेश पुलिस इस घटना में नामजद किसानों को केसों में फंसाने और गिरफ्तार करने का काम लगातार कर रही है। इस मौके पर इंकलाबी नौजवान सभा जिलाध्यक्ष अनिल यादव, राकेश विश्वकर्मा, राजेश आदि उपस्थित रहे।
भाजपा जिलाध्यक्ष की पहल पर दो दर्जन श्रमिकों की हुई घर वापसी
दूसरे प्रांत में बंधुआ मजदूरी कर रहे दो दर्जन मजदूर लौटे
Young Writer, नौगढ़। महाराष्ट्र समेत अन्य प्रांतों में बधुआं मजदूरी कर रहे दो दर्जन से अधिक श्रमिक सोमवार को सकुशल जनपद लौटे। चंदौली की धरती पर पांव रखते ही मजदूरों का पूरा का पूरा दल भाजपा कार्यालय पहुंचा। वहां श्रमिकों ने अपने सकुशल घर-वापसी के लिए भाजपा जिलाध्यक्ष अभिमन्यु सिंह का तहे-दिल से आभार जताया। कहा कि यदि आपके स्तर से पहल व पुलिस-प्रशासनिक सक्रियता नहीं होती तो आज भी वे दूसरे प्रांतों में बंधुआ मजदूर कर तरह श्रम कर रहे होते। भाजपा जिलाध्यक्ष अभिमन्यु सिंह सभी श्रमिकों से मिले और स्वयं उनके साथ नौगढ़ जाकर एक-एक मजदूर को उनके घर तक छोड़ने का काम किया। भाजपा जिलाध्यक्ष के इस प्रयास की नौगढ़ समेत पूरे जनपद में जमकर सराहना की गयी।
विदित हो कि नौगढ़ थाना क्षेत्र के बाघी, मंगरही, विनायकपुर गांव निवासी दो दर्जन मजदूरों का दल की वापसी और इसके बाद श्रमिकों को दूसरे प्रांत ले जाने वाले मेठों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज होने के बाद अन्य मजदूरों की घर वापसी कराने के लिए थाना पुलिस सक्रिय नजर आयी। मजदूरों के परिजन मालती पार्वती किरन चन्द्रावती प्रेमनाथ आदि ने बीते 21 जनवरी को नौगढ़ थाने पर तहरीर देकर के बताया थि कि मजदूरों की मजदूरी नहीं मिलने के साथ ही घर वापसी भी नहीं हो रही है, जिससे मजदूरों के मेठ जीऊत व रामबली मुसहर निवासी सीतापुर शिकारगंज चकिया पर आशंका प्रतीत हो रही है कि मजदूरों को बेच दिया गया है या मजदूरों के साथ कोई अप्रिय घटना हो सकती है। जिसपर भी कोई सुनवाई नहीं होने पर सोमवार को सायंकाल भाजपा जिलाध्यक्ष अभिमन्यु सिंह ने नौगढ़ थाने पर पहुंचे और मजदूरों के परिजनों की मदद के लिए आगे आए। प्रभारी निरीक्षक राजेश सरोज ने बताया कि मजदूरों के मेठों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज होने के अलसुबह ही दो मजदूरों मनोज व शिवमंगल निवासी बाघीं की घर वापसी हुयी है। मेठों की गिरफ्तारी किए जाने का प्रयास व अन्य मजदूरों की घर वापसी कराने की पहल जारी है।










