Young Writer, चंदौली। सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के इटावा गांव में बुधवार को मछली के विवाद को लेकर एक युवक ने दूसरे युवक पर चाकू से वार कर दिया‚ जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर जुटे आस पास के लोगों ने तत्काल युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया‚ जहां उसका इलाज चल रहा है। उक्त मामले में पीड़ित पक्ष की ओर से पुलिस से शिकायत की गयी है।
बताते हैं कि चंदौली जनपद के सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत इटावा गांव का रहने वाले रमेश सोनकर की मछली की दुकान है। दुकान पर रमेश सोनकर का 17 वर्षीय पुत्र सोनू सोनकर मछली बेच रहा था। इसी बीच पास के ही एक अन्य मछली के दुकान वालों ने आकर मछली बेचने के किसी बात को लेकर विवाद हो गया। सामने वाले युवकों ने सोनू सोनकर को चाकू वार कर दिया। इससे वो लहूलुहान हो कर सड़क पर गिर गया ।मौके पर जुटे आस पास के लोगो ने तत्काल इसकी सूचना परिजनों दी मौके पर पहुचे परिजनों ने तत्काल आनन फ़ानन में युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहा उसका इलाज चल रहा है।
चंदौलीः मछली बेचने को लेकर विवाद, मनबढ़ युवक ने दुकानदार को चाकू मारकर किया लहूलुहान
चंदौली कटेसर में बवाल के बाद पुलिस की बड़ी कार्यवाही , एक दर्जन नामजद व 150 अज्ञात लोगो के खिलाफ मुकदमा दर्ज
चंदौली । मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के कटेसर गांव पुलिस पर पथराव मामले में पुलिस ने उपद्रवियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। जांच के बाद पुलिस ने एक दर्जन लोगों खिलाफ नामजद व 150 से ज्यादा अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर गिरफ्तारी में जुटी है। बता दें पुलिस पर पथराव में कोतवाल को गम्भीर रूप से चोटें आई थी. जबकि आधा दर्जन अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हो गए थे।
दरअसल मंगलवार की सुबह ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार कटेसर निवासी जोखन गुप्ता (38) की मौके पर ही मौत हो गयी।जिसके बाद स्थानीय लोगों ने चक्का जाम कर दिया था। वहीं मामले की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस के साथ स्थानीय लोगों की नोकझोंक हो गई।जिसके बाद आक्रोशित लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया।जिसमें मुगलसराय कोतवाल बृजेश चंद्र तिवारी जख्मी हो गए।जबकि कई अन्य पुलिस कर्मी भी घायल हो गए।यहीं नहीं सीओ की गाड़ी को भी उपद्रवियों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। जिससे मौके पर अफरातफरी का माहौल उत्पन्न हो गया. जिसके बाद इस पूरे प्रकरण पर पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल इस पूरे जांच टीम गठित कर पथराव करने वाले लोगों के खिलाफ कार्यवाही करने की बात कही थी। जिसके बाद पुलिस ने बुधवार को पुलिस ने एक दर्जन लोगों पर गंभीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
इस बाबत एसपी चंदौली अंकुर अग्रवाल ने बताया कि पुलिस पर पथराव मामले में एक दर्जन नामजद व 150 से ज्यादा अज्ञात के मुकदमा दर्ज कर लिया गया।इनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम का गठन कर दिया है।जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
स्वरोजगार से जुड़कर खुद को स्वावलंबी बनाए युवतियां
Young Writer, चंदौली। यूनियन ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान की ओर से संचालित 30 दिवसीय ब्यूटी पार्लर मैनेजमेन्ट प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हुआ। इस दौरान मुख्य अतिथि सीडीओ अजितेन्द्र नारायण द्वारा प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किया गया। उन्होंने कहा कि आज हर कोई अपने को सुन्दर दिखाना चाहता है, इसलिए ब्यूटी पार्लर का स्कोप तेजी से बढ़ा है। लिहाजा इस संस्थान द्वारा जो हूनर आपने प्राप्त किया। इसको स्वरोजगार स्थापित करते हुए स्वावलम्बी बने।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि स्वरोजगार स्थापित करने में यदि आर्थिक समस्या हो तो आप लोग बैंक से ऋण लेकर अपना रोजगार स्थापित करें। संस्थान में आयी हुई बीसी सखी बहनों से रूबरू होते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि आज सरकार की महत्वकांक्षी योजना के तहत आप लोगों को चयन हुआ है जिससे गांव के लोगों को बैंकिंग सुविधा उनके घर पर ही मिल जा रही है। इस कार्य को पूरे मन से करें। संस्थान के निदेशक डीके सिंह ने कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त लोगों को लोन आवेदन संस्थान द्वारा भरवाकर बैंकों को भेज दिया जाता है। जिस भी प्रशिक्षणार्थी को ऋण की आवश्यकता हो वे अपना ऋण आवेदन यहां पर आकर भरवा सकते हैं। अंत में मुख्य विकास अधिकारी ने प्रशिक्षणार्थियों को कोरोना को लेकर सतर्क रहने को कहा। इस दौरान ब्लाक मिशन मैनेज अभिषेक कुमार, आरसेटी के वरिष्ठ संकाय एजाज अहमद, पूजा गुप्ता, अजय कुमार, हरि प्रसाद, प्रशिक्षिका ज्योति मौर्या, तबस्सुन सहित सपना, शिवानी सिंह, प्रीति, प्रिया जायसवाल आदि प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहीं।
मानव खिदमत फाउंडेशन ने जरूरतमंदों में बांटा कंबल

Young Writer, चहनियां। क्षेत्र के मारूफपुर बाज़ार स्थित मानव खि़दमत फाउंडेशन चौरिटेबल ट्रस्ट के द्वारा संस्थापक डॉ. अबुल शरह की प्रेरणा से बुधवार को अपने परिसर में सैकड़ों गरीबों और जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल का वितरण किया गया। मुख्य अतिथि पंडित दीनदयाल उपाध्याय चिकित्सालय वाराणसी के वरिष्ठ डा.विनोदानंद सिंह के हाथों क्षेत्र के विभिन्न गांवों के सैकड़ों महिला पुरुषों को कंबल वितरण किया गया।
इस दौरान मुख्य अतिथि ने कहा कि कड़ाके की इस ठंड से राहत देने के लिए जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल का वितरण करना एक ईश्वरीय कार्य है। ये लोग इंसान के रूप में भगवान के दूसरे रूप हैं। हम सभी को अपने जीवन में ऐसे लोगों की मदद करते रहना चाहिए। विशिष्ट अतिथि अभिषेक हॉस्पिटल एंड पैरामेडिकल इंस्टीयूट के डायरेक्टर डा. संजय यादव ने कहा कि यदि हम किसी जरूरतमंद व्यक्ति की मदद करते हैं तो वास्तव में वहीं असलीपूजा है। हम किसी के काम आ रहे हैं, इससे बड़ा इस शरीर का कोई सौभाग्य नहीं हो सकता। समाजसेवी आरबी यादव ने कहा कि डा. अबुल शरह ने मानव खि़दमत फाउंडेशन के रूप में जो बगिया लगाई है, वह पिछले 20 सालों से निःस्वार्थ रूप से चिकित्सा, पर्यावरण, जागरूकता, कुपोषण, मोतियाबिंद का ऑपरेशन आदि के क्षेत्र में कार्य करते आ रहा है। इस अवसर पर फाउंडेशन के मैनेजिंग ट्रस्टी डा.नदीम अशरफ़, राकेश यादव, पूर्व प्रधान वीरेंद्र यादव, जेपी ओझा, सुरजीत, टुनटुन ओझा, फ़हीम खान, विमला, सुलोचना, बिंदाराम, रेखा आदि लोग उपस्थित रहे। अध्यक्षता डा. आरके पाठक, संचालन राकेश यादव रौशन व धन्यवाद ज्ञापन डॉ. नूरी अहमदी ने किया।
सकलडीहा बारः नितिन अध्यक्ष व महामंत्री बने पंकज सिंह
Young Writer, सकलडीहा। बार एसोसिएशन का बुधवार को गहमागहमी के बीच चुनाव समपन्न हुआ। देर शाम आयी परिणाम में कांटे की टक्कर देते हुए अध्यक्ष पद पर नितिन तिवारी 23 मतों से विजयी घोषित हुए। वहीं महामंत्री पद पर पंकज सिंह 201 भारी मतों से विजयी हुए। शेष अन्य पदों पर पूर्व में निर्विरोध चुने गये पदाधिकारियों की चुनाव अधिकारी द्वारा घोषणा किया गया।
सकलडीहा बार एसोसिएशन की चुनाव को लेकर सुबह से शाम तक काफी गहमा गहमी रहा। मुख्य चुनाव अधिकारी कुबेर सिंह और सहायक चुनाव अधिकारी जनार्दन मिश्र और बुद्धिराम के अध्यक्षता में चुनाव कार्यक्रम शुरू हुआ। दोपहर बाद मतदान में तेजी आयी। शाम चार बजे तक मतदान हुआ। मतगणना के बाद अध्यक्ष पद पर नितिन तिवारी 346 मत प्राप्त कर अपने निकटतम प्रतिद्वंदी अभयनाथ मौर्या को 23 मतों से पराजित किया। अध्यक्ष पद पर अभयनाथ मौर्य ने कांटे की टक्कर देते हुए 323 मत प्राप्त किया। वही महामंत्री पद पर पंकज कुमार सिंह ने 436 मत प्राप्त कर अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कृष्ण मुरारी शंकर पाठक को 201 मतों से पराजित किया। इस प्रकार कृष्ण मुरारी शंकर पाठक को कुल 235 मत प्राप्त हुए। अंत में चुनाव अधिकारी द्वारा अध्यक्ष पद पर नितिन तिवारी और महामंत्री पद पर पंकज सिंह को विजयी निर्वाचित होने की घोषणा किया। वही वरिष्ठ उपाध्यक्ष अखिलेश यादव, कनिष्ठ उपाध्यक्ष सुविन्द्र सिंह, कोषाध्यक्ष राजेश सिंह, सहायक सचिव प्रशासन पर शिवकुमार प्रजापति और पुस्तकालय मंत्री पद पर जयप्रकाश यादव निर्विरोध चुने गए पदाधिकारियों की घोषणा की। अंत में कार्यकारिणी सदस्य पद पर निर्विरोध चुने गए शिवकुमार सिंह, कुबेर सिंह, रमाकांत पांडेय, यशवंत यादव, बुद्धिराम, जर्नादन मिश्र, श्रीकांत सिंह, सच्चिदानंद सिंह, राजकुमार सिंह और अजय कुमार रंजन के नामों की घोषणा किया।
समाज में समानता व समरसता कायम करेगी मजलिसः इलियास
चंदौली मुख्यालय पर आल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन की बैठक हुई
Young Writer, चंदौली। आल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन की बैठक बुधवार को मुख्यालय स्थित एक लान में हुई। इस दौरान जिलाध्यक्ष हाजी इलियास व विधि प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष सुल्तान अहमद एडवोकेट की निगरानी में हुई। इस दौरान जिलाध्यक्ष हाजी इलियास ने नगर अध्यक्ष चंदौली का दायित्व अली जामिन अंसारी को सौंपा। साथ ही उन्हें जल्द से जल्द नगर इकाई गठित करने का निर्देश दिए। वहीं विधि के जिलाध्यक्ष सुल्तान अहमद ने हाजी इम्तियाज अहमद को जिला प्रमुख महासचिव का दायित्व सौंपा। इसके अलावा अन्य पदाधिकारियों के नामों की घोषणा हुई।

उन्होंने जिला महासचिव कमर अली, जिला संयुक्त सचिव राहिल अहमद, विधानसभा सकलडीहा इकाई अध्यक्ष साबिर अली, विधानसभा मुगलसराय इकाई अध्यक्ष वसीम अहमद बनाया गया। इसके अलावा यूथ फ्रंटल के जिलाध्यक्ष नाजिम अकबर खान ने चकिया विधानसभा इकाई के लिए मोहम्मद आसिफ सिद्दीकी को महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी। इसके साथ ही पार्टी की विचारधारा से प्रभावित होकर कई लोगों ने प्राथमिक सदस्यता भी ग्रहण की। इस दौरान जिलाध्यक्ष ने कहा कि पार्टी विधानसभा चुनाव-2022 को पूरी ताकत व शिद्दत के साथ लड़ेगी। पार्टी के मुखिया असदुद्दीन ओवैसी ने पहले ही तय कर दिया है कि मजलिस यूपी में 100 से अधिक सीटों पर अपने प्रत्याशी को उतारकर चुनाव लड़ेगी। देश के आमलोगों को संविधान में दिए गए अधिकारों के संरक्षण के उद्देश्य के साथ चुनाव लड़ा जाएगा। पार्टी व पदाधिकारी सभी जाति, संप्रदाय के लोगों का सम्मान करती है और समाज में समरसता व समानता लाना चाहती है। इस दौरान चंदौली नगर विकास अग्रहरी, डा. शकील अहमद, शकील सिद्दीकी, नौसाद अली ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान जिला महासचिव शमशुद्दीन, वसीम अहमद, सरवर अली, आबिद अली, संजय सिंह, सलीम, अबु सहमा, डा. अलाउद्दीन कादरी, इरफान अहमद आदि उपस्थित रहे।
चंदौली जनपद भ्रमण पर रहेगी मतदाता जागरूकता एक्सप्रेस
चंदौली कलेक्ट्रेट से हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे जिलाधिकारी संजीव सिंह
Young Writer, चंदौली। विधानसभा चुनाव-2022 के मद्देनजर गुरूवार को मतदाता जागरूकता एक्सप्रेस जनपद भ्रमण पर होगी। इस दौरान कलेक्ट्रट में जिलाधिकारी संजीव सिंह उक्त मतदाता जागरूता एक्सप्रेस को हरी झड़ी दिखाकर रवाना करेंगे। इसके बाद जागरूकता रैली चंदौली जनपद के विभिन्न गांवों का भ्रमण करते हुए नियामताबाद ब्लाक पहुंचेगी। वहां जागरूकता संबंधी गीत-संगीत व अन्य कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके बाद एक्सप्रेस सरस्वती शिशु निकेतन इण्टर कालेज नियामताबाद पहंुचकर युवा विद्यार्थियों को मतदान को संबंधित जानकारी देकर जागरूक करेंगे।
यह जानकारी देते हुए उपजिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता जागरूकता एक्सप्रेस जनपद के विभिन्न हिस्सों में भ्रमणशील रहेगी। जनपद के चकिया ब्लाक में बीडीओ समेत अन्य ब्लाक कमियों की मौजूदगी में नुक्कड़ नाटक एवं मतदाता जगरूकता के लिए बच्चों के बीच वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन राजकीय इण्टर कालेज चकिया में किया जाएगा। इसके बाद मतदाता जागरूकता एक्सप्रेस चकिया से रवाना होकर शहाबगंज के रामकृष्ण इण्टर कालेज तीयरी पहुंचेगी, जहां सास्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद उक्त एक्सप्रेस धरौली स्थित दशरथ इण्टर कालेज पहुंचेगी, जहां मतदाता जागरूकता संबंधित क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। वही किसान इण्टर कालेज बरहनी में मतदाता जागरूकता के लिये रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की जानी प्रस्तावित है। इसके बाद मतदाता जागरूकता एक्सप्रेस प्रगतिशील इण्टर अमड़ा, स्वामी शरण पीजी कालेज कमालपुर होते हुए धानापुर स्थित शहीद हीरा सिंह राजकीय डिग्री कालेज पहुंचेगी, जहां विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। साथ ही प्राचार्य द्वारा मतदान के महत्व के बारे में विद्यार्थियों, शिक्षकों व आमजन को जानकारी देंगे। इसके बाद यात्रा सकलडीहा ब्लाक पहुंचकर युवा, महिला व दिव्यांग मतदाताओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसके बाद मतदाता जागरूकता एक्सप्रेस अपने अंतिम पड़ाव मुगलसराय नगर क्षेत्र के लिए रवाना होंगी, जहां कार्यक्रमों की प्रस्तुति के बाद समापन होगा। इस बाबत सचिन कुमार सिंह ने बताया कि मतदाता जागरूकता संबंधित सभी कार्यक्रमों में कोविड-19 को देखते हुए कोरोना गाइडलाइन का पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
काम किसी और का, नाम किसी और का, दाम किसी और को!
भ्रष्टाचार के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा शहाबगंज ब्लाक
Young Writer, इलिया। भ्रष्टाचार की पराकाष्ठा देखनी है तो चंदौली जिले के शहाबगंज ब्लाक इसका उत्तम उदाहरण माना जा सकता है। क्योंकि यहां विकास व जनकल्याण की बजाय सरकारी तंत्र भ्रष्टाचार के नित नए आयाम व कीर्तिमान गढ़ रहा है। ताजा मामला ब्लाक क्षेत्र के लेहरा खास गांव का है जहां मनरेगा मजदूरों की सूची में एक ऐसा नाम भी दर्ज है जो सरकार को अपनी आमदनी पर कर देता है जिससे कागजी झोल करके सरकारी तंत्र ने मनरेगा मजदूर का जामा पहनाने का काम बड़ी निपुणता से किया। लेकिन जब गांव के कुछ लोगों को इसकी भनक लगी तो वे पड़ताल में जुट गए और जब मामले गंवई लोगों ने अपने माध्यमों से खंगाला तो एक के बाद एक चौकाने वाले तथ्य सामने आए।

दरअसल लेहरा गांव ग्राम सचिव व ग्राम प्रधान ने रामू नामक एक व्यक्ति को जाब कार्ड जारी किया है, जिसका क्रमांक यूपी-71-008-057-001/354 एवं फैमिली आईडी-354 है, जिसका पंजीयन दिनांक 15 मई 2021 दर्शाया गया है। उक्त व्यक्ति के जाब कार्ड से बैंक आफ बड़ौदा का बैंक एकाउंट संख्या दर्ज दिखाया गया है। जिसके जाब कार्ड पर 2856 रुपये बतौर मजदूरी भुगतान भी किया गया। ये सभी आंकड़े मनरेगा की वेबसाइट पर अंकित है। अब सवाल यह उठता है कि आखिर रामू पुत्र विजयी हैं कौन? जी हां! असल पेंच यही है कि लेहरा खास निवासी रामू पुत्र विजयी ठेकेदार हैं जो सरकार को अपनी आमदनी पर टैक्स की अदायगी भी करते हैं। ऐसे में इनका बतौर मनरेगा मजदूर नामांकित होना नियम-नियमावली के खिलाफ है।
इसके साथ ही इनके नाम पर अंकित बैंक का आफ बड़ौदा का खाता संख्या-28170100008605, शाखा सैदपुर की जब पड़ताल हुई तो यह बैंक खाता प्रेम लता पत्नी हौशिला नंद द्विवेदी का निकला। यानी सरकारी तंत्र ने यहां भी झोल कर रखा है। मतलब मजदूरी करना किसी और का दिखाया गया है और जिस बैंक खाते में मनरेगा मजदूरी का भुगतान हुआ है वह भी किसी और का है। सरकारी धन के दुरुपयोग की यह एक मात्र छोटी नजीर है, जो कुछ ग्रामीणों के प्रयास से पटल पर आ सकी। ऐसी न जाने कितने गड़बड़ियां शहाबगंज ब्लाक में हर रोज हो रही है, जिससे आमजन के कल्याण व विकास के मद में आए सरकारी धन का बंदरबांट हो रहा है। स्थिति यह है कि ऐसे कृत्यों के पटल पर आने पर स्थानीय लोगों में जबरदस्त आक्रोश व्याप्त है। इस संबंध में शहाबगंज बीडीओ दिनेश कुमार सिंह ने कहा कि मामला मेरे संज्ञान अभी नही था। मामला संज्ञान में अब आया है जांच करा कर के कार्यवाही की जाएगी।
रोडवेज बस-टेम्पू की सीधी टक्कर में एक की मौत
हसनपुर के पास हुए हादसे में टेम्पो चालक घायल
Young Writer, चहनियां। बलुआ थाना क्षेत्र के हसनपुर गांव में मंगलवार की सुबह घने कोहरे के कारण रोडवेज बस व टेम्पू की आमने सामने टक्कर में सढान निवासी 56 वर्षीय मुमताज अहमद की मौत हो गयी। वहीं टेम्पू ड्राइवर 32 वर्सीय रामकृत यादव बुरी तरह घायल हो गए। उक्त घटना में टेम्पू के परखच्चे उड़ गये। घायल ड्राइवर का इलाज एक प्राइवेट अस्पताल में चल रहा है। बस व चालक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। मृतक को मौत की सूचना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
क्षेत्र के सढान गांव के रहने मुमताज अहमद चार पांच दिन पूर्व कलकत्ता अपने लकवा की दवा लेने गये थे। मंगलवार को पीडीयू नगर ट्रेन से उतरने के बाद चहनियां आए। चहनियां से रिजर्व में हसनपुर के रहने वाले रामकृत यादव से टेम्पू कर अपने घर के लिए अकेले रवाना हुए। हसनपुर स्थित गांव में घने कोहरे के कारण रामगढ़ से सवारी लेकर आ रही रोडवेज बस व टेम्पू में आमने-सामने टक्कर हो गयी, जिससे टेम्पू के परखच्चे उड़ गये। वहीं हादसे टेम्पू में सवार मुमताज अहमद की मौत हो गयी। साथ ही टेम्पू चालक रामकृत बुरी तरह से घायल हो गए। ग्रामीणों की मदद से मुमताज को चहनियां स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले आए, जहां डाक्टरों ने जबाब दे दिया। परिजनों को इत्मीनान न होने पर वाराणसी स्थित ट्रामा सेंटर ले गए। जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया व रामकृत को एक निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां अभी भी हालत गम्भीर बनी हुई है। मृतक के घर पर मौत की सूचना मिलने पर परिजनों में हाहाकार मच गया। पुलिस ने रोडवेज बस व चालक को अपने कब्जे में ले लिया। इस संदर्भ में बलुआ थानाध्यक्ष मिथिलेश तिवारी का कहना है कि ड्राइवर व बस को कब्जे में ले लिया गया है। अभी परिजनों के द्वारा कोई तहरीर नही मिली है।
इनसेट—-
मौत से घर पर छाया मातम
चहनियां। क्षेत्र के सढांन गांव में मुमताज के मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मुमताज दरियापुर में मुर्गा बेचने का धंधा करते थे। यही उनका जीविकोपार्जन था। इनके पांच पुत्रियां व एक पुत्र खुर्शीद खान है। वह पांच पुत्रियों की शादी कर चुके थे। पुत्र खुर्शीद की शादी अगले माह थी। पत्नी लैला व बच्चो का रोकर बुरा हाल था।
ट्रैक्टर ट्राली से गिरकर अधेड़ महिला की मौत
Young Writer, नौगढ़। थाना क्षेत्र के लेड़हा मोड़ के समीप मंगलवार को अनियंत्रित टैªक्टर-ट्राली से गिरकर समींदा देवी पत्नी गंगाराम कोल 50 वर्ष की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका चकिया कोतवाली क्षेत्र के मूसाखांड गांव की निवासी बतायी जा रही है। मौत की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। उधर, घटना के बाद चालक टैªक्टर को छोड़ कर मौके पर से फरार हो गया।
बताया जाता है कि मूसाखांड़ निवासी समींदा देवी मंगलवार को चकरघट्टा थाना क्षेत्र के बसौली गांव में अपनी पुत्री सीता के यहां खिचड़ी पहुंचाने के लिए गयी थी। वहां से करीब तीन बजे घर वापस जाने के लिए संजना 25 वर्ष व बिफनी 45 वर्ष के साथ गांव से बाहर नौगढ़-मद्धुपुर मार्ग (बसौली) पर आकर के वाहन का इंतजार करने लगी, तभी मझगाई की ओर से ईट उतारकर के आ रही भारत ईंट गांधीनगर से संबद्ध टैªक्टर के चालक ने सभी को ट्राली पर बैठा लिया। इसके बाद रास्ते में लेड़हा मोड़ के समीप ढलान उतरते वक्त अनियंत्रित हुई टैªक्टर-ट्राली से समींदा देबी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गयी और कुछ समय बाद मौके पर ही दम तोड़ दिया। जिसे देख चालक टैªक्टर छोड़ कर के मौके पर से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर के एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ भेजवाया, जहां पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। प्रभारी निरीक्षक राजेश सरोज ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय चंदौली भेजे जाने की कार्यवाही की जा रही है। वहीं टैªक्टर को भी पकड़ लिया गया है।












