29.7 C
Chandauli
Friday, October 23, 2026

Buy now

Home Blog Page 620

ट्रैक्टर की चपेट में आने से महिला की मौत

Young Writer, चहनियां। बलुआ थाना क्षेत्र के सुरतापुर गांव में ट्रैक्टर के चपेट में आने से 35 वर्षीय महिला पूजा देवी बुरी तरह से घायल हो गयी। ग्रामीणों की सूचना पर पहुचे बलुआ थानाध्यक्ष ने पुलिस की जीप से चहनियां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजवाया, जहां हालत गम्भीर डाक्टरों ने जिला अस्पताल भेजवाया। जिला अस्पताल में डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों में हाहाकार मच गया।
बताते हैं कि सुरतापुर गांव के रहने वाली पूजा देवी शनिवार को अपने पति मनीष मिश्रा के साथ मकर सक्रांति के पर्व पर बलुआ स्थित पश्चिम वाहिनीं गंगा तट पर स्नान करने के लिए बाइक से जा रही थी। गांव से निकलते वक्त चहनियां-धानापुर मुख्य मार्ग पर चहनियां की तरफ से आ रही ट्रैक्टर की चपेट में आ गयी। घटना के बाद ट्रैक्टर ड्राइवर वाहन छोड़कर फरार हो गया। लहूलुहान हालत में देख ग्रामीणों ने पुलिस को फोन कर सूचना दिया। मौके पर पहुचे बलुआ बलुआ थानाध्यक्ष मिथिलेश तिवारी ने ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर पुलिस की सेकेंड जीप से महिला को चहनियां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजवाया, जहां महिला की हालत गम्भीर देख डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचते महिला की मौत हो गयी। महिला के मृत की सूचना पाते ही परिजनों में हाहाकार मच गया। मृतका की माली हालत ठीक नहीं थी। इनके एक भी संतान नहीं थे। पति मनीष मिश्रा, ससुर प्रमोद मिश्रा, देवर आशीष मिश्रा का रोकर बुरा हाल है।
इनसेट—-
मार्ग को लेकर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

चहनियां। क्षेत्र के सुरतापुर गांव में जहां महिला की ट्रैक्टर की चपेट में आने से मौत हुई है। बताते हैं कि गांव में जाने वाला मार्ग काफी नीचे है, जब भी लोग गांव से मुख्य मार्ग चहनियां वाया धानापुर पर अपने गंतव्य को जाने के आते है ऊपर चढ़ने पर मार्ग पर कुछ दिखाई नहीं देता है, जिससे आए दिन दुर्घटना होती है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार अधिकारियों को गांव के मार्ग को मुख्य मार्ग के लेविल में मिलाने की गुहार लगायी गयी, किन्तु कोई सुनवाई नहीं हुई, जिससे अक्सर उस स्थान पर दुर्घटना होती है। यदि मार्ग को लेबिल कर दुरुस्त नहीं कराया गया तो ग्रामीण चक्का जाम को बाध्य होंगे। प्रदर्शन करने वालो में अशोक सिंह, नीरज सिंह, सुभाष मिश्रा, विकास गुप्ता, रामसजन राम, सन्तोष मिश्रा, मुनवर अली, नौरंग राम, गिरधारी चौहान, आकाश कुमार, पंकज सिंह आदि उपस्थित थे ।

मनोज डब्लू ने बसपा नेता को पार्टी से जोड़ा, फहरया ध्वज

बभनियांव रायपुर में बसपा नेता के आवास पर सपा का ध्वज लगाते मनोज सिंह डब्लू।

Young Writer, चंदौली। लखनऊ पार्टी कार्यालय से लौटने के बाद सपा के राष्ट्रीय सचिव मनोज कुमार सिंह डब्लू समाजवादी कुनबे के विस्तार में पूरी शिद्दत से जुट गए हैं। इस दौरान उन्होंने डोर-टू-डोर कैम्पेन के तहत बभनियांव रायपुर गांव पहुुंचे, वहां पूर्व जिला पंचायत व बसपा नेता रहे महंगू राम के आवास पर पार्टी का परचम लहराया। साथ ही बसपा नेता त्रिलोकी राम को समाजवादी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता दिलाई। उन्होंने विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पूरी मुस्तैदी के साथ के अपने बूथ पर पार्टी की किलेबंदी को बनाए और बचाए रखें। क्योंकि बूथ पर मिली जीत ही सपा की ऐतिहासिक जीत का गवाह बनेगी।

उन्होंने कहा कि आज समाजवादी पार्टी से हर वह राजनीतिक शख्स मिलना व जुड़ना चाहता है, जो समाज में समानता, समरसता को बनाए रखना चाहते है। ऐसे तमाम दिग्गजों का लखनऊ में जमावड़ा लगा है, लेकिन अब इस जमावडे़े को जनपद, विधानसभा क्षेत्र स्तर के साथ गांव व पंचायत स्तर पर कायम करना होगा। इसके लिए बेहिसाब मेहनत व बेजोड़ इच्छाशक्ति की जरूरत है, जो आज चंदौली के एक-एक सपाई में दिख रही है। यही उत्साह व उमंग सूबे की सत्ता में सपा की वापसी कराने जा रहा है। कहा कि पिछली सपा सरकार के ऐतिहासिक कामकाज का मजबूत आधार ही सत्ता परिवर्तन की बुनियाद बनेगा। आह्वान किया कि सपा सरकार की योजनाओं, घोषणा-पत्र में आमजन की सहूलियत के लिए कही गयी बातों व वादों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का काम करें। इस दौरान डोर-टू-डोर कैम्पेनिंग करें और पांच की संख्या में अलग-अलग टुकड़िया बनाकर फैल जाए। इस अवसर पर हनुमान यादव, रामकेवल यादव, अखिलेश सिंह, महमूद अली, गणेश गुप्ता, सुबाष यादव आदि उपस्थित रहे।

प्रेमप्रकाश मीणा ने जलजमाव की समस्या का किया समाधान

Young Writer, चकिया। क्षेत्र के ग्राम सभा भागूपुर में कई बरसों के कायम विवाद शनिवार को एसडीएम चकिया प्रेमप्रकाश मीणा की पहल व कुशल प्रशासनिक कार्य प्रणाली से हल हो गया। प्रेमप्रकाश मीणा ने कई सालों से भारी जल भराव की समस्या को निस्तारित कराया, जिस कारण गांव के 100 से ज्यादा घरों व काश्तकारों को आवागमन में दिक्कत के साथ ही उनकी खेती बाड़ी प्रभावित हो रही थी। जलजमाव की उक्त समस्या के समाधान के लिए पिछले कई सालों में कई बार प्रयास हुए बावजूद इसके सफलता नहीं मिली। इसी बीच शनिवार को भागूपुर ग्रामसभा पहुंचे एसडीएम प्रेमप्रकाश मीणा ने गांव स्थित गाटा संख्या-84 की सरकारी भूमि पर नाली निर्माण कार्य प्रारंभ करवाया गया, जिससे बड़ी जनसंख्या को लम्बे समय से कायम जलजमाव की समस्या से निजात मिलने की उम्मीद जगी है। नाली निर्माण कार्य मुकम्मल हो जाने से ग्रामीणों न सिर्फ आवागमन में सहूलियत होगी। साथ ही उनकी खेती-बाड़ी करने में सहूलियत होगी।

एसडीएम सदर ने कोविड टीकाकरण का लिया जायजा

Young Writer, कंदवा। उपजिलाधिकारी सदर अविनाश कुमार शनिवार को क्षेत्र के विद्यालयों, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बरहनी में टीकाकरण का जायजा लेने पहुंचे। इस दौरान कोरोना मे वितरण होने वाली दवाइयों से संबधित जानकारी ली गई। स्वास्थ्य कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए विद्यालयों मे टीकाकरण बढाने पर जोर दिया गया।
एक बार पुनः कोरोना संक्रमण के बढते शिकायतों से प्रशासन सक्रिय हो उठा है शत-प्रतिशत कोविड 19 टीकाकरण को लेकर प्रयासरत है इसी क्रम मे शनिवार को एस डी एम सदर टीका करण का हाल जानने निकले हुए थे। मां मंशा देवी स्नातकोत्तर विद्यालय सहित अन्य विद्यालयों मे पहुंचकर छात्र छात्राओं के टीकाकरण का हाल जाना गया। महाविद्यालय प्रबंधक, प्रधानाचार्यों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया। तत्पश्चात प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरहनी पहुंचे वहां हो रहे टीकाकरण का जायजा लेने के बाद कोरोना से संबधित वितरित की जाने वाली दवाइयों के बारे मे जानकारी ली गई। वहीं विद्यालयों मे टीकाकरण की प्रगति के बारे में उपस्थित स्वास्थ्य कर्मियों से पूछताछ की गई। जिन विद्यालयों में टीकाकरण का प्रतिशत कम है जानकारी मांगी गई, ताकि जल्द से जल्द टीकाकरण के लक्ष्य को पूर्ण किया जा सके। इस दौरान मनीषा गौड, संजय, डा.सूर्य प्रकाश, सुदामा, तेज प्रताप भारती सहित अन्य मौजूद रहे।

अवैध कब्जाधारियों से आवास खाली कराएगा नगर पंचायत

चेयरमैन ने कहा कि सामान जब्त करने के साथ होगा एफआईआर

Young Writer, चंदौली। नगर पंचायत अंतर्गत मान्यवर कांशीराम शहरी आवास योजना के तहत बसाए गए पाकेट संख्या-1 से पांच के कुल 41 आवासों का आवंटन जांच के बाद निरस्त कर दिया गया था। इसके बाद भी कांशीराम शहरी आवास में बिना आवंटन के लोग अवैध कब्जा करके निवास कर रहे हैं, जिससे आवास परिसर में मारपीट, अराजकता आदि की घटनाएं हो रही है। इसकी शिकायतों को नगर पंचायत ने संज्ञान में लिया है और जल्द ही आवासों की जांच अभियान चलाकर की जाएगी।
यह जानकारी देते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष रवींद्रनाथ ने बताया कि कांशीराम शहरी आवास योजना के तहत कुल 672 आवास निर्मित कर उन्हें गरीबों में आवंटित किया गया है। बीच में शिकायतों की जांच के बाद एडीएम द्वारा 41 आवासों का आवंटन निरस्त कर दिया गया है, जिसका आवंटन पुनः नहीं किया गया। बावजूद इसके कांशीराम आवास में बिना आंवटन के आवंछनीय तत्व अवैध तरीके से आवास पर कब्जा करके निवासरत थे। इस कारण आवंटियों को कठिनाई हो रही है। आए दिन मारपीट की घटनाएं होती है जिसकी लगातार शिकायत प्राप्त हो रही है। इन शिकायतों को संज्ञान में लेते हुए आवास में अवैध रूप से बिना आवंटन के रह रहे व्यक्तियों की जांच शीघ्र की जाएगी। यदि आवंटन संबंधित अभिलेख नहीं उपलब्ध होगा तो आवास में रखने वालों को तत्काल आवास खाली कराया जाएगा तथा उनके सामान को जब्त करने हुए उनके विरूद्ध चंदौली कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराने की कार्यवाही की जाएगी।

मुख्य गंगा नहर ने चंदौली जिला अस्पताल को डुबोया

जिला अस्पताल परिसर स्थित आकस्मिक चिकित्सा वार्ड गेट पर जमा नहर का पानी व खड़ी एंबुलेंस।

माइनर के पानी ने अस्पताल परिसर को अपनी गिरफ्त में लिया

Young Writer, चंदौली। यदि यह कहा जाए कि जनपद चंदौली में विकास बेकाबू हो गया है तो अतिश्योक्ति नहीं होगी। इसकी बानकी शनिवार को जिला अस्पताल परिसर में देखने को मिली। विकास के बड़े-बड़े दावे की पोल एक छोटी माइनर ने खोलकर रख दी। किसानों की मांग पर गेहूं सिंचाई के लिए मुख्य गंगा नहर से सम्बद्ध माइनर को छोड़ा गया तो पूरा का पूरा जिला अस्पताल परिसर डूब गया। शनिवार को दूरदराज ग्रामीण इलाकों से दवा-ईलाज के लिए लोग चलकर जिला अस्पताल पहुंचे तो वहां का दृश्य देखकर अवाक रह गए।

जिला अस्पताल परिसर स्थित मातृ एवं शिशु विंग अस्पताल के सामने जमा नहर का पानी।

इस समस्या से जहां जिला अस्पताल में कार्यरत स्वास्थ्य कर्मियों, चिकित्सकों व कार्यालयीय कर्मचारियों के साथ-साथ अस्पताल में आने वाले मरीजों व तीमारदारों को उठानी पड़ी। स्थिति यह थी कि जिला अस्पताल तक जाने वाले सभी रास्ते माइनर के पानी से डूब चुके थे। वहीं परिसर स्थित कई भवन भी उसकी चपेट में नजर आए। यह समस्या काफी पुरानी है, लेकिन न तो स्वास्थ्य विभाग ने इसे गंभीरता से लिया और ना ही जनप्रतिनिधियों की ओर से ही अस्पताल को सुविधाओं से लैस करने की दिशा में सार्थक पहल हुए। आम लोगों का आरोप था कि जनप्रतिनिधि व नेता विकास के नाम पर केवल कमिश्नर से अपनी जेब गर्म कर रहे हैं। ठेकेदारों की सुविधा व सहूलियत को ध्यान में रखकर परियोजनाओं व विकास का झुठा दावा किया जाता है। आमजन की मांग को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है, जिस कारण आज पूरा का पूरा जिला अस्पताल परिसर डूबा हुआ है। यह चंदौली के विकास की वास्तविक सच्चाई है।

मुख्यालय स्थित पंडित कमलापति त्रिपाठी परिसर तालाब में तब्दील हो गया है बगल से गुजरी नहर का पानी घुस जाने के कारण पूरा अस्पताल परिसर में जल ही जल दिखाई दे रहा है इससे आने वाले मरीजों और अधिकारियों कर्मचारियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है यही नहीं आवासीय परिसर में भी पानी घुसने के कगार पर पहुंच गया है जिसमें जिला जज समेत जिला अस्पताल के उच्च अधिकारी भी शामिल हैं पानी की परिसर में जमा होने के कारण मरीजों और तीमारदारों को भी कठिनाइयों के दौर से गुजरना पड़ रहा है यही नहीं इमरजेंसी वार्ड के ठीक सामने पानी लगने के कारण मरीजों को और एंबुलेंस को भी इसका खामियाजा भुगतना पड़ा जिससे बीमारी दूर कर आने आने आने वाले लोग खुद बीमारी के शिकार होने के कगार पर हैं यही नहीं सबसे अधिक परेशानी कोविड-19 को होगी जो जांच कराने आ रहे हैं वह भी जांच केंद्र में पहुंचने के लिए पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है

उद्घाटन के बाद जनता की पहुंच से दूर स्नानागृह

जिला अस्पताल चंदौली में उद्घाटन के बाद भी स्नानागृह के गेट पर लटकता ताला।

Young Writer, चंदौली। जनपद समेत पूरे सूबे की जनता निवर्तमान हुई सरकार के कामकाज से खिन्न है। उसका गुस्सा हाल-फिलहाल उद्घाटित और लोकार्पित हुई परियोजनाओं व विकासपरक योजनाओं को लेकर है। जनता के आरोप हैं कि सरकार व जनप्रतिनिधियों ने परियोजनाओं के उद्घाटन व लोकार्पण के नाम पर छलने का काम किया है। इसके कई ज्वलंत उदाहरण भी लोगों ने गिनाॅएं। अब चाहे पर चंदौली स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सेतु का लोकार्पण हो या फिर चंदौली जिला अस्पताल में बना स्नानागृह। इसके साथ ही कई छोटी-बड़ी परियोजनाएं जो लोकार्पित होने के बाद भी आमजन के प्रतिबंधित करके रखी गयी हैं। ऐसे में फजीहत तब होती है जब जनता व विपक्ष उसे आमजन को समर्पित करने का दबाव बनाने हैं। जैसा कि पिछले दिनों अटल बिहारी वाजपेयी सेतू पर देखने को मिला। फिलहाल अब बात करेंगे जिला अस्पताल परिसर में बने सार्वजनिक स्नानागृह की।

चंदौली जिला अस्पताल परिसर के पश्चिम द्वार से सटे बना स्नानागृह के गेट पर फिलहाल ताले लटक रहे हैं। विभागीय लोगों की माने तो इसका शुभारंभ तीन माह पूर्व ही विधायक साधना सिंह ने किया, जिसका गवाह बगल में लगा शिलापट्ट है। शिलापट्ट बता रहा है कि उक्त सार्वजनिक शौचालय, मूत्रालय एवं स्नानागृह का निर्माण कार्य विधायक निधि योजना के तहत वर्ष 2019-2020 के अंतर्गत पूरा किया गया है, जिसका शुभारंभ साधना सिंह द्वारा किया जाना भी दर्शित है। वहीं कार्यदायी संस्था के रूप ग्रामीण अभियंत्रण विभाग चंदौली का नाम अंकित है। यानी विधायक निधि के उक्त प्रस्तावित काम को ग्रामीण अभियंत्रण विभाग ने मुकम्मल किया। मुक्कल शब्द इसलिए लिखा जा रहा है क्योंकि कार्य पूरा नहीं होता तो शुभारंभ का शिलापट्ट वहां नहीं लगता। अब सवाल यह है कि उद्घाटन के बाद उक्त सेवा को सर्वसमाज के सुपुर्द क्यों नहीं किया गया। यदि किसी तरह की अड़चन थी तो उसे तीन माह की लम्बी अवधि में दूर क्यों नहीं किया गया। देखा जाए तो इस लापरवाही के लिए विधायक साधना सिंह, कार्यदायी संस्था ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के साथ-साथ स्वास्थ्य विभाग भी जिम्मेदार है, क्योंकि उक्त परियोजना को स्वास्थ्य विभाग के अहाते में मूर्त रूप दिया गया है। ऐसे में यदि वहां प्रतिदिन आने वाले दो हजार लोग यदि शौचालय, मूत्रालय व स्नानागृह के इस्तेमाल से अब तक वंचित है तो इसके लिए सीधे तौर पर ये तीनों इकाईयां बराबर की जिम्मेदार हैं। जिनकी लापरवाही के कारण जनता के पैसे से जनता के लिए बना स्नानागृह, शौचालय व मूत्रालय, जन समर्पित होने के बाद भी जनता की पहुंच से दूर है। ऐसे में विधानसभा चुनाव के दौरान जनप्रतिनिधियों से जनता इन मुद्दों को लेकर सवाल करती नजर आए तो अतिश्योक्ति नहीं होगी।

सपा के हर शख्स में दिख रहा अखिलेश यादव का अक्स

Young Writer, चंदौली। समाजवादी पार्टी का प्रादेशिक दफ्तर इन दिनों राजनीतिक तीरथ बन गया है, जहां हर कोई मत्था टेकता नजर आ रहा है। भाजपा में मची भागम-भाग से समाजवादी कुनबा विधानसभा चुनाव-2022 के आगाज के साथ ही एकाएक बढ़ गया है। इस इजाफे से उसके वोट बैंक में भी बढ़ोत्तरी होगी, ऐसा राजनीति के जानकार अनुमान लगा रहे हैं। लेकिन इसके इतर समाजवादी पार्टी ने बूथ से लेकर विधानसभा तक अपनी किलेबंदी को मजबूती देने का काम किया है, ताकि उसे अपने मूल मतदाताओं के मतों में सेंधमारी का आघात उन्हें न झेलना हो।
अब चाहे चुनाव प्रचार हो या हो चुकी सपा की रैलियां। बैठकों व वर्चुअल संवाद में सपा ने बहुत कुछ नया किया है और संगठन को नए सिरे से चुनाव के लिए तैयार करने का एकल प्रयास व मुकाम पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने अपनी कड़ी मेहनत से किया है ताकि चुनाव नतीजे आएं तो उनकी तपस्या में कोई कमी न दिखे। इस लाइन को जुमले के रूप में देखा व पढ़ा जा सकता है जो आजकल देश के प्रधानमंत्री व भाजपा के खिलाफ खूब चलन में है।

हाल-फिलहाल समाजवादी पार्टी की स्थिति यह है कि यहां सपा के एक-एक शख्स में अखिलेश यादव का अक्स दिखने लगा है। क्योंकि जो कार्यकर्ता किसी नेता के समर्थन में वोट देने व दिलाने की बात करते थे वो अचानक से अखिलेश यादव के लिए वोट मांगते नजर आ रहे हैं। हाल ही में चंदौली आए सपा के प्रमुख प्रदेश महासचिव राजनारायण बिंद ने स्पष्ट कहा कि अबकी बार प्रत्याशी को नहीं अखिलेश यादव को देखिए। सपा का एक प्रत्याशी स्वयं में अखिलेश है इसलिए दिग्भ्रमिक होने की संभावनाओं को स्वतः खारिज कर सपा को वोट देने व दिलाने के महाभियान में जुट जाएं। उनकी बातों ने चंदौली के समाजवादियों पर बड़ा असर छोड़ा और आज यही बातें सपा के लोगों द्वारा चट्टी-चौराहे पर कही और सुनी जा रही है जिन्होंने न केवल सपा के पक्ष में उम्दा माहौल तैयार किया, बल्कि सपा के लाल की चुनावी रंगत को और चटक बना रही है। हाल-फिलहाल यह अमूलचूल परिवर्तन सपा के हरएक खेमे में नजर आ रहा है, जिसने सबसे बड़ा आघात पार्टी अंदर खाने में अपनी गहरी जड़े जमा चुकी स्थानीय नेताओं की गोलबंदी व खेमेबंदी पर किया है। यानी मतदाता अब किसी भी नेता के बहवाके में आने से पहले एक बार अखिलेश यादव की तस्वीर को जरूर देखेंगे। पिछड़ों, अतिपिछड़ों के सामाजिक, आर्थिक व राजनीतिक भागीदारी को सुनिश्चित करने के प्रयासों को जाने व समझने का प्रयास जरूरत करेंगे। आज अखिलेश यादव के कथनानुसार समाजवादी पार्टी का बूथ स्तर से लेकर विधानसभा इकाई, जिला इकाई स्तर का नेता अपने आज को फिजिकल, वर्चुअल व डिजिटल तीनों प्लेटफार्म के लिए तैयार करता दिख रहा है। इस टीम में युवा नेतृत्वकर्ता के रूप में नजर आ रहे हैं। क्योंकि उन्हें डिजिटली व वर्चुअली प्लेटफार्म की बेहतर जानकारी है, वहीं बड़े-बजुर्गु अपने राजनीतिक तजुर्बे को इन युवाओं की मदद से आनलाइन प्लेटफार्म पर सपा को सशक्त बनाने की दिशा में कार्य करते दिख रहे हैं। यदि यही गठजोड़ व समन्वय पूरे चुनाव भर कायम रहा तो 10 मार्च को परिणाम सपा के सुखद साबित होंगे।

ट्रेन से धक्का लगने से युवक की मौत, हत्या का आरोप

मृतक की फाइल फोटो।

Young Writer, पड़ाव। अलीनगर थाना क्षेत्र के नीबूपुर गांव निवासी दिलीप पाल का 22 वर्षीय पुत्र सतीश पाल की शुक्रवार को ट्रेन की चपेट में आने से हुई मौत हो गयी। सूचना पाकर पहुंचे परिजनों ने शव को घर ले आया और पुलिस को दी सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अगली कार्रवाई में जुड़ गई वहीं परिजनों ने गांव के ही कुछ युवकों पर ट्रेन के सामने ढकेल ने की आशंका जताई है।
बताते हैं कि शुक्रवार को नींबूपुर गांव निवासी दिलीप पाल का 22 वर्षीय जोकि ड्राइवर का कार्य करता है। शाम के वक्त अपने साथियों के साथ रेलवे ट्रैक के तरफ गया हुआ था और कुछ देर बाद परिजनों को गांव के ही एक व्यक्ति ने सूचना दी कि आपका बेटा रेलवे ट्रैक पर मृत पड़ा हुआ है। सूचना पाते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव को घर ले आए, वहीं लड़के के चाचा संजय पाल ने आरोप लगाया कि गांव के ही कुछ लड़कों से उसका कुछ दिन पूर्व विवाद हुआ था और आज उसे जबरदस्ती ट्रेन के सामने धक्का दे दिया गया और मौके पर उसकी मौके पर ही मौत हो गई मृतक सतीश पाल अपने दो बहनों व दो भाइयों में दूसरे नंबर पर था। बड़ी बहन प्रीति पाल 24 वर्ष छोटी बहन प्रतिभा 20 वर्ष व छोटा भाई मनीष 16 वर्ष बताया गया है वही मां राजकुमारी देवी व परिजनों का रो रो कर बुरा हाल हो गया। इधर, सूचना पाकर पहुंची जफर पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई में जुट गई है।

मनोज सिंह डब्लू की सादगी ने छिना कईयों का सुकून

चंदौली स्थित कमलापति त्रिपाठी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते सपा नेता मनोज सिंह डब्लू।

Young Writer, चंदौली। लखनऊ में लम्बी जद्दोजहद के बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव मनोज कुमार सिंह डब्लू शुक्रवार की शाम चंदौली जनपद लौटे। चंदौली की धरा पर पैर रखने के साथ ही उन्होंने सर्वप्रथम मुगलसराय के चकिया तिराहा स्थित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी व पूर्व विधायक स्वर्गीय गंजी प्रसाद यादव की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। वहीं चंदौली पहुंचकर पंडित कमलापति त्रिपाठी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के साथ ही शीश नवाया।

मुगलराय के चकिया तिराहे पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी व पूर्व विधायक स्व. गंजी प्रसाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते मनोज सिंह डब्लू।

जनपद आगमन के बाद अचानक मनोज सिंह डब्लू द्वारा चंदौली की राजनीति में अपना बड़ा मुकाम और अपने बड़े काम से अमिट नाम छोड़कर जाने वाले दोनों महापुरूषों की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर आशीष प्राप्त करने की घटना से चंदौली की राजनीतिक में चर्चाएं जोर पकड़ती नजर आयी। खासकर समाजवादी पार्टी से सैयदराजा का प्रतिनिधित्व करने की लालसा पाले तमाम दिग्गज नेताओं की पेसानी पर मनोज डब्लू की ये तस्वीरें बल डालने का काम किया है। क्योंकि जिन्हें भी सपा से टिकट चाहिए उसमें अधिकांश आज भी लखनऊ में अपना खूंटा गाड़े हुए हैं, ताकि कुर्सी पर काबिज होने का उनका सपना अंतिम क्षण पर किसी दूसरे नेता के प्रयास से भंग न हो पाए। ऐसे में मनोज सिंह डब्लू की चंदौली वापसी और इन महान नेताओं केे प्रतिमाओं पर माल्यार्पण के कई मतलब व मायने निकाले जा रहे हैं। मनोज सिंह डब्लू के समर्थक जहां इस घटना से आश्वस्त व गदगद नजर आ रहे हैं। वहीं उनकी ही पार्टी के अन्य दिग्गज नेताओं की चिंताएं व टिकट पाने की आशंकाएं बढ़ती नजर आ रही है। हालांकि सभी इस बात को लेकर आश्वस्त हैं कि उन्हें पार्टी टिकट जरूर देगी। लेकिन मनोज सिंह डब्लू की सादगी, उनका शांत व सुकून वाला भाव कई लोगों की चिंताएं बढ़ा रहा है। खैर! समाजवादी पार्टी सैयदराजा विधानसभा से किस पर दांव लगाती है आगे आने वाले चंद दिनों में स्पष्ट हो जाएगा।

Chandauli
clear sky
29.7 ° C
29.7 °
29.7 °
37 %
1.9kmh
0 %
Fri
28 °
Sat
30 °
Sun
30 °
Mon
31 °
Tue
30 °
Verified by MonsterInsights