Young Writer, चंदौली। चंदौली जिला मुख्यालय स्थित वार्ड नंबर 9 लोहिया नगर सोनकर बस्ती में विगत 6 माह से क्षतिग्रस्त इंटरलॉकिंग और दीवाल की मरम्मत नहीं किए जाने से नाराज वार्ड वासियों ने नगर पंचायत अध्यक्ष और सभासद के खिलाफ रविवार को जमकर नारेबाजी कर अपनी नाराजगी को जाहिर किया। साथ ही प्रदर्शन कर विरोध में जमकर नारेबाजी की और मार्ग मरम्मत नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। विदित हो कि वार्ड नंबर 9 लोहिया नगर सोनकर बस्ती में विगत 6 माह पहले हुई बरसात में नवनिर्मित इंटरलॉकिंग की दीवाल भरभरा कर गिर गई। जिसकी शिकायत वार्ड वासियों द्वारा नगर पंचायत अध्यक्ष और सभासद से की गई, लेकिन अभी तक उसकी मरम्मत नहीं की गई है। इससे नाराज वार्ड वासियों ने क्षतिग्रस्त रास्ते पर खड़े होकर नगर पंचायत अध्यक्ष और सभासद के खिलाफ अपना विरोध प्रदर्शन किया। इस बाबत वार्डवासियों का कहना है कि जब चुनाव आता है तो वोट मांगने के लिए दरवाजे-दरवाजे घूमते हैं वहीं चुनाव बाद कोई भी झांकने तक भी नहीं आता। हम लोग उनके दरवाजे पर अपनी समस्याओं को लेकर जाते है, लेकिन उसका निराकरण नहीं किया जाता है। जिससे हम लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। एक तरह की इंटरलॉकिंग की दीवाल गिर जाने से आने-जाने में काफी दिक्कते होती हैं । छोटे-छोटे बच्चे गिर जाते हैं इससे उन्हें चोट लग जाती हैं। समस्याओं को ध्यान में रखकर नगर पंचायत जल्द से जल्द रास्ते को दुरुस्त करावे नहीं तो हम लोग नगर पंचायत का घेराव करेंगे। जिसकी सारी जिम्मेदारी नगर पंचायत की होगी।
सैयदराजा में पूर्व मंत्री का स्वागत एवं सम्मान करते मनोज सिंह डब्लू व अन्य सपाई।
रामअचल राजभर ने सैयदराजा की क्रांतिकारी भूमि से फूंका सत्ता परिवर्तन की बिगुल
सैयदराजा में आवाम को संबोधित करते सपा के राष्ट्रीय सचिव मनोज सिंह डब्लू।
Young Writer, सैयदराजा। पूर्व कैबिनेट मंत्री व कद्दावर नेता रामअचल राजभर ने सैयदराजा की क्रांतिकारी भूमि से सूबे की सत्ता में परिवर्तन का बिगुल फूंका। कहा कि आज वह दौर नहीं जब तीर-तलवार के बल पर सत्ता हासिल की जाए। सत्ता में परिवर्तन के लिए अब हथियार नहीं, बल्कि बाबा साहब डा. भीमराव अम्बेडकर द्वारा संविधान में दिए हुए मतदान के अधिकार के सही इस्तेमाल करने की जरूरत है। कहा कि वर्तमान सरकार सुनियोजित व संगठित तरीके से आरक्षण व्यवस्था पर आघात पहुंचाने का काम किया। इसे लेकर षड्यंत्र व साजिशें हो चुकी हैं अब केवल उसका क्रियान्वयन शेष है। श्री राजभर नगर स्थित रायल लान में आयोजित सपा के सामाजिक भाईचारा सम्मेलन को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।
सैयदराजा में आयोजित सामाजिक भाईचारा सम्मेलन में शरीक होने जाते पूर्व कैबिनेट मंत्री रामअचल राजभर।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार नौकरी, शिक्षा, सुरक्षा व भ्रष्टाचार के मुद्दे पर पूरी तरह से विफल रही है। योगी सरकार मंच से मजबूत कानून व्यवस्था का दंभ भरती है और प्रदेश का ऐसा कोई भी जिला नहीं, जहां बेटियों के साथ जघन्ता व उनकी आबरू के साथ खिलवाड़ न हुआ हो। यह सरकार जब से सत्ता में आयी है भर्ती परीक्षाओं के पेपर एक के बाद एक लीक हो रहे हैं। सरकार की इस विफलता से पढ़े-लिखे नौजवानों से नौकरी का अवसर छिना जा रहा है। कहा कि यह ऐसी सरकार है जिसने मां गंगा के सफाई के नाम पर बड़ा भ्रष्टाचार व घोटाला करने का काम किया है। आह्वान किया चुनाव अब बेहद करीब है और परिवर्तन की इस बेला में किसी भी तरह के धोखे, भ्रम, पाखण्ड व अंधविश्वास के चक्कर में ना आएं।
पूर्व राज्यमंत्री डा.रमाशंकर राजभर ने सैयदराजा की धरती को नमन करते हुए कहा कि जब देश गुलामी की जंजीरों में जकड़ा था तो सैयदराजा की धरा से 1942 में क्रांति का बिगुल फूंका गया। ठीक ऐसे ही आज देश के काले अंग्रेजों से सत्ता को आजाद करने का बिगुल आज हम सभी को मिलकर फूंकना होगा। भाजपा झूठ की बड़ी फैक्ट्री है। भाजपा के नेता न केवल खुद झूठ बोलते हैं, बल्कि यहां कार्यकर्ताओं को झूठ बोलने की ट्रेनिंग दी जाती है।
सपा के राष्ट्रीय सचिव मनोज कुमार सिंह डब्लू ने मंच संभालते ही विकास के मुद्दों की बात की। कहा कि जनता के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, नौकरी जैसी सुविधाओं की सोच ही हमारा उद्देश्य है। पम्प कैनाल, पावर हाउस, मेडिकल कालेज, डिग्री कालेज व सेना भर्ती जैसी उपलब्धियां केवल समाजवादी सरकार ही दे सकती है। आरोप लगाया कि भाजपा के लोग दूसरों के काम पर केवल अपना रंग चढ़ाना जानते हैैं। इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य महंगू राम समेत 150 से अधिक लोगों ने सपा की सदस्यता ली, जिन्हें मुख्य अतिथि ने अंगवस्त्रम भेंटकर सम्मानित किया। इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य मीना सिंह, पूर्व विधायक जितेंद्र कुमार, बबलू राजभर, अंजनी सिंह, रामदुलार कन्नौजिया, संतोष उपाध्याय, मुगल अंसारी, गुलाम गौस सिद्दीकी, आदि उपस्थित रहे। अध्यक्षता रामजन्म यादव व संचालन नंदकिशोर राय ने किया।
सैयदराजा में आयोजित सपा के सामाजिक भाईचारा सम्मेलन में उपस्थित लोग।
सम्मेलन में बिहार से चलकर आए समर्थक सैयदराजा। सामाजिक भाईचारा सम्मेलन में शरीक होने आए मुख्य अतिथि रामअचल राजभर के स्वागत एवं सम्मान में राजभर समाज के लोग न केवल चंदौली जनपद के अलग-अलग हिस्सों से चलकर आए थे, बल्कि पड़ोसी प्रांत बिहार से भी उनके समर्थन व चाहने वालों की भारी भीड़ जमा रही। इस दौरान रामअचल राजभर संघर्ष मोर्चा, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के लोगों ने माल्यार्पण करने के साथ ही चांदी का मुकुट आदि भेंट कर सम्मानित किया। वहीं संघर्ष मोर्चा अभय सिंह पिंटू ने अंगवस्त्रम व गौतम बुद्ध की प्रतिमा भेंट कर जनपद आगमन पर स्वागत किया। साथ ही परिवर्तन के इस संघर्ष में कंधे से कंधा मिलाकर चलने का आह्वान किया।
मनोज डब्लू की सरलता व सहजता के हुए कायल सैयदराजा। पूर्व कैबिनेट मंत्री रामअचल राजभर रविवार को भाजपा सरकार पर हमलावर होने के साथ-साथ ही मनोज सिंह डब्लू के सरलता व सहजता के भी कायल दिखे। उन्होंने अपने अभिभाषण में सपा नेता को सर्वसुलभ व सादगी भरा नेता बताया। कहा कि लोकतंत्र की मजबूती व जनता की सेवा के लिए ऐसे नेताओं का विधायक व सांसद बनना जरूरी है, जो जनता के बीच रहे और जमीन से जुड़ा हो। क्योंकि ऐसे लोग ही जनता के दुख-दर्द को बांटने के साथ उसे समझने की संवेदना रखते हैं।
चंदौली। सांसद खेल स्पर्धा के तहत शनिवार को महेंद्र टेक्निकल इंटर कालेज के मैदान पर जनपद स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित की गई। इस दौरान ब्लाक स्तर पर विजयी प्रतिभागियों ने विभिन्न खेल विधाओं में अपने प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं केंद्रीय मंत्री एवं सांसद महेंद्र पांडेय ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। साथ ही प्रतियोगिता का समापन किया।
इसके अलावा सांसद व डीएम एकादश के बीच मैत्रीय कैनवास क्रिकेट मैच दिवारात्रि खेला गया। इसमें सांसद एकादश 29 रन से विजयी रही। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि खेलकूद शरीर के सभी अंगों को दुरुस्त रखता है। स्पर्धा के आयोजन का मुख्य उद्देश्य खेलों के प्रति युवाओं की रुचि बढ़ाना एवं उन्हें और अधिक प्रतिभावान बनाना है। ताकि आगे चलकर युवा प्रतिभाओं को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नाम रौशन कर सकें। उन्होंने खिलाड़ियों को कुश्ती प्रतियोगिता में प्रयोग के लिए गद्दा खरीदने के लिए 6 लाख रुपये अपने सांसद निधि से देने की घोषणा भी की। वहीं खिलाड़ियों को रेसलिंग मैट भी सांसद निधि से दिए जाने का भेरासा दिया। ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। सैयदराजा विधयाक सुशील सिंह ने कहा कि खेलकूद में जनपद चंदौली अपना नाम रोशन करेगा। इसके लिए खिलाड़ी पूरे मन से मेहनत कर रहे हैं। सुविधाओंं व सनसाधन का अभाव नही होने दिया जाएगा इस अवसर पर जिलाधिकारी संजीव सिंह एसपी अंकुर अग्रवाल, सीडीओ अजितेंद्रनारायण, जिला युवा कल्याण अधिकारी सुबाषनी के अलावा अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधियों में , साधना सिंह के अलावा भाजपा जिलाध्यक्ष अभिमन्यु सिंह, ब्लाक प्रमुख संजय सिंह, जितेंद्र पांडेय, राणा प्रताप सिंह, शिवराज सिंह, शिवशंकर पटेल, आशुतोष सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।
इनसेट…..….
चंदौली। सांसद खेल स्पर्धा के तहत शनिवार को महेंद्र टेक्निकल इंटर कालेज के मैदान पर जनपद स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में एथलेटिक्स, कुश्ती, कबड्डी, वालीबाल सहित अन्य खेल आयोजित किए गए। इस दौरान बालक वर्ग के 100 व 200 मीटर दौड़ में धर्मेंद्र प्रथम व सुभम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं 400 व 800 मीटर में अंकित प्रथम व धीरज दूसरे स्थान पर रहे। वहीं बलिका वर्ग के 100 व 200 मीटर में वैशाली प्रथम व अंतिमा द्वितीय रही। जबकि 400 और 800 मीटर में प्रिया प्रथम एवं आरजू शाक्य ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। कुश्ती बालक वर्ग में 50 किलो भार वर्ग में प्रियांशु प्रथम, धीरज भारती द्वितीय, 57 किग्रा में अमन प्रथम व प्रहलाद द्वितीय, 65 किग्रा में अमित प्रथम एवं विशाल शर्मा द्वितीय, 74 क्रिगा में अंगद प्रथम और चुलबुल द्वितीय, 74 प्लस किग्रा में मृत्युंजय यादव प्रथम व प्रमोद यादव द्वितीय स्थान पर रहे। बालिका वर्ग के 50 किग्रा में संतोष प्रथम, सोनम द्वितीय, 55 किग्रा में पूजा चौहान प्रथम व अनामिका द्वितीय, 60 किग्रा में पलक प्रथम एवं वंदना द्वितीय स्थान पर रही। कबड्डी बालक वर्ग में चंदौली विजेता रहा और शहाबगंज उपविजेता बना। कबड्डी बालिका वर्ग में चंदौली विजेता व नौगढ़ उपविजेता रहा। सभी विजयी खिलाड़ियों को केंद्रीय मंत्री ने मेडल व प्रशस्ति पत्र देकर पुरस्कृत किया।
दीनदयाल नगर केंद्रीय विद्यालय में बनकर तैयार प्रेक्षागृह।
Young Writer, चंदौली। जनपद के एक मात्र शहरी आबादी मिनी महानगर के विकास के अध्याय में रविवार को एक नई इबारत लिखी जाएगी। केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री व दीनदयालनगर की जनता इस पावन बेला की साक्षी होगी केंद्रीय मानव संसाधन एवं विकास मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान पूर्वांचल के सबसे बड़े बहुद्देशीय प्रेक्षागृह को लोक समर्पित करेंगे। इस पावन मौके को भव्यता प्रदान करने के लिए शनिवार को तैयारियां अपने अंतिम दौर में थी। इस दौरान भारी संख्या में आवाम की उपस्थिति को देखते हुए उनके बैठने आदि का प्रबंध करने के साथ ही व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित रखने को लेकर जिम्मेदार अफसर व आयोजक शनिवार को पूरे दि पसीना बहाते नजर आए।
विदित हो कि सांसद चंदौली व केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री डा.महेंद्रनाथ पांडेय जिले के विकास को गति देने व आमजन की सुविधा में इजाफा के लिए 2018 में बहुद्देशीय प्रेक्षागृह के निर्माण का प्रस्ताव रखा और उसके अपने व्यक्तिगत प्रयास से मंजूदी दिलाई। करीब 18 करोड़ की लागत से उक्त प्रेक्षागृह बनकर तैयार है, जिसे रविवार को केंद्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान उसे लोकार्पित करने आ रहे हैं। इस दौरान केंद्रीय मंत्री डा.महेंद्रनाथ पांडेय भी जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। इसे देखते हुए पिछले कुछ दिनों से तैयारियों का दौर चल रहा था। शनिवार को लोकार्पण कार्यक्रम के मद्देनजर सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। साथ ही जिम्मेदार अफसरों ने अपनी उपस्थिति में यह भी सुनिश्चित किया कि रविवार को लोकार्पण समारोह की भव्यता व सुरक्षा में किसी तरह की कोई कभी न रह जाए। लोकार्पण के केंद्रीय विद्यालय परिसर में सभा का भी आयोजन होना है जिसमें सैयदराजा विधायक सुशील सिंह, साधना सिंह व शारदा प्रसाद के अलावा डीआरएम राजेश कुमार पांडेय, डीएम संजीव सिंह, एसपी अंकुर अग्रवाल,केंद्रीय विद्यालय के ज्वाइंट कमिश्नर ई प्रभाकर आदि उपस्थित रहेंगे। मीडिया प्रभारी मनीष पांडेय ने बताया कि यहां होने वाली सभा में चार हजार से अधिक लोगों के आने की व्यवस्था की गई है।
बलुआ में विकास कार्यों का शिलान्यास करते डा.महेंद्रनाथ पांडेय।
Young Writer, चहनियां। केंद्रीय मंत्री व सांसद डा.महेंद्रनाथ पांडेय शनिवार को जनपद के बलुआ गंगा घाट के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने मंच से पश्चिमवाहिनी मां गंगा को नमन किया। साथ ही जिले के विकास में नया अध्याय जोड़ते हुए जिला पंचायत के मद से होने वाले 163 विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इन योजनाओं को मूर्त रूप देने में जिला पंचायत करीब 12 करोड़ रुपये खर्च करेगा। उन्होंने शिलान्यास पट्टों से पर्दा हटाकर और फीता काटकर अनावरण किया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि विकास की अलख जगाने के लिए जिला पंचायत महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। पश्चिम वाहिनी घाट पर जिला पंचायत द्वारा कराये जा रहे बिकास कार्य काबिले तारीफ है। आमजन की मांग के अनुरूप विकास कार्य कराते हुए राजनीतिक जीवन जीना हमारा स्वप्न है। उन्होंने रामगढ आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के वक्तव्य को पटल पर रखा। साथ ही विधानसभा चुनाव-2022 में सकलडीहा विधानसभा में भाजपा की जीत के लिए को सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय आवाम का साथ व सहयोग मांगा। जिला पंचायत अध्यक्ष दीनानाथ शर्मा ने कहा कि शासन के सहयोग से क्षेत्र में बिकास कार्यों के लिए जिला पंचायत पूर्व के बताये गए रास्ते पर कायम रहूंगा। इससे पूर्व कार्यक्रम में पहुंचें केन्द्रीय मंत्री का जिला पंचायत अध्यक्ष दीनानाथ शर्मा सहित अन्य कई नेताओं व अधिकारियों ने अंगवस्त्रम व पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। इस अवसर पर जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी कमलेश सिंह, सरिता सिंह, डा.केएन पांडेय, सूर्यमुनी तिवारी, शायरा बानो, बीरेन्द्र तिवारी, आनन्द सिंह, आरपी कुशवाहा, गंगा सेवा समिति के अध्यक्ष दीपक जायसवाल, संजय पांडेय, राजेन्द्र पांडेय, उपस्थित रहे। संचालन अरविंद पांडेय डाक्टर ने किया।
बलुआ में विकास कार्यों का शिलान्यास करते डा.महेंद्रनाथ पांडेय।
शहाबगंज ब्लाक क्षेत्र के मसोई में बंद पड़ा क्रय केंद्र।
Young Writer, इलिया। गत दिनों उपजिला मजिस्ट्रेट प्रेम प्रकाश मीणा ने क्रय केंद्र प्रभारी को लापरवाही में निलंबित किया तो लगा कि तहसील में धान खरीद व्यवस्था में सुधार होगा। लेकिन शहाबगंज ब्लाक क्षेत्र में किसानों की सुविधा के लिए स्थापित धान क्रय केंद्र प्रभारियों की लापरवाही, शिथिलता के कारण बंद चल रहे हैं। यह सीधे तौर पर उपजिला मजिस्ट्रेट प्रेम प्रकाश मीणा की कार्यवाही को चुनौती है। कहीं न कहीं ये क्रय केंद्र प्रभारी जनप्रिय आईएएस अफसर प्रेमप्रकाश मीणा से अधिक प्रशासनिक पकड़ व रसूख रखते हैं, तभी तो कार्यवाही के बाद भी क्रय केंद्रों के ताले नहीं खुल पा रहे हैं।
शहाबगंज ब्लाक में धान खरीद की स्थिति इतनी खराब है कि कहीं बोरे का अभाव है, तो कहीं क्रय केंद्र ही बंद पड़े है। इससे किसानों से धान की खरीद प्रभावित हो रही है। शहाबगंज के मसोई में राजकीय धान क्रय केंद्र द्वारा संचालित नैफेड का केंद्र बनाया गया है, जहां पर अपना धान तौल कराने के लिए लगभग 230 किसानों ने नंबर लगवाया है। एक सप्ताह से हो रही खरीद के बाद भी बोरी के अभाव में अभी तक मात्र दो किसानों से 190 कुंटल धान की खरीद हुई है। जबकि खरीद के लिए नामित क्रय केंद्र एजेंसियों व केंद्र प्रभारियों को रोजाना एक कांटे से तीन सौ कुंटल धान खरीद करने का निर्देश दिया गया है। मगर कहीं 50 कुंतल तो 100 कुंतल की ही खरीदारी हो रही है। क्रय केंद्रों पर धान खरीदारी की रफ्तार काफी धीमी है। केंद्र प्रभारी का कहना है कि बोरी के अभाव में लगभग पांच दिनों से खरीद नहीं हो रही थी। बोरियां उपलब्ध होने पर धान खरीद शुरू की जाएगी।
सदर ब्लाक में सामूहिक विवाह कार्यक्रम का शुभारंभ करते डीएम संजीव सिंह।
Young Writer, चंदौली। सदर विकास खंड परिसर में सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया कार्यक्रम में 78 जोड़े सूत्र बंधन में बंधे। जिलाधिकारी संजीव सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आगाज किया। साथ ही नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगल कामना की। साथ इन नवविवाहित जोड़ांे को सरकारी की ओर से योजना के तहत आवश्यक उपहार भेंट किए गए। बताया कि शासन की मंशा के अनुसार प्रत्येक जोड़े पर 51 हजार रुपया व्यय किया गया है। शादी होने के बाद कन्या के बैंक खाते में 35000 की धनराशि जमा कराई जाएगी।
उन्होंने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना अन्तर्गत को जनपद चंदौली में मेगा इवेन्ट व बृहद कार्यक्रम का आयोजन कर ब्लाक मुख्यालयों पर किया गया। इस क्रम में जनपद के नौगढ में 25, सकलडीहा में 38, धानापुर में 46, बरहनी में 97, चकिया में 35, शहाबगंज में 38, नियमताबाद में 24, सदर में 76, चहनिया में 49, एवं नगर पंचायत चन्दौली में 10 कुल 438 जोड़ों का सामूहिक विवाह सम्पन्न कराया गया। इस दौरान सदर ब्लाक मुख्यालय पर विधायक साधना सिंह के साथ ही ब्लाक प्रमुख संजय सिंह बबलू भी शामिल हुए और उन्होंने नवनिवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अन्तर्गत 438 जोड़ों का सामूहिक विवाह सम्पन्न कराते हुए प्रति जोड़ों को पायल, बिछिया, कपड़ा, बर्तन, मोबाइल, बाक्श, सिंगार से सम्बन्धित उपहार स्वरूप वितरित किया। साथ ही विवाहिता के खाते में 35 हजार रुपये भेजा जाएगा। इस दौरान मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख संजय सिंह, बीडीओ सिद्धार्थ चौधरी, एडीओ पंचायत बृजेश कुमार सिंह, ग्राम पंचायत अधिकारी, संजीव कुमार सिंह, एवं विवाहित जोड़े के परिजन एवं आगंतुक उपस्थित रहे।
सैयदराजा। नेशनल इण्टर कालेज के परिसर मे शनिवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत बरहनी ब्लाक के 97 जोड़ों का विवाह कार्यक्रम समारोह संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि दीप प्रज्वलित कर किया। विवाहित जोड़ो को आशीर्वाद देते हुए कहा की प्रदेश के मुख्यमंत्री गरीब परिवार कन्याओ के विवाह हेतु 51 हजार रूपया खर्च करती है। सरकार द्वारा गरीब परिवार की लङकीयो की शादी की पहल को पुनीत कार्य बताया।
चहनियां। चहनियां में मुख्य अतिथि ब्लाक प्रमुख अरुण जायसवाल व खण्ड बिकास अधिकारी सतीश चंद्र त्रिपाठी ने वर वधु को आशीर्वाद देकर मंगल कामना की। ब्लाक प्रमुख अरुण जायसवाल ने कहा कि सरकार की जो बेहतरीन कार्यक्रम व योजनाये चल रही है अब तक किसी सरकार में नहीं हुआ। सरकार की आगे भी कई योजनाएं है जिससे लोग लाभान्वित होंगे। इस दौरान एडीओ आशीष सिंह, इंद्र भूषण दूबे, दीनबंधू राजभर, धर्मेंद्र सिंह, नित्यानन्द सिंह, सुकुरु राम,बाबूलाल आदि उपस्थित थे। संचालन पूर्व प्रधान दीना यादव ने किया।
शहाबगंज। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शनिवार को पशु चिकित्सालय परिसर में 38 जोड़े दाम्पत्य सूत्र में बंध गए। इस दौरान नवदम्पत्ति को पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष छत्रबली सिंह व नोडल जिलासमाज कल्याण अधिकारी नागेन्द्र सिंह मौर्य ने आशीर्वाद दिया। नवविवाहित जोड़ो को सफल वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष दीनानाथ, पूर्व अध्यक्ष सरिता सिंह, उपेन्द्र पाण्डेय, प्रेम प्रकाश आर्या, सतीश चौहान, तालिब प्रधान, विरेन्द्र चौहान, विजय साहू आदि उपस्थित रहे।
Young Writer, चंदौली। सांसद व केंद्रीय मंत्री डा. महेंद्रनाथ पांडेय के महत्वकांक्षी योजनाओं में सुमार चंदौली रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण युद्ध स्तर पर चल रहा है। रेलवे ट्रैक के ऊपरी हिस्से को तमाम आधुनिक मशीनों की मदद से उसे उसे सही जगह में स्थापित करने की प्रक्रिया शनिवार को शुरू हो गयी। इस दौरान दिन में भीड़भाड़ को देखते हुए आवाजाही को रोककर पुल के मध्य वाले हिस्से को स्थापित करने व पुल पर पिचिंग कार्य करने समेत अधूरे हिस्सों को पूरा करने का काम किया जा रहा था। इसके अलावा पुल पर रौशनी के लिए विद्युत पोल की स्थापना का कार्य भी लगभग मुकम्मल कर लिया गया है।
विदित हो कि 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के जयंती अवसर पर चंदौली रेलवे ओवरब्रिज के उद्घाटन की संभावित तिथि तय की गयी है। इसे लेकर जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को तय समय-सीमा के अंदर शेष बचे सभी कार्यों को पूर्ण करने के निर्देश दिए है, जिससे पुल के निर्माण कार्य में अचानक तेजी आ गयी है। स्थिति यह है कि पुल का निमा्रण कार्य इन दिनों चौबीसों घंटे हो रहा है। दोनों तरफ पुल निर्माण कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। बीच वाले हिस्से के निर्माण की प्रक्रिया कई महीनों से चल रही थी, जो मुकम्मल हो चुकी है। अब उसे रेलवे ट्रैक के ऊपर लाने का कार्य किया जा रहा है। शनिवार को मध्य वाले हिस्से को आधुनिक मशीनों की मदद से खींचने की प्रक्रिया गतिमान रही। वहीं पुल के जिस हिस्से का निर्माण रह गया है उसके कार्य में भी श्रमिकों की अलग-अलग टुकड़ियों पूरी शिद्दत के साथ काम करती नजर आयीं। पुल पर पिचिंग कार्य को लेकर तैयारियां चल रही है उम्मीद है कि रविवार को पिचिंग का कार्य भी दोनों तरफ किया जा सकता हैं, वहीं रौशनी के लिए लाइट लगाने का काम भी प्रगति पर है। कार्य की गति को देखकर लोगों में यह उम्मीद जगी है कि नए साल के पहले ही आवागमन के लिए उक्त रेलवे ओवरब्रिज चंदौली नगर के लोगों को समर्पित कर दिया जाएगा, जिससे कई वर्षों से आवागमन में दुश्वारियां झेल रहे लोगों को सहूलियत होगी।
Young Writer, चंदौली। सामाजिक भाईचारा से समाजवाद के संकल्प के सपनों को साकार किया जा सकता है। इसी उद्देश्य की पूर्ति और प्रदेश में समाजवादी की स्थापना के साथ ही सपा की सरकार को सत्ता में स्थापित करने के लिए सूबे के पूर्व मंत्री व कद्दावर नेता रामअचल राजभर रविवार को जनपद दौरे पर होंगे। इस दौरान वह सैयदराजा की धरा से चंदौली के कोने-कोने से जमा समाजवादी साथियों को सामाजिक भाईचारा का संदेश देंगे। यह पहली बार होगा जब वह समाजवादी परचम के साथ चंदौली आ रहे हैं। इसे लेकर रविवार को सैयदराजा में तैयारियां जोरों पर रहीं। अतिपिछड़ों को रिझाने में लगी समाजवादी पार्टी की ओर से विधानसभा चुनाव के मद्देनजर रामअचल राजभर के चंदौली दौरे को काफी अहम माना जा रहा है। सैयदराजा में सामाजिक भाईचारा सम्मेलन आयोजित कर रहे सपा के राष्ट्रीय सचिव मनोज कुमार सिंह डब्लू ने कहा कि सपा सर्वसमाज की पार्टी है। यहां किसी भी जाति, संप्रदाय व धर्म के लोगों से किसी तरह का कोई भेद नहीं है। जो लोग सपा पर परिवारवाद का आरोप लगाते थे आज सत्ता में उनकी के घर-परिवार के लोग सत्ता की मलाई काट रहे हैं। उन्हें सिर्फ और सिर्फ परिवारवाद का लाभ मिल रहा है। वहीं सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सर्वसमाज को संगठन व जनप्रतिनिधित्व में उचित भागीदारी व जिम्मेदारी से नवाजने का काम किया है। जिन्हें संदेह है वह सपा के राष्ट्रीय, प्रादेशिक व जिला स्तरीय कमेटियों को देखें। पदाधिकारियों के नाम से ही उनके संदेह का निदान हो जाएगा। सपा ने कभी अपने राजनीतिक मंच से धर्म को मुद्दा बनाने का प्रयास नहीं किया। क्योंकि समाजवादी पार्टी धर्म-निरपेक्ष राष्ट्र की मर्यादा और संविधान को मानने वाली है। जो राजनीतिक दल व उसके नेता ऐसा करते हैं वह कभी भी राष्ट्र या राष्ट्र के लोगों के हितैषी नहीं हो सकते। कहा कि 12 दिसंबर को सर्वसमाज के लोग सामाजिक भाईचारा सम्मेलन में आमंत्रित हैं। वह आएं और रामअचल राजभर के विचारों को सुने और सामाजिक भाईचारे के संदेश को जनपद के कोन-कोने तक पहुंचाने में सहभागी बने। क्योंकि सामाजिक समरसता से ही सशक्त समाज व राष्ट्र का निर्माण संभव है। जनता का आह्वान किया कि समाज को जोड़ने वाले व्यक्तित्व को सत्ता सौंपकर मजबूत लोकतंत्र की स्थापना की पहल करें।
जीत की हैट्रिक के साथ सैयदराजा विधानसभा की खितमत कर रहे विधायक सुशील सिंह
चंदौली जनपद के रामगढ़ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ सैयदराजा विधायक सुशील सिंह।
Young Writer, चंदौली। हार एक बड़ी सबक है जो जीत का ऐसा आधार है जिसे सकारात्मक दृष्टिकोण से सहर्ष स्वीकार किया जाय तो जीत आपके कदमों में होगी। इसके लिए लक्ष्य के प्रति एकाग्रता, कड़ी मेहनत, जिद्द और जुनून की जरूरत है। यह मात्र किताबी बातें नहीं, बल्कि वास्तविकता है। इनसे रूबरू होना है तो आप सैयदराजा विधायक सुशील सिंह से मीलिए। उनका व्यक्तित्व में ऊपर लिखे एक-एक अल्फाज की सच्चाई व वास्तविकता से आप स्वतः रूबरू हो जाएंगे। जिन्होंने 2002 में जीत की दहलीज पर मिली हार को स्वीकार किया और उस दहलीज को पार करने का जुनून अपने दिल में पाला। उनका जुनून व कड़ी मेहनत का नतीजा है कि आज वह जीत की हैट्रिक के साथ अब तब उनकी ‘विजय’ अजेय है। विधायक सुशील सिंह ने यूपी की 15वीं विधानसभा में धानापुर विधानसभा का प्रतिनिधित्व किया और 16वीं में सकलडीहा विधानसभा क्षेत्र की सफल अगुवाई कर वर्तमान में यूपी की 17वीं विधानसभा में सैयदराजा की जनता की सेवा में जुटे हैं। इस दौरान उन्होंने वैचारिक मतभेद के कारण दल बदला, लेकिन उनका लक्ष्य आज भी अडिग है। आंकड़े बताते हैं कि जैसे-जैसे उनका राजनीतिक जीवन परिपक्व होता गया उनकी जीत दिन प्रतिदिन शानदार होती गयी। अपने राजनीतिक अनुभव व उम्दा कामकाज से जनता में अपने व्यक्तिगत विश्वास को मजबूत करते चले आ रहे हैं। आज सुशील सिंह पूर्वांचल की राजनीतिक के एक ऐसी शख्सियत के रूप में स्थापित हो चुके हैं जिनके बारे में यह कहा व सुना जाता है कि वह किसी भी स्थान से कोई भी चुनाव किसी दल या निर्दल लड़ने व उसे जितने का माद्दा रखते हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि उनकी लोकप्रियता चंदौली व उनके मूल निवास स्थल वाराणसी के साथ आसपास के जनपदों में अच्छी खासी है। उन्होंने अपने राजनैतिक कैरियर में हमेशा वैचारिक विरोध को स्थान दिया और सकारात्मक राजनीतिक की। यही वजह है कि आज उनका नाम, मजबूत व कद्दार नेताओं में शुमार है।
चंदौली। सैयदराजा विधायक सुशील सिंह के बारे में बहुत कम लोग जानते हैं कि वह छात्र जीवन से राजनीति में रूची रखते हैं। उन्होंने कभी छात्र संघ का चुनाव नहीं लड़ा, लेकिन वह छात्र राजनीति में पर्दे के पीछे हमेशा सक्रिया भूमिका अदा करते रहे। उन्होंने विद्यापीठ के चुनावों में सहयोगी की भूमि अदा की। इसके बाद वे 2000 में जिला सहकारी बैंक वाराणसी के डायरेक्टर का चुनाव लड़ा व जीता। यह उनकी पहली जीत थी। इसके बाद 2002 में धानापुर विधानसभा क्षेत्र से बतौर बसपा उम्मीदवार चुनाव लड़े। उन्होंने इस चुनाव को पूरी शिद्दत से लड़ा और शानदार नतीजों के साथ जीत के करीब पहुंचे, लेकिन परिणाम उनके पक्ष में नहीं आ सके। उन्होंने इस चुनाव को सकारात्मक रूप से लिया। उनकी माने तो जनता ने उन्हें सम्मानजनक मत दिया और उनके प्रति अपने भरोसो को प्रदर्शित किया। इसी भरोसे ने उनके विश्वास को अडिग बनाया। इसके बाद उन्होंने धानापुर को अपनी कर्मभूमि बनाया और पूरी शिद्दत के साथ जनसेवा में जुटे रहे। आगामी विधानसभा चुनाव 2007 में कुशल चुनाव प्रबंधन व जन समर्थन के बूते उन्होंने शानदार जीत अर्जित की। 2012 में परिसीमिन में परिवर्तन के बाद उनकी कर्मस्थली सकलडीहा बनी, जहां चुनाव के ऐन वक्त पर बसपा ने वैचारिक मतभेदों के साथ उन्हें टिकट से वंचित कर दिया। ऐसे में उन्होंने अपने व्यक्तिगत विश्वास के बल पर चुनाव लड़ने जैसा साहसिक कदम उठाया और कड़ी मेहनत की। नतीजा रहा कि उन्होंने पिछली जीत से भी शानदार व बड़ी जीत रही। सुशील सिंह इस जीत को अपने जीवन की सबसे शानदार जीत बताते हैं। उनका कहना है कि यह जीत मेरे व्यक्तिगत विश्वास की जीत है। ऐसा इसलिए क्योंकि इसे बिना किसी एजेंडे, पार्टी के मजबूत प्लेटफार्म के अपने व्यक्तिगत काम व मेहनत के दम पर अर्जित किया गया था। बाकी जो भी चुनाव जीता उसमें व्यक्तिगत के साथ-साथ पार्टी के विश्वास का बल था।
सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र की जनता की समस्याओं से सुनते विधायक सुशील सिंह।
कैसा रहेगा 2022 का विधानसभा चुनाव चंदौली। सैयदराजा विधायक सुशील सिंह का मानना है कि हर चुनाव की अपनी चुनौती और एक अलग तरह का संघर्ष होता है। यह चुनाव भी पिछले चुनाव से अलग होगा। चुनाव की चुनौतियों को स्वीकार कर उन तमाम बाधाओं ने जनविश्वास के बल पर पार किया जाएगा। 2012 में निर्दल चुनाव में 69 हजार से अधिक मतदाताओं का विश्वास मेरे साथ था, जो 2017 में बढ़कर 79 हजार से अधिक हो गया, जबकि मैंने अपने पुरानी विधानसभा से इतर नवसृजित सैयदराजा विधानसभा से लड़ा। फिर भी लोगों का भरोसा न केवल मुझ पर कायम रहा, बल्कि उसमें अच्छा-खासा इजाफा हुआ। इसी इजाफे को बनाए रखना मेरा लक्ष्य है। यह चुनाव मेरे लिए एकतरफा है, लेकिन किसी भी चुनाव की चुनौती को मैंने कभी हल्के में नहीं लिया। लिहाजा इसके भी पूरी जिम्मेदारी व शिद्दत के साथ लड़ा जाएगा। कहा कि आगाजी जीत के साथ सैयदराजा के विकास की नई इबारत लिखी जाएगी, ताकि जनता के भरोसे को अपने कर्तव्यों के निर्वहन से और प्रगाढ़ कर सकूं।
रामगढ़ बाबा कीनाराम मठ के दौरे पर सैयदराजा विधायक सुशील सिंह।गृह मंत्री अमित शाह का अभिवादन करते सैयदराजा विधायक सुशील सिंह।