Young Writer, कंदवा। क्षेत्र के कम्हरियां में चल रहे श्रीराम कथा के आठवें दिन कथावाचक शशिकान्त महाराज ने भक्तों को कथा सुनाई। कहा कि जब देवताओं ने मां सरस्वती को भेजा तो मां सरस्वती ने पूरे अवध में खोज लिया, पर ऐसा कोई नहीं मिला जिसकी बुद्धि मां सरस्वती घुमा सके। क्योंकि जो अवध की धरा पर जन्मा हो और जिसने जन्म से ही सरयू का जल पिया हो उसकी बुद्धि घुमाना तो सरस्वती मां को भी कठिन लगा।
उन्होंने कहा कि क्षण मात्र का किया गया कुसंग जीवन भर के सत्संग को समाप्त कर सकता है। हम जीवन में सत्संग न करे कोई बात नही पर ये ध्यान दे की जीवन में कुसंग भी न हो क्योंकि सत्संग हमारे जीवन को बनाता है और कुसंग हमारे जीवन को बिगाड़ता है। पात्र से भरे दूध में अगर शक्कर डाला जाय तो उसकी मिठास और बढ़ेगी पर उसी दूध में अगर दो बुंद नीबू का रस मिला दिया जाय तो दूध फट जाएगा। ठीक इसी तरह हमारा जीवन दूध की तरह है। सत्संग- शक्कर है और कुसंग नीबू की रस की तरह है। जीवन रूपी दूध में अगर सत्संग रूपी शक्कर डाला जाय तो जीवन और मधुर हो जाएगा पर अगर उसमे कुसंग रूपी नीबू का एक बुंद पड़ जाए तो बनी बनाई जिंदगी बिखर जाती है। जो भटके को मार्ग दिखा दे वही सत्संग हैं। जो गिरे को उठा दे वो सत्संग है। संचालन आचार्य राममिलन पाठक ने किया। इस दौरान पंडाल में भारी संख्या में भक्तों ने कथा का आनंद लिया।
वाद-विवाद प्रतियोगिता में अपनी वक्तव्य को रखती प्रतिभागी छात्रा।
Young Writer, नौगढ़। श्रीकाशी विश्वनाथ धाम यात्रा वाराणसी के अन्तर्गत काशी की ऐतिहासिक पौराणिक एवं सांस्कृतिक परंपरा विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन राजकीय महाविद्यालय सभागार में शुक्रवार को किया गया। इसमें काशी के गलियों व मन्दिरों का सौन्दर्यीकरण, विस्तारीकरण सही या गलत विषयक वाद विवाद प्रतियोगिता में प्रतीक पाण्डेय प्रथम, आकांक्षा गुप्ता द्वितीय तथा दीपशिखा के साथ निशा सयुक्त रूप से तृतीय स्थान रही, जिन्हें प्रमाण पत्र दिया गया।
इस दौरान डा. तेज प्रकाश ने कहा कि निरंतर प्रयास से ही लक्ष्य हासिल होती है।जिसके लिए धैर्यता अपनाना एकदम जरूरी है। किसी भी प्रतियोगिता मे गिने चुने ही प्रतिभागी विजेता होते हैं।जिसके लिए उपविजेताओं को भी हौसला बनाए रख कर आगे के लिए अपने हूनर का प्रदर्शन करने के तैयार रहना चाहिए। निर्णायक मंडल में डा. तेज प्रकाश, डा.अनुराग सिंह, डा. रमेशचंद्र,.डा. शीतला प्रसाद सिंह, डा.पूजा यादव शामिल रहे।
चंदौली कलेक्ट्रेट सभागार में अफसरों संग बैठक करते डीएम।
Young Writer, चंदौली। जिलाधिकारी संजीव सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को विधानसभा चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष, सकुशल एवं शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न कराने हेतु बैठक की। इस दौरान जिलाधिकारी ने संवेदनशील व अतिसंवेदनशील मैपिंग, क्रिटिकल मतदेय स्थल, सीपीएमएफ की तैनाती, जनपद द्वारा निर्गत समस्त पंजीकृत शस्त्रों का सत्यापन सहित अन्य बिंदुओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गयी।
जिलाधिकारी ने बताया कि सभी लोग को दी जाने वाली जिम्मेदारी का ठीक तरीके से निर्वहन करेंगे और जिले में जितने भी शस्त्रधारक है उनके शस्त्र समय से जमा करवा लें। साथ ही सत्यापन के दौरान विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2017 में लोकसभा सामान्य निर्वाचन-2019 में इंगित अपराधियों यथा फरार, घोषित भगोड़े आदि श्रेणी के व्यक्तियों की विस्तृत सूचना आप लोग अपने पास उपलब्ध करा लें। इसी क्रम में जनपद में अवस्थित सभी शस्त्र की दुकानों का भौतिक सत्यापन 20 दिसंबर तक पूर्ण कर लें। इस दौरान यदि किसी दुकान के परिप्रेक्ष्य में कोई अनियमितता पायी जाती है तो नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही की जाय।
जिलाधिकारी ने बैठक में उपस्थित लोगों को अवगत कराया कि जनपद चंदौली से सटे जिले के साथ बिहार प्रदेश भी है इसलिए आप लोग सतर्क रहें कि किसी भी हालत में बाहर से बनी शराब जिले में आने न पाए और बार्डर एरिया में देखे किस दुकान से अधिक शराब की बिक्री हो रही तो उसके हिसाब से अपना कार्य करें। साथ ही जिले में अवैध शराब क़त्तई निर्मित न होने पाए। बैठक में पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल द्वारा सुरक्षा की दृष्टिगत सभी अदेश निर्देश दिए गए। जिस जगह पर बैरियर लगाए जाने है उसको चिन्हित कर लें। बैठक में अपर जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी अजितेंद्र नारायण, समस्त उपजिलाधिकारी उपस्थित थे।
सदर कोतवाली में पकड़े गए आलोक पांडेय से पूछताछ करते कोतवाल।
खाद्य सुरक्षा विभाग की संस्तुति पर पुलिस ने कोतवाली से छोड़ा
Young Writer, चंदौली। नगर के पुरानी बाजार में शुक्रवार की शाम एक अजीबोगरीब घटना घटी। व्यापारियों को प्रशिक्षण देने के लिए एक संस्था के जिला कोआर्डिनेटर द्वारा रसीद कटवाने व उसके बदले 700 रुपये अदायगी के लिए दबाव बनाने पर व्यापारी आक्रोशित हो उठे। व्यापारियों ने उक्त व्यक्ति को ठग समझते हुए सदर कोतवाली पुलिस को बुला लिया। मौके पर पहुंची सदर कोतवाली पुलिस ने व्यापारियों की शिकायत पर उक्त व्यक्ति को पकड़कर थाने ले गयी, जहां उसने खाद्य सुरक्षा विभाग की संस्तुति पर छोड़ा गया।
बताते हैं कि शुक्रवार की शाम ग्लोबल आर्गनाइजेशन नामक संस्था के जिला कोआर्डिनेटर आलोक पांडेय चंदौली नगर में घूम-घूमकर ट्रेनिंग के लिए व्यापारियों से रसीद काट रहे थे और इसके एवज में 700 रुपये की वसूली कर रहे थे। इस बीच कई व्यापारियों ने रसीद कटवाने से ऐतराज किया। आरोप है कि रसीद नहीं कटवाने कोआर्डिनेटर द्वारा व्यापारियों की दुकानें बंद करने जैसी अप्रत्यक्ष धमकी दी गयी। इसी तरह कई व्यापारियों से तकझक होने के बाद पवन सेठ के दुकान पर व्यापारियों ने उक्त संस्था के जिला कोआर्डिनेटर को घेर लिया और इसी बीच कुछ देर के तनातनी हुई। साथ ही व्यापारियों ने जब रसीद पर मध्य प्रदेश का पता देखा तो उसे ठग समझकर सदर कोतवाली पुलिस को बुला ली। व्यापारियों ने उक्त व्यक्ति द्वारा अभद्र आचरण करने व ट्रेनिंग के लिए जबरन रसीद काटने का दबाव बनाने जैसी शिकायत की। साथ ही उसे फर्जी बताते हुए उसके खिलाफ कार्यवाही की गुजारिश की। व्यापारियों की शिकायत पर पुलिस आलोक पांडेय को अपनी अभिरक्षा में कोतवाली ले आयी। पुलिस पूछताछ में आलोक पांडेय ने खुद को संस्था का जिला कोआर्डिनेटर बताया और व्यापारियों को ट्रेनिंग देने जैसी योजना की जानकारी दी। साथ ही विभागीय लोगों से टेलीफोनिक बातचीत भी कराई। कुछ देर बार खाद्य सुरक्षा विभाग में तैनात औषधीय अनुदेशक अभिषेक पांडेय कोतवाली पहुंचे और उन्होंने व्यापारियों से काटी गयी रसीदों को विधिक व सही बताते हुए उन्हें अपनी संस्तुति पर पुलिस अभिरक्षा से छुड़ाया।
कन्दवा जनसन्देश न्यूज : थाना क्षेत्र के ओयरचक गांव निवासी पियूष खरवार 27वर्ष गुरूवार को देर रात इसूपुर मोहम्दाबाद से आते समय गाजीपुर के समीप सड़क दुर्घटना में मौत हो गई।बाइक पर बैठे साथी दीपक 25वर्ष गंभीर रुप से घायल हो गए।ग्रामीणों की सूचना पर पहुँची पुलिस ने घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।वही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के बाद परिजनों को सौंप दिया। सुबह पियूष खरवार का शव गांव पर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया।घर की महिलाओं का रो रोकर बुरा हाल हो गया।शुक्रवार को जमानियां घाट पर शव का अंतिम संस्कार किया गया। ओयरचक गांव निवासी पियूष अपने साथी के साथ बाइक से इसूपुर मोहम्दाबाद से आ रहे थे।तभी गाजीपुर के समीप सड़क दुर्घटना में दोनों गम्भीर रूप से घायल हो गए।आवाज सुनकर ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे तब तक पियूष खरवार की मौके पर मौत हो गई थी।सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए अस्पताल भेज दिया।सुबह पीएम के बाद शव घर पहुंचने पर कोहराम मच गया।वही दीपक का इलाज अभी भी जारी है।
Young Writer, सकलडीहा। लम्बे समय से शिक्षक विभिन्न मांगों को लेकर लामबंद है। शुक्रवार को उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने दस सूत्री मांगों को लेकर बीईओ चन्द्रशेखर आजाद को धरहरा बीआरसी पर पत्रक सौपा। इस दौरान शिक्षक संघ ने मांगों को पूरा होने तक लामबंद रहने की चेतावनी दिया। शिक्षकों ने पुरानी पेंशन बहाली के साथ प्रदेश में निजीकरण एवं आउट सोर्सिंग पर रोक लगाने की मांग किया। छठें वेतन के समस्त वेतन विसंगतियों को दूर करते हुए शिक्षकों को प्रोन्नत वेतनमान दिये जाने की मांग की। अध्यक्ष मदन तिवारी ने प्रदेश के शिक्षा मित्रों को नियमावली में संशोधन कर सहायक अध्यापक पद पर नियमित व समायोजित करने की मांग रखा। शिक्षक हिमांशु पांडेय, चन्द्रमौलिक दीक्षित, धीरज शाह ने रसोईया, कस्तूरबा गांधी विद्यालयों के शिक्षकों, कर्मी, विशेष शिक्षकों ए अनय संविदाकर्मियों को विनियमित करने की मांग उठाया। इस मौके पर दीनदयाल सिंह यादव, आशुतोष गिरी, अखिलेश शर्मा, विरेन्द्र सिंह, जयप्रदा सिंह, रजनी गुप्ता, किरन, प्रीति अग्निहोत्री, सत्यप्रकाश, विनोद, हिमांशु पांडेय, धीरज शाह, रणधीर आनंद आदि शिक्षक मौजूद रहे।
बलुआ गंगा तट पर तैयारियों का जायजा लेते अजीत सिंह गोलु व गंगा सेवा समिति के अध्यक्ष दीपक जायसवाल।
Young Writer, चहनियां। बलुआ स्थित पश्चिम वाहिनीं गंगा तट पर शनिवार को केंद्रीय मंत्री डा. महेंद्रनाथ पाण्डेय 163 कार्याें का लोकार्पण करेंगे। इसके लिए घाट पर तैयारियां जोरों पर चल रही है। कार्यक्रम को लेकर बलुआ एसओ मिथिलेश तिवारी ने सुरक्षा ब्यवस्था का जायजा लिया। केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री डा.महेंद्र नाथ पाण्डेय शनिवार को 163 विकासपरक कार्यों का लोकार्पण करेंगे।
इसके मद्देनजर बलुआ घाट पर तैयारियां जोरों पर चल रही है। सफाई कर्मियों से पूरे घाट की साफ-सफाई का कार्य कराई जा रहा है। गंगा घाट से मुख्य द्वार पर दीवार पर जिला पंचायत अध्यक्ष के प्रतिनिधि अजीत सिंह गोलू व गंगा सेवा समिति के अध्यक्ष दीपक जायसवाल के देखरेख में लोकार्पण के लिए शिलान्यास के पत्थर लगाने का ढांचा तैयार कराया जा रहा है। कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष, वर्तमान जिला पंचायत एवं समस्त पंचायत बिभाग से जुड़े लोग व भाजपा के वरिष्ठ नेता उपस्थित रहेंगे।
Young Writer, चंदौली। भाजपा किसान मोर्चा ने चंदौली सांसद एवं केंद्रीय कैबिनेट मंत्री डा. महेंद्रनाथ पांडेय के प्रयास से जनपद में खाद की रैक पहुंचने पर आभार जताया। खाद की उपलब्धता सुनिश्चित होने से दूसरी ओर जनपद के अलग-अलग क्षेत्र के किसानों ने केंद्रीय मंत्री का आभार जताया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि डा.महेंद्रनाथ पांडेय किसानों की समस्या के प्रति तो संवेदना दिखाई वह प्रशंसनीय व सराहनीय है। किसानों के प्रति संवेदना जाहिर करने वाला ही सच्चा जनप्रतिनिधि होता है। कहा कि किसान पिछले कुछ दिनों से खाद के लिए सोसाइटी व उर्वरक बिक्री केंद्रों के चक्कर लगा रहा थे, लेकिन जैसे-जैसे जनपद के अलग-अलग हिस्सों में खाद पहुंच रही है। किसानों की चिंताएं दूर होने लगी है। कहा कि इस वक्त किसानों के समक्ष दो समसामयिक व गंभीर समस्याएं थी जिसमें खाद की उपलब्धता को लेकर तो समस्या दूर हो गयी है। अब किसानों गेहूं की बोआई को लेकर खाद की उपलब्धता को लेकर चिंताएं दूर हो गयी है। अंत में किसानों ने कहा कि जनप्रतिनिधि किसान व किसानों की समस्या को लेकर ऐसे ही गंभीर व संवेदनशील हो जाए तो जल्द ही गांव के किसान के साथ-साथ देश की समृद्धि अपने शीर्ष मुकाम को अर्जित कर लेगी। बैठक में रमेश सिंह, ओमप्रकाश मौर्य, टूनटून तिवारी, विपुल सिंह, अरून सिंह, रमेश मौर्या, रवि पाण्डेय, जितेंद्र गुप्ता आदि किसान उपस्थित थे।
धानापुर ब्लाक सभागार में महिला को जांच किट प्रदान करते अफसर।
Young Writer, धानापुर। जल जीवन मिशन कार्यक्रम के अंतर्गत उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) की ओर से ब्लाक सभागार में दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान ग्राम पंचायतों में स्थापित पेयजल स्रोतों की FTK एवं H2S वायल के माध्यम से जल गुणवत्ता जांच के संबंध जानकारी दी गयी।
उक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम खंड विकास अधिकारी एवं एडीओ पंचायत की निगरानी में सम्पन्न हुआ। उक्त जांच के लिए विकासखंड के 84 ग्राम पंचायतो के चयनित 5-5 महिला प्रतिभागियों को जल जांच का प्रशिक्षण देते हुए जल परीक्षण किट वितरित की गई। फील्ड टेस्ट किट (एफटीके) के माध्यम से प्रतिभागियों को जल परीक्षण के 11 पैरामीटर की जांच की विधि बतलायी गयी। साथ ही जीवाणु जांच, नाइट्रेट, आयरन, क्लोराइड, प्लोराइड, असैनिक, अवशेष क्लोरीन आदि जांच के बारे में भी बताया गया। अशुद्ध जल के उपयोग से होने वाली बीमारियों की जानकारी दी गई। जल परीक्षण प्रशिक्षण का कार्य राज्य पेयजल एवं स्वच्छता मिशन उत्तर प्रदेश लखनऊ द्वारा नामित मास्टर ट्रेनर विनोद कुमार पांडेय, लैब सहायक धीरज त्रिपाठी एवं सहराज अली के सहयोग से प्रतिभागियों को प्रशिक्षित किया गया।
Young Writer, चंदौली। समाजवादी पार्टी नेतृत्व द्वारा गठित छह सदस्यीय डेलीगेट्स रविवार को चंदौली जनपद के दौरे पर रहेगा। इस दौरान जांच दल के सदस्य पुलिस संघर्ष में चोट खाए सपाइयों से मिलकर उनका दर्द बांटेंगे। साथ ही पुलिस से हुए संघर्ष की सच्चाई को भी परखेंगे। इसके लिए सपा का डेलीगेट्स विभिन्न नेताओं व कार्यकर्ताओं से मिलेगा और अपने चंदौली आगमन की सार्थकता को पूर्ण कर इस पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट सपा प्रमुख अखिलेश यादव और पार्टी के अन्य जिम्मेदारान नेताओं को प्रेषित करेगा, ताकि हाईकमान प्रदेश स्तर पर सुर्खियां अर्जित कर चुके संघर्ष की घटना में आगे की दिशा में कदम बढ़ा सके। इसके लिए समाजवादी पार्टी के अंदर चर्चाओं का बाजार गर्म है।
समाजवादी पार्टी के विश्वस्त सूत्रों व फेसबुक पर समाजवादी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी की Facebook पर वायरल हो रही पोस्ट को आधार माना जाए तो 12 दिसंबर यानी रविवार को जनपद चंदौली में समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल में शामिल नेता प्रतिपक्ष विधानसभा राम गोविंद चौधरी, पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सिंह व सुरेंद्र पटेल, एमएलसी आशुतोष सिन्हा, चंदौली जिलाध्यक्ष सत्यनरायन राजभर, प्रदेश महासचिव समाजवादी पार्टी राजनारायण बिंद होंगे। इन नेताओं द्वारा पांच दिसंबर को चहनियां में सीओ सकलडीहा व पुलिस फोर्स के साथ हुए संघर्ष, लाठीचार्ज व अभद्रता की घटना की जांच की जाएगी। सपाइयों का दल उन तमाम नेताओं व कार्यकर्ताओं से मिलेगा, जिन्होंने पुलिसिया लाठी खाई और जिन्हें गंभीर चोटें आई हैं।
विधानसभा चुनाव के ठीक पहले छोटे से संघर्ष की घटना का प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर पर मुद्दा बनने के बाद समाजवादी पार्टी ने इसे गंभीरता से लिया है और शीर्ष नेतृत्व द्वारा भेजा गया यह दल घटना के सही व वास्तविक तथ्यों तक पहुंचकर उसे अपनी रिपोर्ट में संलग्न कर सपा प्रमुख तक पहुंचाने का काम करेगा। इसके बाद शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर समाजवादी पार्टी अगला कदम उठाएगी ऐसा पार्टी के लोग अनुमान लगा रहे हैं। वहीं कुछ लोगों का यह भी अनुमान है कि जांच दल के रिपोर्ट में यदि किसी नेता-कार्यकर्ता की कमी-खामी का जिक्र पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कदम भी शीर्ष नेतृत्व उठा सकता है, क्योंकि यह सबकुछ विधानसभा चुनाव-2022 के ठीक पहले हो रहा है। पार्टी किसी भी कीमत पर चुनाव के वक्त किसी तरह की लापरवाही व अनुशासनहीनता बर्दाश्त करने के मूड में बिल्कुल नजर नहीं आ रही है। अब देखना यह है कि समाजवादी पार्टी का जांच दल के पूरे दिन का शेड्यूल क्या होता है, वह कहां-कहां जाते हैं? क्या-क्या देखते हैं और अपनी रिपोर्ट में किस बात की जिक्र व उल्लेख करके शीर्ष नेतृत्व को सौंपते हैं। इन सबके बाद शीर्ष नेतृत्व की कार्यवाही पर पूरे जिले के कार्यकर्ताओं व नेताओं की निगाहें टिकी होंगी।