Young Writer, वाराणसी। बीते पांच दिसंबर को रामगढ़ जाते हुए अकारण ही समाजवादी पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं पर हुए लाठीचार्ज एवं फर्जी मुकदमों में फंसाने तथा आतंक पैदा करने के प्रयास से नाराज सपाइयों का एक दल जिलाध्यक्ष सत्य नारायण राजभर व एमएलसी आशुतोष सिन्हा के नेतृत्व में एडीजी जोन वाराणसी से मिला। सपाइयों ने पत्रक देकर मांग किया कि चंदौली जनपद में समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं नेताओं को फर्जी धाराओं में गिरफ्तारियां की जा रही हैं और उन्हें जेल भेजा जा रहा है। पुलिस भय व आतंक का माहौल बना रही है इसे अविलंब रोका जाए। कहा कि जिस पुलिस के जिम्मे शांति एवं कानून व्यवस्था है वही पुलिस अपनी कार्य प्रणाली से चंदौली जनपद में अशांति व भय का माहौल कायम किए हुए है। सपाइयों संग पुलिसिया प्रताड़ना की जा रही है‚ जिसका लोकतंत्र में कोई स्थान नहीं है। साथ ही प्रतिनिधिमंडल ने यह भी मांग किया है कि उक्त घटना के दोषी सीओ सकलडीहा अनिरुद्ध सिंह एवं अन्य पुलिस अधिकारियों के ऊपर भी एफ आई आर दर्ज कर उचित कानूनी कार्यवाही अमल में लायी जाय। प्रतिनिधिमंडल में पूर्व विधायक जितेंद्र प्रसाद‚ जिलाध्यक्ष वाराणसी सुजीत यादव‚ सयुस जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर यादव‚ सुधाकर कुशवाहा‚ सुदामा यादव‚ अमरनाथ यादव मौजूद रहे।
एआरटीओ ने सड़क सुरक्षा सप्ताह को लेकर किया जागरूक
यातायात नियमों की जानकारी देते एआरटीओ विनय कुमार।
Young Writer, चंदौली। तृतीय सड़क सुरक्षा सप्ताह के दूसरे दिन मंगलवार को एआरटीओ विनय कुमार की ओर से यातायात नियमों का पालन न करने वालों के विरूद्ध चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान एआरटीओ विनय कुमार ने चालकों को यातायात नियमों का पाठ पढ़ाया। कहा कि यातायात नियम राहगीरों व वाहन चालकों की सुरक्षा के लिए बनाए गए हैं, जिसके अनुपालन से सड़क हादसों में कमी लायी जा सकती है।
उन्होंने वाहन चालकों को प्रेरित किया कि किसी भी नियम को चालान कटने या फिर कार्यवाही के डर से नहीं, बल्कि अपनी और अपनों की सुरक्षा के लिए अमल में लाए। बाइक चालकों के हेलमेट की अनिवार्यता है, जबकि कार चालकों के लिए सीट बेल्ट लगाना अनिवार्य है। क्योंकि वाहन चलाते समय यदि हादसा हो जाय तो वाहन में लगे सुरक्षा उपकरण तभी क्रियाशील होते हैं जब उसमें सवार लोग सीट बेल्ट का इस्तेमाल कर रहे होते हैं। इसके अलावा वाहन को निर्धारित गति सीमा के अंदर चलाएं। सड़क किनारे लगे संकेतों को ध्यान में रखें और आबादी वाले इलाकों में वाहन की गति धीमी कर दें, ताकि कोई भी व्यक्ति वाहन के सामने आ जाए तो हादसा होने से रोका जा सके। इसके अलावा उन्होंने मालवाहक चालकों को ओवरलोड वाहन न चलाने की नसीहत दी। कहा कि ऐसा करने से पब्लिक प्रापर्टी को नुकसान होता है जिस पर कार्यवाही का प्रावधान है। इसके साथ ही लगभग तीन दर्जन वाहनों का चालान भी किया गया।
बेल के इंतजार में सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष बलिराम गए जेल
Young Writer, चंदौली। समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष बलिराम यादव मंगलवार को पुलिस हिरासत में बेल के इंतजार में देर शाम अपर न्यायिक मजिस्ट्रेट एफटीसी-प्रथम की अदालत द्वारा सुनवाई के लिए अगली तिथि निर्धारित किए जाने के बाद जेल जाना पड़ा। इस दौरान समाजवादी पार्टी का अधिवक्ता पैनल अजय मौर्या व सुनील सिंह मुखिया की नेतृत्व में देर शाम तक कोर्ट में समाजवादी साथियों की रिहाई के लिए प्रयासरत रहे। लेकिन कोर्ट ने फैसला सुरक्षित के बाद देर शाम करीब छह बजे बेल के लिए आठ दिसंबर की तिथि निर्धारित कर दी। ऐसे में बेल का इंतजार कर रहे पूर्व अध्यक्ष बलिराम यादव, सदानन्द सिंह यादव, परमहंस यादव, राहुल चौहान को जेल जाना पड़ा। वहीं कोर्ट ने सपा के अधिवक्ता पैनल की पैरवी पर सीएम योगी आदित्यनाथ को काला झंडा दिखाने वाले सौरभ भारती को बेल पर रिहा करने का हुक्म अता फरमाया है। इससे बेल के प्रयास में लगे सपा के अधिवक्ता पैनल के लोगों देर शाम निराशा हाथ लगी है। विदित हो कि इन लोगों को पुलिस ने सोमवार की देर शाम गिरफ्तार किया था।
लोकतंत्र के लुटेरों से सतर्क रहे सैयदराजा विधानसभा की जनता
Young Writer, धानापुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव मनोज कुमार सिंह डब्लू ने मंगलवार को निदिलपुर व प्रसहटा में जनचौपाल लगाया। इस दौरान उन्होंने सपा सरकार की उपलब्धियों को गिनाया। अपने कामकाज का रिपोर्ट कार्ड जनता के समक्ष प्रस्तुत किया। साथ ही पूर्व में हुई गलतियों को भी जनता के समक्ष स्वीकार किया। कहा कि पहले कार्यकाल में अनुभव की कमी के कारण कुछ गलतियां हुईं है, लेकिन अब अखिलेश यादव की सरकार सत्ता में आते ही सैयदराजा समेत पूरे सूे में विकास की धारा बहेगी। इसके लिए आप सभी को मजबूती के साथ लगना होगा। क्योंकि जनता के लिए और जनता के हित में यदि किसी ने काम किया है तो वह है अखिलेश यादव की सरकार।

उन्होंने कहा कि जनता को अपने मजबूत इरादों से उन लोगों का भ्रमण तोड़ना है जो एक सप्ताह में चुनाव लड़कर जीतने का दंभ अभी से भर रहे हैं। कहा कि जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आएगा ऐसे लोग आपके बीच घुसपैठ का प्रयास करेंगे। आपको पैसा, दारू-मुर्गा व कपड़ों का प्रलोभन देकर ठगने का प्रयास होगा, लेकिन अबकी बार आपको सतर्क व सावधान रहना होगा। ताकि लोकतंत्र के लुटेरे आपके मताधिकार पर डाका न डाल सके। यह तभी संभव है जब आप सभी संविधान और बाबा साहब डा. भीमराव अम्बेडकर द्वारा प्रदत्त मतदान के अधिकार की सुरक्षा व किलेबंदी मिलकर करें। उन्होंने भरोसा दिया कि विकास की दृष्टि से पिछड़े गांवों को लोहिया गांव घोषित किया जाएगा। साथ ही इस बात की मानिटरिंग मेरे द्वारा की जाएगी कि कहीं कोई गरीब पक्का आवास पाने से वंचित न रह जाएगा। इसके अलावा गांव का कोई भी कोना विकास से आच्छादित होने से वंचित न रह पाए। क्योंकि यदि अब ऐसा हुआ तो मेरा प्रयास फिर अधूरा रह जाएगा। कहा कि मैंने अपने पहले कार्यकाल में जो भी प्रयास किए उसमें कुछ कमियां रह गयी, जिस कारण कई गरीबों तक कल्याणकारी योजनाएं नहीं पहुंच पायी। उसका मुझे दुख और मलाल आज भी है। इस अवसर रामजनम यादव, दया यादव, लक्षमण गोड़, सुजीत मौर्या, चरन विश्वकर्मा, जानकी देवी, जिज्ञाषा यादव, काशी पाण्डेय, हाजी एकलाख खान, मास्टर सहाबुद्दीन बिपिन यादव बिक्कू, जोखन राम, रितेश कुमार गौतम, राजेन्द्र प्रसाद, जय प्रकाश भारती, बलिराम प्रसाद आदि उपस्थित रहे। अध्यक्षता डा. जवाहिर यादव व संचालन सुरेश यादव ने किया।

यहा सड़क हादसे में पति की मौत,पत्नी बच्चे घायल जाने कहा जा रहे थे लोग
वाराणसी राजातालाब थाना क्षेत्र के बीरभानपुर हाईवे पर मंगलवार को लोहरदगा झारखंड से रायबरेली जा रही तेज रफ्तार इनोवा कार हाईवे के किनारे खड़ी ट्रक के पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।घटना के बाद इनोवा चालक मौके से फरार हो गया चालक के बगल सीट पर बैठे व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गयी वही पीछे बैठे एक महिला दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए आस पास के लोगो की सूचना पर पहुची राजातालाब पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुचाया और शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए भेज कर आगे की कार्यवाही में जुट गयी।
जानकारी के अनुसार सिरसोइ,मजरे जमुरावा, समरसपुर, रायबरेली निवासी 30 वर्षीय शशिकांत मौर्य अपने पत्नी और बच्चों के साथ झारखंड से रायबरेली जा रहे थे। जैसे ही वो वीरभानपुर नेशनल हाईवे के समीप पहुचे की अचानक इनोवा कार अनियंत्रित हो गयी और सामने खड़ी ट्रक से टकरा गयी। जिसमे कार के परखच्चे उड़ गए हादसे में शशिकांत की मौके पर ही मौत हो गयी वही पीछे बैठी पत्नी उर्मिला मौर्य 26 वर्षीय व बेटा आर्यन उर्फ मयंक 7 वर्ष तथा बेटी माही 10 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गये।
घटना की जानकारी होने पर तत्काल मौके पर पहुंचे राजातालाब थाना प्रभारी राम आशीष ने अपने सहयोगी सिपाहियों के साथ तथा ग्रामीणों की मदद से क्षतिग्रस्त इनोवा कार में फंसे घायल लोगों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। उक्त सभी घायलों को एंबुलेंस से बीएचयू स्थित ट्रामा सेंटर इलाज के लिए भर्ती कराया। तथा मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम भेंजा।
इस दौरान घटना की सूचना पाकर राजातालाब थाने पर पहुंचे परिजनों के साथ मृतक शशिकांत मौर्या के छोटे भाई शिवाकांत मौर्य ने बताया कि शशिकांत मौर्या लोहरदगा झारखंड में राइस मिल में नौकरी करते थे। ये किराए का इनोवा गाड़ी लेकर अपनी पत्नी व बच्चों के साथ अपने गांव सिरसोइ, मजरे जमुरावा,समरसपुर, रायबरेली के लिये जा रहे थे।
सपाइयों की गिरफ्तारी को तत्काल रोके जनपद पुलिस
- पूर्व सांसद रामकिशुन यादव व मनोज सिंह डब्लू ने पुलिस लाइन में एसपी से की मुलाकात
Young Writer, चंदौली। लक्ष्मणगढ़ के समीप हुए संघर्ष के बाद सपाइयों की गिरफ्तारी से आहत पूर्व सांसद रामकिशुन व सपा के राष्ट्रीय सचिव मनोज कुमार सिंह डब्लू ने मंगलवार को पुलिस लाइन पहुंचकर एसपी अंकुर अग्रवाल से मुलाकात की। इस दौरान सपा कार्यकर्ताओं व पुलिस के बीच हुए संघर्ष जुड़े तथ्यों को विस्तारपूर्वक एसपी के समक्ष रखा। साथ ही सपा कार्यकर्ताओं व नेताओं को गलत करार दिया। मांग किया कि तत्काल सपाइयों की गिरफ्तारी रोकी जाए, ताकि जनपद में लोकतांत्रिक मुद्दों को लेकर मुखर हुए सपाइयों का दमन व पुलिसिया उत्पीड़न न होने पाए।
इस दौरान पूर्व रामकिशुन यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी का आंदोलन धान खरीद, खाद की उपलब्धता के साथ ही बेहतर सड़कों की मांग को लेकर था। लेकिन ऐसे लोकतांत्रिक संघर्ष को पुलिस ने अपनी लाठी से दूसरा रंग-रूप देने का काम किया है। आरोप लगाया कि पुलिस का यह कार्य सत्ता पक्ष के इशारे पर किया गया, ताकि जनता का ध्यान धान खरीद, बकाए का भुगतान व खाद की उपलब्धता जैसी महत्वपूर्ण व बुनियादी सवालों से हटाया जा सकता। कहा कि सपाईयों का उत्पीड़न किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सपा के राष्ट्रीय सचिव मनोज कुमार सिंह डब्लू ने कहा कि रामगढ़ में यदि कुछ भी गलत हुआ तो उसके लिए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह जिम्मेदार है। क्योंकि समाजवादी पार्टी ने पहले ही अपने चहनियां कस्बे के कार्यक्रम की सूचना सार्वजनिक की। बावजूद इसके पुलिस इंटेलिजेंस, एलआईयू व अन्य गोपनीय विभाग समाजवादी पार्टी के अंादोलन की गंभीरता को भांप नहीं सका। इसके बाद यदि सपा के लोग मुख्यमंत्री से मिलने के लिए कूच किए तो उन्हें रोक पाने की नाकामी का सारा गुस्सा लाठी के जरिए निकालने का काम जनपद पुलिस ने किया। इसके बाद अब सपाइयों की गिरफ्तारी कर अनुचित कार्य कर रही है। एसपी ने प्रकरण में जल्द उचित पहल किए जाने का भरोसा सपा नेताओं को दिया।
इनसेट—-
हिरासत में पूर्व अध्यक्ष से मिले सपा नेता
चंदौली। सपा के पूर्व अध्यक्ष बलिराम यादव के पुलिस हिरासत में होने की सूचना के बाद एसपी से मुलाकात कर लौट रहे सपा नेता रामकिशुन यादव व मनोज डब्लू सदर कोतवाली पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बलिराम यादव से बातचीत की। सपा नेताओं ने पूर्व अध्यक्ष को भरोसा दिया कि चंदौली के एक-एक सपाई उनके साथ है। किसी कीमत पर उनके साथ ज्यादती नहीं होने दी जाएगी। बलिराम यादव ने बताया कि किसानों की समस्याओं को लेकर जेल जाना पड़े तो यह कीमत भी उनके लिए बहुत छोटी है।

तेज रफ्तार ट्रक के धक्के से साइकिल सवार महिला की मौत

गुस्साए ग्रामीणों एवती-कमालपुर मार्ग को किया जाम, मुआवजे की मांग
Young Writer, धीना। थाना क्षेत्र के जनौली कम्हारी गांव के पास कमालपुर-एवती मार्ग पर मंगलवार की दोपहर तेज रफ्तार ट्रक के धक्के से 48 वर्षीय महिला की मौत हो गयी। घटना के बाद मौके पर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गयी। घटना को अंजाम देने वाले ट्रक चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने शव को रखकर चक्काजाम कर दिया। काफी जद्दोजहद के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर मामले को शांत किया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। जानकारी के बाद सपा के राष्ट्रीय सचिव मनोज कुमार सिंह डब्लू व सकलडीहा तहसीलदार वन्दना मिश्रा मौके पर पहुंचे। इस दौरान तहसीलदार ने सड़क दुर्घटना बीमा पांच लाख दिलाने की बात कही। वहीं पीड़ित परिवार की गरीबी व आर्थिक तंगी को देखते हुए 25 हजार रुपये की आर्थिक मदद प्रदान किया और इस विषम परिस्थिति में हरसंभव मदद का भी भरोसा दिया।
जानकारी के अनुसार लखईपुर करजरा निवासी झुमनिया देवी 48 वर्ष अपने पुत्र रामदयाल के साथ साइकिल पर सवार होकर कमालपुर बाजार जा रही थी। इसी बीच जनौली गांव स्थित मां शारदा स्कूल के सामने अवहीं सोसाइटी पर डीएपी खाद लेकर जा रहे ट्रक संख्या यूपी 78 सीएन 3984 ने साइकिल सवार को टक्कर मार दिया, जिससे साइकिल अनियंत्रित हो गई और साइकिल सवार लखईपुर निवासी झुमनिया देवी ट्रक की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गयी। घटना के बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर जमा हो गए। ग्रामीणों का कहना था कि यदि सड़क पर गिट्टी डालकर नहीं छोड़ा गया होता तो शायद आज यह घटना नहीं होती, जिसमें साइकिल सवार महिला की मौत हो गयी। घटना से खफा ग्रामीणों ने चक्काजाम कर पीड़ित परिवार को सरकारी मदद व मुआवजा दिलाने की मांग करने लगे, जिससे कमालपुर-एवती मार्ग पर जाम लग गया। मौके पर जमा भीड़ ने चक्काजाम कर रहे ग्रामीणों को किसी तरह समझा-बुझाकर मामले को शांत किया। मृतक झुनिया देवी उम्र 48 वर्ष पति सेवक बिन्द निवासी लखईपुर थाना धीना बताई गई है। मौके पर विभिन्न राजनीतिक दल के लोग मृतका के परिजनों के साथ मदद के लिए खड़े रहे। घटना स्थल पर धीना थानाध्यक्ष अजीत कुमार सिंह, चौकी प्रभारी मधुसून राय अवहीँ कमालपुर चौकी सहित भारी संख्या में पुलिस मौजूद रही। घटनास्थल पर पूर्व विधायक मनोजकुमार सिंह डब्लू ने सरकारी मदद दिलाने के साथ ही अपने तरफ से पच्चीस हजार रुपए की आर्थिक मदद मृतक के परिजनों को दी।

पुरानी पेंशन बहाली समेत पेंशन वृद्धि जैसी मांगों को उठाया
Young Writer, चंदौली। संयुक्त पेंशनर्स कल्याण समिति के बैनर तले पेंशनर्स अपनी 14 सूत्रीय मांगों को लेकर मंगलवार को बिछियां धरनास्थल पर धरना दिया। इस दौरान पेंशनरों ने पेंशन प्रतिशत में वृद्धि के साथ ही नयी पेंशन प्रणाली को हटाकर पुरानी पेंशन व्यवस्था को पूर्व की भांति लागू किए जाने की मांग की। मांगों के समर्थन में पेंशनरों ने जमकर नारेबाजी की। जानकारी के बाद बिछियां धरनास्थल पहुंचे तहसीलदार सदर न्यायिक विकासधर दुबे ने पेंशनरों का मांग-पत्र लिया और उचित आश्वासन देकर उनका धरना समाप्त कराया।
इस दौरान संयोजक दीनानाथ शर्मा ने कहा कि पेंशन राशिकृत धनराशि की बहाली 15 वर्ष के स्थान पर 12 वर्ष किया जाना। 65, 70 तथा 75 वर्ष की आयु पर पेंशन में क्रमशः 5, 10 तथा 15 प्रतिशत की वृद्धि किया जाय। परिवहन निगम की बसों के किराए में छूट प्रदान किया जाय। अविवाहित, विधवा, तलाकशुदा पुत्री व विधवा पुत्र वधू का नाम पीपीओ में पारिवारिक पेंशनर की भांति अंकित किया जाय। कहा कि जिलाधिकारी स्तर पर होने वाली मासिक बैठक के एजेण्डा में पेंशनर का बिंदू सम्मिलित किया जाय। प्रमुख सचिव सम्प्रति अप मुख्य सचिव वित्त विभाग की अध्यक्षता में गठित सहालकार समिति की बैठक आयोजित की जाय। पेंशन राशिकृत धनराशि की बहाली 15 वर्ष के स्थान पर 12 वर्ष किया जाय। इसके साथ ही जिलाधिकारी स्तर पर होने वाली मासिक बैठक के एजेण्डा में पेंशनर का बिन्दु सम्मिलित किया जाय। पेंशनरों की जो भी समस्या है उसका समाधान किया जाय। अंत में उन्होंने मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारी को उन्होंने प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर नन्दलाल सिंह, चन्द्रिका शर्मा, कैलाश शर्मा, बजरंगी, राजनाथ, हरिशंकर, राजनाथ सिंह, रामसनेही, नरोत्तम, शिवमूरत प्रसाद, लक्ष्मी प्रसाद, परमानन्द आदि उपस्थित रहे।
मूल चरित्र में बदलाव से रुकेगा लोकतांत्रिक विचलन और सुधरेगी जनतांत्रिक व्यवस्था
डा. उमेश प्रसाद सिंह बोले, लोकतांत्रिक मूल्यों के विचलन का परिणाम है ‘रामगढ़’ जैसी घटनाएं
Young Writer, चंदौली। ‘रामगढ़’ में हुई संघर्ष की घटना स्वस्थ लोकतंत्र को विचलित करने वाली है। आज के परिवेश में लोकतंत्र के नाम पर पूरा का पूरा सरकारी महकमा सरकार की खुसामद में जुट हुआ है। वह अपने मूल कर्तव्यों से काफी भटक गया है। जिसकी भी सरकार होती है पूरा पुलिस व प्रशासनिक तंत्र उसके इशारे पर या उसके इशारे के बगैर उसे खुश करने के लिए ऐसा काम करता है। ऐसी घटनाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों व कर्तव्यों की बातों का हवाला देकर उसे सही साबित करने का प्रयास होता है, लेकिन ऐसी घटनाएं बताती हैं कि लोकतंत्र की मर्यादाओं का पालन नहीं हो रहा है। लोकतांत्रिक विचलन दोनों तरफ से है। फर्क बस इतना है कि किसी तरह से कम, तो किसी तरह ज्यादा। और ज्यादा हमेशा पुलिस-प्रशासन की ओर से होता रहा है।
वरिष्ठ साहित्यकार व ललित निंबधकार डा. उमेश प्रसाद सिंह ने रामगढ़ जैसी घटना को स्वस्थ लोकतंत्र के लिए दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया। उनका कहना था कि आज का जो परिवेश है उसे देखते हुए यह कहा जाना बिल्कुल भी गलत नहीं होगा कि देश में छिछली राजनीति शुरू हो गयी है। जनतांत्रिक व्यवस्था व लोकतांत्रिक मूल्यों के नाम पर होने वाले विरोध-प्रदर्शन में जनता से जुड़े मुद्दे ही गौण हो जाते हैं और उनकी जगह राजनीतिक दल या फिर राजनेता अपने के व्यक्तिगत कार्यक्रमों को उछालने, उसे मीडिया व अन्य माध्यमों से जनता के बीच अपनी भूमिका को स्थापित करना उनका मूल मकसद रहता है।
रामगढ़ में पुलिस व राजनेताओं के बीच जो संघर्ष हुआ, वहां की परिस्थितियां कुछ ऐसी ही रहीं। एक तरह जहां लोकतांत्रिक मूल्यों व जनतांत्रिक व्यवस्था का हवाला देते हुए अशांति कायम करने के प्रयास हुए तो दूसरी ओर शांति व्यवस्था कायम करने के नाम पर पुलिस व प्रशासनिक तंत्र अपने मूल कर्तव्यों से भटककर सरकार की खुसामद करने का प्रयास लाठी के जोर पर करता नजर आया। नतीजा संघर्ष की स्थिति कायम हुईं और लोकतांत्रिक मूल्यों का दोनों तरफ से ह्रास हुआ। ऐसी घटनाओं में स्वस्थ लोकतांत्रिक मूल्य से दोनों पक्ष विचलित होते हैं और इस तरह की समस्या समाज में पैदा होती है।
उन्होंने कहा कि अमूमन यह देखने को मिलता है कि प्रशासन-पुलिस की तरफ से ऐसा ज्यादा ही होता है। ऐसी स्थितियां स्वस्थ लोकतंत्र के विकास के अनुकूल नहीं है, जिसका सारा खामियाजा जनता को भुगतना होता है, क्योंकि जब वातावरण प्रदूषित होगा तो सबसे बड़ा अहित हमारे देश के लोकतांत्रिक जनमानस का होगा। अभी देश में जो राजनीतिक परिस्थितियां कायम है उसमें दूर-दूर तक सुधार की संभावना व गुंजाइश बनती नहीं दिख रही है। क्योंकि आज समूचा राजनीतिक माहौल ऐसा है कि सभी राजनीतिक दल केवल व केवल सत्ता की राजनीति के पीछे पड़े हुए हैं और सत्ता ही उनका एक मात्र लक्ष्य है। लोकतांत्रिक मूल्य व जनतांत्रिक व्यवस्था जैसे शब्दों का इस्तेमाल केवल जनता को धोखा देने के लिए किया जाता है। ऐसी परिस्थितियां अभी लम्बे समय तक बने रहने की आशंकाएं हैं, जो बीतते समय के साथ हमारे स्वस्थ लोकतंत्र को दीमक की तरह धीरे-धीरे खोखला व कमजोर करती जा रही है। इसमें सुधार की संभावनाएं व गुंजाइश तभी है जब तब कि राजनेताओं व सरकारी तंत्र के मूल चरित्र में बदलाव नहीं होता।
नवीन मंडी पहुंच सपा के राष्ट्रीय सचिव मनोज डब्लू ने ईवीएम को परखा
Young Writer, चंदौली। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव मनोज कुमार सिंह डब्लू मंगलवार को ईवीएम मशीन की जांच के लिए नवीन मंडी पहुंचे। उन्होंने ईवीएम पर डेमो वोटिंग की और वोटिंग नंबर के साथ-साथ मशीन का नंबर नोट किया। साथ ही सात घंटे बाद आकर पुनः उनके नतीजे चेक करने की बात कही। वोटिंग के बाद कैम्प से बाहर आए मनोज सिंह डब्लू ने चंदौली के सभी राजनीतिक दलों के साथियों से आह्वान किया कि वे भी नवीन मंडी आएं और वोटिंग का ईवीएम की शुचिता को जांचें व परखे।
उन्होंने कहा कि सैयदराजा विधानसभा में इस्तेमाल होने वाली एक-एक ईवीएम को चेक कर उसे परखा जाएगा। इसके लिए बकायदा तकनीकी विशेषज्ञों का सहयोग लिया जाएगा। क्योंकि ईवीएम एक इलेक्ट्रानिक उपकरण है जिसकी कार्य प्रणाली को समझ पाना हर किसी के बस की बात नहीं है। फिलहाल ईवीएम की जांच-परख के लिए डेमो वोटिंग की गयी है, जिसे सात घंटे बाद पुनः आकर देखना है और नतीजों का मिलान करने है। चुनाव के समीप आते ही सैयदराजा विधानसभा के पोलिंग बूथों पर इस्तेमाल होने वाली एक-एक ईवीएम की जांच कर उसके सीरियल नंबर का रेंडेमाइजेशन किया जाएगा, ताकि मतदान तिथि को इसकी पुष्टि व पड़ताल की जा सके कि जिन ईवीएम को क्रमबद्ध तरीके से जांचा गया था। जिला प्रशासन चुनाव में उन्हीं ईवीएम का इस्तेमाल कर रहा है। क्योंकि आए दिन ईवीएम की शुचिता पर उठने वाले सवाल के कारण सतर्कता व जांच-परख जरूरी हो जाता है। अंत में उन्होंने सभी चंदौली के सभी राजनेताओं से ईवीएम में डेमो वोटिंग करके उसकी जांच करने का आह्वान किया। हालांकि इस दौरान जिस कैम्प में ईवीएम मशीनों को डेमो वोटिंग के लिए रखा वहां मोबाइल समेत किसी भी तरह के डिजिटल उपकरण को ले जाने की पूर्णतः मनाही है।











