34.1 C
Chandauli
Wednesday, July 29, 2026

Buy now

Home Blog Page 641

मानव जीवन की सफलता का सार हैं सुंदर उक्तियां: हेमंत शर्मा

विनय कुमार वर्मा द्वारा लिखित पुस्तक ‘सफल जीवन के सूत्र’ का हुआ लोकार्पण

young Writer, मुगलसराय। राष्ट्रीय चेतना प्रकाशन के प्रकाशक विनय कुमार वर्मा की पुस्तक ‘सफल जीवन के सूत्र’ का लोकार्पण मुगलसराय के होटल स्प्रिंग स्काई में रविवार को हुआ। इस दौरान मुख्य अतिथि TV-9 भारतवर्ष के डायरेक्टर व वरिष्ठ साहित्यकार आदरणीय हेमंत शर्मा ने पुस्तक का लोकार्पण किया।
उन्होंने कहा कि सुंदर उक्तियों की ही सूक्ति कहते हैं। सूक्तियां जीवन की सार होती हैं। बड़ी बातों को चंद शब्दों में कह दिया जाए‚ वही सूक्ति होती हैं। सूक्तियां पढ़ते ही मन झंकृत हो उठता है। विनय कुमार वर्मा द्वारा रचित सूक्तियां जीवन के हर आयामों से उठाई गई हैं, निश्चित रूप से इन सूक्तियों को पढ़ने से मन की नकारात्मकता व असफलता के भाव दूर होंगे। उन्होंने कहा कि रचनात्मकता का यह कारवां और आगे बढ़ना चाहिए।
पूर्वांचल विकास निगम के उपाध्यक्ष दीन दयाल उर्फ दयालु ने कहा कि काशी साहित्य और संस्कृति की नगरी है । यहां से हर विधा में जो कुछ भी रचना होती है उसका संदेश पूरे देश को जाता है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जाने-माने ललित निबंधकार डा.उमेश प्रसाद सिंह ने कहा कि विनय कुमार वर्मा ने जो सूक्तियां लिखी है उन्होंने उन्हें खुद भी जिया है। ‘सफल जीवन के सूत्र’ पुस्तक देने से पूर्व उन्होंने खुद के जीवन को सफलता के ऊंचाई पर स्थापित किया है । उन्हें हक है कि वे अपने अनुभव को सूक्ति के रूप में समाज को प्रदान करें।
प्रसिद्ध गजलकार शिवकुमार पराग ने कहा कि सूक्ति वही लिख सकता है जो जीवन के हर संघर्षों से परिचित हो। विनय वर्मा के बारे में जितनी जानकारी मिली है उससे समझ में आता है की इनके अनुभव का दायरा कितना विस्तृत है। इनके सूक्तियों के संग्रह से समूचे समाज को लाभ मिलेगा।

मुगलसराय में पुस्तक के लोकार्पण समारोह में जमा काशी व देश के अन्य हिस्सों से आए प्रसिद्ध साहित्यकार व कलमकार।

प्रसिद्ध आलोचक डा. रामप्रकाश कुशवाहा ने कहा कि विनय कुमार वर्मा की शिक्षा, कार्य, समाज सेवा, साहित्य सेवा आदि देखकर अनुमान लगाया जा सकता है कि चतुर्दिक अनुभवों को उन्होंने अपने सूक्तियों में पिरोया है। निश्चित रूप से इससे समाज को लाभ मिलेगा।
प्रसिद्ध गीतकार ओम धीरज ने कहा कि विनय वर्मा के सूक्ति संग्रह को मंत्र की तरह जीवन में उतारने की आवश्यकता है। अगर इन सूक्तियों को मंत्र किस तरह जीवन में उतार लिया जाए तो सफल होने से कोई नहीं रोक सकता।
इस मौके पर वरिष्ठ साहित्यकार एल उमाशंकर‚ डा. शैलेंद्र सिंह, दीनानाथ देवेश, अरुण आर्य, रामजी प्रसाद भैरव, राकेश रोशन, विनोद कुमार गुप्ता, इंद्रजीत शर्मा, समर बहादुर यादव, आशाराम यादव, सुरेश जायसवाल आदि ने अपने विचार व्यक्त किए। संचालन कथाकार डा. अनिल यादव व अतिथियों का स्वागत कार्यक्रम संयोजक विष्णुकांत अग्रवाल‚ प्रमोद सिंह समीर तथा धन्यवाद ज्ञापन लेखक व प्रकाशक विनय कुमार वर्मा ने किया।

मुगलसराय में ‘सफल जीवन के सूत्र’ पुस्तक के लोकार्पण अवसर पर एकत्रित अतिथिगण।

सीएम योगी आदित्यनाथ के बयान पर सपा जिलाध्यक्ष का पलटवार

सपा जिलाध्यक्ष सत्य नारायण राजभर।

Young Writer, चंदौली। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष सत्य नारायण राजभर ने रामगढ़ स्थित बाबा कीनाराम मठ प्रांगण में सभा के दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ द्वारा दिए गए बयान पर पलटवार किया है। सीएम ने अपने अभिभाषण में कहा कि यदि सकलडीहा में भाजपा का विधायक होता तो बाबा कीनाराम मठ के जीर्णाेद्धार व क्षेत्र के विकास में इतनी देर नहीं लगती। इसी बात पर सपा जिलाध्यक्ष सीएम योगी आदित्यनाथ पर हमलावर हो गए।
उन्होंने जनपद के सैयदराजा विधायक सभा को बतौर नजीर पेश किया। कहा कि सीएम की कथनी व करनी एक समान होती तो सैयदराजा में मेडिकल कालेज का शिलान्यास करने में उन्हें साढ़े चार साल नहीं लगते। सैयदराजा में कौन सा सपा का विधायक है वहां तो उनके दल के विधायक हैं फिर सीएम योगी आदित्यनाथ आवाम को मेडिकल कालेज समेत अन्य सुविधाएं प्रदान करने में कैसे चूक गए। सैयदराजा में जिस कन्या महाविद्यालय का निर्माण सपा सरकार ने कराया, उसमें पढ़ाई शुरू कराने में भाजपा सरकार को साढ़े चार साल से अधिक का वक्त लग गया। आरोप लगाया कि सीएम योगी आदित्यनाथ जनता से विधायक की मांग तो करते हैं, लेकिन जनता को सुविधाएं देने में सुस्ती दिखा रहे हैं। उनकी कथनी व करनी में बहुत अंतर है। एक तरफ जहां पूरे प्रदेश में बहु-बेटियों की आबरू लुटी जा रही है वहीं मंच से वह बेहतर कानून व्यवस्था व सरकारी बुल्डोजर का जिक्र कर रहे हैं। ऐसे नेताओं व दल की सच्चाई सूबे की जनता भली-भांति जानती है। कहा कि जनता से मांगने वाली पार्टी, जनता को देने में पूरी तरह से नाकाम है। इस सरकार ने जनता को महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, अत्याचार व लाचारी के सिवाय कुछ और नहीं दिया।

बदमाशों ने सपा के फायरब्रांड नेता अंकित यादव को गोली मारी

सीएम योगी आदित्यनाथ की सभा के बाद शाम के वक्त अलीनगर में सपा नेता अंकित यादव को मारी को गोली

Young Writer, चंदौली। जनपद के रामगढ़ में एक तरह सीएम योगी आदित्यनाथ बेहतर कानून-व्यवस्था का दंभ व सरकारी बुल्डोजर की ताकत का जिक्र कर रहे थे, उधर दूसरी ओर सपा के फायर ब्रांड छात्र नेता अंकित यादव को बदमाशों ने गोली मार दी। इस घटना से जहां चंदौली पुलिस के इकबाल पर एक बार फिर सवाल उठे। वहीं दूसरी ओर चंद घंटों में ही योगी आदित्यनाथ के कानून-व्यवस्था के दावे को बदमाशों के हौसले ने झूठा साबित कर दिया है। फिलहाल अंकित यादव ट्रामा सेंटर में मृत्यु से संघर्ष कर रहे है।
समाजवादी सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक अंकित यादव अलीनगर स्थित अपने आवास के पास खड़े होकर थे तभी हथियारों से लैस बदमाश सपा नेता के पास आए और उन्हें लक्ष्य कर फायर करना चाहा, लेकिन सपा नेता अंकित यादव ने दिलेरी दिखाई और बदमाशों से काफी देर तक लोहा किया। इस बीच छिनाछपटी में बदमाश के पास में पड़े असलहे से गोली चली जो अंकित यादव के पैर में लग गयी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक सवार बदमाशों ने मौके पर तीन फायर किए, जिसमें एक गोली अंकित यादव को लगी। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से भाग निकले। इसके बाद वहां मौजूद अंकित के भाई पुलिस को सूचना देने के साथ उसे तत्काल स्थानीय निजी अस्पताल में ले गए। सूचना के बाद पुलिस ने सपा नेता अंकित यादव को लेकर बेहतर ईलाज के लिए ट्रामा सेंटर ले गए। जानकारी के बाद युवा समाजवादियों में आक्रोश की लहर दौड़ पड़ी। मौके पर मौजूद सपा नेता अंकित यादव के भाई आनन्द यादव मुताबिक गोली किसी सुनील यादव नाम के व्यक्ति द्वारा चलाई गयी है। फिलहाल ट्रामा सेंटर में सपा नेता अंकित यादव का ईलाज चल रहा है और भारी संख्या युवा सपाइयों के पहुंच रहे हैं।

चंदौली में जल्द लहलहाएगी सुख-समृद्धि की फसलः डा.महेंद्रनाथ पांडेय

फोटो-01 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को स्मृति चिह्न भेंट करते केंद्रीय मंत्री डा. महेंद्रनाथ पांडेय।

Young Writer, चंदौली। केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री डा.महेंद्रनाथ पांडेय रविवार को बाबा कीनाराम को नमन कर मंच संभाला तो सर्वप्रथम पर्यटन के रूप में कीनाराम मठ के विकास में योगदान देने वाले सीएम योगी आदित्यनाथ का आभार जताया। कहा कि कीनाराम मठ को पूर्वांचल में पर्यटन का बड़ा स्वरूप बनाने के प्रयास को चंदौली की जनता सदैव याद रखेगी। आज चंदौली के साथ पूरे पूर्वांचल के विकास को पंख लगे हैं। भाजपा की केंद्रीय व यूपी की सरकारों ने शानदार काम किया और जनता के भरोसे को अपने काम की बदौलत जीतने में सफल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जल्द ही चंदौली काशी की तर्ज पर पर्यटन का बड़ा केंद्र बनकर उभरेगी, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और धान का कटौरे में खुशियां व समृद्धि लहलहाएंगी। समाजवादी पार्टी को संकीर्ण मानसिकता वाली विपक्षी दल करार दिया। आज तक देश में ऐसी विपक्षी पार्टी नहीं देखी। कहा कि जिनसे प्रदेश का विकास नहीं हो पाया आज वही लोग भाजपा सरकार पर सवाल खड़े कर रहे हैं। प्रदेश व प्रदेशवासियों के कल्याण में चल रही योजनाओं व परियोजनाओं पर अंगुली उठा रहे हैं। हाल में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे यूपी को जनता को समर्पित हुआ तो वे लोग सबसे अधिक हतप्रभ हुए जो दलाली के लिए सड़कें बनाते थे। उनसे भाजपा का विकास पच नहीं पा रहा है। कहा कि सनात धर्म परम्परा के इतिहास में बाबा विश्वनाथ धाम में प्रधानमंत्री मोदी के प्रयास व सीएम योगी आदित्यनाथ की पहल पर जो विकास कार्य हो रहे हैं वह ऐतिहासिक व अपने आप में अलग है। भाजपा के ऐसे शानदार कामकाज से विपक्षी दल बौखला गए हैं और इसी बौखलाहट में उल्टे-सीधे कामों के जरिए सरकार को बदनाम करने का प्रयास हो रहा है। कहा कि भाजपा के विकास कार्यों से जनता का विश्वास आज भी सरकार पर कायम है जो आगे भी काम रहेगा।

यूपी के विकास को भाजपा सरकार ने दी बुलंदियांः योगी आदित्यनाथ

फोटो-01 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को स्मृति चिह्न भेंट करते केंद्रीय मंत्री डा. महेंद्रनाथ पांडेय।
रामगढ़ में आयोजित सभा को संबोधित करते यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।

बोले‚ प्रदेश की 25 करोड़ जनता भाजपा का परिवार
रामगढ़ में समेकित पर्यटन सहित विभिन्न योजनाओं का किया लोकार्पण व शिलान्यास

Young Writer, चंदौली। सूबे के सीएम योगी आदित्यनाथ ने रविवार को मंच संभालते ही भाजपा सरकार की एक-एक उपलब्धियों को गिनाया। साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर परिवारवाद का आरोप लगाते हुए जमकर निशाना साधा। कहा कि भाजपा के लिए प्रदेश की 25 करोड़ जनता परिवार है। इसलिए भाजपा 25 करोड़ आबादी की सुरक्षा, संरक्षा व सहूलियत को ध्यान में रखकर विकास करती है, जबकि इसके पूर्व में मुख्यंमत्री रहे अखिलेश यादव के लिए उनका परिवार ही पूरा प्रदेश हुआ करता था और वे अपने परिवार का विकास कर प्रदेश के विकास की बातें करते आ रहे हैं।

भाजपा सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि 1947 से लगायत 2017 तक सूबे में मात्र 12 मेडिकल कालेज बने थे और भाजपा ने अपने पांच साल के कार्यकाल में 33 मेडिकल कालेज बनाने का काम किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को रामगढ़ स्थित बाबा कीनाराम की तपोभूमि पर समेकित पर्यटन विकास सहित 26 विकासपरक परियोजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास समारोह को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश में विकास के नित नए आयाम गढ़ रहा है। यही वजह है कि आज यूपी का विकास बुलंदियां छू रहा है। चारागाह बन चुके उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था को पटरी पर लाया। कल जो माफिया सत्ता का संरक्षण पाए किसानों, व्यापारियों के साथ-साथ बहन-बेटियों को निशाना बनाते थे आज उनके अंदर यूपी सरकार का खौफ है। यदि कोई गरीब-किसान की सम्पत्ति कब्जा करने का प्रयास करेगा तो उसके लिए यूपी सरकार का बुल्डोजर तैयार खड़ा है। कानून-व्यवस्था के साथ किसी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

आज प्रदेश खुशहाल है। पहले जो लोग यूपी नहीं आना चाहते थे आज वे यूपी के विकास को देखने के लिए लालायित हैं। सरकार ने पर्यटन को बढ़ावा देकर यूपी के गौरव में चार-चांद लगाने का काम किया है। आज जरूरत के मुताबिक प्रदेश में मेडिकल कालेज, डिग्री कालेज, आईटीआई व पालीटेक्निकल कालेज के साथ अस्पताल व स्कूल भवन बनाकर विकास को गति दी जा रही है। किसानों व नौजवानों को नौकरी देकर उनका ख्याल रखा जा रहा है। यह सबकुछ भाजपा के पांच सालों के सुशासन काल में संभव हो सका है। कहा कि सकलडीहा में भी भाजपा का विधायक होता हो आज विकास के बारे में अब तक इतना सोचना नहीं होता।

रामगढ़ सभास्थल पर भाजपा कार्यकर्ताओं व भीड़ का अभिवादन करते सीएम योगी आदित्यनाथ व साथ में केंद्रीय मंत्री डा. महेंद्रनाथ पांडेय।

कहा कि हर गरीब को राशन, आवास, गोल्डेन कार्ड के साथ अन्य योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। अंत में उन्होंने अघोरेश्वर बाबा कीनाराम की पावन धरी को नमन किया और विकास के वादे के साथ चंदौली से विदा हुए। इस दौरान केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री डा.महेंद्रनाथ पांडेय, महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दर्शना सिंह, जिलाध्यक्ष अभिमन्यु सिंह, विधायक शारदा प्रसाद, सुशील सिंह व साधना सिंह, राणा प्रताप सिंह, जितेंद्र पांडेय, हरिवंश उपाध्याय, शिवराज सिंह, उदय प्रताप सिंह पप्पू आदि उपस्थित रहे।

चुनाव आते ही मंच सजाकर जनता से झूठ बोलती है भाजपाः मनोज डब्लू

बहेरी गांव में जन चौपाल को संबोधित करते मनोज सिंह डब्लू।

Young Writer, कमालपुर। सपा के राष्ट्रीय सचिव मनोज कुमार सिंह डब्लू ने रविवार को बहेरी गांव में जन चौपाल लगाई। इस दौरान उन्होंने अपने विधायिकी के पांच साल के कामकाज को गिनाया। कहा कि सरकार के सबका साथ, सबका विश्वास का स्लोगन मात्र छलावा है। यह साथ सबका चाहती है, लेकिन विकास पूंजीपतियों व चुनिंदा लोगों का करती है। इस सरकार ने यदि पांच साल में कोई काम किया होता तो आज उन्हें अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए समाज को बांटने की जरूरत नहीं पड़ती। आज चुनाव सिर पर है तो जनता में भ्रम फैलाने के लिए फिर से मंच सजे हैं और झूठे वादे व इरादों का दौर चल निकला है।
उन्होंने कहा कि यह वही भाजपा सरकार है जिसने सैयदराजा विधानसभा की जनता मेडिकल कालेज छिनने का काम किया। सरकार माधोपुर में यदि मेडिकल कालेज के अधूरे कामकाज को आगे बढ़ाती तो आज यह कालेज पूरा का पूरा अस्तित्व में आ गया होता, लेकिन इसे छिनकर मीरजापुर जनपद को देने का काम भाजपा सरकार ने किया। नतीजा चुनावी साल में उन्हें मेडिकल कालेज का शिलान्यस करना पड़ रहा। कहा कि मैंने पांच साल के अपने कार्यकाल में दस पावर हाउस बनाने का काम किया है। पम्प कैनालों की क्षमता वृद्धि कराने के साथ ही नए कैनाल स्थापित कराए। शिक्षा व्यवस्था व चिकित्सा व्यवस्था को बेहतर बनाकर समाजवादी सरकार के विकास के आयाम को आगे बढ़ाया, जिसका सीधा लाभ सैयदराजा की जनता को हुआ। यदि आज भाजपा सरकार ने काम किया होता तो विकास का जो पहिया है वह रुकने की बजाय आगे बढ़ता। कहा कि बड़े कामों को कराने में बहुत से छोटे काम कराने से रह गया। पहले कुछ गलतियां हुईं हैं लेकिन आपका बेटा हूं और यहीं जीवन पूरा करूंगा और अंतिम सांस तक आप सभी के बीच रहकर सेवा-सत्कार करने का काम करूंगा। कहा कि विकास कार्य करने के लिए जनता से आत्मिय लगाव होना चाहिए। यह तभी संभवन है जब जनप्रतिनिधि जनता के बीच का हो। इस अवसर पर अंजनी सिंह, रामजन्म यादव, अवधेश राय, जय सिंह, पूर्व प्रधान रामा प्रसाद, जितेंद्र सिंह, पूर्व प्रधान अखिलेश सिंह, गणेश गुप्ता, सोनू सिंह, गुड्डू सिंह, द्वारिका खरवार, लल्लन बिन्द, मदन गोपाल शर्मा, अजीत खरवार, दिलीप कुमार, महमूद अली ,आतिफ खान, दया यादव, छोटे लाल यादव आदि उपस्थित रहे।

2:23 पर कीनाराम की तपोभूमि पहुचा मुख्यमंत्री का उड़नखटोला

चन्दौली।चहनियां के रामगढ़ में बड़ी सौगात लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का उड़नखटोला 2:23 बजे अधोराचार्य बाबा किनाराम की तपोभूमि पर पहुच गया मुख्यमंत्री मठ को बड़ी सौगात देने के लिए पहुचे है ।


सीएम योगी बाबा की तपोभूमि पहुच कर दर्शन किया नाथ और अघोर पंत का समागम भी देखने को मिला जब बाबा सिद्धार्थ गौतम राम ने गर्मजोशी से सीएम का स्वागत किया। इसके पूर्व सीएम के हेलीकॉप्टर को आसमान में देख लोगो उत्साह व जोश से भर गया पंडाल और मंच से गगनभेदी नारे गूँजने लगे

सकलडीहा विधायक के आगे नरम पड़े सीओ अनिरूद्ध सिंह के तेवर

सीओ सकलडीहा अनिरूद्ध सिंह से तनातनी होने के बाद मामले को शांत करते पुलिस व प्रशासनिक अफसर।

Young Writer, चहनियां। जनपद में धान खरीद, गड्ढा मुक्त सड़कों व अन्य बुनियादी समस्याओं को लेकर सपाइयों का जत्था रामगढ़ को कूच किया तो पुलिस प्रशासन उसमें बाधक बने। इस दौरान सीओ सकलडीहा अनिरूद्ध सिंह ने अपने तेवर के दम पर सपाइयों के जत्थे पर रोकना चाहा तो उनका सीधा टकराव सकलडीहा विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव से हुआ। इस दौरान बातचीत में तल्खी बढ़ी तो सीओ अनिरूद्ध सिंह द्वारा कुछ ऐसा कह दिया गया, जिससे सकलडीहा विधायक का पारा चढ़ गया। साथ ही सपाइयों में भी आक्रोश की लहर दौड़ पड़ी। सकलडीहा विधायक प्रभुनारायण सिंह यादवे ने स्पष्ट रूप से चेताया कि जो जिस भाषा को समझता है चंदौली के सपाई उसे उसी भाषा में जवाब देने में सक्षम है। इसलिए लोकतांत्रिक आंदोलन को लाठी के बल पर कुचलने की मुखालिफत सीओ अनिरूद्ध सिंह न पालें।
इसके बाद तमतमाएं विधायक सकलडीहा प्रभु नारायण सिंह यादव ने सीओ सकलडीहा को जमकर लताड़ लगाई और उनके तेवर नरम कर दिया। कहा कि तुम्हारी लाठी और गोली में ताकत है तो चला कर हटवा लो। सीओ सकलडीहा लोकतंत्र का पाठ पढ़ा रहा है। समाजवादी साथियों को गुण्डा कह रहा है और चुनाव न लड़ने देने की धमकी दे रहा है। ऐसा सीओ पब्लिक से बात करने की तरीका व सलीमा पता नहीं है। जब तक सीओ को मौके से नहीं हटाया जाता समाजवादी पार्टी के लोग यहीं धरनारत रहें। इस दौरान मामला तनावपूर्ण होता देख जिलाधिकारी संजीव सिंह ने सकलडीहा विधायक प्रभुनारायण सिंह से बातचीत की और सीओ अनिरूद्ध सिंह को मौके से हटाया। वहीं मौके पर मौजूद सकलडीहा एसडीएम अजय मिश्रा व एएसपी चिरंजीवी मुखर्जी ने किसी तरह मामले को संभालने का प्रयास किया। विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव ने कहा कि सीओ अनिरूद्ध सिंह अपने लाठी के ताकत के बाद पर सरकार से सवाल करने का लोकतांत्रिक अधिकार नेताओं से नहीं छिन सकता। यदि उन्हें अपनी ताकत पर गुमान है तो समाजवादी पार्टी भी अपनी ताकत दिखाने का काम करेगी। उन्हें इस बात को याद दिलाया जाएगा कि वह कोई बादशाह नहीं, बल्कि जनता के नौकर है और ऐसे लोगों को पब्लिक से बात करने का तरीका व सलीका मालूम होना चाहिए। इस दौरान सपाइयों ने सीओ अनिरूद्ध सिंह के रील लाइफ को लेकर भी जमकर टीका टिप्पणी की।

सीएम योगी आदित्यनाथ की सभा की ओर कूच करते समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता।
सीएम योगी आदित्यनाथ की सभा की ओर कूच करते समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता।

कभी भी आमने–सामने आ सकते सपाई व जिला प्रशासन

Young Writer, चंदौली। एक तरफ जहां पूरा पुलिस व प्रशासनिक महकमा सीएम योगी आदित्यनाथ के रामगढ़ आगमन को सफल बनाने के लिए जी–जान से लगा है। वहीं जिले के सपाई चहनियां में भारी तादाद में जमा होने की रणनीति पर अंदर ही अंदर अमल कर रहे हैं। सूत्र बताते हैं कि सकलडीहा का गढ़ में सीएम योगी आदित्यनाथ को सपाइयों के भारी विरोध का सामना रविवार को करना होगा। हालांकि पुलिस व प्रशासनिक अमले ने लोकल इंटेल व एलआईयू को सक्रिय कर रखा है‚ ताकि सपाइयों को जितना हो सके सीएम योगी आदित्यनाथ की सभा से दूर रखा जाए।

खैरǃ मोर्चेबंदी दोनों तरफ से है और तैयारियां भी दोनों ने भरपूर कर रखी है। इन्हीं तैयारियों को लेकर समाजवादी पार्टी ने शनिवार को बैठक कर रविवार के आंदोलन व विरोध–प्रदर्शन को लेकर आगाह किया था। साथ ही हाईकमान के निर्देश–आदेश को भी जिले के नेताओं तक पहुंचाने का काम किया। वही वजह रही कि रविवार को किसी भी बड़े सपा नेता के हाउस अरेस्ट होने की सूचना नहीं मिली। कहीं न कहीं सभी सपा नेता पुलिस–प्रशासन को चकमा देने के लिए भूमिगत हो गए हैं‚ जो रविवार को कब और कहां जमा हो जाएंगे यह कह पाना बड़ा मुश्किल है। लेकिन सपाइयों का लक्ष्य सीएम योगी आदित्यनाथ की सभा होगी। लिहाजा उनके चहनियां में जमा होने की प्रबल संभावनाओं से इन्कार नहीं किया जा सकता है। जिला व पुलिस प्रशासन पूरी तरह से सपाइयों के एक–एक मूवमेंट पर नजर बनाए हुए है। फिलहाल सबकुछ शांत–शांत चल रहा है‚ लेकिन सपाई कब और कैसे हल्ला बोल देंगे इसकी संभावनाओं से भी इन्कार नहीं किया जा सकता। क्योंकि समाजवादी पार्टी अपने विरोध–प्रदर्शन के लिए जानी जाती है। जनपद लम्बे समय से रुके कई परियोजनाओं को लेकर जिला प्रशासन व सरकार के प्रति सपाइयों की गहरी नाराजगी है जो सीएम योगी आदित्यनाथ की सभा के दौरान पटल पर आने की संभावनाएं है।

कांग्रेस ने देश को दिए आईआईएम‚ आईआईटी व एम्स

इमिलिया में आयोजित बैठक को संबोधित करते टीआर दीनकर।

Young Writer, सैयदराजा। जनपद के विधानसभा सैयदराजा के इमिलिया में कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने के लिए तथा खास तौर पर दलितों को पार्टी में जोड़ने के लिए बैठक का आयोजन किया गया और कांग्रेस द्वारा किये गये कार्याें के बारे में बताया। साथ ही यह अपील किया गया कि आगामी विधानसभा चुनाव 2022 में कांग्रेस पार्टी को भारी बहुमत से जिताएं में अपना सहयोग दें।
इस दौरान प्रदेश महासचिव टीआर दिनकर ने कहा कि आजादी के पहले व आजादी के बाद कांग्रेस ने ही देश की असली सेवा की है। कांग्रेस सरकारों ने देश के विकास में नित नए आयाम गढ़ने का काम किया। आज मोदी सरकार, जिन सरकारी सम्पत्तियों को बेचने का काम कर रही है, उसे कांग्रेस ने बनाने व संवारने का काम किया है। यह कांग्रेस के विकास का जीता-जागता उदाहरण है। कांग्रेस ने देश को आईआईएम, आईआईटी कालेजों के साथ ही एम्स जैसे संस्थान देश को समर्पित करने का काम किया है। ऐसे में एक बार फिर कांग्रेस को देश व प्रदेश की सत्ता सौंपकर विकास की गति को आगे बढ़ाना होगा। इस अवसर पर मदन मुरारी बिंद, सत्येन्द्र उपाध्याय, अरुण कुमार सिंह, धर्मेंद्र कुमार उपस्थित रहे।

Chandauli
overcast clouds
34.1 ° C
34.1 °
34.1 °
48 %
7kmh
100 %
Wed
34 °
Thu
36 °
Fri
35 °
Sat
37 °
Sun
35 °

You cannot copy content of this page

Verified by MonsterInsights