29.3 C
Chandauli
Saturday, August 1, 2026

Buy now

Home Blog Page 696

सभी वर्ग का सम्मान करती समाजवादी पार्टीः बाबूलाल यादव

चंदौली। समाजवादी छात्र सप्ताह समारोह का अंतिम दिन शनिवार मौन धारण कर समाजवादी छात्र सभा ने सत्याग्रह आंदोलन किया गया। इस कार्यक्रम प्रभारी सुनील यादव कार्यक्रम में उपस्थित रहे। जिलाध्यक्ष बाबूलाल यादव ने कहा कि समाजवादी छात्र सप्ताह के जरिए जन जागृति लाने का प्रयास किया गया है। इसके तहत गांवों में साइकिल यात्रा निकाली गयी। पढ़ने वाले बच्चों में पाठ्य सामग्री बांटी गयी। श्रमदान करके साफ-सफाई व लोगों तक मदद पहुंचायी गयी। इसके अलावा महाविद्यालयों में विद्यार्थियों को शिक्षित करने वाले प्रवक्ताओं व शिक्षकों का सम्मान भी सपा छात्र सभा की ओर से किया गया है। इन कार्यक्रमों के जरिए समाज के सभी वर्ग तक समाजवादी पार्टी की पहुंच बनाने का प्रयास किया गया है। कहा कि सपा व सपा मुखिया अखिलेश यादव सभी वर्ग का सम्मान करते हैं। समाजवादी छात्र सभा के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। इस मौके पर शिवदयाल सिंह, विकास प्रधान, अर्जुन अग्रहरि, कृष्णा सिंह, अजय यादव, रणजीत सिंह, मुख्तार अंसारी, संजय सोनकर, शत्रु यादव, कुलदीप यादव, बिहारी सिंह, टीशू पांडेय आदि लोग उपस्थित थे।

झमाझम बारिश से जलाजल हुआ जनपद चंदौली


कईयों के आशियानें जमींदोज, रास्तों पर भरा पानी
चंदौली। बारिश जनपद में आफत बनकर बरस रही है। कुछ दिनों पूर्व बारिश की बूंदें किसानों के लिए अमृत समान थी, वहीं अब बारिश की एक-एक बूंद लोगों के लिए आफत बन गयी है। शुक्रवार की पूरी रात हुई झमाझम बारिश से जनपद में आमजन जीवन अस्त-व्यस्त हो गया। कच्चे मकान, मड़ई आदि गिरने से कुछ को जान गंवानी पड़ी, वहीं कईयों को जख्मी होकर अस्पताल में भर्ती होना पड़ा।


कई गांवों में कच्चे मकान गिर जाने से गरीब परिवार इस बारिश में खुले आसमान के नीचे आ गए। एक रात की बारिश से रिहायशी इलाकों पर सबसे अधिक प्रभाव दिखा। कस्बाई इलाकों में जल निकासी तंत्र पूरी तरह ध्वस्त हो गया है नालियों व नाले का पानी गलियों व सड़कों पर फैल गया। निचले इलाके में घरों के अंदर नाबदान का पानी घुसने से लोगों के खाद्यान्न व घर रखा सामान व उपकरण खराब हो गए। चंदौली जिला मुख्यालय की बात करें तो यहां पुलिस अधीक्षक कार्यालय, चंदौली कोतवाली, जिला अस्पताल का ओपीडी गेट बारिश के पानी की चपेट में रहा। इसके अलावा कचहरी परिसर में भी जलजमाव की स्थिति दिखी। चंदौली के मुख्य चांदनी मार्केट सहित अधिकांश वार्डों में बारिश का पानी नालियों की बजाय सड़कों पर बहता हुआ नजर आया। ऐसे में लोग गंदे पानी से होकर आवागमन को विवश नजर आए। हालात ऐसे थे कि एक रात की बारिश से जल निकासी व साफ-सफाई के सभी दांवों को ध्वस्त करके रख दिया। हालात इतने खराब थे कि लोग पूरे दिन दुश्वारियों का दंश झेलते नजर आए। उधर, ग्रामीण इलाकों में भी कई गांवों को जोड़ने वाले सम्पर्क मार्ग पानी में डूब गए।

बरसात के बाद जमींदोज कच्चे मकान को देखता गरीब परिवार।

बहेरी में बरसात होने से दर्जनों कच्चा मकान ढहे
कमालपुर/शहाबगंज। कस्बा क्षेत्र के बहेरी गांव में दर्जन भर गरीबों के मकान बारिश में जमींदोज हो गए। इन गरीबों के लिए बरसात मुसीबत बनकर आयी। बहेरी गांव में श्याम नरायन, बाबू लाल, किशोर राम, मुन्ना राम, मुन्नीलाल राम, दामोदर यादव, मदन राम, हरिलाल सहित लगभग दो दर्जन लोगों का रिहायशी मकान गिर गया। अनाज, कपड़े और ईंधन सहित तमाम जरूरी सामान उसी में दबकर रह गया। जमुर्खा गांव में रामगति राम रामभरोस राम, श्यामलाल, हृदय राम, श्याम नरायम राम, बुद्धू राम आदि के मकान गिर गए। लोगों ने क्षेत्रीय लेखपाल को जानकारी दी। मौके पर पहुंचकर क्षेत्रीय लेखपालों ने ग्रामीणों को हुए मूल्यांकन किया। बताते हैं कि कुछ मकान शुक्रवार की रात तथा कुछ मकान शनिवार की सुबह में भारी बरसात होने से गिर गए। हालात इतने बदतर हो गये हैं कि कुछ घरों के भीतर भी पानी चला गया है, जिससे उनका भी पूरा परिवार सकते में आ गया। गिरे घरों में खाद्य सामग्री बर्तन तक उसी में दब गया। बहेरी ग्राम प्रधान रामकेर बिंद और अतुल सिंह व प्रधान जमुर्खा नरसिंह राम ने प्रत्येक परिवार के पास पहुंचकर सहायता दिया और सरकारी मदद करवाने की बात कही।


शहाबगंज। क्षेत्र के अमाव गांव के शिव मंगल चौहान, खरपत यादव, रामधनी गुप्ता, जगजीवन राम, मुशन यादव, अरारी गांव में जाकिर, रिंकू पासवान, मुनेश्रा देवी, बदामा चौहान, सुदर्शन, पूजा देवी, जिगना में बैजनाथ, राम सेवक, राजनाथ, हीरामन, हरेंद्र यादव, रामलाल, संदीप यादव, गुल्लू का कच्चा रिहायशी मकान गिर गया और मलबे में दबजिसमें गृहस्थी दबकर नष्ट हो गई। ग्राम प्रधान निरंजन चौरसिया,यदुनाथ चौहान व सावित्री देवी ने राजस्वकर्मियों के साथ जाकर नुकसान का आकलन किया।राजस्वकर्मियों ने रिपोर्ट तैयार कर तहसील प्रशासन को भेज दी जायेगी।

निदिलपुर में बारिश व तेज हवा के कारण रास्ते पर गिरा पेड़।

विशालकाय पेड़ गिरा, आवागमन बाधित
इलिया। क्षेत्र के हाटा गांव के समीप चकिया-इलिया मार्ग पर चिलबिल का बरसों पुराना विशालकाय पेड़ शनिवार की अपराहन धराशाई हो गया, जिससे मार्ग पर घंटों यातायात बाधित रहा। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने वन विभाग को सूचना देकर पेड़ कटवाकर रास्ते से हटवाया तब जाकर यातायात सुचारू रूप से शुरू हो सका। भारी बारिश तथा तेज हवा के झोंके के चलते हाटा गांव के समीप लबे रोड पर दोपहर डेढ़ बजे चिलबिल का विशालकाय पेड़ गिर गया। संयोग अच्छा रहा कि उस वक्त रास्ते से कोई गुजर नहीं रहा था जिससे किसी तरह की अनहोनी होने से बच गया।

अपनी योजनाओं से भाजपा ने किसानों को दिया सम्मानः अभिमन्यु

नौगढ़ में भाजपा सरकार की उपलब्धियों पर डाली रौशनी

नौगढ़। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री के जन्मदिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के तत्वावधान में क्षेत्र के गंगापुर गांव में किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें वक्ताओं ने भाजपा सरकार के 4 वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियों पर सविस्तार प्रकाश डाला। तत्वावधान में सरकार के 4 वर्ष का कार्यकाल पूरा होने विकास क्षेत्र के गंगापुर गांव में शनिवार को भाजपा ने किसानों के बीच गोष्ठी कर सरकार के साढ़े चार साल पूरे हो जाने की उपलब्धियों को गिनाया। 

भाजपा जिलाध्यक्ष अभिमन्यु सिंह ने चकिया के गांधी स्मारक स्थल व दुबेपुर के साथ ही नौगढ़ क्षेत्र के गंगापुर में गांधी जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में शरीक हुए और उन्होंने महात्मा गांधी तथा लाल बहादुर शास्त्री की जीवनी पर प्रकाश डाला। कहा कि इन दोनों महापुरूषों के दिखाए मार्ग पर चलकर ही देश व समाज का भला होगा। भाजपा सरकार इन दोनों नेताओं का अनुशरण कर रही है। किसानों की समस्याओं से रूबरू होकर के तत्काल मोबाइल पर जिलाधिकारी संजीव सिंह को अवगत कराया। सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष ने  बताया कि वैश्विक माहामारी मे प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत 1.5 करोड़ भारतवासियों को मुफ्त राशन का वितरण करके सरकार ने मिशाल कायम किया है। वैक्सीन का निःशुल्क टीकाकरण कराया जाना अनवरत जारी है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में 2.48 करोड़ किसानों को किसान सम्मान निधि का लाभ दिया जा रहा है। अपराधियों को सलाखों के पीछे रखा गया। नारी शक्ति को  सम्मान दिलाना प्राथमिकता में है।  प्रदेश के सभी राजस्व ग्रामों एवं मजरो तक बिजली की आपूर्ति प्रत्येक जिलों में मेडिकल कॉलेज की स्थापना  शिक्षा सुविधाओं का विकास के साथ ही इंडिया स्मार्ट सिटी अवॉर्ड 2020 में यूपी को प्रथम स्थान व स्वच्छ भारत मिशन के तहत 2.61 करोड़ शौचालयों का निर्माण कराकरके 10 करोड़ लोगों को लाभान्वित किया गया है। जनपद के सबसे पिछड़े हुए वनांचल क्षेत्र में समस्याओं का अंबार है। जिसके लिए आगामी दिनो मे स्थानीय स्तर पर विभागीय कैंप लगवाकर के वृद्धा पेंशन विधवा पेंशन विकलांग पेंशन किसान सम्मान निधि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास शौचालय पेयजल की समस्याओं का निदान कराया जाएगा। कार्यक्रम में किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष भाजपा किसान मोर्चा अभिषेक मिश्रा‚ जिलाध्यक्ष महिला मोर्चा सुषमा जायसवाल‚  जिला मंत्री महिला मोर्चा नीलम ओहरी‚ मंडल अध्यक्ष भगवानदास‚ कल्लू प्रसाद जायसवाल‚ डा. कुंदन कुमार‚ अनिल सिंह‚ धनंजय सिंह‚ रामजी केशरी मौजूद थे।

इटवा प्रधान को न्याय देने के संघर्ष के साथी बने सपा विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव

चहनियां। बलुआ थाना क्षेत्र के इटवा ग्राम प्रधान पर पुलिस द्वारा बदसूलकी के बाद आला अधिकारियों द्वारा चौकी इंचार्ज पर कोई कार्यवाही न होने पर प्रधान संघ के बैनर तले प्रधानों, ग्राम पंचायत बिकास अधिकारी,ग्राम पंचायत बिकास अधिकारी संघ ,तकनीकी सहायक संघ, रोजगार सेवक संघ, सफाई कर्मी संघ, मनरेगा संघ ने ब्लाक सभागार में धरना प्रदर्शन दूसरे दिन भी जारी रहा। दूसरे दिन विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव भी धरना प्रदर्शन में शामिल हुए। उन्होंने कैलावर पुलिस चौकी इंचार्ज के कृत्य व कार्य को गलत बताया। कहा कि जनप्रतिनिधि छोटा हो या बड़ा उसका सम्मान पुलिस-प्रशासन को करना चाहिए, क्योंकि वह जनता का प्रतिनिधि है और जनसेवा का कार्य करता है।
आरोप है कि इटवा प्रधान सिद्धार्थ मौर्या द्वारा सामुदायिक शौचालय के निर्माण को लेकर कुछ अराजकतत्वों से बिबाद हो गया। ग्राम प्रधान ने 29 अगस्त की रात में 112 नम्बर पर डायल कर पुलिस को सूचना दिया था । उल्टे चौकी इंचार्ज कैलावर शिवमणि त्रिपाठी पहुचकर गांव में प्रधान इटवा को जलील किया। थाने पर लाकर मारा पीटा व बदसूलकी किया । घटना के एक दिन पश्चात प्रधान संघ का एक दल जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक से मिलकर सारी वाक्य बताया था । एक माह बीत जाने के बाद भी चौकी इंचार्ज पर कोई कार्यवाही न होने पर 28 सितंबर को पुनः प्रधान संघ के बैनर तले खण्ड बिकास सभागार में प्रधान संघ, ग्राम पंचायत अधिकारी ,ग्राम पंचायत बिकास अधिकारी संघ,तकनीकी सहायक संघ, रोजगार सेवक संघ, सफाई कर्मी संघ, मनरेगा कार्यालय संघ ने बैठक कर तीन दिन के अंदर कार्यवाही न होने पर अनिश्चित कालीन धरना प्रदर्शन की चेतावनी दिया था। धरना में राजेश यादव, धर्मेंद्र यादव, गृजेश सिंह,राजनारायण सिंह यादव, पवन गिरी, नारद यादव, सतेंद्र कुमार सिंह,यशवंत कुशवाहा,प्यारे लाल पासवान, हवलदार यादव, धर्मेंद्र सिंह, शैलेष कुमार भास्कर, सावित्री चौहान, दीनानाथ यादव, दीनबंधु राजभर आदि उपस्थित थे। अध्यक्षता सुनील सिंह व संचालन राजनारायण यादव ने किया।

चंदौली के राजनेताओं ने महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री को दी श्रद्धांजलि

गांधी जयंती पर सफाई कर्मी को सम्मानित करते भाजपा जिलाध्यक्ष व अन्य।


चंदौली। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती राजनीतिक दलों ने श्रद्धापूर्वक धूमधाम से मनाई। इस दौरान सपा कार्यालय पर गोष्ठी आयोजित हुई, जिसमें सपा जिलाध्यक्ष सत्य नारायण राजभर व सकलडीहा विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव ने दोनों महानविभूतियों के योगदान को याद किया। कहा कि लाल बहादुर शास्त्री ने जय जवान, जय किसान का नारा दिया। वहीं गांधी जी ने अंहिसा को अपनाने की सीख दी। लेकिन वर्तमान सरकार हिंसा करने वाले का सम्मान कर रही है। सरकार की गलत नीतियों से न तो जवान सुखी है और ना ही किसान। अंत में उन्होंने सत्ता परिवर्तन के लिए बूथ व सेक्टर को मजबूत करने का आह्वान किया। इस अवसर पर लोहियावाहिनी राष्ट्रीय सचिव सुधाकर कुशवाहा, जिलाध्यक्ष सुजीत कन्नौजिया, बब्बन चौहान, चंद्रशेखर यादव, योगेंद्र यादव चकरू, सुदामा यादव, महेश जायसवाल, रमेश यादव, जितेंद्र यादव, बाबूलाल यादव, रामजन्म यादव आदि उपस्थित रहे।


उधर, चंद्रा त्रिपाठी कांग्रेस भवन पर महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री की जयंती धूमधाम से मनी। इस अवसर पर यूथ कांग्रेस अध्यक्ष माधवेंद्र मूर्ति ओझा ने महात्मा गांधी के विचारों को गोष्ठी की पटल पर रखा। कहा कि आज हम सभी को उनके विचारों को आत्मसात करते हुए जन-जन तक पहुंचाना होगा। बताया होगा कि बाबू ने हमेशा अपने पास लाठी रखी, लेकिन उसका उपयोग कभी नहीं किया। वहीं शास्त्री जी ने किसानों को देश की तरक्की करने वाला बताया। इस दौरान श्रीराम यादव, प्रदीप पाण्डेय, सत्येंद्र उपाध्याय, रामनगीना सिंह, ज्ञान प्रकाश, राजू पांडेय आदि उपस्थित रहे। संचालन शिवेंद्र मिश्रा ने किया।

सड़क के लिए सोमवार से सड़क पर आएंगे पांच गांव के लोग

जिला प्रशासन की चेतना जागृति के लिए सोमवार से देंगे धरना
चंदौली। अंततः वही हुआ जिसका पांच गांव के ग्रामीणों का डर था। एक दिन की बारिश में बरठा-पुरवां, जगदीशसराय, चकिया व मद्धूपुर गांव के ग्रामीणों के लिए खतरनाक रास्ता अचानक जानलेवा हो गया। मार्ग पर करीब दो फीट पानी जमा हो गया है, जिसे क्षतिग्रस्त रास्ते पर मौजूद गड्ढे अदृश्य हो गए हैं। ऐसे में सुबह अपने घर से कामकाज के लिए निकले दर्जन भर से अधिक लोग मुख्य मार्ग के 50 मीटर अनिर्मित हिस्से में सड़क पर गिरकर चोटिल हो गए। इससे खफा लोगों ने जिम्मेदार अफसरों व जिला प्रशासन को जमकर कोसा। आरोप लगाया कि जिले के अफसर सरकार के गड्ढामुक्त सड़क की मंशा को अपनी कार्य प्रणाली से पलीता लगा रहे है। उनकी चेतना जागृति के लिए पांचों गांव के ग्रामीण सोमवार से बिछियां धरनास्थल पर धरना-प्रदर्शन करेंगे।
इस दौरान ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से सीधा मांग किया कि प्रकरण का स्थलीय निरीक्षण कर जिले के अफसर यह तय करें कि सड़क वास्तव में अस्तित्व में है या नहीं। यदि सड़क कायम है तो उक्त 50 मीटर के सड़क का निर्माण आगामी चार दिनों के अंदर कर दे। यदि सड़क का अस्तित्व अफसरों की जांच में नहीं मिला तो उसे पूरी से उखाड़ दिया जाए। कहा कि पूर्व में किए गए जांच में एसडीएम सदर द्वारा जांच की गयी, जिसमें 20 मीटर चौड़ी सड़क होने की बात अपनी जांच रिपोर्ट में सीडीओ चंदौली को बतायी गयी थी। इसके बाद भी सड़क निर्माण करा पाने में जिला प्रशासन अब तक नाकाम हुआ है, जिससे पांच गांव के हजारों ग्रामीणों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शुक्रवार की रात ही बारिश के बाद बरठा-पुरवां को हाइवे से जोड़ने वाले सम्पर्क मार्ग के क्षतिग्रस्त हो चुके 50 मीटर हिस्से पर बारिश का पानी अत्यधिक मात्रा में जमा गया, जिससे बाइक सवार, साइकिल सवार व पैदल राहगीरों को आने-जाने में दिक्कतें हुई। यह देखकर इन गांवों के ग्रामीणों ने अपना गुस्सा जाहिर किया। कहा कि जिला प्रशासन की लापरवाही ग्रामीणों को पिछले 10 वर्षों से परेशानी उठानी पड़ रही है। कहा कि गांधी जयंती होने के कारण स्कूल-कालेज बंद थे, अन्यथा स्कूली वाहन के दुर्घटनाग्रस्त की आशंका से इन्कार नहीं किया जा सकता था। बावजूद इसके जिला प्रशासन की चेतना जागृत नहीं हो रही है। ऐसे में ग्रामीण सोमवार से जिला प्रशासन की चेतना जागृति के धरना-प्रदर्शन व आंदोलन करेंगे।

बारिश बनी आफत एक की मौत‚ एक घायल‚ मवेशियों की भी हुई मौत

चंदौली। कोतवाली क्षेत्र के ग्रामसभा स़इचना निवासी विनोद कुमार 18 वर्ष के ऊपर मिट्टी का दीवार गिर गई। दीवार के मलबे में दब जाने के चलते वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में इलाज हेतु जिला चिकित्सालय भर्ती कराया गया‚ जबकि घर के अंदर बधे दो पशु भी दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। जिसमें एक पशु की मौके पर मौत हो गई। बताया जाता है कि 3 दिनों से हो रही लगातार बारिश के चलते रात्रि में परिवारिक जान घर के अंदर सो रहे थे‚ तभी अचानक मिट्टी की दीवार भरभरा कर गिर गई और उसके विनोद कुमार उसमें अंदर दब गए। घटना के बाद परिवार के लोग शोरगुल मचाने पर आसपास के लोग मौके पर जमा हुए और राहत एवं बचाव में जुट गए। ग्रामीणों ने मलबे में दबे विनोद कुमार को बाहर निकाला और उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गए। साथ ही पशुओं को बाहर निकाला गया। लेकिन एक पशु की मौत हो गयी।

दूसरी ओर जनपद के बलुआ थाना क्षेत्र के देवाईतपुर में मड़ई की दीवार गिरने से 48 वर्सीय रामदिहल यादव की इलाज के लिए ले जा रहे रास्ते मे मौत हो गयी। वे अपने घर से रात में भोजन करके मवेशी बांधे मड़ई में सोने चले गये। देर रात लगातार बारिश से मिट्टी का वोटा व दीवाल गिरने से बुरी तरह से दब गये। परिजनों में हाहाकार मच गया। देवाईतपुर गांव के रहने वाले रामदिहल यादव किसान है । प्रतिदिन की भांति रात में खाना खा कर मड़ई पर बंधे गाय व भैस को देखने के लिए वही सोने चले जाते थे। शनिवार की देर रात को लगातार बारिश से मड़ई के अगल बगल मिट्टी की दीवार व वोटा गिरने से रामदिहल मलबे में दब गये । आसपास के लोगों ने मलबा हटाकर घर लाए‚ जहाँ वे अपने को ठीक बताया। किन्तु कुछ देर बाद हालत बिगड़ने पर ग्रामीण उन्हें चहनियां स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जा रहे थे जहाँ रास्ते मे उनकी मौत हो गयी । उनके मौत से परिजनों में हाहाकार मच गया। पत्नी प्यारी देवी, पुत्र अजय, पुत्रियां अंजना,साधना,बंदना व कंचन का रोकर बुरा हाल था।

रक्तदान करके तोड़े समाज में फैली भ्रांतियां‚ दूर करें रक्त की कमी

ब्लड बैंक चंदौली में रक्तदान करते जन सहयोग संस्थान के लोग।


चंदौली। विश्व रक्तदान दिवस के उपलक्ष्य में शुक्रवार को जन सहयोग संस्थान द्वारा ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान संस्थान द्वारा कुल नौ यूनिट ब्लड डोनेट किया गया, जिसमें संस्था के अध्यक्ष अजीत कुमार सोनी, कोषाध्यक्ष हिमांशु वर्मा, सदस्य किरन देवी, प्रेम कुमार मौर्य, विक्रांत स्वामी, यशपाल कुमार शर्मा, चन्द्रकेश कुमार जायसवाल, अमित कुमार गुप्ता, विष्णु शर्मा ने अपना रक्तदान किया।
इस दौरान डीएम संजीव सिंह व सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ब्लक बैंक पहुंचे और उन्हें रक्तदान कर रहे संस्थान के लोगों के प्रयासों को सराहा। कहा कि संस्थान का यह प्रयास सराहनीय है इससे समाज में रक्तदान को लेकर लोगों के अंदर जगह बना चुकी भ्रांतियां दूर होगी और लोग रक्तदान के लिए प्रेरित होकर आगे आएंगे, जिससे रक्त को लेकर व्याप्त कमी को काफी हद तक दूर किया जा सकता है। जन सहयोग संस्था के अध्यक्ष अजीत कुमार सोनी ने कहा कि रक्तदान के साथ-साथ संस्था शिक्षा के क्षेत्र में पूरी शिद्दत के साथ काम कर रहा है। हमारा प्रयास है कि अभावग्रस्त लोगों तक सहयोग पहुंचाया जा सके, जिससे उनकी मुश्किलों को कम किया जा सके। इस दौरान सीएमओ डा. वीपी द्विवेदी, कार्यवाहक सीएमएस अधिकारी डा. उर्मिला सिंह ने रक्तदान करने वालें स्वयंसेवियों को अंगवस्त्रम व शील्ड देकर सम्मानित किया गया।
इनसेट—
डीएम-विधायक ने अस्पताल की व्यवस्थाओं को देखा
चंदौली। जिलाधिकारी संजीव सिंह व सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने शुक्रवार को त्रिपाठी जिला अस्पताल में निर्माणाधीन आक्सीजन प्लांट का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में निर्देश दिया कि तय मानक में निर्माण कार्य पूर्ण किया जाय। इसके अलावा जिलाधिकारी ने जिला अस्पताल में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओ की उपलब्धता सुनिश्चित रहे, जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। मरीजों को केंद्र व प्रदेश सरकार की सुविधाएं प्रतिदिन मुहैया आसानी से होते रहे। जिलाधिकारी ने ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों को निर्देशित किया। साथ ही दवा स्टोर कक्ष में उपलब्ध दवाओं की जानकारी ली। निर्देशित करते हुए कहा कि जो दवाइयों की उपलब्धता कम होने लगे उसकी समय से डिमांड कर दिया जाए ताकि समय से दवाओं की उपलब्धता निरंतर सुनिश्चित रहे। चिकित्सकों को निर्देशित किया कि मरीजों को बाहरी दवा क़त्तई न लिखा जाय। इसके अलावा जिलाधिकारी ने एक्सरे मशीन को देखा। साथ ही मुख्य चिकित्साधिकारी को नई मशीन की डिमाण्ड करने के निर्देश दिए।

अपना राजनीतिक वजूद खुद तय करें पिछड़ी जातियां: बाबूसिंह कुशवाहा

चकिया में भाजपा व जातीय आधारित नेताओं पर साधा निशाना

चंदौली। जन अधिकार पार्टी प्रमुख बाबूसिंह कुशवाहा शुक्रवार को भरी बरसात में भाजपा सरकार पर जमकर बसरे। उन्होंने वोट के लिए पिछड़ी व दलित जातियों को तोड़ने वाले नेताओं को बरसाती मेंढक करार दिया। कहा कि ये लोग भले ही आपकी जाति के हैं‚ लेकिन काम भाजपा के नेताओं का करते हैं। इनका उद्देश्य पिछड़ों‚ दलितों व असहायों का कल्याण करना नहीं‚ बल्कि ये उन लोगों के लिए कार्यरत हैं जो पिछड़ों व दलितों का शोषण कर रहे हैं। जो समस्याएं सदियों से कायम है उसके निवारण के लिए सभी पिछड़ी जातियों को एक मंच पर आना होगा। अपने समाज का नेता आपको चुनना होगा। समाज को तोड़ने व अशांति फैलाने वाले संगठनों द्वारा चुने गए नेताओं को अपना नेता स्वीकार ना करें। अपना नेता खुद बनाएं‚ ताकि वह आपके हित की बात सोचे और उस दिशा में काम करे। श्री कुशवाहा शुक्रवार को चकिया नगर में आयोजित सभा को संबोधित कर रहे थे।

चकिया में आयोजित जनसभा में जन अधिकार पार्टी प्रमुख बाबू सिंह कुशवाहा का स्वागत एवं सम्मान करते पार्टी के लोग।

उन्होंने कहा कि जितनी जिसकी संख्या भारी‚ उतनी उसकी हिस्सेदारी। यही स्लोगन व नारे के साथ जन अधिकार पार्टी चुनाव लड़ेगी और इसे मुकम्मल करेगी‚ ताकि समाज में कायम असमानता को दूर किया जा सके। कहा कि पिछड़ों के आरक्षण‚ अधिकार पर खुलेआम डांका डाला जा रहा है और तमाम पिछड़ी जातियों के नेता होने का दावा करने वाले राजनीतिक व्यक्ति मौन साधे हुए हैं। कहा कि विधानसभा चुनाव आ गया है अब आपकी पूछ बढ़ेगी‚ नेता आपके दरवाजे पर आएंगे। आपके हमदर्द व हितैषी होने का दावा व दिखावा करेंगे। लेकिन आप सभी को ऐसे लोगों से सतर्क रहने की जरूरत है। कहा कि आपकी यह पूछ इसलिए की जा रही‚ क्योंकि आप समाज को तोड़ने में उनकी मदद करने वाले है। अब आपको तय करना है कि आप समाज को तोड़ने वाले की भूमिका में है या समाज को संगठित करके एक मंच पर लाने वाला व्यक्तित्व बनना चाहते हैं। उन्होंने बसपा पर तंज कसा। कहा कि बसपा की नजर में दलितों व पिछड़ों का कोई मोल नहीं है। उनकी नजर में दलित व पिछड़ों का शोषण करने वाले ही महत्वपूर्ण है। देश के गरीब‚ दलित व पिछड़े अपना व अपने बच्चों का हक व हिस्सा चाहते हैं तो उन्हें अपना नेता खुद चुनना होगा। इसलिए सभी को संगठित होने की जरूरत है। समाज को खंडित करने वालों के षड्यंत्र से बचे और अपना खुद का परचम राजनीतिक के क्षेत्र में बुलंद करें। क्योंकि इस समाधान के लिए राजनीतिक के अतिरिक्त कोई दूसरा विकल्प नहीं है। यदि वजह है कि मैं और आप सभी इस बारिश में जन अधिकार पार्टी के राजनीतिक पंडाल के नीचे जमा है। कहीं न कहीं मैं और आप सभी सरकार के कामकाज‚ सामाजिक सुरक्षा में आयी कमी और अपने बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित व परेशान हैं। यदि समाधान चाहिए तो जातीय आधारित नेताओं व पार्टियों को दरकिनार कर अपनी शक्ति को समेटनी होगी।

बाबू सिंह कुशवाहा के अभिभाषण को सुनने के लिए चकिया में उमड़ी भारी भीड़।

युवती ने गंगा में लगाई छलांग जाने कैसे बची जान


चंदौली। अज्ञात स्कूटी सवार युवती ने शुक्रवार की शाम गंगा नदी पर बने पक्के पुल से छलांग लगा दी। देखेते ही देखते युवती गहरे पानी मे डूबने लगी। स्थानीय गंगा सेवा समिति के गंगा सेवको ने युवती को डूबते देखा तो नाव के सहारे युवती के समीप पहुंच गए और युवती को डूबने से बचा लिया। दरअसल, मामला बलुआ थाना के समीप गंगा नदी पर बने पक्के पुल पर एक अज्ञात युवती (18 वर्ष जो कि नीला जीन्स व शर्ट पहनी हुई थी) स्कूटी (UP 67 Y 2270) से आई और स्कूटी खड़ा कर बिना देर किए गंगा में छलांक लगा दी। देखते ही देखते युवती गहरे पानी मे डूबने लगी। गंगा सेवा समिति के गंगा सेवको ने युवती को छलांग लगाते हुए देखा तो नाव से युवती की तरफ पहुंचकर किसी तरह जान बचाई। वही देखते ही देखते भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। खबर लिखे जाने तक युवती की पहचान नही हो पाई है। लोग गंगा सेवको की इस सराहनीय कार्य की प्रसंसा कर रहे थे। गंगा सेवा समिति के अध्यक्ष दीपक जायसवाल ने बताया कि युवती की सांस चल रही थी। गंगा सेवको ने पुलिस को सूचित किया और युवती को पुलिस को सुपुर्द कर दिया है। पुलिस युवती को लेकर मेडिकल के लिए चली गई है। अजय साहनी, आशु साहनी, राजेश साहनी, राजेंद्र सोनकर ने युवती की जान बचाई।

Chandauli
light rain
29.3 ° C
29.3 °
29.3 °
74 %
2.1kmh
100 %
Sat
36 °
Sun
36 °
Mon
28 °
Tue
34 °
Wed
31 °

You cannot copy content of this page

Verified by MonsterInsights