39.7 C
Chandauli
Monday, June 22, 2026

Buy now

Home Blog Page 95

पूर्व सांसद फूलन देवी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने पर निषाद पार्टी के कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन,आरोपी के खिलाफ कार्यवाई की मांग


चंदौली। निषाद पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को जिला मुख्यालय पर जुलूस निकालकर विरोध प्रदेशन किया। इसके बाद कलेक्ट्रेट पहुंचकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। आरोप लगाया कि डा. आशीष द्विवेदी के द्वारा सोशल मीडिया पर पूर्व सांसद फूलन देवी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी किया गया। लेकिन मामला संज्ञान में आने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। ऐसे में निषाद समाज के लोग ऐसे व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हैं। साथ ही लोगों ने निषाद समाज के लोगों को अनुसूचित जाति का प्रमाण पत्र जारी करने की मांग को दोहराया।
इस दौरान जिलाध्यक्ष अरविंद बिन्द ने कहा कि जालौन जिले के डा. आशीष द्विवेदी के द्वारा निषाद समाज की पूर्व सांसद फूलन देवी के खिलाफ सोशल मीडिया पर अमर्यादित शब्दों का प्रयोग किया गया। लेकिन पुलिस प्रशासन के लोगों ने मामले का संज्ञान नहीं लिया। कहा कि निषाद समाज की तमाम उप जातियों को अनुसूचित जाति में शामिल करने की मांग काफी समय से चल रहा हैं। लेकिन प्रदेश सरकार ने अभी तक अधिसूचना जारी नहीं किया हैं। जबकि निषाद समाज के लोगों में इसको लेकर काफी नाराजगी झलक रही हैं। चेताया कि लोकसभा चुनाव के दौरान निषाद समाज के लोगों भाजपा को करारा झटका दिया था। अगर आगामी विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश सरकार ने अधिसूचना जारी नहीं किया तो परिणाम भी नाकारात्मक होगा। क्योंकि मान सम्मान से बढ़कर निषाद समाज के लोगों के लिए कुछ भी नहीं हैं। कहा कि निषाद समाज के लोग फिरहाल ज्ञापन देकर अपनी मांगों को रख रहे हैं। आगे रणनीति बनाकर कार्यक्रम निर्धारित किया जाएगा। इस दौरान महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष शिव कुमारी निषाद, सुरेश निषाद, चंद्रकला निषाद, चंद्रमणि पांडेय, विजय निषाद, मेघनाथ निषाद, रेखा देवी, काशी साहनी आदि मौजूद रहे।

Chandauli:दोष सिद्ध होने पर कोर्ट ने आरोपी को सुनाई 9 माह की कठोर कारावास,अर्थदंड से भी किया दंडित


चंदौली। जनपद एवं सत्र न्यायाधीश रविंद्र सिंह ने कोर्ट में सुनवाई के दौरान दोष सिद्ध होने पर आरोप को 9 माह का कठोर कारावास की सजा सुनाई। वहीं तीन हजार रुपया अर्थदंड से दंडित किया। अर्थदंड जमा न करने पर एक माह की अतिरिक्त सजा भुगतनी होगी। सकलडीहा थाने के कम्हारी निवासी त्रिभुवन कुमार के खिलाफ 11 जुलाई 2011 को धारा- 8/20 एनडीपीएस एक्ट के सम्बन्ध में अलीनगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में मानिटरिंग सेल एवं डीजीसी शशि शंकर सिंह की प्रभावी पैरवी और साक्षियों के साक्ष्य के फलस्वरूप जिला जज ने आरोपी के खिलाफ सजा सुनाई।

पानी बहुत नीचे चला गया है : डा. उमेश प्रसाद सिंह


Young Writer, साहित्य पटल। ललित निबंधकार Dr. Umesh Prasad Singh
पानी नीचे चला गया है। नीचे, बहुत नीचे चला गया है। इतना नीचे कि हमारी पकड़ में नहीं है। वह हमारी पहुँच में नहीं है। वह सिकुड़कर, सिमटकर नीचे ही भागता जा रहा है।
सतह पर पानी कहीं नहीं है। जो कुछ है बिना पानी का है जो कुछ है बेपानी है। पानी न चेहरे पर है। न आँख में है। न जबान पर है। सब कुछ रूखा-रूखा। सब कुछ सूखा-सूखा। हमारी जमीन की सतह से, हमारे चेहरे से, हमारी आँख से, हमारी वाणी से पानी क्यों भागता जा रहा है। सबको छोड़कर पानी क्यों पाताल पैठता जा रहा है?

सवाल है, मगर किसके लिए? किससे पूछना है, पानी से? पानी पीने वालों से? पानी बहाने वालों से? पानी की पत उतारने वालों से? पानी से केलि क्रीड़ा करने वालों से? पानी बेचने वालों से? पानी से प्यार करने वालों से? किससे पूछे? नहीं, नहीं, यह तो तय कर पाना बड़ा मुश्किल है। हमारे समय में कुछ भी तय कर पाना बड़ा मुश्किल है। बेहद कठिन है। एक प्रश्न को जरा-सा छू दीजिए। फिर प्रश्न से इतने फूट पड़ते हैं कि मूल प्रश्न ही पता नहीं धकियाती भीड़ में कहाँ खो जाता है। प्रश्नों का ऐसा बेकाबू रेला उमड़ पड़ता है कि प्रश्न के साथ-साथ पूछने वाले के वजूद का भी कहीं अता-पता नहीं रह जाता। अरे बाप रे! कितना खतरनाक है। कितना खतरनाक है,- एक सवाल के लिए जान जोखिम में डालना। एक सवाल और है। सवाल यह भी है कि क्या जोखिम में जान को न डालकर भी हमारे समय में जान को जोखिम से बचाए रखना संभव है। शायद….। शायद नहीं। फिर क्या फर्क पड़ता है। देखिए न आँख उठाकर अपने समय में चारों तरफ जिनके भी कंधे पर सिर बने हुए है या कि बचे हुए हैं, सबके सब ओखली में पड़े हुए हैं। अब मूसलों की गिनती कौन करे। जिनके सिर ओखली में नहीं हैं, उनके सिर पर मूसल नहीं गिरेंगे, यह विश्वास बनाए रखना भी आसान नहीं है। हमारी व्यवस्था में आदमी की भूमिका आदमी जैसी बची ही कितनी है। हमारे समय का हर निरपराधआदमी मनुष्यता विरोधी अघोषित महायुद्ध का आखेट बन कर रह गया है। यह ऐसा युद्ध है, जिसमें जो लड़ेंगे वे तो मारे जाएंगे ही! मगर जो नहीं भी लड़ेंगे वे नहीं मारे जाएंगे, इसकी तनिक भी गुनायश कहीं नहीं दिखती। खैर!

जाने दीजिए। फिर कभी। अभी दूसरी बात करनी है। अभी तो पानी के बारे में….।
हमारी विरासत में जल केवल जल नहीं है। कभी नहीं रहा है। हमारे लिए जल जीवन का संपोषक है। जीवन को जुड़ाने वाली, जुगाने वाली हर चीज जल का समानार्थी है। जल जीवन को सजल बनाता है। जीवन को सबल बनाता है। जीवन को सफल बनाता है। जीवन को सार्थक बनाता है। जल से ही जीवन धारण करने योग्य बनता है। जल जीवन का आधार है। जब जीवन का आधार ही नीचे चला जाएगा। अपनी पहुँच से बाहर हो जाएगा तो भला जीवन को संभालना कितना मुश्किल हो जाएगा। हमारे लिए जल का संकट जीवन का संकट है।
जो लोग पानी के संकट के सामने भी पानी-पानी हो जाना नहीं जानते उनकी बात कौन करे। जो पानी को पानी के भाव बहा देने में तनिक भी संकोच नहीं करते, उनका कलेजा तो पत्थर का ही होता होगा। पानी के चुक जाने पर भी जिनके मन में ग्लानि नहीं जागती वे मनुष्यजाति के लिए कलंक कहे जाने योग्य ही हो सकते हैं। ऐसे मानुष का भला मनुष्यता से क्या नाता हो सकता है। समय चाहे जितना भी बेपानी हो जाय, मनुष्य जीवन में क्षुद्रता की चाहे जितनी भी व्याप्ति हो जाय मगर फिर भी पानी की चिंता तो पानीदार बनी ही रहेगी।

हमारी विरासत में पानी के संचय के लिए बड़ी पवित्र प्रवृत्ति का जीवन में प्रभूत प्रसार उपलब्ध मिलता है। हमारी जीवन व्यवस्था में सरोवरों, तालाबों, बावड़ियों, तड़ागों और कूपों का निर्माण धर्मकार्य के उत्तम उदाहरण के रूप में अभिनन्दित होता रहा है। नदियों की पूजा की परम्परा का उत्स तो मानवीय सम्भ्यता के उद्गम के साथ-साथ ही जुड़ा है। जल का उपयोग झुककर विनीत भाव से कृतज्ञतापूर्ण आह्लाद के साथ करने की रीति हमारी जीवन परम्परा में आदरपूर्ण प्रतिष्ठा की अधिकारिणी रही है। कुँए से हम हमेशा झुककर जल निकालने के अभ्यासी रहे हैं। नदी में, सरोवर मे झुककर जल का आचमन करने का हमारा अभ्यास स्वभाव की तरह सहज हमारे जीवन व्यवहार में समाहित रहा है। जीवन का आधारभूत हर पदार्थ हमारे लिए पूजा का आश्रय रहा है। पानी हमारे लिए केवल पदार्थ कभी नहीं रहा है। वह तो वरुण के रूप में देवता की पदवी प्राप्त रहा है, हमारे सामूहिक सामाजिक जीवन में। जीवन को धारण करने के लिए सहायक और उपयोगी हर चीज हमारे लिए जीवन के बराबर ही महत्तम है। जीवन के समान ही पूज्य है। ऐसा विश्वास हमारे संस्कार में निहित रहा है।

मगर अब….? मगर आज….? नहीं ऐसा कुछ भी नहीं है। जो हमारी अन्तःप्रज्ञा का आलोक था, उसे हमने आज अबौद्धिक अन्धता कहकर त्याग दिया है। सबका हमने परित्याग कर दिया है। आधुनिक कहे जाने की आकुलता में, अतुरता में, ललक में हमने सारे पदार्थों के साथ सारे सम्बन्धों का परित्याग कर दिया है। हमारा सम्बन्धों का परित्याग पदार्थों तक ही सीमित नहीं रहा। आज हमारी सभ्यता मनुष्य और मुनष्य के बीच भी सम्बन्ध हीनता के भयावह सन्नाटे के सम्मुख सिर लटकाये खड़ी है। हम पानी के उपयोग के लिए पानी के प्रति आभार प्रदर्शन के बिल्कुल विमुख हैं। हम पानी के लिए धरती की छाती छेदकर भी लज्जित नहीं है। आज हम जीवन के लिए सारी उपयोगी चीजों का उपभोग करने के अभिमान में डूबे हुए हैं। स्वामित्व की उद्दाम लालसा के अथाह विस्तार में डूब मरने को दौड़ रहे हैं। आज हमारे पास जो कुछ भी है सबको पददलित करके रौंद रहे हैं। रौंद कर अपने अधिकार सुख के बेकाबू नशे में निढाल हो रहे हैं।

यह सब क्या है? स्वामित्व का अभिमान। श्रेष्ठता का दम्भ। शक्तिवान होने का दर्प। अपने को बड़ा साबित करने के सारे हथकण्डे आदमी को अन्ततः आदमी न बने रहने के गर्त में गिरा रहा है। आदमी निरन्तर असहाय, शक्तिहीन, अकेला और अवश बनता जा रहा है। प्रकृति की असीम शक्ति के सम्मुख आदमी की बिसात ही क्या है।
प्रकृति आदमी के अतिचार से अत्याचार से अमानवीयता से विक्षुब्ध है। पानी सतह को छोड़कर बहुत नीचे जा रहा है। पानी के साथ बहुत कुछ जो जीवन के लिए बहुत जरूरीर है, बहुत नीचे जा रहा है। बहुत कुछ सतह को छोड़कर बहुत गहरे घने आवरण में छिप रहा है। हमारे समय की बड़ी ही बेधक विडम्बना है कि हमारे जीवन के सारे साधन सतह से विलुप्त हैं। वे गहन आवरण की अभेद्य गहराई में जा छिपे हैं। कुछ भी पाने के लिए आदमी का बहुत नीचे गिरना उसकी मजबूरी बन गई है। छोटी-छोटी चीजों को भी पाने के लिए नीचे गिरने की नियति आदमी को कितना बौना बना रही है। कितना तुच्छ और अपदार्थ बना रही है। केवल जीने भर की सुविधा जुटाने के लिए हमारे समय में मनुष्य के निरन्तर नीचे गिरते जाने की नियति कितनी दारुण है। हमने प्रेम में, प्रार्थना में झुकने से विद्रोह करके स्वार्थपूति में नीचे गिरने की लाचार दयनीयता का वरण किया है। हमारी सम्पन्नता में कैसी विपन्नता अन्तर्निहित है, इसका सही आकलन अभी संभव नहीं है। इसके लिए अभी इंतजार अपेक्षित है।

पानी का नीचे चले जाना आदमी के सामूहिक जीवन स्तर के नीचे गिरने का सूचक है। यह हमारी सभ्यता के लिए जिसे हम अंगीकार करके जी रहे हैं, संकट का संकेत है। यह समय की चेतावनी है। काल हमें चेता रहा है। वह कह रहा है,- पानी को नीचे मत गिरने दो। उसे पकड़ो। उसे अपनी पहुँच में रखो। उसे जुगाओ। जुगाकर अपनी आँख में भर लो। आदमी की जिन्दगी की शोभा आँख में पानी से ही होती है। आदमी के चारों ओर जो विद्वेष की, वैमनस्य की, विभेद की, विषाद की आग लहक रही है, उसे समेट कर अपने सीने में रख लो। आदमी के लिए आँख में पानी और सीने में आग का होना बहुत जरूरी होता है। इनके होने से ही मनुष्य जीवन में सौभाग्य फलित होता है।

Dr. Umesh Prasad Singh
Lalit Nibandhkar (ललित निबंधकार)
Village and Post – Khakhara,
District – Chandauli, Pin code-232118
Mobile No. 9305850728

Chandauli:सह जनसेवा केंद्र पर आधार कार्ड से पैसा निकालने आए लोगों को कस्बे के युवकों ने पीटा,पांच को पुलिस ने भेजा जेल

इलिया। स्थानीय कस्बा में आवश्यक कार्य के लिए डेहरी कला गांव से आए तीन युवकों को कस्बा के ही दो युवकों ने मारपीट कर घायल कर दिया। इस मामले में दोनों पक्ष की ओर से पड़े तहरीर के आधार पर पुलिस ने कुल पांच लोगों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।
डेहरी कलां गांव के विजय चौहान 43 वर्ष, दूधनाथ 48 वर्ष, मुसई चौहान 42 वर्ष इलिया कस्बा में सहजन सेवा केंद्र पर आधार कार्ड से पैसा निकालने आए थे। वापस घर लौटते वक्त कस्बा निवासी प्रवीण कुमार सिंह तथा मोनू दास ने उनकी बाइक रोककर गाली गलौज देना शुरू किया। विरोध करने पर दोनों युवकों ने विजय, दूधनाथ तथा मुसई को मारपीट कर घायल कर दिया। जिससे उनका सिर फट गया। इस मामले में पुलिस ने एक पक्ष के प्रवीण कुमार सिंह तथा मोनू दास के विरुद्ध धारा 115/352/351 बीएनएस 504, 506 के तहत मुकदमा पंजीकृत किया है। वही दूसरी ओर से मिले तहरीर के आधार पर धारा 151 के तहत कार्रवाई की गई है। थानाध्यक्ष प्रियंका सिंह ने बताया कि मारपीट के मामले में एक पक्ष के दो युवक तथा दूसरे पक्ष के तीन लोगों को विधिक कार्रवाई कर जेल भेज दिया गया है।

Chandauli:कीटनाशक दवा खाने से युवक की बिगडी हालत,पीड़ित ने अपने ही पत्नी पर लगाए गंभीर आरोप


इलिया। थाना क्षेत्र के एक गांव के धीरज कुमार 22 वर्ष की कीटनाशक दवा खाने से हालत बिगड़ने लगी जिस पर परिवार के लोगों ने उसे चकिया स्थित जिला संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया। जहां उसका इलाज चल रहा है। वही पीड़ित ने अपनी पत्नी पर जहर देकर मारने का आरोप लगाया गया है।
धीरज पिछले वर्ष से गुजरात की किसी फैक्ट्री में रहकर काम करता है। घर वालों को बिना सूचना दिए होली के पर्व पर शुक्रवार की सुबह वह घर आ गया। आरोप लगाया कि घर आने पर पत्नी दूसरे के साथ आपत्तिजनक स्थिति में थी। जिससे उसी समय वह बेहोश होकर गिर गया था। होश आने पर पुलिस को सूचना दिया गया। पति-पत्नी तथा परिवार में दिनभर आरोप प्रत्यारोप का दौर चलने के बाद दूसरे दिन धीरज के विषाक्त पदार्थ खाने से हालत बिगड़ने पर चकिया से जिला संयुक्त चिकित्सालय में पहुंचा कर इलाज कराया जा रहा है। इलाज के दौरान धीरज ने बताया कि उसकी पत्नी ने ही उसे जहर खिला दिया था। हालांकि वह बाकी जानकारी देने से बचने का प्रयास करता रहा। थानाध्यक्ष प्रियंका सिंह बताया कि शुरुआती घटनाक्रम की जानकारी होने तथा युवक द्वारा विषाक्त पदार्थ खाने की जानकारी होने पर मौके पर पुलिस टीम गई थी। जिला संयुक्त चिकित्सालय में इलाज चल रहा है और इस समय उसका हालत सामान्य है। बताया कि आरोपी युवक का चचेरा भाई है और उम्र में उससे दो साल बडा है। जिसे पकड़कर थाना लाने के बाद पूछताछ की जा रही है। अभी तक किसी की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है।

Chandauli:कानून का उल्लंघन करने वाले जाएंगे सलाखों के पीछे:कोतवाल राजेश सिंह

चंदौली। सदर कोतवाली अंतर्गत एक गांव निवासी 9 वर्षीय बालिका के साथ दुष्कर्म के आरोपी को कोतवाली पुलिस ने 24 घंटे अंदर गोली मारकर लंगड़ा कर दिया। पुलिस की इस कार्यवाई से खुश होकर आजाद पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कोतवाली पहुचकर सदर कोतवाल राजेश कुमार सिंह का माला पहनाकर व मिठाई खिलाकर स्वागत किया।
इस दौरान कोतवाल राजेश सिंह ने कहा कि किसी भी पीड़ित को न्याय दिलाना पुलिस का पहला कर्तब्य है। कानून व्यवस्था का उल्लंघन करने वालों के साथ पुलिस शख्ती से निपटेगी। क्षेत्र में अपराधियों को अपराध करने की छूट नहीं दी जा सकती। ऐसे लोगों को पुलिस लंगड़ा कर जेल की सलाखों में भेजने का काम करेंगी। क्षेत्र में अपराध करने वाले अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जायेगा। पुलिस आमजन की सुरक्षा के लिए 24 घंटे तात्पर्य है। और उनको सुरक्षित रखना पुलिस का कर्तब्य है। इस दौरान सभी पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Chandauli:पीड़िता के परिवार से मिला कांग्रेसियों का प्रतिनिधि मंडल,बोले जिलाध्यक्ष परिजनों को न्याय के लिए सड़क पर उतरना दुर्भाग्यपूर्ण

चंदौली। सदर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में होली के दिन 9 वर्षीय दलित बेटी के साथ दुष्कर्म के मामले में रविवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र तिवारी के नेतृत्व में कांग्रेसियों का एक प्रतिनिधिमंडल पीड़िता के परिवार से मिला और उनको ढाढस बधाने के साथ हर सम्भव मदद का आश्वासन दिया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि जनपद में कानून व्यवस्था चौपट होती जा रही है। 9 वर्षीय बच्ची के साथ हुए बलात्कार की सूचना देने पर प्रशासन ने गंभीरता नही दिखाई। जिसके लिए पीड़िता के परिजनों को न्याय के लिए सड़क पर उतरना पड़ा।
जो दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित बच्ची का समुचित इलाज की व्यवस्था एवं पीड़िता और उसके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ ही पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग किया। कहा कि भाजपा सरकार में अपराधियों, दबंग किस्म के लोगों का हौसला बुलंद है। प्रदेश में हत्या और बलात्कार लूट जैसी घटनाएं आम हो गई है। जिससे लोगो का पुलिस से भरोसा उठ रहा है। इस दौरान राजेंद्र गौतम, रामपति राम, सजीवन राम, बृजेश कुमार मौजूद रहे।

Chandauli:सुबह किया दुष्कर्म रात में आरोपी को पुलिस ने दौड़ाकर मारी गोली,एसपी के इस सख़्त कदम की हो रही सराहना


चंदौली। सदर कोतवाली अंतर्गत एक गांव निवासी 9 वर्षीय बालिका के साथ दुष्कर्म के आरोपी हिस्ट्रीशीटर को पुलिस ने भागने के दौरान दौड़ाकर पैर में गोली मारी दी। और गिरफ्तार कर लिया। एसपी आदित्य लांघे के इस सख़्त कदम की सराहना हो रही है और इसे अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है।

दरअसल दुष्कर्म का आरोपी हिस्ट्रीशीटर सुभाष सोनकर बिसौरी अपने घर से सामान लेकर कहीं भागने की फिराक में तभी पुलिस को उसकी सूचना मिली। पुलिस ने उसे नवही के पास घेर लिया। खुद को घिरता देख उसने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया जिसमें पुलिस टीम बाल बाल बच गई। वहीं जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली मारकर गिरफ्तार कर लिया घायल बदमाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। इस बाबत सीओ सदर राजेश कुमार राय ने बताया कि दुष्कर्म के मामले में फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एसओजी व सदर पुलिस पुलिस लगातार प्रयासरत थी इस बीच सूचना मिली कि आरोपी भागने की फिराक में है। पुलिस ने पकड़ने में भी जुट गई। पुलिस टीम से खुद को घिरता देख आरोपी सुभाष सोनकर पुलिस पर फायर झोंक दिया। जिसके बाद आत्मरक्षार्थ पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लग गई। जिला उपचार जिला चिकित्सालय में कराया जा रहा है।

Chandauli:नाबालिग से दुष्कर्म कर आरोपी हो गया फरार गुस्साए परिजनों ने पीड़िता के साथ किया चक्का जाम,कार्यवाई में जुटी पुलिस

चंदौली। सदर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में शनिवार को एक नाबालिग से दुष्कर्म कर आरोपी फरार हो गए। घटना से नाराज़ परिजनों ने पीड़ित नाबालिग के साथ नेशनल हाईवे पर चक्का जाम कर दिया। सूचना पर आनन फानन में पहुची पुलिस ने किसी तरह समझाबुझाकर कर परिजनों को शांत कराया और पिता की तहरीर पर कार्यवाई में जुट गईं।
इस दौरान सीओ सदर राजेश कुमार राय ने बताया कि नाबालिग के साथ दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है चक्का जाम कर रहे परिजनों की समझाबुझाकर शांत करा दिया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है। जल्द ही उसको गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पिता का तहरीर पर पुलिस कार्यवाई में जुट गई है।

Chandauli:पंजाब से बिहार जा रही शराब से लदी ट्रक को पुलिस व सर्विलांस टीम ने दबोचा,कीमत जानकर उड़ जाएंगे होश

चंदौली। थाना अलीनगर पुलिस व स्वाट-सर्विलांस टीम ने मुखबिर की सूचना पर सिन्धीपुल के समीप नेशनल हाईवे पर पंजाब से बिहार जा रही 5648.4 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। उक्त मामले का खुलासा पुलिस अधीक्षक ने शनिवार को पुलिस लाइन सभागार में किया। बरामद शराब की अनुमानित कीमत लगभग 65 लाख रूपये बताई जा रही है।
उन्होंने बताया कि अलीनगर थाना क्षेत्र के सिन्धीपुल के समीप चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली कि एक ट्रक से कुल 5648.4 लीटर बरामद अवैध अंग्रेजी शराब पंजाब से बिहार जा रही है। मुखबिर की की सूचना पर पुलिस व स्वाट टीम ने घेरे बंदी कर ट्रक घेर लिया। तस्करों द्वारा ट्रक को त्रिपाल से ढका गया था। त्रिपाल हटाकर चेक किया गया तो 50 बोरी व्हीट वाल पुट्टी रखी गयी थी। पुट्टी को हटाकर देखा गया तो ट्रक में भारी मात्रा में शराब बरामद हुई। जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 65 लाख रूपये है। पुलिस टीम प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा, निरीक्षक अपराध रमेश कुमार, आशीष मिश्रा, अमित सिह,मौजूद रहे।

Chandauli
scattered clouds
39.7 ° C
39.7 °
39.7 °
25 %
5kmh
46 %
Mon
40 °
Tue
45 °
Wed
44 °
Thu
45 °
Fri
45 °

You cannot copy content of this page

Verified by MonsterInsights