चंदौली। घर लौट रहे पैदल राहगीर को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को ग्रामीणों और परिजनों ने जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
सदर कोतवाली क्षेत्र के सिरसी ग्राम निवासी विजयी बहेलिया (42) बुधवार की रात सर्विस रोड से पैदल अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में विजयी गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और घटना की जानकारी पुलिस को दी। कुछ ही देर में परिजन भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों की मदद से घायल को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पुलिस टक्कर मारकर फरार हुए वाहन की तलाश में जुटी है। सदर कोतवाल बिंदेश्वर पांडेय ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से अज्ञात वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

