चंदौली। बिहार से होते हुए जनपद की सड़कों से गुजर रहे 308 पहियों वाले महाकाय ट्रक ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। विशालकाय ट्रांसपोर्टर पर लदे 200 टन भारी-भरकम मशीनरी उपकरण को देखकर सड़क किनारे लोगों की भीड़ जुट गई। लोग इस अनोखे वाहन की तस्वीरें और वीडियो बनाते नजर आए। देखते ही देखते इसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल होने लगे।
ट्रक के सुरक्षित आवागमन और यातायात व्यवस्था का जायजा लेने के लिए सीओ ट्रैफिक कृष्ण मुरारी पांडेय भी हाईवे पर पहुंचे। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैफिक संचालन को लेकर आवश्यक जानकारी ली गई। ट्रक के गुजरने के दौरान हाईवे पर लोगों के बीच इसे लेकर काफी कौतूहल बना रहा। बताया गया कि विशाल मशीनरी उपकरण बेल्जियम से समुद्री मार्ग के जरिए ओडिशा पहुंचा था। इसके बाद विशेष ट्रांसपोर्टर के माध्यम से इसे झारखंड और बिहार होते हुए उत्तर प्रदेश के बलरामपुर ले जाया जा रहा है। भारी-भरकम उपकरण को सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाने के लिए विशेष रूप से तैयार किए गए ट्रांसपोर्टर का इस्तेमाल किया जा रहा है। यह महाकाय ट्रक औरंगाबाद, रोहतास समेत बिहार के विभिन्न मार्गों से होकर आगे बढ़ा। रोहतास के बाद भभुआ स्थित मोहनिया टोल प्लाजा पहुंचने पर इसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुट गए। एनएचएआई की टीम भी ट्रक को सुरक्षित तरीके से आगे बढ़ाने में लगी रही। चंदौली में भी इसके पहुंचने की चर्चा लोगों के बीच बनी रही।

