चंदौली। मुख्यालय स्थित पंडित कमलापति त्रिपाठी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय की छात्राओं ने वाराणसी की प्रतिष्ठित शारदाभवन गणेशोत्सव समिति द्वारा गणेश चतुर्थी पर आयोजित संस्कृत साहित्य की व्याख्यान प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में बीए तृतीय सेमेस्टर की छात्रा अंतिमा उपाध्याय ने प्रथम, नंदिनी ने द्वितीय तथा ज्योति कुमारी ने तृतीय स्थान हासिल कर महाविद्यालय एवं जनपद का नाम रोशन किया।
छात्राओं की इस उपलब्धि पर महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. सुकृति मिश्रा सहित समस्त प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। प्राचार्या ने कहा कि संस्कृत भारतीय संस्कृति और ज्ञान परंपरा की महत्वपूर्ण भाषा है। ऐसी प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों की भागीदारी से उनमें विषय के प्रति रुचि और आत्मविश्वास बढ़ता है। बताया गया कि शारदाभवन गणेशोत्सव समिति द्वारा संस्कृत भाषा के संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से पिछले 97 वर्षों से विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इनमें श्लाका परीक्षा, व्याख्यान प्रतियोगिता के साथ न्याय, व्याकरण एवं वेदांत विषयों में शास्त्रार्थ जैसी प्रतियोगिताएं शामिल हैं। चंदौली की छात्राओं की इस सफलता से महाविद्यालय में हर्ष का माहौल है।

