चंदौली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन अवसर पर गुरुवार को जनपद में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में बबुरी के शादिया मैरेज लान में जन-कल्याणकारी कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को लाभान्वित करने के साथ-साथ आमजन को जागरूक भी किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विकास, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, कृषि, महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न तकनीकी व प्रशासनिक विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से नागरिकों को शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई तथा पात्र पाए गए लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, स्वीकृति पत्र एवं टूलकिट्स आदि का वितरण जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के कर-कमलों द्वारा किया गया।
मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद साधना सिंह ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि समाज के हर वंचित वर्ग तक विकास की मुख्यधारा को पहुँचाने का हमारा संकल्प है। केंद्र व राज्य सरकार की योजनाएं बिना किसी भेदभाव के सीधे लाभार्थियों तक पहुँच रही हैं। विधायक रमेश जायसवाल ने कहा कि मुगलसराय विधानसभा क्षेत्र सहित पूरा जनपद विकास पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रत्येक पात्र व्यक्ति को बिना किसी बिचौलिए के पारदर्शी व्यवस्था के तहत सीधे योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने कहा कि जिला प्रशासन शासन की सभी मंशाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर शत-प्रतिशत लागू करने के लिए पूर्णतः कटिबद्ध है। सेवा संकल्प अभियानश् के अंतर्गत जनपद के हर कोने में शिविर लगाकर अंतिम व्यक्ति तक शासकीय योजनाओं का लाभ पारदर्शी और त्वरित रूप से पहुँचाया जा रहा है। इसी क्रम में रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय युवाओं, जनप्रतिनिधियों एवं प्रबुद्ध नागरिकों ने अत्यंत उत्साह और सेवा भाव के साथ बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आर जगत साई, समस्त जनपद स्तरीय अधिकारीगण, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं भारी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक और लाभार्थी उपस्थित रहे।

