चंदौली। जनपद में वांछित एवं शातिर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को दो बड़ी सफलताएं हाथ लगी हैं। सदर कोतवाली पुलिस ने सैयदराजा थाने में दर्ज लूट के मुकदमे में वांछित 50 हजार रुपये के इनामिया अभियुक्त दिलशाद पुत्र अब्दुल मजीद, निवासी मरखामऊ नई बाजार, प्रयागराज को पंचफेड़वा-अलीनगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी 27 नवंबर की रात कोयला लदे ट्रक की लूट के मामले में वांछित था। दिलशाद के खिलाफ हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी, लूट, चोरी और गैंगस्टर एक्ट समेत गंभीर धाराओं में कुल 9 मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी टीम में प्रभारी निरीक्षक विन्देश्वर प्रसाद पाण्डेय, थानाध्यक्ष सैयदराजा अशोक कुमार मिश्र समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे। वहीं इलिया पुलिस और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने गोवध निवारण अधिनियम के मुकदमे में वांछित 25 हजार रुपये के इनामिया अभियुक्त समसाद राइन, निवासी फतेहपुर, को बांदा के बिसंडा थाना क्षेत्र के कोर्रई गांव के पास नहर पुलिया से गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि 20 अगस्त को बनरसिया नहर माइनर के पास चेकिंग में दो वाहनों से क्रूरतापूर्वक ले जाए जा रहे 12 गोवंशीय पशु बरामद हुए थे। इसी मामले में शमशाद वांछित था। उसके खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम तथा पूर्व में पीओसीएसो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
दो इनामी बदमाश चढ़े पुलिस के हत्थे,एक पर हत्या की प्रयास समेत 9 केस
सरकारी सिस्टम की गजब लापरवाही! जिंदा गरीब परिवार को राशन कार्ड में कर दिया मृत
चंदौली धानापुर जिला पंचायत सदस्य अंजनी सिंह ने सरकारी विभागों में लापरवाही और अनियमितता को लेकर जिला प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि गरीब, कमजोर और पीड़ित जनता अपनी समस्याओं के समाधान के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है। अंजनी सिंह ने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य, राशन, पेंशन, किसान सम्मान निधि, जमीन की पैमाइश, खतौनी संशोधन और अन्य सरकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार एवं अनियमितता की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं।
उन्होंने अधिकारियों से नेताओं के प्रभाव में काम करने के बजाय निष्पक्षता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ जनता की समस्याओं का समाधान करने की मांग की। उन्होंने खड़ान निवासी मुन्ना पासवान के परिवार का मामला उठाते हुए बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर मुन्ना पासवान उनकी पत्नी और दो बच्चों को राशन कार्ड में कथित तौर पर मृत घोषित कर दिया गया है। इसके कारण परिवार के सामने सरकारी राशन मिलने का संकट खड़ा हो गया है।अंजनी सिंह ने कहा कि जिंदा परिवार को मृत घोषित करना गंभीर लापरवाही है। और गरीब परिवार के साथ अन्याय है। उन्होंने जिला प्रशासन से मामले की तत्काल जांच कर राशन कार्ड में परिवार के सभी सदस्यों के नाम दुरुस्त कराने और निर्बाध राशन उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि पीड़ित परिवार की समस्या का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो ऐसे सभी पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए तहसील सकलडीहा का घेराव किया जाएगा।
SC आरक्षण की मांग को लेकर निषाद पार्टी ने किया प्रदर्शन,SDM को सौंपा ज्ञापन
चंदौली। निषाद पार्टी के कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सदर एसडीएम को सौंपा। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अरविंद निषाद ने कहा कि मछुआ समुदाय के लोगों को अनुसूचित जाति का दर्जा दिया गया तो उनका सामाजिक और आर्थिक रूप से विकास हो पाएगा। सरकार ने चुनाव के समय वादा किया था कि मछुआ समुदाय के लोगों को उनका अधिकार दिया जाएगा। लेकिन अभी इन जातियों को उनका अधिकार नहीं मिल पाया है।
उन्होंने कहा कि 1857 में समाज के लोगों ने अंग्रेजों को देश से भगा दिया था। अंग्रेजों ने बाद में क्रिमिनल कास्ट एक्ट कानून लागू किया। इको देश आजाद होने के बाद 31 अगस्त 1952 को सरकार ने हटा दिया। इसीलिए इस दिवस को विमुक्ति दिवस मनाते हुए सरकारों को ज्ञापन दिया जाता है। कहा कि 1931 की जनगणना के अनुसार केवट, मल्लाह, निषाद, बिन्द, माझवार, कश्यप, रैकवार आदि जातियां मछुआ समुदाय की जाति हैं। नई दिल्ली में मलाह समुदाय के लोग अनुसूचित जाति में आते हैं और पश्चिम बंगाल में भी केवट एससी जाति में है। लेकिन उत्तर प्रदेश में इन जातियों को ओबीसी का दर्जा मिला हुआ है। इस मौके पर प्रदेश सचिव शिवकुमारी निषाद, सुरेश निषाद, पुष्माजंलि कुमारी, पुष्पा कुमारी, बालेश्वर निषाद, मेघनाथ बिन्द, राम चेला बिन्द, रामपति बिन्द मौजूद रहे।
Chandauli:मामूली विवाद में धारदार ब्लेड से हमला,आरोपी गिरफ्तार
चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के विशुनपुरा गांव में खंभे पर तार लगाने को लेकर हुए विवाद में पड़ोसी पर धारदार ब्लेड से हमला करने के मामले में पुलिस ने वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे की धारदार ब्लेड भी बरामद की है।
पुलिस ने बताया कि 30 अगस्त को प्रदीप चौहान और देवेन्द्र चौहान के बीच तार लगाने को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद से क्षुब्ध होकर देवेन्द्र ने प्रदीप पर जान से मारने की नीयत से ब्लेड से हमला कर दिया। और मौके से फरार हो गया। मामले में मुकदमा दर्ज किया गया था। 31 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर बलुआ पुलिस ने सराय नहर पुलिया के पास से देवेन्द्र चौहान को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने घटना स्वीकार की। पुलिस ने उसके विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
आठ उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र बदले,एसपी ने सौंपी नई जिम्मेदारी
चंदौली। जिले में कानून-व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए एसपी आकाश पटेल ने आठ उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। एसपी ने वर्तमान तैनाती वाले उपनिरीक्षकों को नई जिम्मेदारी सौंपी है। तबादले के तहत उपनिरीक्षक रावेन्द्र सिंह को हाईवे मंडी चौकी से धरौली चौकी थाना सैयदराजा भेजा गया है। वहीं धरौली चौकी प्रभारी मारकण्डेय सिंह को हाईवे मंडी चौकी जिम्मेदारी दी गई है।
पुलिस लाइन में तैनात उपनिरीक्षक अश्वनी कुमार सिंह को जफरपुरवा चौकी भेजा गया है। जफरपुरवा चौकी प्रभारी सतीश चन्द्र सिंह को भूपौली चौकी तथा भूपौली चौकी प्रभारी अमित कुमार सिंह को ताराजीवनपुर चौकी भेजा गया है। ताराजीवनपुर चौकी प्रभारी पंकज कुमार सिंह को थाना अलीनगर में तैनाती दी गई है। इसके साथ ही मुगलसराय थाना कस्बा चौकी प्रभारी विजय राज को शिवाला चौकी तथा शिवाला चौकी प्रभारी सतीश प्रकाश को कस्बा चौकी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
खड़गे के अपमान के विरोध में कांग्रेस ने निकाला विरोध मार्च,भाजपा सरकार के खिलाफ की नारेबाजी
चंदौली। जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी के नेतृत्व में सोमवार को विरोध मार्च निकाला गया। कांग्रेस नेताओं ने उत्तराखंड के हल्द्वानी में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे के अपमान के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दलित उत्पीड़न के मुद्दे पर आक्रोश जताया गया।
विरोध मार्च में शामिल उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य देवेंद्र प्रताप सिंह मुन्ना ने आरोप लगाया कि दलित होने के कारण खड़गे का अपमान किया गया। उन्होंने कहा कि दलित उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाने पर विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। उन्होंने इसे भाजपा की दलित विरोधी मानसिकता करार देते हुए कहा कि कांग्रेस इस तरह की कार्रवाई का विरोध करती रहेगी। जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने कहा कि जब देश के वरिष्ठ दलित नेता खड़गे के प्रति ऐसी सोच सामने आ रही है तो गांव-गरीब के दलितों के साथ व्यवहार का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने ऐसी तानाशाही के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान किया। विरोध मार्च में मधु राय, डॉ. नारायण मूर्ति ओझा, रामधार जोसफ, तरुण पांडेय, रामानंद यादव, रजनीकांत पांडेय, गंगा प्रसाद, सतीश बिंद, डॉ. सुल्तान खान, मुनीर खान समेत सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
व्यापार मंडल के अध्यक्ष बने आनंद रस्तोगी,दिलीप त्रिशूलिया महामंत्री निर्वाचित
चंदौली। कमालपुर बाजार व्यापार मंडल का चुनाव रविवार को रस्तोगी मैरिज लॉन में भारी गहमागहमी के बीच संपन्न हुआ। अध्यक्ष और महामंत्री पद के लिए हुए चुनाव में व्यापारियों ने उत्साह के साथ मतदान किया। वहीं कोषाध्यक्ष पद पर विनोद अग्रहरि के निर्विरोध निर्वाचित होने पर उन्हें कोषाध्यक्ष घोषित किया गया।
कमालपुर बाजार में व्यापार मंडल के कुल 594 सदस्य मतदाता थे, जिनमें से 558 व्यापारियों ने मतदान किया। अध्यक्ष पद पर आनंद कुमार रस्तोगी ने 339 मत हासिल कर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भरत कुमार रस्तोगी को 127 मतों से हराकर जीत दर्ज की। भरत कुमार रस्तोगी को 212 मत मिले जबकि सात मत निरस्त हुए। महामंत्री पद पर त्रिकोणीय मुकाबला हुआ। इसमें दिलीप त्रिशूलिया ने 219 मत प्राप्त कर 42 मतों के अंतर से जीत हासिल की। रितेश पांडेय को 177 और राजकुमार मौर्य को 154 मत मिले। आठ मत निरस्त हुए। मुख्य चुनाव अधिकारी राकेश मोदनवाल ने सभी निर्वाचित पदाधिकारियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर शुभकामनाएं दीं। जिलाध्यक्ष लक्ष्मीकांत अग्रहरि ने आनंद रस्तोगी दिलीप त्रिशूलिया और विनोद अग्रहरि को बधाई देते हुए व्यापारी हितों के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया पर्यवेक्षक एवं प्रदेश मंत्री चन्द्रेश्वर जायसवाल ने भी शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार जताया। पिछले 22 दिनों से चुनाव को लेकर बाजार में उत्साह और गहमागहमी बनी हुई थी। महिला व्यापारी मतदाताओं ने भी बढ़-चढ़कर मतदान में हिस्सा लिया। चुनाव के दौरान पुलिस और जिला प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था रही।
कब बनेगा शव स्थल? आजादी के बाद भी चंदौली में सुविधा का इंतजार
चंदौली। जिला मुख्यालय होने के बावजूद नगर में आजादी के बाद से अब तक शव रखने के लिए कोई निर्धारित शव स्थल नहीं बन सका है। इसके चलते नगरवासियों को किसी की मौत होने पर शव रखने के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ता है। परिजनों को मजबूरी में छोटे सरकार की कुटिया के समीप घास-फूस के बीच शव रखने पड़ते हैं। लोगों का कहना है कि जिला मुख्यालय पर शव रखने के लिए सुरक्षित और व्यवस्थित स्थान का होना बेहद जरूरी है। लेकिन नगर पंचायत और जिला प्रशासन की ओर से अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई। बारिश और खराब मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। खुले स्थान पर शव रखने से परिजनों को असुविधा के साथ ही सामाजिक और मानवीय दृष्टि से भी परेशानी होती है। नगरवासियों ने आरोप लगाया कि लंबे समय से इस समस्या की ओर जनप्रतिनिधियों और जिम्मेदार अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कराया जाता रहा है। लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। कहा कि चुनाव के दौरान विकास और मूलभूत सुविधाओं के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं। लेकिन शव स्थल जैसी जरूरी सुविधा की ओर किसी का ध्यान नहीं है। नगरवासियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि चंदौली मुख्यालय पर जल्द से जल्द शव रखने के लिए सुरक्षित और स्थायी शव स्थल का निर्माण कराया जाए। ताकि किसी परिवार को अपनों के शव को घास-फूस के बीच रखने की मजबूरी न झेलनी पड़े।
Chandauli:बारिश से बढ़ा चंद्रप्रभा नदी का जलस्तर,बीच धारा में फंसे तीन सैलानी,पुलिस ने रेस्क्यू कर बचाई जान
चंदौली। राजदारी-देवदारी जलप्रपात घूमने पहुंचे तीन सैलानी अचानक चंद्रप्रभा नदी का जलस्तर और बहाव बढ़ने से बीच धारा में फंस गए। सूचना मिलते ही चंद्रप्रभा चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों और वन विभाग की टीम ने तत्परता दिखाते हुए तीनों युवकों का रेस्क्यू कर उन्हें सकुशल बाहर निकाल लिया। समय रहते हुई कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया।
बताया गया कि राजदारी-देवदारी जलप्रपात से करीब 800 मीटर दूर चंद्रप्रभा बांध का पानी बढ़ने के कारण नदी में अचानक तेज बहाव हो गया। इसी दौरान अचानक हुई तेज बारिश से नदी का जलस्तर भी तेजी से बढ़ गया। घूमने आए तीन सैलानी नदी के बीच फंस गए और तेज बहाव के कारण बाहर निकलने में असमर्थ हो गए। इसकी सूचना पुलिस को मिलने पर चंद्रप्रभा चौकी पर तैनात पुलिसकर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे। वन विभाग की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस और वन विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से अभियान चलाकर तीनों युवकों को सुरक्षित नदी से बाहर निकाला। रेस्क्यू किए गए युवकों की पहचान चंदौली निवासी आनंद सिंह, वाराणसी के नदेसर निवासी अभिषेक जायसवाल और चौकाघाट वाराणसी निवासी करण मौर्य के रूप में हुई। पुलिस प्रशासन ने घटना के बाद आम नागरिकों और पर्यटकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि बारिश के मौसम में नदियों और जलप्रपातों के आसपास जलस्तर अचानक बढ़ सकता है। ऐसे में गहरे पानी और तेज बहाव वाले स्थानों पर जाने से बचें तथा सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
घरेलू विवाद में विवाहिता ने केरोसिन छिड़ककर खुद को लगाई आग,इलाज के दौरान मौत
चंदौली। सैयदराजा थाना क्षेत्र के फेसुडा गांव में शुक्रवार को को घरेलू विवाद के बाद एक विवाहिता ने केरोसिन तेल छिड़ककर खुद को आग के हवाले कर दिया। घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में परिजनों ने गंभीर रूप से झुलसी विवाहिता को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे वाराणसी रेफर कर दिया। शनिवार को वाराणसी में इलाज के दौरान उसकी की मौत हो गई।
बताते हैं कि अदलहाट थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव निवासी सोनाली की शादी सैयदराजा थाना क्षेत्र के फेसुडा गांव निवासी राजेंद्र के पुत्र विकास के साथ हुई थी। शुक्रवार को किसी बात को लेकर ससुराल में विवाद हुआ। इसी दौरान सोनाली ने केरोसिन तेल छिड़ककर खुद को आग लगा ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया उन्होंने आग बुझाकर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहा चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देख वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। जहा शनिवार को वाराणसी में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वही मृतका के मायके पक्ष की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कार्यवाई में जुट गई है। इस बाबत थाना प्रभारी संतोष कुमार तिवारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।











