29.7 C
Chandauli
Thursday, September 10, 2026

Buy now

Home Blog Page 5

घरेलू विवाद में विवाहिता ने केरोसिन छिड़ककर खुद को लगाई आग,इलाज के दौरान मौत


चंदौली। सैयदराजा थाना क्षेत्र के फेसुडा गांव में शुक्रवार को को घरेलू विवाद के बाद एक विवाहिता ने केरोसिन तेल छिड़ककर खुद को आग के हवाले कर दिया। घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में परिजनों ने गंभीर रूप से झुलसी विवाहिता को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे वाराणसी रेफर कर दिया। शनिवार को वाराणसी में इलाज के दौरान उसकी की मौत हो गई।
बताते हैं कि अदलहाट थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव निवासी सोनाली की शादी सैयदराजा थाना क्षेत्र के फेसुडा गांव निवासी राजेंद्र के पुत्र विकास के साथ हुई थी। शुक्रवार को किसी बात को लेकर ससुराल में विवाद हुआ। इसी दौरान सोनाली ने केरोसिन तेल छिड़ककर खुद को आग लगा ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया उन्होंने आग बुझाकर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहा चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देख वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। जहा शनिवार को वाराणसी में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वही मृतका के मायके पक्ष की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कार्यवाई में जुट गई है। इस बाबत थाना प्रभारी संतोष कुमार तिवारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Chandauli:एआरटीओ कार्यालय में डीएम की छापेमारी,धूल फांकती मिलीं फाइलें,अफसरों को लगाई फटकार


चंदौली। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने शनिवार को सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय की व्यवस्थाओं में खामियां मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को जमकर फटकार लगाई निरीक्षण में एआरटीओ सहित तीन कर्मचारी और पीआरओ अधिकारी/कर्मचारी अनुपस्थित मिले।
जिलाधिकारी ने अनुपस्थित कर्मचारियों का एक दिन का वेतन बाधित करने के साथ ही सभी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी कार्यालयों में अनुशासनहीनता और लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने कार्यालय में रखी विभिन्न पत्रावलियों और अभिलेखों का भी गहन निरीक्षण किया। कई फाइलों पर धूल जमी होने और उनके अव्यवस्थित रखरखाव पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने सभी अभिलेखों को व्यवस्थित तरीके से सुरक्षित रखने और कार्यालयीन व्यवस्था में तत्काल सुधार लाने के निर्देश दिए। इस दौरान डीएम ने कार्यालय में अपने कार्य से पहुंचे आम नागरिकों से भी बातचीत की। उन्होंने दलालों के हस्तक्षेप, अनावश्यक देरी और जनसुविधाओं को लेकर लोगों से फीडबैक लिया। अधिकारियों को निर्देश दिया कि एआरटीओ कार्यालय में पारदर्शी व्यवस्था के साथ आवेदकों को समय से सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कार्यालय परिसर में साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल और आवेदकों के बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

Chandauli:नाले में उतराया मिला किशोरी का शव,गांव में मचा हड़कंप


चंदौली। कंदवा थाना क्षेत्र के अरंगी गांव में शनिवार को नाले में एक किशोरी का शव उतराया मिलने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। शव मिलने की सूचना पर मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
मृतका की पहचान अरंगी गांव निवासी संजीवन गौतम की 16 वर्षीय पुत्री मंशा कुमारी के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार मंशा शुक्रवार को घर से शौच के लिए निकली थी लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। शनिवार को नाले में उसका शव उतराया मिला। किशोरी का शव देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया और चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। बताया गया कि मंशा तीन भाइयों के बीच इकलौती बहन थी। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। वहीं घटना की जानकारी होने पर ग्रामीण भी स्तब्ध रह गए। इस संबंध में कंदवा थाना प्रभारी विनोद अंचल ने बताया कि प्रथम दृष्टया किशोरी की मौत नाले में डूबने से होने की आशंका है। हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Chandauli:पहले निर्माणाधीन पुल का स्लैब गिरा,अब ओवरब्रिज की सड़क में दरार-गड्ढा,सवालों के घेरे में कार्यदायी संस्था


चंदौली। बरठी कमरौर गांव में कुछ महीने पहले शुरू हुए रेलवे ओवरब्रिज की सड़क पर दरार पड़ने और गड्ढा होने का मामला सामने आया है। ओवरब्रिज की सड़क की तस्वीर और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। इसके बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि ओवरब्रिज पर आवागमन शुरू हुए अभी ज्यादा समय नहीं बीता है और सड़क की सतह पर दरार तथा गड्ढा दिखाई देने लगा है। यदि निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से कराया गया होता तो इतनी कम अवधि में इस तरह की समस्या सामने नहीं आती। लोगों ने संबंधित कार्यदायी संस्था और विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है। गौरतलब है कि सदर ब्लाक क्षेत्र के बनौली खुर्द में भी इसी कार्यदायी संस्था की ओर से रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कराया गया था। मार्च 2026 में निर्माणाधीन पुल का स्लैब गिरने की घटना सामने आई थी। इसके बाद गठित जांच टीम ने मौके का निरीक्षण कर शटरिंग समेत निर्माण कार्य में कई खामियां उजागर की थीं। अब बरठी कमरौर के ओवरब्रिज की सड़क में दरार और गड्ढे की सूचना सामने आने से एक बार फिर संबंधित कार्यदायी संस्था और विभाग की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि ओवरब्रिज की तकनीकी जांच कराकर निर्माण में सामने आई खामियों को तत्काल दूर कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे की आशंका न रहे।

Chandauli:हादसे ने मातम में बदला रक्षाबंधन की खुशियां,बहन की कलाई सूनी छोड़ गया भाई


चंदौली। कंदवा थाना क्षेत्र के कंजेहरा गांव के समीप सैयदराजा-जमानिया मार्ग पर शुक्रवार को वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर जुटे ग्रामीणों ने एंबुलेंस की मदद से घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
मृतक की पहचान चारी गांव निवासी रविंद्र गुप्ता (36 वर्ष) के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि रविंद्र बाइक से सैयदराजा-जमानिया मार्ग होते हुए धुस्का गाजीपुर स्थित अपनी बहन के घर रक्षाबंधन पर राखी बंधवाने जा रहा था। इसी दौरान कंजेहरा गांव के समीप वह एक वाहन की चपेट में आ गया। और गंभीर रूप से घायल हो गया। रविंद्र की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। रक्षाबंधन के दिन भाई की कलाई पर राखी बांधने की तैयारी कर रही बहन को जब हादसे की सूचना मिली तो वह सदमे में अचेत हो गई। वहीं मृतक की पत्नी रिंकी पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने वाहन सवार को मय वाहन कब्जे में ले लिया है। पुलिस मामले में अग्रिम कार्रवाई में जुटी है। हादसे ने रक्षाबंधन की खुशियों को मातम में बदल दिया।

सैय्यदराजा में गूंजा शहीदों का शौर्य,तिरंगा यात्रा निकाल कांग्रेसियों ने बलिदानियों को किया नमन


चंदौली। 28 अगस्त 1942 का दिन चंदौली के स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज है। इसी दिन वीर क्रांतिकारियों ने सैय्यदराजा थाने पर तिरंगा फहराकर अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ आजादी की घोषणा की थी। इस साहसिक प्रयास में तीन क्रांतिकारी शहीद हो गए थे, जबकि दर्जनों क्रांतिकारी घायल हुए थे।
ऐतिहासिक दिवस के अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष अरुण द्विवेदी के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा शहीद स्मारक पहुंची, जहां कांग्रेसजनों ने वीर बलिदानियों को नमन करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान अरुण द्विवेदी ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों का त्याग और संघर्ष देश की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने पं. कमलापति त्रिपाठी के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन त्याग, सत्य और समर्पण का प्रतीक रहा। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में अद्वितीय योगदान देने के साथ स्वतंत्र भारत में लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का कार्य किया। कार्यक्रम में रामानंद यादव, रजनीकांत पाण्डेय, तौफीक खान, मुनीर खान, राममूरत गुप्ता, गुलाब राम, परमहंस सिंह राजपूत, राकेश सिंह, राकेश पाठक, असगर अली, अमलेंदु पाण्डेय, सतेंद्र उपाध्याय, दुर्गा दत्त त्रिपाठी, श्रीकांत पाठक, जुगल किशोर, राजू कुमार, मदन लाल, कृष्णा सोनी, संतोष चौबे सहित सैकड़ों कांग्रेसजन मौजूद रहे।

Chandauli:हाईवे पर लूट करने वाले गिरोह को पुलिस ने किया बेनकाब,चार लुटेरे गिरफ्तार,असलहे और लूटी चेन बरामद


चंदौली। अलीनगर पुलिस और स्वाट टीम ने लूट व फायरिंग की घटना का सफल अनावरण करते हुए चार शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है। जिनके कब्जे से लूटी गई सोने की चेन, नगदी रुपये तीन तमंचे, छह जिंदा कारतूस, दो मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन बरामद किया जिसका खुलसा पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने पुलिस लाइन में किया।
उन्होंने बताया कि 25 अगस्त की रात सूर्यान्श जायसवाल अपने मित्रों के साथ एसएस हॉस्पिटल आलमपुर के पास पहुंचे थे। तभी बाइक सवार बदमाशों ने उनकी कार को रोककर तमंचे से फायरिंग की और उनके गले से सोने की चेन लूटकर फरार हो गए थे। मामले में अलीनगर थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस बदमाशों तक पहुंची। 28 अगस्त को तारापुर/आलमपुर अंडरपास के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने दो बाइक सवारों को रोका। भागने के प्रयास में बाइक फिसलने पर दोनों पकड़े गए। पूछताछ में उन्होंने अपने दो अन्य साथियों के बारे में जानकारी दी जिन्हें भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी हाईवे पर घूमकर असलहे के बल पर लूट की घटनाओं को अंजाम देते थे। गिरफ्तार आरोपियों में विनोद सिंह समेत अन्य के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

Chandauli:नौकरी-मकान का झांसा देकर महिलाओं को बंधक बनाने वाले गिरोह का पुलिस ने किया पर्दाफाश,महिला समेत चार गिरफ्तार


चंदौली। मुगलसराय पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने सर्विलांस टीम की मदद से महिलाओं को नौकरी व मकान दिलाने का झांसा देकर बंधक बनाने, अश्लील फोटो-वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और धन उगाही करने वाले सरगना सहित तीन पुरुष व एक महिला को गिरफ्तार कर लिया। जिनके कब्जे से आठ एंड्रॉइड मोबाइल फोन, 72,300 रुपये नकद, नौ एटीएम कार्ड, फर्जी व कूटरचित पहचान पत्र, बैंक पासबुक-चेकबुक, पोर्टेबल वाईफाई डिवाइस, टॉर्चर किट समेत एक स्कूटी और मोटरसाइकिल बरामद हुआ उक्त मामले का खुलासा पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने पुलिस लाइन सभागार में किया।
उन्होंने बताया कि थाना मुगलसराय में दो महिलाओं ने शिकायत दर्ज कराई थी। जिनका आरोप था कि नौकरी और मकान दिलाने के बहाने उन्हें डहिया स्थित मकान में ले जाकर बंधक बनाया गया। वहां मारपीट कर अश्लील वीडियो बनाए गए और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर परिजनों से फिरौती मांगी गई। एक मामले में करीब 30 हजार रुपये तथा दूसरे में पांच लाख रुपये की मांग किए जाने का आरोप है। पीड़िताओं के खातों से फोन-पे के माध्यम से रकम भी ट्रांसफर कराई गई। जिसमें मुख्य आरोपी विजय कुमार गुप्ता उर्फ रॉकी का नाम सामने आया। पुलिस के मुताबिक वह अपने भाई कृष्ण कुमार गुप्ता, पत्नी अंजली गुप्ता और परिचित विशम्भर विश्वकर्मा के साथ मिलकर गिरोह संचालित करता था। महिलाओं को मकान दिखाने के बहाने विशम्भर बद्रीपुरम स्थित मकान तक लाता था। और महिला अंजली खुद को सीबीआई अधिकारी बताकर महिलाओं को डराती-धमकाती थी। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार किया है। अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

रक्षा बंधन पर बहनों ने भाइयों की कलाई पर बांधा रक्षा सूत्र,भाई-बहन के प्रेम से सराबोर हुआ चंदौली


चंदौली। जनपद में भाई-बहन के अटूट प्रेम और स्नेह का पर्व रक्षा बंधन शुक्रवार को हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह से ही घरों में पर्व को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। बहनों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा और उनकी लंबी उम्र, सुख-समृद्धि एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
रक्षा बंधन को लेकर बाजारों में भी काफी चहल-पहल रही। बहनों ने अपनी पसंद की राखियां खरीदीं और भाइयों की कलाई पर स्नेह के साथ राखी बांधी। राखी बांधने के बाद बहनों ने भाइयों का मुंह मीठा कराया और उन्हें उपहार भी दिए। वहीं भाइयों ने भी अपनी बहनों को उपहार देकर उनके प्रति प्रेम और स्नेह जताया तथा उनका आशीर्वाद लिया। कई परिवारों में दूर-दराज से बहनें अपने मायके पहुंचीं, जिससे घरों में खुशी का माहौल रहा। सुबह से ही नए कपड़ों में सजे बच्चे और परिवार के सदस्य पर्व की तैयारियों में जुटे रहे। बहनों ने भाई की आरती उतारकर उनके सुखी एवं स्वस्थ जीवन की कामना की। साथ ही लोगों ने एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं। भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और अपनत्व से जुड़ा यह पर्व उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया।

रक्षा बंधन पर बाजारों में बढ़ी रौनक,राखी और मिठाई की दुकानों पर उमड़ी भीड़


चंदौली। भाई-बहन के अटूट प्रेम और स्नेह का प्रतीक रक्षा बंधन पर्व को लेकर जिले के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। पर्व नजदीक आते ही राखी, मिठाई और उपहारों की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ उमड़ने लगी है। बाजारों में जगह-जगह रंग-बिरंगी और आकर्षक राखियों से सजी दुकानें लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रही हैं।
राखी की दुकानों पर युवतियों और महिलाओं की सबसे अधिक भीड़ देखने को मिल रही है। बहनें अपने भाइयों के लिए पसंदीदा राखी खरीदने के साथ ही मिठाई और उपहार भी खरीद रही हैं। दुकानदारों के अनुसार बाजार में 50 रुपये से लेकर 500 रुपये तक की राखियां उपलब्ध हैं। बच्चों के लिए कार्टून कैरेक्टर और विभिन्न डिजाइनों वाली राखियां भी खूब पसंद की जा रही हैं। रक्षा बंधन को लेकर मिठाई की दुकानों पर भी दिनभर ग्राहकों की आवाजाही बनी रही। लोग भाइयों और बहनों के लिए मिठाई खरीदते नजर आए। दुकानदारों ने पर्व को देखते हुए विभिन्न प्रकार की मिठाइयों की पर्याप्त व्यवस्था की है। वहीं बच्चों में भी रक्षा बंधन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। बच्चे रंग-बिरंगी राखियां और पसंदीदा मिठाइयां खरीदने के लिए परिजनों के साथ बाजार पहुंच रहे हैं।

Chandauli
moderate rain
29.7 ° C
29.7 °
29.7 °
81 %
1.6kmh
100 %
Thu
30 °
Fri
34 °
Sat
31 °
Sun
32 °
Mon
34 °
Verified by MonsterInsights