27.6 C
Chandauli
Friday, September 11, 2026

Buy now

Home Blog Page 6

Chandauli:नौकरी-मकान का झांसा देकर महिलाओं को बंधक बनाने वाले गिरोह का पुलिस ने किया पर्दाफाश,महिला समेत चार गिरफ्तार


चंदौली। मुगलसराय पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने सर्विलांस टीम की मदद से महिलाओं को नौकरी व मकान दिलाने का झांसा देकर बंधक बनाने, अश्लील फोटो-वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और धन उगाही करने वाले सरगना सहित तीन पुरुष व एक महिला को गिरफ्तार कर लिया। जिनके कब्जे से आठ एंड्रॉइड मोबाइल फोन, 72,300 रुपये नकद, नौ एटीएम कार्ड, फर्जी व कूटरचित पहचान पत्र, बैंक पासबुक-चेकबुक, पोर्टेबल वाईफाई डिवाइस, टॉर्चर किट समेत एक स्कूटी और मोटरसाइकिल बरामद हुआ उक्त मामले का खुलासा पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने पुलिस लाइन सभागार में किया।
उन्होंने बताया कि थाना मुगलसराय में दो महिलाओं ने शिकायत दर्ज कराई थी। जिनका आरोप था कि नौकरी और मकान दिलाने के बहाने उन्हें डहिया स्थित मकान में ले जाकर बंधक बनाया गया। वहां मारपीट कर अश्लील वीडियो बनाए गए और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर परिजनों से फिरौती मांगी गई। एक मामले में करीब 30 हजार रुपये तथा दूसरे में पांच लाख रुपये की मांग किए जाने का आरोप है। पीड़िताओं के खातों से फोन-पे के माध्यम से रकम भी ट्रांसफर कराई गई। जिसमें मुख्य आरोपी विजय कुमार गुप्ता उर्फ रॉकी का नाम सामने आया। पुलिस के मुताबिक वह अपने भाई कृष्ण कुमार गुप्ता, पत्नी अंजली गुप्ता और परिचित विशम्भर विश्वकर्मा के साथ मिलकर गिरोह संचालित करता था। महिलाओं को मकान दिखाने के बहाने विशम्भर बद्रीपुरम स्थित मकान तक लाता था। और महिला अंजली खुद को सीबीआई अधिकारी बताकर महिलाओं को डराती-धमकाती थी। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार किया है। अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

रक्षा बंधन पर बहनों ने भाइयों की कलाई पर बांधा रक्षा सूत्र,भाई-बहन के प्रेम से सराबोर हुआ चंदौली


चंदौली। जनपद में भाई-बहन के अटूट प्रेम और स्नेह का पर्व रक्षा बंधन शुक्रवार को हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह से ही घरों में पर्व को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। बहनों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा और उनकी लंबी उम्र, सुख-समृद्धि एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
रक्षा बंधन को लेकर बाजारों में भी काफी चहल-पहल रही। बहनों ने अपनी पसंद की राखियां खरीदीं और भाइयों की कलाई पर स्नेह के साथ राखी बांधी। राखी बांधने के बाद बहनों ने भाइयों का मुंह मीठा कराया और उन्हें उपहार भी दिए। वहीं भाइयों ने भी अपनी बहनों को उपहार देकर उनके प्रति प्रेम और स्नेह जताया तथा उनका आशीर्वाद लिया। कई परिवारों में दूर-दराज से बहनें अपने मायके पहुंचीं, जिससे घरों में खुशी का माहौल रहा। सुबह से ही नए कपड़ों में सजे बच्चे और परिवार के सदस्य पर्व की तैयारियों में जुटे रहे। बहनों ने भाई की आरती उतारकर उनके सुखी एवं स्वस्थ जीवन की कामना की। साथ ही लोगों ने एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं। भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और अपनत्व से जुड़ा यह पर्व उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया।

रक्षा बंधन पर बाजारों में बढ़ी रौनक,राखी और मिठाई की दुकानों पर उमड़ी भीड़


चंदौली। भाई-बहन के अटूट प्रेम और स्नेह का प्रतीक रक्षा बंधन पर्व को लेकर जिले के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। पर्व नजदीक आते ही राखी, मिठाई और उपहारों की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ उमड़ने लगी है। बाजारों में जगह-जगह रंग-बिरंगी और आकर्षक राखियों से सजी दुकानें लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रही हैं।
राखी की दुकानों पर युवतियों और महिलाओं की सबसे अधिक भीड़ देखने को मिल रही है। बहनें अपने भाइयों के लिए पसंदीदा राखी खरीदने के साथ ही मिठाई और उपहार भी खरीद रही हैं। दुकानदारों के अनुसार बाजार में 50 रुपये से लेकर 500 रुपये तक की राखियां उपलब्ध हैं। बच्चों के लिए कार्टून कैरेक्टर और विभिन्न डिजाइनों वाली राखियां भी खूब पसंद की जा रही हैं। रक्षा बंधन को लेकर मिठाई की दुकानों पर भी दिनभर ग्राहकों की आवाजाही बनी रही। लोग भाइयों और बहनों के लिए मिठाई खरीदते नजर आए। दुकानदारों ने पर्व को देखते हुए विभिन्न प्रकार की मिठाइयों की पर्याप्त व्यवस्था की है। वहीं बच्चों में भी रक्षा बंधन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। बच्चे रंग-बिरंगी राखियां और पसंदीदा मिठाइयां खरीदने के लिए परिजनों के साथ बाजार पहुंच रहे हैं।

भारी बारिश से जलभराव पर सख्त हुए डीएम, अधिकारियों को चेतावनी इलिया रोड व नरसिंहपुर में जलजमाव का लिया जायजा


चंदौली। जनपद में हुई भारी बारिश के चलते कई स्थानों पर सड़कों और गांवों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। आमजन के आवागमन और फसलों के प्रभावित होने की सूचना पर जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग गुरुवार को स्थलीय निरीक्षण के लिए पहुंचे। उन्होंने इलिया रोड और ग्राम नरसिंहपुर में जलजमाव की स्थिति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को तत्काल जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
इलिया रोड के निरीक्षण के दौरान नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी ने बताया कि हाईवे के नीचे से गुजरने वाली क्रॉस पुलिया और मुख्य नाला जाम होने के कारण जलभराव हुआ है। जानकारी मिलते ही जेटिंक मशीन लगाकर नाले की सफाई शुरू करा दी गई। जिससे पानी की निकासी तेजी से होने लगी है। अधिकारियों ने नाले की पूरी सफाई के बाद समस्या दोबारा नहीं होने का भरोसा दिलाया। इसके बाद डीएम नरसिंहपुर गांव पहुंचे। जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए एसडीएम सदर और चंद्रप्रभा प्रखंड के एक्सियन को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि बारिश प्रभावित सभी क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर तत्काल राहत और जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जनता को परेशानी होने पर किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीएम ने प्रभावित क्षेत्रों की रिपोर्ट भी तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

धरौली में भारी बारिश से सैकड़ों बीघा फसल जलमग्न,सफाई को लेकर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन


चंदौली। सदर विकासखंड के ग्राम सभा धरौली में लगातार हो रही भारी बारिश से जलभराव की स्थिति गंभीर हो गई है। गांव के आसपास खेतों में पानी भर जाने से सैकड़ों बीघा धान की फसल जलमग्न हो गई है। फसल बर्बाद होने की आशंका से किसानों की चिंता बढ़ गई है। किसानों ने प्रशासन से राजस्व एवं कृषि विभाग की टीम भेजकर जलमग्न खेतों का निरीक्षण कराने और वास्तविक नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।
किसानों का कहना है कि धान की फसल खराब होने से आगामी दिनों में परिवार के भरण-पोषण, बच्चों की पढ़ाई और कृषि से जुड़े कर्ज की अदायगी का संकट खड़ा हो सकता है। वहीं गांव में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से बारिश का पानी लंबे समय तक खेतों और आबादी में जमा है। इधर, जलजमाव के कारण ग्रामीणों के घरों में भी पानी पहुंचने लगा है। गंदे पानी और गांव के शौचालयों से निकलने वाला पानी जमा होने से सड़न और दुर्गंध की समस्या बढ़ गई है। इससे ग्रामीणों में संक्रामक बीमारियों का खतरा बना हुआ है। नाराज ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले वर्ष भी बारिश के दौरान ऐसी ही स्थिति उत्पन्न हुई थी।लेकिन स्थायी जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल पानी की निकासी कराने और फसल क्षति का सर्वे कराकर किसानों को मुआवजा देने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान चिंटू सिंह, इसरायल, दीना तिवारी, अनिल तिवारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

ड्रेन की खुदाई कर नरसिंहपुर खुर्द को जलभराव से मुक्त कराने की मांग


चंदौली। ग्राम नरसिंहपुर खुर्द को जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को पत्रक सौंपकर संबंधित ड्रेन की खुदाई और सफाई कराने की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में पानी की निकासी व्यवस्था बाधित होने से बरसात के दिनों में स्थिति बेहद खराब हो जाती है।
ग्रामीणों ने बताया कि नरसिंहपुर गांव में जीटी रोड के दोनों तरफ उत्तर और दक्षिण दिशा में अतिक्रमण कर लिया गया है। इससे जल निकासी का मार्ग अवरुद्ध हो गया है। बरसात के मौसम में जसौली माइनर टेल और लीलापुर माइनर टेल का पानी निकासी न होने के कारण गांव, खेत और नाले में लबालब भर जाता है। जलभराव के कारण ग्रामीणों का जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। कई घरों में बरसात का पानी घुसने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं खेतों में पानी भरने से फसलें भी पूरी तरह नष्ट होने की कगार पर हैं। ग्रामीणों ने डीएम से मांग की कि नरसिंहपुर खुर्द सम्बद्ध ड्रेन की तत्काल खुदाई कराकर अतिक्रमण हटाया जाए, ताकि पानी की निकासी सुचारु हो सके और गांव को हर वर्ष होने वाले जलभराव से राहत मिल सके।

Chandauli:संदिग्ध परिस्थिति में प्रधान के पुत्र ने खुद को मारी गोली,हालत नाजुक


चंदौली। शहाबगंज थाना क्षेत्र उदयपुरा गांव में गुरुवार को संदिग्ध परिस्थितियों में ग्राम प्रधान के पुत्र ने संदिग्ध परिस्थिति में पर खुद को गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनते ही परिजनों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में परिजन घायल युवक को उपचार के लिए वाराणसी ट्रामा सेंटर ले गए। जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना को लेकर गांव में भी तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।
बताते है कि प्रधान अशोक सिंह का पुत्र शिवम उर्फ उत्कर्ष घर में मौजूद था। इसी दौरान अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे तो युवक घायल अवस्था में पड़ा मिला। उसके सीने के बाईं तरफ गोली लगी थी। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए। परिजन तत्काल उसे लेकर ट्रामा सेंटर पहुच गए जहा उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी। सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर घटना के संबंध में परिजनों और आसपास के लोगों से जानकारी ली। इस बाबत सीओ अजीत कुमार चौहान ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। घायल को परिजनों द्वारा ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। जहा उसका इलाज़ चल रहा है।

Chandauli:एसपी ने निरीक्षक व उपनिरीक्षकों में किया फेरबदल संजय सिंह को चकिया,अर्जुन सिंह को मुगलसराय की मिली कमान


चंदौली। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए तीन निरीक्षक व उपनिरीक्षक के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। जहा डायल 112 पद संभाल रहे निरीक्षक संजय कुमार सिंह को प्रभारी निरीक्षक थाना चकिया की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं चकिया थाना थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक अर्जुन सिंह को थानाध्यक्ष थाना मुगलसराय बनाया गया है। मुगलसराय थाना थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक विजय प्रताप सिंह को पुलिस लाइन भेजा गया है। पुलिस विभाग की ओर से किए गए इन तबादलों को प्रशासनिक आवश्यकता के तहत लिया गया निर्णय बताया गया है। एसपी ने सभी को नवीन तैनाती स्थल पर तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।

रक्षाबंधन समारोह में महिलाओं ने पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू को बांधा रक्षा सूत्र,बोले नारी शक्ति बनेगी सत्ता परिवर्तन की गवाह


चंदौली। कमालपुर के जनौली में रक्षाबंधन स्नेह समारोह मिलन समारोह बुधवार को उत्सव जैसे माहौल में सम्पन्न हुआ। इस दौरान उत्साह व उल्लास से लबरेज महिलाओं ने पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू के कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा और उन्हें तिलक लगाकर उनके दीर्घायु होने की कामना की। नारी शक्ति के अपार प्रेम, स्नेह व अपनत्व को पाकर पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू अभिभूत हो उठे और उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा व सम्मान की रक्षा का संकल्प भी लिया और दावा किया कि यही माताएं व बहनें सैयदराजा समेत समूचे यूपी में सत्ता परिवर्तन की गवाह बनेगी।
उन्होंने कहा कि आज भाई-बहन के अटूट प्रेम का संगम व समागम का ऐतिहासिक दिन है। जिस उत्साह व उम्मीद के साथ नारी शक्ति ने अपना स्नेह व आशीष प्रदान किया है उसका मान-सम्मान की रक्षा अंतिम सांस तक करने का काम होगा। आज हालात यह है कि इन बहनों के बच्चों के पढ़ने के लिए सरकार अच्छे स्कूल व व्यवस्था उपलब्ध कराने में नाकाम है। नौकरी का कोई प्रावधान भाजपा सरकार में नहीं है। बिजली व्यवस्था पूरी तरह से बेपटरी है। वहीं लघु उद्योग की कमर सरकार ने तोड़ रखी है। जनहित से जुड़े हर मोर्चे पर विफल भाजपा सरकार चुनावी साल में महिलाओं को 20-20 हजार रुपये देने का लालच देकर उनके मत के अधिकार को प्रभावित करने का असंवैधानिक कृत्य कर रही है। आरोप लगााया कि भाजपा सरकार ने 2022 के विधानसभा चुनाव में भी बीसी सखियों को बूथ स्तर पर 75-75 का रुपये देकर उनके वोट को प्रभावित किया था। आज उन्हीं महिलाओं से डेढ़ से दो लाख रुपये वसूली की योजना पर सरकार काम कर रही है। साथ ही धमकाया जा रहा है कि भाजपा सरकार नहीं बनी तो चार लाख तक की वसूली की जाएगी। उन्होंने भरोसा दिया कि अब सूबे में सत्ता परिवर्तन होने जा रहा है। सत्ता परिवर्तन के साथ ही महिलाओं को दिए गए ऐसे ऋण से मुक्ति दिलाने के साथ ही लघु उद्योग की स्थापना का कार्य व्यापक पैमाने पर होगा, ताकि महिलाओं को सशक्त एवं स्वावलंबी बनाया जा सके। अब फिर से 20 हजार देने का लालच भाजपा दे रही है। लेकिन अब महिलाओं को ऐसे झांसे में आने की जरूरत नहीं है। भरोसा दिया कि झूठ, फरेब, भय, भ्रष्टाचार, शराब-मुर्गा के प्रभाव का अंत होकर रहेगा और यही महिलाएं सत्ता परिवर्तन में अपनी अहम भूमिका अदा करने जा रही है। इस अवसर पर रिबू श्रीवास्तव, विधानसभा अध्यक्ष रामजन्म यादव, संतोष उपाध्याय, हरदेव मौर्या, बृजनाथ मौर्य, रजनीश सिंह, राजेश सिंह, जिला पंचायत सदस्य अंजनी सिंह, दयाराम यादव, रीता शर्मा, मीना सिंह, सुनीता मौर्या, शशि सिंह, छाया देवी गोंड, उर्मिला सिंह, सुषमा पाण्डेय, वंदना पाठक, जानकी यादव, प्रिया भारती आदि उपस्थित रहीं। अध्यक्ष जिज्ञासा यादव व संचालन आतिफ खान ने किया।

Chandauli:जिला अस्पताल बारिश में जलमग्न,घुटनेभर पानी से होकर ओपीडी पहुंचे मरीज


चंदौली। जिला मुख्यालय स्थित पंडित कमला पति त्रिपाठी संयुक्त जिला चिकित्सालय में बारिश के बाद जलभराव की समस्या गंभीर हो गई है। बरसात का पानी अस्पताल परिसर में लबालब भर जाने से मरीजों और तीमारदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थिति यह है कि अस्पताल आने-जाने वाले लोगों को घुटने भर पानी से होकर गुजरने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
बुधवार को हुई बारिश के बाद अस्पताल परिसर में जगह-जगह पानी जमा हो गया। जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण कई घंटों बाद भी पानी नहीं निकल सका। अस्पताल में इलाज के लिए पहुंच रहे मरीजों, बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को जलभराव के बीच आवागमन करना पड़ा। वहीं, तीमारदार भी अपने मरीजों को लेकर पानी से गुजरते नजर आए। लोगों का कहना है कि जिला मुख्यालय के प्रमुख अस्पताल में ऐसी स्थिति व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। करोड़ों रुपये की लागत से बाबा कीनाराम मेडिकल कॉलेज एवं उससे जुड़ी स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया गया है, लेकिन परिसर में बारिश के पानी की निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से हर बरसात में परेशानी सामने आती है। लोगों ने अस्पताल प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है ताकि बारिश के दौरान मरीजों और तीमारदारों को इस तरह की समस्या का सामना न करना पड़े।

Chandauli
light rain
27.6 ° C
27.6 °
27.6 °
86 %
3.6kmh
93 %
Fri
27 °
Sat
33 °
Sun
32 °
Mon
32 °
Tue
32 °
Verified by MonsterInsights