26.6 C
Chandauli
Friday, July 24, 2026

Buy now

Home Blog Page 576

चुनाव ड्यूटी पर गए सीआरपीएफ जवान अजीत यादव की मौत

सुबह वॉकिंग के दौरान अचानक गिर जाने से युवक हुआ अचेत

Young Writer, सकलडीहा। क्षेत्र के सेवखर कला गांव निवासी 32 वर्षीय अजीत यादव सीआरपीएफ अलीगढ़ में तैनात है। चुनावी ड्यूटी को लेकर शाहजहांपुर बटालियन के साथ पहुंचा हुआ था। शनिवार को सुबह टहलते समय अचानक गिरकर अचेत हो गए। आनन-फानन में जवान को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। शाहजहांपुर से शव गाड ऑफ आनर के बाद घर के लिये रवाना हो गया है। देर शाम तक शव घर नहीं पहुंचा हुआ था। इस दौरान परिजनों का रोते रोते बुरा हाल था।

सेवखर कला गांव निवासी स्व. शिवमूरत यादव के दो पुत्र सुजीत यादव और अजीत यादव है। सुजीत सदर तहसील में लेखपाल पद पर तैनात है। छोटा भाई अजीत वर्ष 2008 में सीआरपीएफ में भर्ती हुआ था। सीआरपीएफ 104 बटालियन अलीगढ़ में तैनाती रही। चुनावी ड्यूटी को लेकर शाहजहांपुर बटालियन के साथ पहुंचा हुआ था। सुबह वॉकिंग के दौरान अचानक गश्त खाकर गिर गया, जहां हॉस्पिटल में भर्ती कराने पर डाक्टरों में मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी होने पर माता मालती देवी पत्नी उमा बहन सुनीता और अनिता का रोते रोते बुरा हाल था। घटना की जानकारी होने पर मृतक जवान के घर काफी संख्या में लोगों की भीड़ जुटी रही।

इनसेट में—
दो साल का बेटा कनिष्क मां को रोते देख बिलखता रहा
सकलडीहा। सीआरपीएफ जवान अजीत कुमार यादव की पांच वर्ष पूर्व मचिया गांव में स्व. लालता यादव की पुत्री उमा से शादी हुई थी। मृतक जवान का डेढ़ वर्ष का एकलौता पुत्र कनिष्क मां दादी और बडे़ पिता सहित परिजनों को रोते चिल्लाते देख बिलखता रहा। पत्नी बार बार बेटे को सेना का अधिकारी बनाने का सपना अधूरा रहने की बात कहते हुए बेहोश हो जा रही थी।

समस्याः बरहनी-महुजी मार्ग से उखड़ गयी गिट्टियां

क्षतिग्रस्त हाल में बरहनी-महुजी मार्ग।

Young Writer, कंदवा। ब्लाक क्षेत्र के बरहनी-महुंजी मार्ग करीब दो किमी लम्बा सम्पर्क मार्ग काफी जर्जर हो गया है। मार्ग पर तारकोल युक्त गिट्टियों का कहीं अता पता नहीं है। मार्ग पर बिखरी गिट्टियों और गड्ढों के चलते ग्रामीणों को आवागमन करने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने मार्ग के मरम्मत के लिए विभागीय अधिकारियों के साथ-साथ क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों से भी कई बार गुहार लगाई, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। जिसे लेकर लोगों में काफी गहरी नाराजगी है।
क्षेत्र के महुंजी गांव को सैयदराजा जमानियां राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने के लिए करीब दो किमी लंबे महुंजी बरहनी सड़क मार्ग का निर्माण कराया गया था, लेकिन रखरखाव और मरम्मत के अभाव में यह संपर्क मार्ग बिल्कुल जर्जर हो चुका है। उक्त मार्ग पर बिछाई गई तारकोल युक्त गिट्टियों का कहीं अता-पता नहीं है। आलम यह है कि मार्ग पर जगह-जगह गिट्टियां बिखरी हुई हैं और बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं जिससे इस मार्ग पर लोगों का पैदल चलना भी दूभर हो गया है। लोग बिखरी गिट्टियों व गड्ढे युक्त मार्ग पर गिरकर अक्सर चोटिल होते रहते हैं। यह मार्ग बरहनी विकास खंड क्षेत्र के कई गांवों को आपस में जोड़ने का सबसे सुगम मार्ग है। क्षेत्र के टुनटुन सिंह, राजेश सिंह, घुरपत बिंद, संजय सिंह, महेश्वर सिंह, नरेन्द्र सिंह, शंकर सिंह, शैलेन्द्र, अरविंद सिंह, मेवा सेठ, शिवपूजन बिंद आदि ने जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराते हुए समस्या के समाधान की आवश्यकता जताई है।

एक वर्ष से खंडित हाल में है भीम राव अंबेडकर की प्रतिमा

Young Writer, चहनियां। बलुआ थाना क्षेत्र के फूलपुर में गत एक वर्ष से संविधान निर्माता डा. भीमराव अम्बेडकर की खंडित प्रतिमा नहीं बदली गयी, जिसे लेकर एक वर्ष पूर्व ग्रामीणों ने धरना प्रदर्शन भी किया था, लेकिन अश्वासन के बाद भी खंडित प्रतिमा नहीं बदली गयी। इसे लेकर ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।
बताते हैं कि फूलपुर गांव में 6 वर्ष पूर्व संविधान निर्माता डा.भीमराव अंबेडकर मूर्ति की स्थापना धूमधाम से हुई। उक्त स्थान पर हर वर्ष अंबेडकर जयंती धूमधाम से मनाया जाता है। पिछले वर्ष रविदास जयंती के पश्चात अंबेडकर प्रतिमा को किसी अराजक तत्व ने खंडित कर दिया। जब ग्रामीणों ने अम्बेडकर प्रतिमा को खंडित देखा तो धरना प्रदर्शन भी किया था। उस वक्त मौके पर पहुंची पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। लेकिन दुर्भाग्य यह है कि एक वर्ष बीत जाने के बाद भी खंडित मूर्ति को बदला नहीं गया। संविधान निर्माता अंबेडकर पर राजनीति करने वाले भी चुप्पी साध लिए। प्रतिमा का हाथ इस कदर टूटा है कि इसमें गलती किसकी मानी जाय। ग्रामीणों का कहना है कि हर वर्ष अंबेडकर जयंती पर संविधान निर्माता का जयंती धूमधाम से मनायी जाती है। खंडित मूर्ति का जयंती धूमधाम से कैसे मनाया जाय। यह कैसी विडम्बना है कि अंबेडकर मूर्ति एक वर्ष से खंडित होने के बाद भी बदलने की जरूरत नहीं समझी गयी। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि संविधान निर्माता डा.भीमराव अम्बेडकर पर राजनीति बर्दाश्त नही की जाएगी। यदि जल्द संविधान निर्माता की खंडित मूर्ति नही बदली गयी तो ग्रामीण आंदोलन को बाध्य होंगे।

मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए मतदाताओं को किया जागरूक

मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए मतदाताओं को किया जागरूक

फोटो-04
मतदाता जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते बीडीओ।

Young Writer, चकिया। चकिया विधानसभा के अंतर्गत खंड विकास अधिकारी कार्यालय में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के तहत रैली निकाली गयी। जिसे खंड विकास अधिकारी सिद्धार्थ सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान नगर भ्रमण कर लोगों को मतदान करने के लिए प्रेरित व जागरूक किया गया।
इस दौरान एडुलीडर्स ग्रुप के संयोजक सचिन सिंह ने कहा कि मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जनपद में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसके पीछे मंशा यह है कि मतदाता जागरूक हों और जनपद के चारों विधानसभा क्षेत्र में मतदान प्रतिशत बढ़े। इसी मंशा के साथ चकिया में भी जागरूकता कार्यक्रम किए जा रहे है। उक्त कार्यक्रम के तहत डोर-टू-डोर लोगों से सम्पर्क कर उन्हें मतदान के महत्व व लोकतंत्र के महत्व को बताने व प्रेरित करने का काम किया जा रहा है। इसके बाद रैली निकालकर आंगनबाड़ी समूह, एनआरएलएम, बीएलओ द्वारा डोर-टू-डोर मतदाताओं से मिलकर सात मार्च को अधिक से अधिक मतदान करने की अपील की। इस अवसर पर सीडीपीओ राकेश बहादुर, खंड शिक्षा अधिकारी प्रकाश चंद यादव, निशा सिंह, सह संयोजक अरविंद सिंह जी एवं दिव्यांग साथी भी मौजूद रहे।

भाजपा ने साधना सिंह व शारदा प्रसाद का टिकट काटा

योगी-मोदी के नाम पर जनता को भरोसे में लेने वालों की दावेदारी को शीर्ष नेतृत्व ने किया खारिज

Young Writer, चंदौली। भाजपा शीर्ष नेतृत्व ने कौतूहल का विषय बनी मुगलसराय व चकिया विधानसभा सीट पर प्रत्याशियों के नाम पर अंतिम मुहर लगा दी है। इसके साथ ही उन चेहरों पर मायूसी छा गयी जो भाजपा से टिकट मिलने और अपनी जीत को लेकर आश्वस्त थे। मुगलसराय विधायक साधना सिंह व चकिया विधायक शारदा प्रसाद अपने जनसम्पर्क, जनसंवाद में बात-बात पर योगी-मोदी के नाम लेकर पिछले पांच साल से जनता को भरोसे में लेते आ रहे थे। लेकिन इनके बात-व्यवहार व आमजन के बीच मौजूदगी से ये दोनों विधायक भाजपा शीर्ष नेतृत्व का भरोसा जीतने में नाकाम रहे हैं। देखा जाए तो यह भी इन दोनों नेताओं की एक अप्रत्यक्ष हार है, जो बिना लड़े ही इनके हिस्से में डाल दी गयी है।
अब ये विधानसभा चुनाव में मुख्य सक्रिय धारा से खुद को अभी से पृथक महसूस कर रहे हैं। हालांकि इसकी उम्मीद न तो विधायक व उनके समर्थकों को थी और ना ही आमजन ही यह अनुमान लग सका कि गत दिनों मुगलसराय में आयोजित वैश्य समाज और उनके सम्मेलन में कहीं गयी बातों को भाजपा शीष नेतृत्व इतनी गंभीरता से लेगा और मुगलसराय विधानसभा से नेतृत्व की कमान वैश्य समाज के एक सशक्त व बेदाग छवि के नेता रमेश जायसवाल के हाथों में सौंपने की कार्यवाही एकाएक लम्बे इंतजार के बाद मुकम्मल हो जाएगी। फिलहाल इस फैसले से पूरा का पूरा वैश्य समाज गदगद है और भाजपा शीर्ष नेतृत्व के फैसले को शानदार बता रहे हैं। भाजपा प्रत्याशियों की सूची सोशल मीडिया पर सार्वजनिक होने के साथ ही मुगलसराय विधानसभा क्षेत्र के वैश्य समाज के लोग उत्साहित व ऊर्जा से ओत-प्रोत नजर आए। शाम ढलते ही चाहे वह चंदौली का बाजार हो या फिर बबुरी या मिनीमहानगर मुगलसराय का बाजार वैश्य समाज के उत्साह, उमंग से एक-एक चेहरा लबरेज नजर आया। उधर, दूसरी ओर मुगलसराय विधायक साधना सिंह व चकिया विधायक शारदा प्रसाद के समर्थकों में मायूसी देखने को मिली। विधानसभा चुनाव में उनकी मौजूदगी व गैरहाजिर होना उनकी नाराजगी को प्रदर्शित करेगा। हालांकि अब विधायकगणों के खेमे से किसी तरह की कोई क्रिया-प्रतिक्रिया पटल पर नहीं आयी है, लेकिन पूरा का पूरा भाजपा संगठन संघर्ष के लिए तैयार नजर आ रहा है।

मुगलसराय से रमेश जायसवाल व चकिया से कैलाश बने भाजपा के चेहरा

Young Writer, चंदौली। लम्बी जद्दोजहद व लम्बे इंतजार के बाद सूबे की सत्ता आसीन भाजपा ने मुगलसराय व चकिया विधानसभा सीट से प्रत्याशियों के नाम पर अंतिम मुहर लगा दी है। मुगलसराय से भाजपा ने वैश्य चेहरा रहे रमेश जायसवाल पर दांव लगाया है। वहीं अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित कैलाश खरवार भाजपा का चेहरा होंगे। दोनों सीटों पर भाजपा में ने अपने विधायकों का टिकट काट दिया। एक तरफ जहां मुगलसराय विधायक साधना सिंह अपनी पार्टी का भरोसा जीतने में नाकाम रही। वहीं चकिया विधायक शारदा प्रसाद भी पार्टी का भरोसा जीतने में असफल रहे। इसके साथ ही लम्बे समय से लग रहे राजनीतिक कयासों पर पूर्ण विराम लग गया है।

विदित हो कि जनपद में सातवें चरण में जनपद में सात मार्च को मतदान होना है। इसलिए लिए जनपद में बीते 10 फरवरी से नामांकन की प्रक्रिया भी गतिमान है। बावजूद इसके भाजपा ने न तो मुगलसराय विधानसभा से प्रत्याशी के नाम की घोषणा की और ना ही चकिया विधानसभा पर ही पार्टी ने अपना रुख स्पष्ट किया। इसके वर्तमान विधायक शारदा प्रसाद व मुगलसराय विधायक साधना सिंह के साथ ही भाजपा से टिकट पाने की लालसा पाने आवेदकों की निगाहें भाजपा हाईकमान के फैसले पर टिकी थी। राजनीतिक सूत्र बताते हैं कि सत्तासीन भाजपा विधायक के साथ ही कुछ आवेदक भाजपाई पिछले कई दिनों से दिल्ली में डेरा डाले हुए थे। इसी बीच शनिवार को भाजपा की ओर से 9 प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी, जिसमें चकिया से कैलाश खरवार व मुगलसराय विधानसभा से बतौर प्रत्याशी रमेश जायसवाल का नाम शामिल था। इससे जहां चकिया व मुगलसराय के विधायकों के एक बार फिर चुनाव लड़ने और उसे जीत कर जनप्रतिनिधित्व का सपने को गहरा आघात लगा है, वहीं नए प्रत्याशियों के नाम की घोषणा के साथ ही दोनों विधानसभा में शांत पड़ी भाजपा एकदम से सक्रिय हो जाएगी।

भाजपा नेता रमेश जायसवाल एक सशक्त भाजपा चेहरा हैं। जिन्हें वैश्य समाज का साथ व सहयोग मिलने की संभावनाओं पर भाजपा शीर्ष नेतृत्व ने भरोसा जताया है। रमेश जायसवाल की पत्नी रेखा जायसवाल मुगलसराय नगर पालिका की चेयरमैन रख चुकी है। इस नाते जनपद के एक मात्र मिनी महानगर मुगलसराय व उसके आसपास के इलाके में रमेश जायसवाल का अच्छा पहुंच और पकड़ है। जो उनके चुनावी आधार को मजबूती प्रदान करने के साथ ही जीत की दिशा में ले जाएगा।

भाजपा जिलाध्यक्ष अभिमन्यु सिंह ने भरोसा दिया कि शीर्ष नेतृत्व के निर्णय को पूरी तरह से जमीनी स्वरूप देने में पूरा का पूरा जिला संगठन पहले से क्रियाशील है। जिनके नाम पर बतौर प्रत्याशी अंतिम मुहर लगी है उनके साथ व सहयोग में पूरा संगठन है। भाजपा अपने सरकार के कामकाज‚ उपलब्धियों के आधार पर अपने मजबूत जनाधार को अपने पाले में बनाए रखने में सफल होगी। भाजपा ने सर्वसमाज का कल्याण किया।

चंदौली जनपद में 70 प्रतिशत मतदान का लक्ष्यः सुखराम

पुलिस लाइन में मतदान करने की शपथ लेते पुलिस कर्मी एवं अधिकारी।

चंदौली पुलिस लाइन में अफसरों व कर्मचारियों ने ली मतदान करने की शपथ

Young Writer, चंदौली। स्वीप के तहत जनपद में चलाए जा रहे मतदाता जागरूकता अभियान के तहत शनिवार को चंदौली पुलिस लाइन में ब्रांड अम्बेसडर (स्वीप) राकेश यादव रौशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक नक्सल सुखराम भारती ने सात मार्च को अनिवार्य रूप से मतदान करने की अधिकारियों व कर्मचारियों को शपथ दिलाई। राकेश रौशन ने मतदान के महत्व के साथ-साथ मतदान के अधिकारों और उसके इस्तेमाल से लोकतंत्र से होने वाली मजबूती पर भी प्रकाश डाला।

चंदौली पुलिस लाइन में शपथ दिलाते एएसपी व राकेश रौशन।

इस दौरान राकेश यादव रौशन ने बताया कि विधानसभा चुनाव-2022 के मद्देनजर जनपद में शत-प्रतिशत मतदान कराने का लक्ष्य रखा गया है, जिसके तहत समाज के हर तबके के मतदाताओं को सात मार्च को अनिवार्य रूप से मतदान करने की शपथ दिलाई जा रही है। इसके लिए सरकारी सेवा में कार्यरत मतदाताओं को फार्म-12 डी भरकर बैलेट पेपर के माध्यम से अधिक से अधिक मतदान करें और इसके साथ ही मतदान प्रतिशत को बढ़ाने के लिए प्रयास में सहयोग दें। इस बार जनपद में 70 प्रतिशत मतदान का लक्ष्य रखा गया है। अपर पुलिस अधीक्षक नक्सल सुखराम भारती ने कहा कि एक अच्छे व्यक्ति, एक अच्छी सरकार, अच्छी सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य और देश के विकास के लिए आगामी सात मार्च को मतदाता निष्पक्ष, भयमुक्त और नैतिक मतदान करके एक अच्छी सरकार के निर्माण में सहयोग करें। कहीं भी किसी भी प्रकार से किसी व्यक्ति द्वारा आदर्श आचार संहिता का उलंघन किये जाने पर पुलिस या कंट्रोल रूम को सूचित करें। उन्होंने कहा कि दिव्यांग, बुजुर्ग और कोविड पॉजिटिव मतदाताओं को मतदान करने में सहयोग करने की जरूरत है। इस बार आयोग इनको घर पर ही मतदान करने की सुविधा प्रदान करेगा। मतदाताओं को मतदान करने करने में कोई असुविधा न हो, इसके लिए जिला प्रशासन हर तरह के इंतजाम किए हैं। कहा कि आदर्श आचार संहिता का उलंघन करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी

सैयदराजा में कांग्रेस को सशक्त बनाने में जुटे सतीश बिंद

धानापुर इलाके में डोर टू डोर जनसम्पर्क करते कांग्रेस नेता सतीश बिंद।

विमला देवी बिन्द के प्रत्याशी बनने के बाद डोर-टू-डोर जनसम्पर्क में सक्रिय नजर आ रहे कांग्रेसी

Young Writer, सैयदराजा। सैयदराजा विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी विमला देवी बिंद व उनके पति सतीश बिन्द जनसम्पर्क अभियान को गति देने में पूरी शिद्दत से जुट गए हैं। बीते दिनों चंदौली स्थित चंद्रा त्रिपाठी कांग्रेस भवन पर लिए गए संकल्प और कांग्रेस को सैयदराजा में स्थापित करने के उद्देश्य के साथ सतीश बिंद ने शनिवार को आधा दर्जन गांवों में जनसम्पर्क किया।
उन्होंने कांग्रेस को सर्वसमाज की पार्टी है। कांग्रेस ने चंदौली के नाम को प्रदेश व देश के पटल पर स्थापित करने का काम किया है। पंडित कमलपति त्रिपाठी ने विकास कार्यों से चंदौली जनपद को सींचा। आज कांग्रेस सरकार में किए गए कार्यों को जन-जन जानते हैं। कांग्रेस के सत्ता में वापसी के साथ ही एक बार फिर चंदौली के विकास को सत्ता साथ व सहयोग मिलेगा। क्योंकि अब तक प्रदेश की सत्ता में काबिज गैरकांग्रेसी सरकारों ने चंदौली की आवाम को सिर्फ छलने का काम किया है। कांग्रेस ने महिला प्रतिनिधित्व को समाज के बीच स्थापित करने की दिशा में कदम बढ़ाया और 40 प्रतिशत सीटों पर महिला उम्मीदवार उतारकर उन्हें महिलाओं के उत्थान के लिए किए गए अपने वादों को पूरा करने का काम किया है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी जनता से किए वादे के अनुरूप अपनी पहल कर दी है। अब जनता को जीत देकर उन्हें अन्य वादों को पूरा करने के लिए सशक्त व सक्षम बनाना होगा। उन्होंने खजड़ा व धानापुर सहित आधा दर्जन गांवों में डोर-टू डोर जनसंपर्क किया और कांग्रेस के वचन-पत्र को जनता के बीच रखा। इस अवसर पर ब्लाक अध्यक्ष धानापुर सिराजुद्दीन भुट्टो, रजनीकांत पांडेय, रामानंद यादव, मुनीर खान, हसन खान, राधेश्याम यदुवंशी, दयाराम पावन, कमलेश कुमार, डा.मकसूद, मेराज खान, लड्डन खान आदि उपस्थित रहे।

शिक्षा, स्वास्थ्य व सड़कें सकलडीहा विधायक प्रभु नारायण की प्राथमिकता

सकलडीहा विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव

नामांकन के मुताबिक स्नातक तक पढ़े हैं सपा के सकलडीहा विधायक 

Young Writer, चंदौली। सकलडीहा विधायक व सपा प्रत्याशी प्रभुनारायण यादव ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट पहुंच अपना नामांकन किया। निर्वाचन अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत शपथ पत्र में अनुसार प्रभुनारायण यादव स्नातक तक पढ़े हुए हैं। नामांकन करके कलेक्ट्रेट से लौटे सपा विधायक व प्रत्याशी प्रभुनारायण सिंह यादव ने अपने वर्तमान कार्यकाल को सबसे खराब बताया। कहा कि जनहित व विकास के मुद्दों पर सरकार ने उनके प्रतिनिधित्व को स्वीकार नहीं किया, क्योंकि वह समाजवादी पार्टी के विधायक थे। लिहाजा सत्ता में वापसी के साथ ही शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ ही सकलडीहा सामुदायिक अस्पताल को बेहतर और उच्च स्तरीय सेवाओं से लैस किया जाएगा। साथ ही बालिकाओं को शिक्षित बनाकर सशक्त व स्वावलम्बी बनाएंगी। साथ ही महिलाओं के सामाजिक सुरक्षा व समाज में उन्हें सम्मान दिलाने का काम समाजवादी पार्टी करेगी।

कलेक्ट्रेट में नामांकन करते सपा प्रत्याशी प्रभुनारायण सिंह यादव।

इसके अलावा सकलडीहा विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव ने सड़कों की दुर्दशा के लिए सरकार पर हमला बोला। कहा कि समाजवादी सरकार बनने के बाद हाल-बदहाल पड़ी सड़कों को बेहतर किया जाएगा। यह बुनियादी विकास प्राथमिकता है। साथ ही लोक आस्था का केंद्र रामगढ़ स्थित बाबा कीनाराम मठ की भव्यता को शिखर प्रदान करने की कोशिशें होगी। आरोप लगाया कि सीएम योगी आदित्यनाथ बाबा कीनाराम मठ को भी ठगने का काम किया, जिस वक्त उद्घाटन करने चाहिए, सीएम भाजपा के वोट बैंक को मजबूत करने के लिए झूठे और बेबुनियाद शिलान्यास कार्यक्रम रखकर लोगों में भ्रम फैलाने का प्रयास कर गए, लेकिन जनता व सजग, सतर्क व जागरूक हो चुकी है। सकलडीहा विधायक द्वारा नामांकन पत्र में दिए गए विवरण के अनुसार सपा प्रत्याशी प्रभुनारायण यादव के पास लाखों रुपये की चल और अचल संपत्ति है। कैलावर में पुस्तैनी मकान, मुगलसराय के कैलाशपुरी में घर और गोमतीनगर लखनऊ में फ्लैट है। दो लाख नकदी है तो पत्नी के पास नकदी के रूप में 50 हजार रुपये हैं। इनके पास एक इनोवा कार और 20 ग्राम सोना है वहीं पत्नी के पास सौ ग्राम सोना और एक किलो चांदी के आभूषण है। असलहों की बात करें तो इनके पास 12 बोर की एसबीबीएल और एक रिवाल्वर है। प्रभुनारायण यादव के खिलाफ कुल सात मुकदमे दर्ज हैं, जिसमें 307 और 323 जैसी संगीन धाराएं भी जुड़ी हैं। हालांकि पांच मुकदमे न्यायालय में विचाराधीन हैं और दो की विवेचना चल रही है।

चंदौली हथियानी कम्पोजिट विद्यालय में चोरी,लोगो मे दहशत

 चंदौली। सदर कोतवाली क्षेत्र के हथियानी गांव के कम्पोजिट विद्यालय में गुरुवार की रात्रि चोरों ने विद्यालय में घुसकर तीन सीलिंग फैन सहित अन्य सामान पर हाथ फेर दिया। इससे आस पास के ग्रामीणों में दहशत कायम है। इस दौरान कम्पोजिट विद्यालय के प्रधानाध्यापक बीपी सिंह ने बताया कि गुरुवार की रात्रि चोर रेती के सहारे विद्यालय का खिड़की काटकर अंदर घुसे और विद्यालय में लगे तीन सीलिंग फैन व अन्य सामान चुरा ले गए। शुक्रवार को विद्यालय पहुंचे शिक्षकों को जब चोरी की जानकारी हुई तो उन्होंने सदर कोतवाली पुलिस को तहरीर सूचना दी है। 

Chandauli
overcast clouds
26.6 ° C
26.6 °
26.6 °
80 %
2.7kmh
92 %
Fri
34 °
Sat
34 °
Sun
35 °
Mon
37 °
Tue
33 °

You cannot copy content of this page

Verified by MonsterInsights