Young Writer, सकलडीहा। स्थानीय तहसील सभागार में सोमवार को आनलाइन प्राप्त मतदाता आवेदन की जांच प्रक्रिया पूरा किया गया। इस दौरान कुल 314 मतदाता आवेदन प्राप्त हुआ था। नवंबर से अबतक कुल ऑनलाइन प्राप्त मतदाता आवेदन 1400 करीब की जांच प्रक्रिया पूरी किया गया। सकलडीहा विधानसभा में कुल 332999 मतदाता है। जिसमें पुरूष मतदाताओं की संख्या एक लाख 79 हजार 316 है। वही महिला मतदाताओं की संख्या 153677 है। दिव्यांग मतदाताओं की संख्या 2130 है। पहली बार 18 से 19 वर्ष के मतदाता 3836 है।
विधानसभा में कुल 389 बूथ और 195 गांव सम्मलित है इसके अलावा नवम्बर से अबतक कुल 1400 करीब ऑनलाइन मतदाताओं द्वारा आवेदन किया गया था। जिसकी जांच प्रक्रिया सोमवार को पूरा किया गया। वही 2530 सर्विस मतदाताओं द्वारा आवेदन करने पर प्रारूप-12 के तहत पोस्टल वैलेट दिया जायेगा। इस बाबत चुनाव कार्यालय प्रभारी चन्द्रभूषण ने बताया कि ऑनलाइन प्राप्त सभी मतदाता आवेदन की सत्यपान की प्रक्रिया को पूरा किया गया। इस मौके पर अमरेन्द्र श्रीवास्तव, सतीश, तेरसू, सुभाष पांडेय, राजेश पासवान सहित अन्य निर्वाचन कर्मी मौजूद रहे।
नए मतदाता के आनलाइन प्राप्त आवेदन का हुआ सत्यापन
धान खरीद में किसानों को परेशान कर रहे विपणन शाखा प्रभारी
नाराज भाकियू नेताओं ने किसानों के साथ किया धरना-प्रदर्शन
Young Writer, शहाबगंज। भारतीय किसान यूनियन के नेतृत्व में विपणन शाखा प्रभारी के द्वारा किसानों को धान खरीद में परेशान किए जाने पर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान भाकियू नेताओं ने आरोप लगाया कि विपणन शाखा प्रभारी जिन किसानों का खरीद हो चुका है उनका अंगूठा लगाये जाने को लेकर परेशान कर रहे हैं जो अनुचित है। सूचना पाकर पहुंचे एसडीएम को समस्याओं को लेकर ज्ञापन दिया।
किसानों ने आरोप लगाते हुए कहा कि विपणन शाखा द्वारा रामपुर गांव में धान खरीद केन्द्र स्थापित कर किसानों से धान खरीद किया जाता है। लेकिन अब धान खरीद पुरी तरह बंद हो चुका है गेट के बाहर श्यामलाल मौर्य, प्रताप पाण्डेय, प्रकाश पाण्डेय, चन्दन सिंह, सूर्यकांत, जंगबहादुर सिंह की धान लदी ट्रैक्टर ट्राली खड़ी है। वहीं जिन किसानों का धान खरीदा गया उनको पावती रसीद भी नहीं दिया गया। मानक के विपरीत खरीद करते हुए 40.700किलो धान की बजाय 41.500किलो धान लिया गया। पल्लेदारी भी 20 रुपया की जगह 25 रुपया लिया जा रहा है। बडे़ पैमाने पर किसान अगूंठा लगाने के लिए रोज चक्कर लगा रहे है। लेकिन अधिकारी कल-परसों आना कहकर टरका दे रहे है। जिसका नतीजा है कि अभी तक सुनिता देवी, पप्पू चौहान, कृष्णा नंद, नवलकिशोर,राधे श्याम, योगेन्द्र सिंह, रजिन्दर सिंह सहित एक दर्जन किसानों का अगूंठा ही नही लगा। इस समबंध में एसडीएम चकिया को भी पांच फरवरी को पत्रक देकर मामले से अवगत कराया गया। कोई कार्यवाही नहीं होने से नाराज किसानों ने धरना प्रदर्शन किया। भाकियू के मंडल प्रवक्ता मणिदेव चतुर्वेदी ने कहा कि धान खरीद की अंतिम डेडलाइन 28 फरवरी है तौल का कांटा प्रतिदिन घट रहा है। आए दिन नए-नए नियम बनाकर किसानों को परेशान किया जा रहा है। विपणन शाखा प्रभारी उपेंद्र सागर ने कहां कि किसानों की समस्याओं से अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। सभी किसानों की समस्याओं को शीघ्र ही दूर कर दिया जायेगा। धरना प्रदर्शन में जितेन्द्र तिवारी, सतीश चौहान, अनूप तिवारी, मनोज यादव, वीरेंद्र चौहान, बद्री यादव, छोटू चौहान, सूर्यकांत, फिरोज खान, कमलापति पाण्डेय, उदयनारायण चौहान आदि उपस्थित रहे।
सैयदराजा के मतदाताओं को मतदान के लिए किया जागरूक
Young Writer, सैयदराजा। मतदाता जागरूकता अभियान के तहत सोमवार को विकासखंड बरहनी में नेशनल इंटर कॉलेज से मतदाता जागरूक रैली निकलीं उक्त रैली कालेज से निकलकर बाजार भ्रमण किया और इंटर कालेज पहुंची। इस दौरान ब्लॉक प्रशासन एवं एडुलीडर ग्रुप चंदौली की ओर मतदान को लेकर मतदाताओं को जागरूक किया गया।
इस दौरान एडुलीडर ग्रुप के सचिन सिंह ने बताया कि जनपद में मतदाता जागरूकता लाकर मतदान प्रतिशत को बढ़ाने की मुहिम चल रही है। इस मुहिम से मतदाताओं को सीधे जोड़ा जा रहा है, ताकि वे मतदान के अधिकार के महत्व को समझे, जाने और सात मार्च को मतदान तिथि के बीच मतदान करके लोकतंत्र के महापर्व में भागीदारी बने। किसी व्यक्ति द्वारा धन एवं उपहार के प्रलोभन के अलावा किसी के आतंक से डरकर मतदान करने की बजाय निष्पक्षण एवं भयमुक्त होकर मतदान करें और एक सशक्त सरकार के गठन में सहयोग दें। इसके अलावा निशा सिंह, अरविंद सिंह, सहायक प्रभारी स्वीप रविंद्र प्रताप यादव आदि ने नगर क्षेत्र के मतदाताओं को जागरूक किया।
चुनावः प्रशिक्षण नहीं लिया तो दर्ज होगी एफआईआर
विधानसभा चुनावः 1520 पीठासीन अधिकारियों ने लिया प्रशिक्षण
Young Writer, चंदौली। जिलाधिकारी संजीव सिंह ने सोमवार को महेंद्र टेक्निकल इंटर कालेज चंदौली में चल रहे मतदान कार्मिकों के प्रशिक्षण का निरीक्षण किया गया। उन्होंने विभिन्न कक्षाओं में जाकर वहां चल रहे सैद्धांतिक व ईवीएम मशीन के प्रशिक्षण को देखा तथा मास्टर ट्रेनरों एवं प्रशिक्षण ले रहे मतदान कार्मिकों से पूछताछ कर प्रशिक्षण के विषय में जानकारी ली। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में मतदान कार्मिक सबसे महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं। आप सभी के ऊपर मतदान को सकुशल संपन्न कराने की जिम्मेदारी होती है। अतः इसके लिए आवश्यक है कि आप लोग मतदान प्रक्रिया से भली-भांति अवगत हो जाए। इस दौरानईवीएम एवं सैद्धांतिक जानकारी पूरी तरह से प्राप्त कर लें। जहां कहीं भी शंका हो बार-बार पूछकर उसका समाधान कर ले और पूरी तरह से संतुष्ट होकर ही जाएं।
जनपद में विधानसभा चुनाव-2022 को सकुशल संपन्न कराने के दृष्टिगत मतदान कार्मिकों का प्रथम प्रशिक्षण महिंद्रा टेक्निकल इंटर कॉलेज चंदौली में दो पालियो में संपन्न हुआ। प्रथम पाली में प्रातः नौ से एक तक तथा द्वितीय पाली अपराहन दो बजे से छह बजे तक कार्मिकों को प्रशिक्षित किया गया। सोमवार को प्रत्येक पाली में 760-760 पीठासीन अधिकारी कुल 1520 पीठासीन अधिकारियों का सैद्धान्तिक व ईवीएम का प्रशिक्षण सम्पन्न हुआ। प्रशिक्षण के दौरान 42 पीठासीन अधिकारी अनुपस्थित रहे जिसे गंभीरता से लिया गया। अनुपस्थित कार्मिको को कड़े निर्देश जारी करते हुए मुख्य विकास अधिकारी व प्रभारी अधिकारी कार्मिक ने कड़े निर्देश जारी करते हुए कहा कि प्रशिक्षण से अनुपस्थित सभी कर्मियों 10 फरवरी को प्रशिक्षण स्थल पर अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे अन्यथा की स्थिति में ऐसे कार्मिको के खिलाफ विभागीय कार्यवाही व एफआईआर दर्ज करने की कार्यवाही की जाएगी। इस अवसर सीडीओ अजितेंद्र नारायण, बीएसए सत्येंद्र कुमार सिंह उपस्थित रहे।
चंदौलीः डाक पार्सल वाहन के कारण सर्विस रोड पर लगा जाम
चंदौली जिला मुख्यालय पर आए दिन लग रहा है भीषण जाम
Young Writer, चंदौली। जिला मुख्यालय पर जाम की समस्या दिन प्रतिदिन विकराल होती जा रही है। यहां पार्किंग का अभाव होने के साथ-साथ सर्विस रोड पर बेतरतीब खड़े वाहनों से जाम की समस्या हर दिन उत्पन्न हो जा रही है, जिससे लोगों को घंटों जाम का दंश झेलना पड़ रहा है। सोमवार को डाक पार्सल वाहन को बीच सड़क पर खड़ा करके कर्मचारी डाक पार्सल उतारने लगे, जिससे डाकघर के बाहर भीषण जाम लग गया।
वहां स्थिति यह थी कि सर्विस रोड जाम होने से छोटी पुलिया में कई दर्जन बाइक वाले फंस गए, जिसके फलस्वरूप दूसरे लेन में सर्विस रोड पर वाहनों की कतार लग गयी। यह सबकुछ डाकघर से बिल्कुल सटे चंदौली कस्बा पुलिस चौकी के पास हुआ, लेकिन पुलिस कर्मी जमा को हटाने की बताय सड़क किनारे शिथिल खड़े मिले। आसपास के लोगों का आरोप था कि आए दिन डाक पार्सल का वाहन बीच सड़क पर खड़ा कर दिया जाता है, जिससे जाम की समस्या पैदा हो जाती है। सरकारी वाहन होने के कारण पुलिस भी कुछ नहीं कहती। जबकि पुलिस चौकी के बगल में काफी ज्यादा जगह है जहां उक्त वाहन को खड़ा करके पार्सल उतारा और चढ़ाया जा सकता है। बावजूद इसके कर्मचारी मनमानी करते है। इसके अलावा कुछ लोग अपनी बाइक व कार को भी सर्विस रोड पर खड़ा करके चले जाते हैं, जिससे जाम की समस्या पैदा हो जाती है। सोमवार को चंदौली स्थित इलिया मोड़, शंकर मोड़, सकलडीहा रोड के तिराहे के साथ सदर तहसील के पास जाम की स्थिति प्रतिदिन लग जाती है। इससे लोगों को तमाम तरह की परेशानियों का दंश झेलना पड़ा है।
ईवीएम व वीवी पैट की सुरक्षा अतिमहत्वपूर्णः डीएम
चुनाव संबंधित तैयारियों को लेकर डीएम ने अफसरों संग की बैठक
Young Writer, चंदौली। विधानसभा चुनाव-2022 की तैयारियों के संबंध में सोमवार को जिला निर्वाचन अधिकारी संजीव सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। इस दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में चिन्हित किए गए क्रिटिकल व संवेदनशील मतदान केंद्रों का भ्रमण करके व्यक्तियों से वार्ता कर स्थिति का मूल्यांकन कर लिया जाए। संवेदनशील मतदान केंद्रों का दौरा करते रहे वहां लोगों से बातचीत करें तथा उन्हें निष्पक्ष एवं भयमुक्त होकर मतदान करने के लिए प्रेरित करें। वहां उपस्थित मतदाताओं को शत-प्रतिशत मतदान के लिए अपील भी अवश्य किया जाए। भ्रमण के दौरान लोगों से मतदान स्थलों पर कोविड-19 बचाव हेतु सभी व्यवस्थाएं यथामास्क, सैनिटाइजर, ग्लब्स आदि की उपलब्धता सुनिश्चित रहेगी।
इस दौरान जन सामान्य से अवैध शराब वितरण की सूचना दिए जाने के लिए भी अपील करें। लोगों से सी विजिल ऐप के माध्यम से अवांछित कार्यों, लोभ प्रलोभन आदि दिए जाने की सूचना भी दी जा सकती है आमजन को यह भी अवश्य बताएं। निष्पक्ष व भयमुक्त मतदान हेतु मतदाताओं में विश्वास पैदा करें। कहा कि अवैध शराब के वितरण पर सतर्क दृष्टि रखें। व्यापक अभियान चलाकर धरपकड़ की कार्यवाही करें। ईंट भट्ठों, ढाबों आदि पर सतत चेकिंग करते रहें। कहा कि ईवीएम मशीन, वीवीपैट की सुरक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था का प्रबंध सुनिश्चित रहे। निर्वाचन कार्य में लगे सुरक्षाकर्मियों के ठहरने वाले स्थलों पर मूलभूत सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित कर लिया जाए। जनपद में आदर्श आचार संहिता का पालन प्रत्येक दशा में सुनिश्चित हो। उल्लंघन करने वालों से सख़्ती से निपटे व आयोग के दिशानिर्देशनुसार तत्काल कार्यवाही सुनिश्चित हो। उपजिलानिर्वाचन अधिकारी व क्षेत्राधिकारी नामांकन स्थल का भ्रमण कर बैरिकेटिंग, इंटरनेट, सीसीटीवी कैमरे, फ़ोर्स की तैनाती आदि व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करा लें। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल, प्रेमप्रकाश मीणा, एडीएम उमेश मिश्रा, एएसपी चिरंजीवी मुखर्जी, सीओ अनिल राय उपस्थित रहे
जनता के बीच कब नजर आएंगे प्रदेश व राष्ट्रीय ओहदे वाले सपा नेता
चंदौली के 50 से अधिक नेताओं को प्रदेश व राष्ट्रीय कार्यकारिणी में मिल चुकी है जिम्मेदारी
Young Writer, चंदौली। समाजवादी पार्टी निवर्तमान सरकार में सबसे मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाकर अब जीत के लिए प्रबल राजनीतिक दल के रूप में उभरी है। हाल फिलहाल के दिनों में समाजवादी पार्टी ने मुख्य संगठन के साथ-साथ अपने फ्रंटल संगठनों का गठन एवं उसका विस्तार किया और यह विस्तार आज भी जारी है। आज भी चंदौली के किसी न किसी नेता के नाम को घेरते हुए सपा के किसी न किसी संगठन के गठन की सूची फेसबुक वाल टंकी नजर आ जाएगी। इसके पीछे कहीं न कहीं सपा का विधानसभा चुनाव को लेकर अपने कुबने को विस्तार देने के साथ ही उसे सशक्त बनाने की योजना है। सपा के संगठन बनाओ, संगठन बढ़ाओ योजना से चंदौली के 50 से अधिक युवा, छोटे-बड़े व वरिष्ठ नेता-राजनेता लाभान्वित हुए और पद पाकर खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। लेकिन जनता के बीच इन नेताओं की सक्रियता पर इन दिनों सवाल उठ रहे हैं।
विधानसभा चुनाव-2022 का शंखनाद हो चुका है। ऐसे में सवाल यह उठता है कि जिन नेताओं, राजनेताओं व युवाओं को समाजवादी पार्टी ने प्रदेश व राष्ट्रीय में जगह देकर अलग-अलग पदों का दायित्व सौंपा है उनकी सक्रियता जनता के बीच नहीं दिख रही है। सपा के कुछ बड़े कार्यक्रमों को पृथक कर दिया जाए तो सपा के खद्दरधारी और लग्जरी वाहनों से लैस राष्ट्रीय व प्रदेश सचिव एवं उपाध्यक्ष टाइप के नेता नजर नहीं आ रहे हैं। सपा के सूत्र बताते हैं कि जिन नए पदाधिकारियों को समाजवादी पार्टी ने सम्मान, मान व जिम्मेदारियां सौंपी है। हाल-फिलहाल वह शिथिल पड़े हैं। उनकी सक्रियता का आलम यह है कि वह अपने गांव-मोहल्ले में सक्रिय नहीं दिख रहे हैं। ऐसे में समाजवादी पार्टी के जनाधार में जन को जोड़ने की मुहिम का कमजोर होना स्वाभाविक दिख रहा है। चूंकि मामला प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर के पदाधिकारियों का लिहाजा जिला इकाई के मुखिया व अन्य पदाधिकारी भी इसमें हस्तक्षेप करने से खुद को बचा रहे हैं। लेकिन हालात ऐसे ही रहे तो सिर्फ सपा के घोषणा-पत्रों, सत्ता के प्रति जनता की नाराजगी और अखिलेश यादव के एकल व्यक्तित्व के बूते सपा के चंदौली में चुनाव जितने व सत्ता में लौटने के सपने साकार होते नजर नहीं आ रहे हैं। फिलहाल चंदौली में 10 फरवरी से नामांकन की प्रक्रिया गतिमान हो जाएगी। अब देखना यह है कि प्रदेश व राष्ट्रीय कार्यकारिणी में जगह पाकर खुद को कद्दावर नेता मान बैठे चंदौली के सपाइयों की सक्रियता कब जागृत होती है, लेकिन उनकी निष्क्रियता की चर्चाएं संगठन में खूब हो रही है। बूथ स्तरीय कार्यकर्ता इन नेताओं की सुस्ती से काफी दुखी नजर आ रहे हैं। उनका कहना है कि जब तक संगठन का एक-एक घटक पूरी तरह से क्रियाशील व पार्टी के प्रति समर्पित नहीं होगा तो विधानसभा चुनाव की चुनौति को जीत में बदल पाना सपा प्रत्याशियों के लिए वाकई दुरूह व चुनौतिपूर्ण बना रहेगा।
सैयदराजा से सुशील सिंह व सकलडीहा से सूर्यमुनि बने भाजपा का चेहरा
Young Writer, चंदौली। सैयदराजा विधायक सुशील सिंह विधानसभा चुनाव-2022 में एक बार फिर सैयदराजा से भाजपा का चेहरा होंगे। उनकी उम्मीदवारी पर पार्टी ने अंतिम मुहर लगा दी है। इसके साथ ही सकलडीहा विधानसभा से पूर्व प्रत्याशी रहे सूर्यमुनि तिवारी पिछले हार के बावजूद अपने पांच सालों की कड़ी मेहनत व तपस्या से पार्टी का भरोसा जीतने में सफल रहे हैं। उम्मीदवारों की सूची में सकलडीहा से बतौर प्रत्याशी उनका नाम भी सूची में शामिल किया गया है। हालांकि मुगलसराय व चकिया विधानसभा के पत्ते अभी नहीं खोले गए हैं। जिन पर भाजपाइयों की निगाहें टिकी हुई है।

विदित हो कि चंदौली जनपद के चार विधानसभा क्षेत्र के लिए टिकट जारी होने का इंतजार उम्मीदवारों के साथ-साथ क्षेत्रीय जनता बेसब्री से कर रही है, लेकिन पहले आप, पहले आप की तर्ज पर सभी पार्टियां एक-दूसरे के उम्मीदवारों के नाम की घोषणा का इंतजार कर रही है। इसी बीच रविवार की शाम भाजपा की ओर से जारी प्रत्याशियों की सूची में सैयदराजा विधानसभा के साथ ही सकलडीहा विधानसभा से चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों के नाम को सार्वजनिक किया गया। सैयदराजा विधानसभा को लेकर भाजपा, क्षेत्रीय जनता व विपक्ष के लोग पहले से ही आश्वस्त थे कि टिकट वर्तमान विधायक सुशील सिंह को ही मिलना प्रस्तावित एवं सुनिश्चित है। ऐसे में उनकी दावेदारी पर अंतिम मुहर लगने से सैयदराजा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं, समर्थकों व विधायक सुशील सिंह के चाहने वालों में खुशी व ऊर्जा का संचार हुआ है। वहीं सकलडीहा विधानसभा की बात करें तो वर्तमान विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव को सपा व कांग्रेस देवेंद्र प्रताप सिंह मुन्ना को पहले ही उम्मीदवार बना चुकी है। बावजूद इसके भाजपा नेता डा. केएन पांडेय व सूर्यमुनि तिवारी के बीच पार्टी की उम्मीदवारी अर्जित करने के लिए काफी समय से एक स्वस्थ, स्वच्छ एवं सकारात्मक प्रतिद्वंदता चल रही थी, जिसमें भाजपा नेता सूर्यमुनि तिवारी की कड़ी मेहनत, जनता से उनका सीधा जुड़ा और पांच सालों की तपस्या ने सारे दावों को पीछे छोड़कर दावेदारी के हक को अर्जित कर लिया है। हालांकि भाजपा अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित चकिया विधानसभा के साथ ही मुगलसराय विधानसभा के प्रत्याशियों के नाम की घोषणा नहीं की है और ना ही सपा व अन्य दलों ने ही अपने प्रत्याशी उतारे है। यहां अभी भी पहले आप के तर्ज कर एक-दूसरे का इंतजार हो रहा है। एक तरफ सुशील सिंह एक बार फिर सैयदराजा के रण को जीतने की अपनी प्रतिबद्धता को बड़े सौम्य‚ शांत व सद्भाव तरीके से प्रस्तुत करते आ रहे हैं‚ वहीं सूर्यमुनि तिवारी के समक्ष अपनी पिछली हार को जीत में बदलने की चुनौति होगी।
चंदौली जिला अस्पताल में पुत्र का इलाज कराने गए पिता को दबंगो ने पीटा,50 हज़ार नगदी लेकर हुए फरार
चंदौली मुख्यालय स्थित पंडित कमलापति त्रिपाठी जिला चिकित्सालय गेट के समीप रविवार को दबंग दो युवक ने दिनदहाड़े एक युवक को मारपीट कर उसके पास रखें पचास हजार रूपये लेकर फरार हो गए घटना के बाद युवक ने भागते हुए उक्त घटना की तहरीर सदर कोतवाली में दिया है। बताते हैं कि सदर कोतवाली क्षेत्र के छितों गांव निवासी अनिल यादव गांव में ही ग्राहक जन सेवा केंद्र चलाता है। उसके बेटे के पैर पर गर्म दाल गिर जाने के कारण व बूरी तरह जल गया था। बेटे का इलाज कराने अनिल यादव जिला चिकित्सालय में गया हुआ था। वो अपने बेटे के लिए जिला अस्पताल के बाहर से बिस्किट और पानी लेने के गया था तभी जिला अस्पताल के गेट के सामने दो युवक एक ठेले वाले को मारपीट रहे थे तभी अनिल यादव ठेले वाले के बीच बचाव करने लगा। तभी दोनों युवक ठेले वाले को छोड़ कर अनिल यादव को मारने पीटने लगें और उसके पास रखें पचास हजार नगदी रूपये लेकर फरार हो गये। घटना के बाद अनिल यादव तत्काल सदर कोतवाली पहुँचा और दोनों युवकों के खिलाफ घटना के बारे में लिखित तहरीर सदर कोतवाली दिया। इस दौरान कस्बा चौकी इंचार्ज संजय सिंह ने बताया कि भुक्तभोगी अनिल यादव की तरफ से तहरीर पड़ी है। युवकों कि खोज बीन कि जा रही है। जांच कर कार्यवाही की जा रही है
गोल-गिरोह बनाकर घूमने वालों पर होगी कार्रवाईः अनिरुद्ध सिंह
Young Writer, सकलडीहा। विधानसभा चुनाव-2022 को लेकर पुलिस महकमा जोर शोर से तैयारी में जुटा हुआ है। रविवार को पुलिस क्षेत्राधिकारी अनिरूद्ध सिंह क्षेत्र के विभिन्न थाना प्रभारियों के साथ अपराध की समीक्षा किया। इस दौरान बूथ पर अशांति फैलाने वालों को चिन्हित कर जेल भेजने का निर्देश दिया। चेताया कि गांव में किसी गोल गिरोह के लोगों द्वारा कानून अपने हाथ में लेने पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जायेगा। विधानसभा की चुनाव में आचार संहिता का कड़ाई से पालन कराने को लेकर जिला प्रशासन द्वारा कवायद तेज कर दिया गया है।
इस क्रम में जगह-जगह बैरिकेटिंग और भारी संख्या में सीआरपीएफ पुलिस फोर्स के साथ पैरा मिलिट्री फोर्स तैनात किया जायेगा। जिसके ठहरने व रूट मार्च की तैयारी शुरू कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर डिप्टी एसपी अनिरूद्ध सिंह ने क्षेत्र के विभिन्न थाना प्रभारियों के साथ अपराध और अपराधियों के बारे में समीक्षा किया। हर हाल मे दबंग, वांछित और हिस्ट्रीटरों को चिन्हित कर कार्रवाई का निर्देश दिया। इसके साथ ही बूथों का स्थलीय निरीक्षण करने को बताया। इसके साथ गांवों में बाहरी लोगों के साथ गोल गिरोह बनाकर घूमने वाले लोगों को चिन्हित कर कार्रवाई का निर्देश दिया। अंत में हर बैरकेटिंग पर वाहनों को रोककर सधन तलाशी करने को बताया। इस बाबत डिप्टी एसपी अनिरूद्ध सिंह ने बताया कि चुनाव को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात किये जायेगे। कानून को हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी। इस मौके पर कोतवाल विनोद मिश्रा, बलुआ एसओ मिथिलेश तिवारी, कंदवा अजीत सिंह, सतेन्द्र विक्रम सिंह, सहित अन्य थाना और चौकी प्रभारी मौजूद रहे।











