32.1 C
Chandauli
Friday, July 24, 2026

Buy now

Home Blog Page 583

इंडियन बैंक चोरीः सूचना देने वाले को 50 हजार का ईनाम

चंदौली डाक घर के मुख्य गेट पर फोटो चस्पा करता पुलिस कर्मी।

Young Writer, चंदौली। इंडियन बैंक के लाकरों में हुई चोरी के मामले में जनपद पुलिस चोरों की धर-पकड़ के लिए सक्रिय है। इस कड़ी में पुलिस ने चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले अज्ञात चोरों की सूचना देने पर 50 हजार का ईनाम रखा है। यह जानकारी आम-आवाम तक पहुंचे। इसके लिए पुलिस की ओर से शनिवार को जगह-जगह सार्वजनिक स्थानों पर सीसीटीवी फुटेज से प्राप्त तस्वीर को चस्पा किया। साथ ही लोगों को चोरी के बाबत सूचना देने पर नकद ईनाम राशि की जानकारी भी दी। चंदौली पोस्ट आफिस पर पोस्टर चस्पा करने के दौरान वहां भारी-भीड़ जमा हो गई और एक बार फिर लोग चोरी की घटना की चर्चा करते हुए सुने गए।

विदित हो कि गत दिनों एसपी आवास के समीप स्थित इंडियन बैंक शाखा में चोरों ने सेंधमारी की और अंदर घुस गए। इसके बाद चोरों द्वारा बैंक शाखा में रखे लाकरों को निशाना बनाया गया। चोरों ने बकाएदे गैस कटर से 40 लाकर को काटकर उसमें रखे करीब 15 से 20 करोड़ रुपये के आभूषण व अन्य कीमती सामान उड़ा दिया। अगली सुबह चोरी की घटना की जानकारी होते ही हड़कंप मच गया। आनन-फानन में एएसपी, सीओ के अलावा क्राइम ब्रांच, फोरेंसिक टीम डाग स्क्वायड टीम मौके पर पहुंच कर जांच में जुट गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ बैंक के आसपास से मिले गैस सिलेंडर व अन्य चोरी के उपकरण के सहारे चोरों को पकड़ने में लग गई। मामला इतना गंभीर था कि एडीजी रामकुमार व आईजी के सत्यनारायण को चंदौली आना पड़ा। उक्त प्रकरण में एक तरफ जहां लाकरधारियों का दबाव है तो वहीं दूसरी ओर पुलिस महकमे के आला अफसरों द्वारा प्रकरण की मानिटरिंग हो रही है। सूत्रों के मुताबिक पुलिस की कई टीमें प्रांत और दूसरे प्रांतों में छानबीन कर रही है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर चोरी से जुड़ी जानकारी एकत्रित कर चोरों तक पहुंचने की कड़ियां जोड़ी जा रही है। इसी कड़ी में आमजन को आगाह करने व उनसे मदद प्राप्त करने के लिए चोरों पर 50 हजार का ईनाम रखते हुए उनके सीसीटीवी फुटेज से प्राप्त फोटो को सार्वजनिक स्थानों पर चस्पा किया जा रहा है।

नौगढ़ के औरवाटांड बांध पर होगा साहित्य का अद्भुत समागम!

शमशाद अंसारी

Young Writer, चंदौली। विंध्य पर्वत श्रृंखलाओं में बसा नौगढ़ का औरवाटांड बांध रविवार को साहित्य संगम का गवाह बनेगा। प्राकृतिक सौन्दर्य के बीच साहित्य का मंच सजेगा तो वहां साहित्यकारों के विचारों की खूबसुरती व सुंदरता की भव्यता देखते बनेगी। यह पहला अवसर होगा जब शहर और भौतिकवादी भीड़ से दूर वन के बीच साहित्य पर चर्चा बुलाई गयी है। जाहिर है यह साहित्य में रूचि रखने वाले का नवाचार है। पहाड़ों में साफ, शुद्ध व ठंडी हवाओं के बीच मन शांत होगा तो उसकी गहराई में बसे-रचे विचार मुखार बिंदू तक आएंगे, जो इस ठंड में साहित्य के मंच के चहुंओर अलाव जैसी गर्मी पैदा करेंगे। चर्चा-परिचर्चाओं के बीच साहित्य श्रृंखलाओं में बहुत कुछ जोड़ा जाएगा। कुछ अपवादों को कांटा-छांटा जाएगा। साहित्य के कतिपय त्रुटियों पर चिंतन-मंथन के बाद साहित्य के लिए नई-नई शब्दावली गढ़ी जाएगी। और इस अद्भुत और कभी-कभार होने वाले अभूतपूर्व साहित्यिक घटना का औरवाटांड बांध और आसपास की वादियां गवाह होंगी, जो कभी गोलियों की तड़तड़ाह, खौफ और मौत के मंजर का गवाह होती थी।

वन के बीच साहित्य चर्चा’ का आमंत्रण उन तमाम लोगों के लिए है जो साहित्य में रूचि रखते हैं। हर वक्त साहित्य को कुछ नया और अद्भुत समर्पित करने की सोच रखते हैं। साहित्य के अस्तित्व में नयापन लाने के साथ ही समाज में सहिष्णुता, सौहार्द व सद्भाव कायम करने के लिए साहित्य को रचते हैं और जिनके अंदर साहित्य बसता है। इस साहित्य चर्चा में ललित निबंधकार डा. उमेश प्रसाद सिंह की पुस्तक ‘हस्तिनापुर एक्सटेंशन’ पर परिचर्चा रखी गयी हैं। जी हां! वही हस्तिनापुर जिसे राजा हस्ती ने बसाया और कालांतर जो कौरवों व पांडवों की राजधानी रहा। महाभारत के कई प्रसंग हस्तिनापुर से जुड़े हैं। महाभारत काल बीत गया, लेकिन हस्तिनापुर के मायने व महत्व आज भी कायम है। यूपी में चुनाव चल रहे और हस्तिनापुर का इन चुनावों से भी गहरा नाता रहा है। पुराने कहावत और अब तक रिकार्ड यह बताते हैं कि हस्तिनापुर की जीत से लखनऊ की गद्दी तय होती हैं। यानी महाभारत काल से लगायत कलयुग तक हस्तिनापुर सियासत का केंद्र बिंदु बना हुआ है। औरवाटांड बांध पर सजे साहित्य मंच पर ‘हस्तिनापुर एक्सटेंशन’ पुस्तक के एक-एक पन्ने, पैराग्राम व शब्दों पर चर्चा-परिचर्चा होगी। उसके मतलब व मायने निकाले जाएंगे। तब के समय में उन शब्दों के क्या मायने थे और अब के समय में इनका का मतलब है और आगे आने वाले पीढ़ियों के लिए शब्दों की गुथी यह श्रृंखला कितना प्रभावी रहेगी भविष्य की संभावित इन बातों पर भी साहित्यकारों का मत होगा और उसने मतभेद को भी सुनने और जानने की पहल होगी। यह सबकुछ शांत, सुंदर और प्राकृतिक सुंदरता के बीच कल-कल, छल-छल करते पहाड़ी पानी के धाराओं के किनारे मुकम्मल होगा और जब यह साहित्य चर्चा मुकम्मल होगी तो एक बार फिर से यहीं लौट आने के वादे और इरादे भी होंगे। इस साहित्य चर्चा के दरम्यान के राष्ट्रीय चेतना प्रकाशन के प्रकाशक डा. विनय कुमार वर्मा व रामजी प्रसाद ‘भैरव’ सभी का इस्तकबाल करते नजर आएंगे।

औरवाटांड में पौधरोपण कराने गए वन कर्मियों को भीड़ ने घेरा

Young Writer, नौगढ़। काशी वन्य जीव प्रभाग के नौगढ वन रेंज अन्तर्गत औरवाटांड मार्ग के किनारे 2.5 हेक्टेयर आरक्षित वन भूमि मे पौधरोपण कार्य कराए जाने के लिए अग्रिम मृदा कार्य होने मे अतिक्रमणकारियों ने वनकर्मियों का घेराव किया और उन्हें बंधक बना लिया। जानकारी पाकर क्षेत्रीय वन अधिकारी रिजवान अली ने तत्काल नौगढ़ थाना पुलिस के साथ मौके पर पहुंच कर उग्र वनवासीयो को काफी समझा बुझाकर मामला शांत कराया।
यह जानकारी देते हुए क्षेत्रीय वन अधिकारी रिजवान अली ने बताया कि औरवाटांड मार्ग के किनारे वन विकास योजना के तहत 2.5 हेक्टेयर आरक्षित वनभूमि मे पौधरोपण का कार्य कराया जाना है। जिसके लिए अग्रिम मृदा कार्य कराए जाने के दौरान आरक्षित वन भूमि में अवैध रूप से बसे मुसहर जाति के दर्जनों की संख्या में लोग एकजुट होकर के रास्ते की मांग को लेकर वनकर्मियों का घेराव कर दिए। जानकारी मिलते ही तत्काल नौगढ थाना पुलिस को सूचना देकर प्रभारी निरीक्षक राजेश सरोज व हमराहियों के साथ मौके पर पहुंच कर वनवासियों को काफी समझाए बुझाने के बाद मामला शांत कराया गया है। इस दौरान वन दरोगा गुरूदेव सिंह फारेस्टर रामकेर फारेस्ट गार्ड रामजनम गौरव बबुंदर आदि वनकर्मी मौजूद रहे।

मां ने डांटा तो हाईटेंशन टावर पर चढ़ गया बालक

Young Writer, शहाबगंज। क्षेत्र के अमांव गांव शुक्रवार की शाम एक अजीबोगरीब घटना घटी। अमांव निवासी 12 वर्षीय बालक मां की पिटाई से क्षुब्ध होकर घर से निकला और गांव के सिवान में स्थापित हाईटेंशन टावर के ऊपर चढ़ गया। टावर पर चढ़े बालक पर जब आसपास के ग्रामीणों व किसानों की नजर पड़ी तो यह नजारा देख लोग सन्न रह गए। कुछ ही देर में खबर आग की तरह फैल गयी। इसके बाद हरकत में आए ग्रामीणों ने तत्काल बिजली विभाग को सूचित कर आपूर्ति ठप कराई।

इसके बाद जानकारी के बाद मौके पर जुटे परिजनों के अलावा ग्रामीणों व शहाबगंज थाना पुलिस बालक को समझाने-बुझाने के प्रयास में जुट गई। इस दौरान ग्रामीणों व शहाबगंज थाने में तैनात सिपाही रोहित तिवारी ने बालक को किसी तरह समझा–बुझाया‚ तब जाकर घंटों चली जद्दोजहद के बाद बालक किसी तरह माना और वह नीचे उतरने के लिए राजी हुआ। इसके बाद जब तक उक्त बालक हाईटेंशन टावर से नीचे नहीं उतर गया। परिजनों के साथ ही ग्रामीणों की सांस अटकी पड़ी थी। बताते हैं कि गांव के कांता चौहान का 12 वर्षीय पुत्र छांगूर घर से पैसा लेकर जुआ खेलने चला गया था। जब इस बात की जानकारी हुई तो उसकी मां ने पिटाई कर दिया। मां के पिटाई से छांगूर घर से नाराज होकर गांव के सिवान से गुजरी हाईटेंशन के टावर के पास पहुंचा और उसपर चढ़ने लगा। तभी आसपास खेतों में काम कर रहे किसानों की नजर पड़ी तो शोर मचाते हुए मौके पर पहुंचे और पुलिस के साथ ही बिजली विभाग को सूचित किया। बालक की सुरक्षा के मद्देनजर बिजली विभाग की ओर से उक्त टावर से होकर गुजरे हाईटेंशन बिजली को काट दिया गया। बालक के चढ़ने की सूचना जैसे ही गांव वालों को मिली सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण पहुंच गए। देर शाम तक बच्चे का उतरने की अपील करते रहे। काफी प्रयास के बाद बालक नीचे उतरा। तब जाकर परिजनों ने राहत की सांस ली।

Young Writer: हाईटेंशन टावर पर चढ़ा बालक।

नौगढ़ः मस्टररोल के सापेक्ष मौके पर कम मिले मजदूर

Young Writer

हाल नौगढ़ ब्लाक के विभिन्न गांव में हो रहे सरकारी काम का

Young Writer, नौगढ़। मनरेगा योजना के तहत ग्राम पंचायतों में कराए जा रहे कार्यों का स्थलीय सत्यापन में निर्धारित श्रमिकों के सापेक्ष मौजूदगी नाकाफी ही रह रही है। जबकि पारिश्रमिक भुगतान मस्टररोल के अनुरूप कर दिया जा रहा है। जिसकी हकीकत से जिम्मेदार अधिकारी भी बेखबर हैं। इस बाबत जब खण्ड विकास अधिकारी से बात की गयी तो उन्होंने तत्काल जांच कराए जाने को कहा है।

नौगढ़ ब्लाक के ग्राम पंचायत विशेषरपुर में चार परियोजनाओं के तहत संचालित कार्य के लिए शुक्रवार को दुर्गा पाल के घर से रामकृत के घर तक व प्रेमनाथ के घर से अशोक के घर तक चकरोड पर मिट्टी डालने आदि के कार्य मे 34 श्रमिकों के नाम से मस्टररोल दर्ज पाया गया, जिसमें कार्यस्थल पर कोई भी मजदूर मौजूद नहीं मिला। ग्राम पंचायत जनकपुर में सामुदायिक शौचालय निर्माण कार्य में निर्धारित 54 श्रमिकों के सापेक्ष मात्र चार श्रमिकों की ही मौजूद मिले। ग्राम पंचायत गढवां मे इण्टरलांकिग व समतलीकरण कार्य में 94 श्रमिकों के बजाय मौके पर छह व तीन मजदूर ही कार्य करते हुए मिले। ग्राम पंचायत लक्षिमनपुर मे कुल 90 मनरेगा श्रमिको के नाम से जारी मस्टररोल मे पंचायत भवन में पांच व नाली चकरोड पर कोई भी मजदूर काम पर नहीं मिला। ग्राम पंचायत परसिया मे कृष्णावती व जैश्री के खेत का समतलीकरण कार्य करने के लिए ब्लाक से 55 श्रमिकों के नाम से मस्टररोल निकला था, लेकिन मौके पर कोई भी कार्य नहीं होना मिला। ग्राम पंचायत भैसौड़ा के पंचायत भवन निर्माण कार्य मे 16 मनरेगा मजदूरों से कार्य कराया जाना था, जहां पर तीन मजदूर ही काम करते हुए पाए गए। ग्राम पंचायत बसौली में हो रहे नाली व कूप जगत निर्माण कार्य में 54 मनरेगा मजदूर निर्धारित होने के बजाय 8 मजदूर ही कार्य कर रहे थे। खण्ड विकास अधिकारी ने बताया कि स्थलीय हकीकत की जानकारी जीपीएस लोकेशन के साथ संज्ञान में आयी है, जिसकी जांच कराई जाएगी। आरोप पुष्ट होने पर कार्य प्रभारी से स्पष्टीकरण लेने के साथ ही गैरहाजिर मनरेगा मजदूरों को पारिश्रमिक भुगतान के नाम पर राजकीय धन अदेय होगा।

एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के हमलावरों पर लगे एनएसए

Young Writer: चंदौली कलेक्ट्रेट पर प्रशासनिक अफसर को ज्ञापन सौंपते एआईएमआईएम कार्यकर्ता।

चंदौली कलेक्ट्रेट पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा

Young Writer, चंदौली। आल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लेमिन के राष्टीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी पर हुए जानलेवा हमले से पार्टी कार्यकर्ताओं में शुक्रवार को जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला। नाराज पार्टी कार्यकर्ताओं ने गठबंधन के साथी जन अधिकार पार्टी के जिलाध्यक्ष डा. सुनील कुमार मौर्य के साथ जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और राज्यपाल के नाम संबोधित पांच सूत्रीय ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा। मांग किया कि टोल प्लाजा पर खुलेआम असलहे से एआईएमआईएम प्रमुख पर हमला करने वाले अपराधियों को एनएसए के तहत कार्यवाही करते हुए कड़े दंड से दंडित किया जाय। साथ ही चुनाव प्रचार के दौरान सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए जाएं।

इस दौरान एआईएमआईएम जिलाध्यक्ष हाजी शेख इलियास ने कहा कि तीन फरवरी को शाम 05ः20 बजे दिल्ली लौटते समय हापुड़ जनपद के पिल्खुआ थाना क्षेत्र के छिजारसी टोल प्लाजा के पास कुछ अज्ञात हमलावरों द्वारा बैरिस्टर असदुद्दीन ओवैसी व पार्टी के अन्य नेताओं पर जानलेवा हमला किया गया। यह घटना उस वक्त हुई जब पार्टी के नेता व लोकसभा सांसद जनाब बैरिस्टर असदुद्दीन ओवैसी व प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली व हैदराबाद के पूर्व मेयर माजिद हुसैन आदि मेरठ के किठोर विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार लौट रहे थे। घटना में लिप्त अपराधियों के खिलाफ यूपी पुलिस कड़ी कार्यवाही करे। महासचिव शमशुद्दीन एडवोकेट ने कहा कि एआईएमआईएम नेताओं पर खुलेआम आधुनिक असलहों से ताबड़तोड़ फायरिंग की गयी। साथ ही पार्टी प्रमुख को जेड श्रेणी एवं प्रदेश अध्यक्ष जनाब शौकत अली साहब को वाई श्रेणी की सुरक्षा तत्काल उपलब्ध करायी जाय। विधि प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष सुल्तान अहमद ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष पर हुए जानलेवा हमले की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच करायी जाय, जिससे कि घटना में शामिल सभी हमलावरों एवं साजिशकर्ताओं का खुलासा हो सके। साथ ही घटना में शामिल सभी हमलावरों एवं षड्यंत्रकारियों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत कार्यवाही की जाय।

जन अधिकार पार्टी के जिलाध्यक्ष डा. सुनील कुमार मौर्य ने कहा कि भागीदारी एवं परिवर्तन मोर्चा के सहयोगी दल एआईएमआईएम प्रमुख बैरिस्टर असदुद्दीन ओवैसी की भविष्य में चुनावी सभा के दौरान सभास्थल पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था का इंतजाम किया जाय। यह घटना कानून व्यवस्था पर सवाल है। जल्द से जल्द सभी अपराधियों की गिरफ्तारी की जाय। साथ ही एआईएमआईएम प्रमुख व सांसद असदुद्दीन ओवैसी व प्रदेश अध्यक्ष को सुरक्षा मुहैया करायी जाय। इस अवसर पर राजेश मिश्रा, इरफान अहमद, आबिद अली, ईसा खान, मेराज खान लकी, तबरेज अहमद, जन अधिकार पार्टी के महासचिव भोलानाथ विश्वकर्मा‚ चंदौली लगर अध्यक्ष अली जामिन, आसिफ अली‚ नाजिम अकबर खान आदि उपस्थित रहे।

मतदान तिथि को वोट डालने बूथ पर जाएं मतदाताः राकेश रौशन

स्वीप आईकॉन राकेश रौशन ने दिलाई मतदान की शपथ

Young Writer, चहनियां। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर स्वीप के तहत चलाए जा रहे मतदाता जागरूकता के क्रम में शुक्रवार को क्षेत्र के मारूफपुर स्थित राज कोचिंग के छात्र-छात्राओं को जिले के स्वीप आईकॉन राकेश यादव रौशन ने शपथ दिलाई। इस दौरान उन्होंने मतदान तिथि सात मार्च को सभी अनिवार्य रूप से मतदान करने का शपथ दिलाया। साथ ही दूसरों को भी मतदान करने के लिए प्रेरित व जागरूक करने का आह्वान किया।
इस दौरान राकेश रौशन ने बताया कि विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2022 में जिले में में 70 प्रतिशत मतदान का लक्ष्य रखा गया है, जिस आम मतदाताओं के सहयोग व साथ से प्राप्त किया जाएगा। मतदान का अधिकार संविधान में सभी को एक समान प्राप्त है जो एक महत्वपूर्ण अधिकार है। इसके प्रति एक-एक मतदाता को गंभीर होने की जरूरत है। लिहाजा मतदाता निष्पक्ष, भयमुक्त और प्रलोभन रहित मतदान करें, इसके लिए उन्हें पूरे जनपद जगह-जगह स्वीप के कार्यक्रम करके मतदाताओं को मतदान की शपथ दिलाई जा रही है। जिला प्रशासन का यह प्रयास है कि मतदाता सूची में जिन मतदाताओं के नाम पंजीकृत है वह सात मार्च को अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें और लोकतंत्र को सशक्त बनाने में अपना योगदान दें। आप सभी का एक-एक वोट कीमती है जो नए सरकार के गठन का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

विधानसभा चुनावः निर्धारित दर पर ही चुनाव में खर्च कर सकते हैं प्रत्याशी

Young Writer

Young Writer, चंदौली। विधानसभा चुनाव-2022 में प्रत्याशियों को 40 लाख रुपये खर्च करने की अनुमति है। इसके साथ ही आयोग ने यह भी निर्धारित किया है कि प्रत्याशी के चुनाव प्रचार‚ नामांकन व अन्य गतिविधियों में इस्तेमाल होने वाली मोटरगाड़ी से लगायत पार्टी कार्यकर्ताओं व नेताओं के नाश्ते की प्लेट पर होने वाले खर्च की दर भी निर्वाचन आयोग ने निर्धारित की है। यानी आयोग वस्तुओं के प्रकार व उनकी संख्या की रिकार्ड रखेगा और उसके मुताबिक ही उक्त प्रत्याशी के चुनाव खर्च का आगणन किया जाएगा। इसके लिए बकायदा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के सहमति के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्धारित दर पर मुहर लगा दी है। इसके तहत भोजन की थाली के साथ लंच पैकेट व चाय, पानी, दूध का रेट तय किया गया है। इसके अलावा वाहनों का किराया, गेस्ट हाउस व होटल का किराया, माला-फूल, टेंट, फर्नीचर, कुर्सी आदि का भी दर निर्धारित किया गया है।
निर्वाचन आयोग की ओर से जारी आदेश के अनुसार जनपद में सातवें चरण में सात मार्च को मतदान होना है। चुनाव को निष्पक्ष एवं पारदिर्शता पूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। साथ ही आचार संहिता का पालन कराने को लेकर पूरी तरह से गंभीर है। चुनाव के दौरान प्रत्याशियों के खर्च आदि पर नजर रखने को पूरी रूपरेखा बनायी गई है। इसके लिए चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों की ओर से व्यय किए जाने वाले विभिन्न मदों व सामाग्रियों की दर भी निर्धारित की गई है। इसमें वाहनों का किराया, गेस्ट हाउस व होटल का किराया, माला-फूल, टेंट, फर्नीचर, कुर्सी आदि का भी दर निर्धारित किया गया है। वहीं चाय, समोसा, पकौड़ी, जेलेबी, रसगुल्ला, गुलाबजामुन, जनरेटर, माइक, एलईडी टीवी के साथ ही कोविड प्रोटोकाल के सामाग्री में फेस माक्स, सेनेटाइजर, दास्ताना, थर्मल स्कैनर, पीपीई किट आदि का दर तय किया गया है। इसके अनुसार प्रत्याशी व्यय कर सकते हैं। निर्धारित रेट से कम व्यय प्रत्याशी नहीं दिखा सकते हैं। यदि ऐसा किया गया तो दिए गए व्यय रजिस्टर में दिये गए लेखा जोखा की जांच पर्यवेक्षक की ओर से की जाएगी। साथ ही निर्वाचन आयोग के गाइडलाइन के अनुसार कार्रवाई के जद में आ सकते हैं।

चुनाव में नाश्ता व भोजन की निर्धारित दर–––––
साधारण चाय-6 रुपया प्रति कप
स्पेशल चाय-10 रुपया
काफी छोटी-12 रुपया
काफी बड़ी-20 रुपया
समोसा-7 रुपया प्रति पीस
सोहाल-5 रुपया
बे्रड पकौड़ा-10 रुपया
छोला समोसा-20 रुपया प्रति प्लेट
टिक्की व चाट-25 रुपया
जलेबी 100 ग्राम-16 रुपया
पकौड़ी 100 ग्राम-18 रुपया
लंच पैकेट-50 रुपया प्रति पैकेट
लंच पैकेट स्पेशल-170 रुपया
साधारण भोजन थाली-100 रुपया
कटलेट-15 रुपया प्रति पीस
नमकीन प्रति प्लेट-10 रुपया
लौंगलता-15 रुपया
गुलाबजामुन व रसगुल्ला-15 रुपया प्रति पीस
बर्फी-10 रुपया
राजभोग, रसमलाई-24 रुपया प्रति पीस
पानी 20 लीटर-30 रुपया प्रति केन
पानी बोतल एक लीटर-20 रुपया
दूध 500 मि.ली. 29 रुपया प्रति पैकेट

वाहनों से संबंधित निर्धारित दर…
आल्टो वैगनआर-10 रुपया प्रति किमी
इंडिगो, डिजायर-12 रुपया प्रति किमी
होंडा सिटी,आक्टेविया-16 रुपया प्रति किमी
बोलेरो, जिप्सी, मैजिक-10 रुपया प्रति किमी
टाटा सफारी, स्कार्पियो-16 रुपया प्रति किमी,
इनोवा किस्टा-18 रुपया प्रति किमी
पेजेरो, फार्चुनर-20 रुपया प्रति किमी
बस 15 से 24 सीटर-1200 रुपया प्रतिदिन ईंधन
ट्रक भार 7500 किग्रा तक-1200 रुपया प्रतिदिन
ट्रैक्टर-800 रुपया प्रतिदिन

कोविड-19 प्रोटोकाल सामाग्री…
फेस मास्क-2 रुपया प्रति नग
सेनेटाइजर 100 एमएल-18 रुपया
साबुन लिक्विड 250 एमएल-55 रुपया
दास्ताना रबर-6 रुपया प्रति जोड़ा
थर्मल स्कैनर-973 रुपया प्रति नग
पीपीई किट-800 रुपया

महाशिवरात्रि को लेकर चहनियां शिव मंदिर पर हुई मंत्रणा

Young Writer: चहनियां शिव मंदिर पर बैठक करते कस्बावासी।

Young Writer, चहनियां। कस्बा स्थित शिव मंदिर पर कस्बावासियों की बैठक हुई। जिसमें महाशिवरात्रि पर पूजन अर्चन व विभिन्न कार्यक्रमो को लेकर रणनीति बनायी गयी। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी चहनियां स्थित शिव मंदिर पर महाशिवरात्रि धूमधाम से मनाया जायेगा। इसे लेकर गुरुवार की देर शाम को शिव मंदिर पर कस्बावासियों ने बैठक कर महाशिवरात्रि पर्व पर होने वाले बिभिन्न कार्यक्रमो की रणनीति बनायी गयी। बैठक में योगेंद्र मिश्रा ने बताया कि इस बार भी कोबिड के नियमो का पालन करते हुए महाशिवरात्रि धूमधाम से मनाया जाएगा। महाशिवरात्रि पर सुबह शिवलिंग को गंगा जल से स्नान व पूजन अर्चन ब्राम्हणों द्वारा कराया जायेगा । इसके साथ ही राम चरित मानस पाठ, हरिकर्तन, दोपहर 2 बजे के बाद बनारस के कलाकारों द्वारा शिव तांडव, सांस्कृतिक कार्यक्रम आदि अनेक कार्यक्रम किया जाएगा। चहनियां में महाशिरात्रि पर्व पर शिव बारात में हाथी, घोड़े, झांकी निकाली जाएगी। लंगर में प्रसाद बितरण किया जाएगा। इस दौरान प्रधानपति सतीश गुप्ता, व्यापार मण्डल अध्यक्ष भानू प्रताप यादव, सरिद्वार यादव, रामजी मोदनवाल, शिवलाल जायसवाल, आनन्द सिंह, जयशंकर जायसवाल, ध्रूव मिश्रा, संजय सोनकर, अमन सिंह, दीपक गुप्ता, शुभम चौहान, आशीष गुप्ता, जयदीप चौहान, राहुल चौहान आदि लोग उपस्थित थे।

चकियाः दलितों का उत्थान नहीं कर पाए दलित राजनेता

सुरक्षित विधानसभा क्षेत्र के नौगढ़ के लोगों में स्वजातीय नेता के प्रति गहरा आक्रोश

Young Writer, चंदौली। जनपद का चकिया विधानसभा, जो दलित बाहुल्य इलाका है। लिहाजा दलितों का राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ ही उसके उत्थान की बागड़ौर दलितों को सौंपने के लिए चकिया विधानसभा को सुरक्षित किया गया है। देखा जाए तो जब से चकिया विधानसभा में चुनाव हो रहे हैं चकिया का जनप्रतिनिधि दलित ही चुना जा रहा है, लेकिन दुर्भाग्य यह कि आज तक चकिया क्षेत्र खासकर नौगढ़ के दलितों का न तो आर्थिक उत्थान हुआ और ना ही ये सही मायनों में समाज की मुख्य धारा जुड़ पाए। स्थिति यह है कि आज भी अधिकांश दलित आबादी की आजीविका दिहाड़ी मजदूरी, श्रम और जंगल की जलावनी लकड़ियों पर निर्भर होकर रह गयी है, जो यह बताती है कि अब तक जितने भी जनप्रतिनिधि चकिया विधानसभा से चुनकर आए।
उन्होंने जनकल्याण की बजाय स्वकल्याण को प्राथमिकता दी। यही वजह है कि चुने हुए जनप्रतिनिधियों का जीवन स्तर और भौकाल तो खूब बढ़ा, लेकिन दलित मतदाताओं के जीवन स्तर में बदलाव नहीं हुआ है। यदि दलितों के व्यथा और पीड़ा को उनकी जुबानी सुने तो यह पता चल जाएगा कि इनके अंदर चकिया विधानसभा से चुने गए जनप्रतिनिधियों को लेकर कितना गुस्सा और आक्रोश भरा है। नक्सल प्रभावित नौगढ़ इलाके के ग्रामीणों का कहना है कि जनप्रतिनिधि वोट मांगते तो आते हैं, लेकिन जब चुनाव बाद हमें इनकी जरूरत होती है तो ये गायब हो जाते हैं। जिनकी जरूरत नौगढ़ की सुदूरवर्ती पहाड़ोें पर बसे गांव के ग्रामीणों को होती है ये लखनऊ के सरकारी कोठियों को आराम फरमा रहे होते हैं। यदि इनकी मंशा और काम करने की नियत होती तो आज नौगढ़ के गांव खुशहाल होते। लेकिन दुर्भाग्य यह है कि आज भी अधिकांश गांवों में जाने के लिए मुकम्मल रास्ता नहीं है। विकास की सच्चाई को जाननी है तो बारिश के दिनों में नौगढ़ की पहाड़ियों पर बसे गांवों में चले आइए। यहां किसी वाहन से छोड़िए पैदल चलकर गांव तक पहुंच पाना भी मुश्किल भरा कार्य है। बावजूद इसके यहां के ग्रामीण कई दशक से ऐसी दुश्वारियों का दंश झेलते आ रहे हैं। उनका कहना है कि जब दलित मतदाताओं व नागरिकों के साथ ऐसा होना ही था तो चकिया विधानसभा क्षेत्र को दलित राजनेता के लिए सुरक्षित करने के उद्देश्य और औचित्य समझ से परे हैं। कहा कि दलित नागरिकों के उत्थान के लिए बाबा साहब डा. भीमराव जैसे उम्दा व्यक्तित्व की जरूरत है। जो सामाजिक तिरस्कार को बर्दाश्त करते हुए खुद के व्यक्तित्व को स्थापित किया। साथ ही आजादी के बाद दलितों, पिछड़ों व वंचितों के अधिकार के लिए अभूतपूर्व कार्य किए। उनकी बातें करने वाले राजनेता यदि उनकी जीवनी के कुछ अंश को धारण कर लें तो अनुसूचित जाति के लिए सुरक्षित चकिया विधानसभा क्षेत्र के दलित मतदाताओं के जीवन स्तर में बड़ा बदलाव दिखेगा। खैर! हर बार चकिया क्षेत्र के मतदाता इसी उम्मीद के साथ पोलिंग बूथ पर जाते हैं और अपने मत का प्रयोग करते हैं, लेकिन अगले पांच सालों तक वे खुद को ठगा हुआ महसूस करते हैं।

चकिया विधानसभा से अब तक निर्वाचित विधायकों की सूची—-
1. शारदा प्रसाद                भाजपा              2017
2. पूनम सोनकर                सपा                2012
3. जितेंद्र कुमार                  बसपा              2007
4. शिव तपस्या पासवान        भाजपा             2002
5. सत्य प्रकाश सोनकर        सपा                 1996
6. राजेश बहेलिया              भाजपा              1993
7. राजेश बहेलिया              भाजपा              1991
8. सत्य प्रकाश सोनकर        जनता दल          1989
9. खरपत राम                   कांग्रेस              1985
10. खरपत राम                 कांग्रेस               1980
11. श्याम देव                   जेएनपी              1977
12. बेचन राम                   कांग्रेस               1974

Chandauli
overcast clouds
32.1 ° C
32.1 °
32.1 °
59 %
3kmh
100 %
Fri
33 °
Sat
36 °
Sun
35 °
Mon
36 °
Tue
36 °

You cannot copy content of this page

Verified by MonsterInsights