34.2 C
Chandauli
Friday, July 24, 2026

Buy now

Home Blog Page 584

‘नो योर कैंडिडेट’ ऐप पर मिलेगी प्रत्याशियों की कुंडली

निर्वाचन आयोग ने मतदाता की सहूलियत के लिए जारी किया ऐप
Young Writer, चंदौली। यदि आज राजनीति में रूचि रखते हुए और चुनाव के दिनों में अपने इलाके से दूर हैं तो आप मोबाइल में एक क्लिक से यह जान पाएंगे कि आपके लिए में कौन किस पार्टी से उम्मीदवार है। इसके निर्वाचन आयोग की ओर से ‘नो योर कैंडीडेट’ नामक एक ऐपलीकेशन जारी किया गया है, जिसके उपयोग से मतदाता अपने क्षेत्र के प्रत्याशियों की हरएक जानकारी प्राप्त कर सकेगे। नामांकन प्रक्रिया जैसे-जैसे आगे बढ़ेगी, चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों का पूरा का पूरा विवरण उक्त ऐप पर अपलोड कर दिया जाएगा।
अभी तक नामांकन दाखिल करने के बाद प्रत्याशियों का सारा रिकार्ड जिला निर्वाचन कार्यालय के पास मौजूद रहता था। इसकी जानकारी आम मतदाताओं को नहीं हो पाती थी। इसकी वजह से मतदाता आपराधिक छवि के प्रत्याशियों को समझ नहीं पाते थे। नामांकन भरने के बाद से सभी उम्मीदवारों का ब्यौरा देख सकते हैं, जैसे उम्मीदवार की आपराधिक पृष्ठभूमि व उसके द्वारा दिये गये शपथ पत्र को भी देख सकते हैं। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा चुनाव लडऩे वाले उम्मीदवारों के आपराधिक इतिहास के बारे में व्यापक प्रचार-प्रसार और अधिक जागरूकता प्रदान करने के लिए ‘नो योर कैन्डीडेट’ (केवाईसी-ईसीआई) नामक एप्लीकेशन डेवलेप करने के साथ ही उसे जारी किया गया है। उक्त ऐप पर चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों के आपराधिक इतिहास से संबंधित जानकारी प्राप्त की जा सकती है। इस एप्लीकेशन का लिंक भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध है। इसे गूगल प्ले स्टोर तथा एप्पल ऐप स्टोर से भी डाउनलोड किया जा सकता है।

चुनावः महेंद्र टेक्निकल इंटर कालेज हुआ सेनेटाइज व स्वच्छ

महेंद्र टेक्निकल इंटर कालेज में कक्षाओं को सेनेटाइज कर कर्मचारी।

महेंद्र टेक्निकल इंटर कालेज में चुनाव कर्मियों को दिया जाएगा प्रशिक्षण

Young Writer, चंदौली। विधानसभा चुनाव-2022 को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए महेंद्र टेक्निकल इंटर कालेज में मतदातन कर्मियों को प्रशिक्षित किया जाएगा। इसे लेकर तैयारियों जोर-शोर से की जा रही है। मुख्यालय स्थित महेंद्र टेक्निकल इंटर कालेज में बने प्रशिक्षण स्थल पर टेबुल कुर्सी लगाए जाने के साथ ही अन्य इंतजाम किए जा रहे हैं। वहीं कोविड-19 के दृष्टिगत सेनेटाइजर का छिड़काव कराया जा रहा है।
जनपद में विधानसभा का चुनाव अंतिम चरण सात मार्च को होना है। इस दौरान सभी चार विधानसभा सीटों सैयदराजा, सकलडीहा, मुगलसराय एवं चकिया में मतदान प्रक्रिया को सकुशल सम्पन्न कराया जाए। इसके लिए मतदान कार्मिकों को ईवीएम के संबंध में बकाएदे प्रशिक्षित किया जाएगा। प्रशिक्षण के लिए महेंद्र टेक्निकल इंटर कालेज को चयनित किया गया है। इसमें 4 फरवरी को मास्टर ट्रेनरों को प्रशिक्षत किया जाएगा। वहीं 5 फरवरी को सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेटों को ट्रेनिंग दिया जाएगा। जबकि 7 से 13 फरवरी तक मतदान कार्मिकों को प्रथम प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए 19 कक्षों में दो पालियों में प्रशिक्षण सम्पन्न कराया जाएगा। प्रति पाली में 760 कार्मिकों को ट्रेनिंग दिया जाएगा। वहीं दो पाली में 1520 कार्मिक प्रशिक्षित होंगे। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी संजीव सिंह ने बताया कि मतदान कार्मिकों का 20 प्रतिशत 1356 कार्मिक आरक्षित होंगे। मतदान के लिए कुल 8132 मतदान कार्मिकों को ईवीएम एवं सामान्य प्रशिक्षण दिया जाना है। प्रशिक्षण स्थल पर शुद्ध पेयजल के साथ ही कोविड-19 हेल्प डेस्क, मास्क, सेनेटाइजर एवं आवश्यक चिकित्सा व्यवस्था मुहैया करायी जाएगी। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।

बाबा कीनाराम मठ में मरीजों के आंखों की हुई जांच

बाबा कीनाराम मठ रामगढ में नेत्र चिकित्सा शिविर लगाकर रोगियों के नेत्रों की जांच करते चिकित्सक।

Young Writer, चहनियां। बाबा कीनाराम मठ रामगढ में गुरूवार को नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन करके नेत्र रोगियों की जांच पड़ताल की गयी साथ ही आवश्यकतानुसार लोगों को दवा व चश्मा का वितरण किया गया। आपरेशन योग्य रोगियों का पंजीकरण करके उनको समयानुसार अस्पताल बुलाया गया।
बाबा कीनाराम मठ रामगढ में गुरूवार को आयोजित नेत्र चिकित्सा शिविर में 87 रोगियों के आंखों की जांच करके उन्हें आवश्यकतानुसार दवा और चश्मा दिया गया साथ ही ऑपरेशन के लिए मरीजों का पंजीकरण करके समयानुसार अस्पताल आने को चिकित्सकों द्वारा कहा गया। इस दौरान मठ के प्रबन्धक सेवानिवृत्त मेजर अशोक सिंह ने कहा कि बाबा कीनाराम सदैव जरूरतमंद लोगों की सेवा सहयोग में विश्वास करके अपने अनुयायियों को ऐसे कार्यों में सहभागिता की शिक्षा प्रदान किये हैं। बाबा के बताये मार्ग पर चलते हुए पीठाधीश्वर महन्त बाबा सिद्धार्थ राम गौतम की प्रेरणा से जरूरतमंदों की सेवा सहयोग के लिए इस प्रकार के आयोजन समय समय पर मठ परिसर में आयोजित होते रहते है जिससे हम सबके मन को शकुन और शान्ति मिलती है। इस दौरान डा.राहुल पाल, शुभम सिंह, राजेश यादव, लवलेश पाल, रितेश मिश्र, पंकज पाण्डेय, अशोक मौर्य, गब्बर, दिलीप यादव उपस्थित रहे।

एसडीएम बनकर धमकाने वाले सफाई कर्मी के खिलाफ तहरीर

Young Writer: कार्टून

Young Writer, नौगढ़ तहसीलदार कार्यालय में कार्यरत मनबढ सफाईकर्मी द्रारा मोबाइल फोन पर एसडीएम व तहसीलदार बनकर लोगों को धमकाने का विरोध करने वाले लोगों को गाली गलौज तथा जान से मारने की धमकी आदि आरोपों के मामले में गुरुवार को एक और प्रार्थना पत्र नौगढ थाने पर दिया गया है। जिसपर आरोपों की जांच करने में थाना पुलिस जुट गयी है।
बताया जाता है कि चकरघट्टा थाना क्षेत्र के देवदतपुर गांव निवासी सफाईकर्मी सुनील कुमार पंडित नौगढ़ तहसील कार्यालय से संबद्ध होकर तहसीलदार का वाहन चालक है। जिसके द्वारा अभी बीते वर्ष में गांव की आंगनबाड़ी की दबंगई से पात्रों को नहीं मिलने वाले लाभ के बारे में शिकायत करने वालो को जमकर गाली गलौज व अनेकानेक धमकी भी दी गई थी। जिसका प्रार्थना पत्र चकरघट्टा थाना व संपूर्ण समाधान दिवस मे दिए जाने पर भी कोई कार्यवाही नहीं हुयी।जिससे उसका मनोबल और काफी बढ़ा हुआ है। नौगढ़ थाना क्षेत्र के मरवटिया गांव निवासी रफूद्दीन ने गुरुवार को नौगढ़ थाने पर तहरीर देकर के बताया है कि उक्त सफाईकर्मी द्रारा मुझपर दबाव बनाकर के मुझसे अपने मनमर्जी का काम कराना चाहता था जिसका विरोध किए जाने पर मेरे साथ गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी दिया है, तभी से हम परिजनों सहित काफी डरे सहमे व भयभीत हैं।

गेरुआ वस्त्र धारण कर जनता को धमकाते हैं सीएमः दिग्विजय ‘देव’

सपा कार्यालय पर समीक्षा बैठक को संबोधित करते दिग्विजय सिंह ʺदेव‘

Young Writer, चंदौली। समाजवादी छात्र के प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय सिंह देव गुरुवार को जनपद दौरे पर थे। इस दौरान उन्होंने छात्र सभा समेत सपा के यूथ फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारियों में जीत का जोश व जज्बा भरा। कहा कि अखिलेश यादव के सत्ता परिवर्तन के मिशन को जन-जन तक लेकर जाएं। संगठन से जुड़े और संगठित रहे। उन्होंने सरकार पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ने नौजवानों व छात्रों पर सबसे ज्यादा जुल्म और ज्यादती की है और आज विधानसभा चुनाव में यदि युवा व नौजवान भाजपा सरकार के ताबूत की अंतिम किल साबित होंगे।

सपा कार्यालय पर छात्र सभा के प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत करते सपाई।

इस दौरान उन्होंने सूबे के सीएम योगी आदित्यनाथ पर एक के बाद एक कई हमले किए। कहा कि योगी आदित्यनाथ एक ऐसे सीएम है जो गेरूआ वस्त्र धारण करने के बाद छात्र-नौजवानों को धमकाने का काम कर रहे हैं। ऐसा सीएम व संत समाज ने न तो पहले देखा था और ना ही आगे आने वाले दिनों देखेगी। कहा कि योगी आदित्यनाथ नेता हैं, अभिनेता हैं या कुछ और है यह जनता विधानसभा चुनाव में जनता तय करेगी। कहा कि भाजपा ने पांच सालों में कुछ नहीं किया। यही वजह है कि यूपी में ये लोग जहां भी वोट मांगने जा रहे हैं जनता इन्हें खदेड़ने का काम कर रही है। कहा कि आज यूपी की हालत ऐसी है कि यदि नौजवान नौकरी के मांगने जाए तो उसे लाठी मिलती है और अपना हक मांगने के लिए धरना-प्रदर्शन करता है तो उन्हें हास्टल के कमरों में घुसकर लाठियां बरसायी जाती है। युवा इस जुल्म को नहीं भुलेगा। इसके पूर्व चंदौली के सपा जिलाध्यक्ष सत्य नरायन राजभर व छात्र सभा जिलाध्यक्ष बाबूलाल यादव की अगुवाई में प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय सिंह देव का माल्यार्पण कर स्वागत किया। इसके बाद पार्टी कार्यालय पर उन्होंने समीक्षा बैठक में संगठन के कामकाज को देखा और खामियों को दुरूस्त करने की नसीहत दी। इस अवसर पर अनिल मिश्रा, दिलीप पासवान, परवेज अहमद जिद्दी, शिवदयाल यादव, सुजीत कन्नौजिया, मोहम्मद आरिफ, दानिश इकबाल, अर्जुन अग्रहरि, कुलदीप यादव, संजय मौर्या आदि उपस्थित रहे। संचालन महासचिव मुख्तार अहमद ने किया।

रेल कर्मियों ने 17 सूत्रीय मांगों के समर्थन में बुलंद किया आवाज

Young Writer, कर्मनाशा(बिहार)। ईस्ट सेंट्रल रेलवे इम्पलाईज यूनियन ने गुरुवार को केंद्रीय कमिटी के आह्वान पर पूर्व मध्य रेलवे के कर्मचारियों ने रेल पथ निरीक्षक कार्यालय कर्मनाशा के समक्ष विरोध-प्रदर्शन किया। इस दौरान भभुआ में 12 से शाम तीन बजे तथा कर्मनाशा में 10 से 11 बजे तक विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा। अंत में समस्याओं व महाप्रबंधक पूर्व मध्य रेल के नाम 17 सूत्रीय मांग-पत्र कार्यालय में दिया गया।

इस दौरान कर्मचारियों ने मांग किया कि कार्यरत कर्मियों को जीवन रक्षक यंत्र दिया जाय। बिना पदोन्नति व बिना प्रशिक्षण दिए अपग्रेड का कार्य न करवाया जाए। ट्रेक व ट्रेनों का संख्या, परिचालन, स्पीड बढ़ने की समीक्षा कर व पेट्रोलिंग फेरा व किलोमीटर कम किया जाय व तथ्यहीन आरोप लगाकर चार्जशीट व पनिश करना बंद किया जाय। इंजिनियरिंग विभाग में गेटमैन सहित सभी कर्मचारियों के लिए लंच सहित 08 घंटे का कार्य रोस्टर लागू किया जाय। कहा कि सीआर व एनएच इत्यादि की कटौती बंद किया जाय। 14/2 (रिमूभ फ्रॉम सर्विस) जैसे काले कानून को निरस्त किया जाय, क्योंकि इससे न केवल कर्मचारियों के जीवन बल्कि उनपर आश्रित परिवार (पत्नी, बच्चे बूढ़े मां बाप) सबका जीवन तबाह व बर्बाद होता है। समानता के तहत इंजीनियरिंग विभाग के कर्मियों को भी एलडीसीई में सम्मिलित किया जाय। सभी मंडलों में वंचिंग का लाभ 2012 से दिया जाय एवं उसका एरियर का भुगतान किया जाय। इंजीनियरिंग सहित सभी विभागों के रेलकर्मी को 50 लाख का बीमा किया जाय। पुरानी पेंशन (ओपीएस) बहाली किया जाय। रेलवे सहित सभी सार्वजनिक उपक्रमो का निजीकरण बंद किया जाय। इंडक्शन कोटा के तहत ट्रैकमैन को अन्य विभाग में स्थानांतरण किया जाय। ट्रैकमैन को अन्य ग्रुप डी कर्मचारियों की तर 4200 ग्रेड पे तक अपग्रेड कर नया पद सृजन किया जाय। ट्रैकमैन को घोषित मूल वेतन का 30 प्रतिशत जोखिम भत्ता दिया। डीडीयु में इंजिनियरिंग कर्मचारियों के लिए नवनिर्मित आवास बनाया जाय। इस दौरान मंडल संगठन सचिव चंदन राय, हरि नारायण राही, अमीत कुमार पटेल, बालेवर प्रसाद, संजय कुमार पासवान, प्रभात कुमार बिहारी, परशुराम, रत्न पंडित, सत्येंद्र कुमार, राजेश कुमार, सत्येंद्र कुमार चौधरी आदि उपस्थित रहे। संचालन जोनल अध्यक्ष संतोष कुमार पासवान ने किया। वहीं कर्मनासा में बलदेव राय, रामानुज साहु, अमीत कुमार, सुमन कुमार, भुषण कुमार, हरेकृष्ण मेहता, अमरेंद्र कुमार, जयशंकर कुमार, राकेश गुप्ता, जितेंद्र पासवान आदि उपस्थित रहे।

इंडियन बैंक चोरीः किराया के सापेक्ष मिलेगा 100 प्रतिशत मुआवजा

इंडियन बैंक चोरीः सपा नेता मनोज सिंह डब्लू ने बैंक के मदद को बताया नाकाफी

Young Writer, चंदौली। यदि आप इंडियन बैंक शाखा चंदौली के लाकरधारी हैं और गत दिनों हुई चोरी में आपके लाकर से भी कीमती आभूषण व सामान चोरी हुए हैं तो यह खबर आपके काम की है। जिन लाकरधारियों के लाकर में सेंधमारी हुए है उन्हें बैंक उनके लाकर के किराए के सापेक्ष 100 गुना अधिक नुकसान की भरपाई करेगी। इंडियन बैंक के आला अधिकारियों द्वारा ब्रांच को गुरुवार को मेल भेजकर यह जानकारी दी गई है। यह जानकारी उस वक्त पटल पर आयी जब सपा नेता मनोज सिंह डब्लू (Manoj Kumar Singh W) अपने तय वायदे के मुताबिक गुरुवार को बैंक शाखा पहुंचे और इस बाबत जवाब-तलब किया तो ब्रांच मैनेजर द्वारा इस आशय की जानकारी दी गयी। हालांकि बैंक के इस निर्णय से मौके पर मौजूद लाकरधारी खासे दुखी व नाराज दिखे।
इस बाबत इंडियन बैंक चंदौली के लाकरधारियों का कहना था कि बैंक के लाकर में हम सभी के पुश्तैनी जेवरात व गहने थे, जिनकी कीमत काफी अधिक थी। सुरक्षा के दृष्टिकोण से उन गहरों को बैंक के लाकर में रखा गया था, लेकिन यहां भी उनकी पुश्तैनी व कीमती अमानत चोरों के हाथ लग गयी है। इससे लाकरधारियों को गहरा आघात लगा है। ऐसी स्थिति में बैंक मदद के नाम पर मात्र खानापूर्ति कर रहा है, जो स्वीकार्य नहीं है। आरोप लगाया कि बैंक द्वारा इस बात लेकर भी डराया व धमकाया जा रहा है कि चोरी गए आभूषणों का अधिक उल्लेख करोंगे तो छापेमारी जैसी कार्यवाही भी हो सकती है। वहीं सपा नेता मनोज कुमार सिंह डब्लू ने कहा कि लाकरधारियों का चार सूत्रीय मांगें उन्हें दी गयी है और वह उसे लेकर उच्चाधिकारियों से बातचीत करेंगे, ताकि जिनके गहरे व आभूषण आदि की चोरी हुई और इसवक्त उनका बड़ा नुकसान हुआ है। बैंक के साथ-साथ पुलिस प्रशासन उनकी मदद करे। उन्होंने बैंक अधिकारियों व कर्मचारियों की भूमिका को भी संदिग्ध बताते हुए सवाल खड़े किए। कहा कि इस चोरी में कहीं न कहीं बैंक कर्मियों की मिलीभगत है, अन्यथा लाकरों में सेंधमारी का सवाल ही नहीं उठता। क्योंकि जिस रात चोरी हुई उस दिन बैंक शाखा में बड़ी मात्रा में कैश रखा गया था, लेकिन चोरों द्वारा नकदी को छोड़कर आभूषणों की चोरी की गयी है, जिससे आमजन को बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ है और लोग हाल-परेशान है। खासकर उन लोगों की नींद उड़ी हुई है जिनके परिवार में बेटियों की शादी है और वे इस नुकसान के कारण जेवरात आदि बंदोबस्त नहीं कर सकते।

स्वास्थ्य सेवाओं को भाजपा सरकार ने किया बर्बादः मनोज डब्लू

Young Writer: प्राथमिक अस्पताल कमालपुर के बारे में जानकारी देते मनोज सिंह डब्लू।

Young Writer, कमालपुर। सपा के राष्ट्रीय सचिव मनोज कुमार सिंह एक बार फिर भाजपा सरकार पर हमलावर दिखे। उन्होंने कमालपुर ई-प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का भ्रमण कर सरकार पर बड़ा आरोप लगाया। कहा कि भाजपा ने सत्ता में आने के बाद यूपी की स्वास्थ्य व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है। अखिलेश यादव की सरकार में स्वास्थ्य महकमे को सरकारी योजनाओं व मदद से सींचा गया। जगह-जगह स्ट्रक्चर खड़े किए गए। साथ ही चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती कर लोगों तक निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का काम किया है। अखिलेश यादव की सरकार की सभी योजनाएं व व्यवस्थाएं आज धड़ाम है, जिससे आम आदमी व गरीब निजी चिकित्सालयों की शरण में है।
उन्होंने कहा कि पूर्ववती सपा सरकार में सरकारी अस्पतालों में लोगों को बेहतर दवा-ईलाज के लिए कई बड़े बदलाव किए गए। सभी तरह के जांच को अस्पताल में निःशुल्क किया गया। एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड जैसी व्यवस्थाएं भी निःशुल्क हुई। साथ ही इन व्यवस्थाओं का समुचित संचालन हो। इसके लिए तकनीकी लोगों को अस्पतालों में नियुक्त किया गया। लेकिन आज सभी व्यवस्थाएं धड़ाम है। लोगों को न तो दवाएं मिल रही है और ना ही उनका समुचित जांच व उपचार हो पा रहा है। कहा कि अपने विधायक रहते हुए कमालपुर प्राथमिक अस्पताल का निर्माण कराया, जहां 50 से अधिक गांवों के लोगों के ईलाज के सपनों को पूरा किया गया। लेकिन सत्ता परिवर्तन के बाद भाजपा सरकार ने प्राथमिक अस्पताल को ई-प्राथमिक अस्पताल में बदल दिया। साधारण भाषा में कहें तो अस्पताल बिना चिकित्सक के संचालित किया जा रहा है। इस बात से सहज अंदाजा लगाया जा सकता है कि सरकार गरीबों को स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराने को लेकर कितना फिक्रमंद है। इसी तरह 108 एंबुलेंस सेवाओं को भाजपा सरकार ने बर्बाद करने का काम किया है। स्थिति यह है कि चालकों के मानदेय घटा दिए गए। साथ ही ईंधन के लिए समय से पैसे नहीं मिल पा रहे हैं, जिससे एंबुलेंस कहीं भी मरीज को लेकर रास्ते में खड़ी हो जा रही है।

अवैध खनन से खोखली हो रही नौगढ़ की पहाड़ियां

नौगढ़ः पहाड़ों पर हो रहे अवैध खनन के लिए काटी गयी पहाड़ियां।

Young Writer, नौगढ़। नौगढ़ वैसे तो नक्सलियों के मूवमेंट के बदनुमा दाग को धोने में पूरी शिद्दत से लगा है। लेकिन यहां विंध्य पर्वत श्रृंखला की सुंदरता दूरदराज के लोगों को अपनी ओर खींच लाती है। इसी सुंदरता ने नक्सलियों के आंतक के भय को काफी हद तक मिटाने काम किया। लेकिन इन दिनों नौगढ़ में मौजूद विंध्य पर्वत श्रृंखला अवैध खनन के आघात को झेल रही है। हालात यह है कि यहां की कई पहाड़ियों अवैध खनन के कारण खोखली होती जा रही है। यहां वन विभाग है, पुलिस है। पूरा का पूरा प्रशासनिक अमला है, लेकिन अवैध खनन कराने वाले लोग इतने ताकतवर हैं कि उन पर हाथ डालने का हौसला पुलिस, प्रशासन व वन विभाग जुटा नहीं पा रहा है। स्थानीय लोगों की माने तो अवैध खनन कराने वाले न केवल आर्थिक रूप से काफी सशक्त हैं, बल्कि इन्हें सत्ता का मजबूत राजनीतिक संरक्षण भी प्राप्त है। क्योंकि अवैध खनन होनी वाली अकूत कमाई में कई सफेदपोश नेताओं का मोटा हिस्सा है, जो उन तक पहुंच रहा है।

नौगढ़ः पहाड़ों पर हो रहे अवैध खनन के लिए काटी गयी पहाड़ियां।

हाल-फिलहाल के स्थिति पर नजर डाले तो अवैध खनन से नौगढ़ की पांच पहाड़ियों को खासा नुकसान पहुंचा है। पूरा का पूरा इलाका अवैध खनन का अड्डा बना हुआ है। चंदौली जिले के पांच पहाड़ियों हो रहे अवैध खनन को देखते हुए वन विभाग बेखबर है। शिकारगंज क्षेत्र में गाय घाट के पास स्थित ललमनिया चमरड़ीह पहाड़ व 52 वीर पहाड़, नेवाजगंज के पास बदहवा पहाड़, गणेशपुर के पास कोठी घाट पहाड़ और चंदौली मिर्जापुर के बॉर्डर पर स्थित रामसगरा पहाड़ अवैध खनन हो रहा है। राम सगरा पहाड़ का उत्तरी हिस्सा चंदौली जिले में आता इन पहाड़ियों पर खुलेआम अवैध खनन होने के बावजूद पुलिस व वन विभाग तथा खनन विभाग की कार्यवाही औपचारिकताएं मात्र पूरी की जा रही है।

नौगढ़ः पहाड़ों पर हो रहे अवैध खनन के लिए काटी गयी पहाड़ियां।

अवैध खनन से हर रोज कई हजार टन पत्थर इन पांचों पहाड़ों से निकल रहा है। जिसे खनन माफिया बिना रोक-टोक के खुलेआम बेच अपनी जेब गर्म रहे हैं। इस अवैध खनन से सरकार को राजस्व का नुकसान होने के साथ ही पर्यावरण को बड़ा खतरा उत्पन्न हो गया है। गनेशपुर के कोठी घाट गायघाट की ललमनिया पहाड़ी और नेवाजगंज के भदहवा पहाड़ से अवैध खनन कर लाया गया पत्थर शिकारगंज सिकंदरपुर और चकिया बाजार सहित आसपास के गांव में बेचा जा रहा है। यहां सुबह से लेकर रात तक निर्वाध गति से अवैध खनन हो रहा है। इन पहाड़ों से पत्थर लेकर निकलने वाले ट्रैक्टरों से क्षेत्र में कई बार दुर्घटनाएं हो चुकी हैं और लोगों की जान भी जा चुकी हैं। यहां हो रहे अवैध खनन का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि पूर्व में खनन की जांच करने आए रावर्ट्सगंज संसदीय क्षेत्र के तत्कालीन सांसद कुंवर छोटेलाल सिंह खरवार का खनन माफिया ने घेराव किया और उनके साथ गाली गलौज की थी।
इस मामले में काशी वन्यजीव प्रभात रामनगर वाराणसी के डीएफओ दिनेश सिंह ने बताया कि शिकारगंज क्षेत्र में हो रहे अवैध खनन की सूचना मिल रही है जल्द ही जिला प्रशासन से वार्ता करके एक्शन प्लान बनाया जाएगा।

इनसेट—
पहाड़ों पर फैला है खनन माफियाओं का पूरा तंत्र
नौगढ़। खनन माफिया का पूरा तंत्र विंध्य पर्वत श्रृंखला के पहाड़ों पर फैला है। यहां पुलिस-प्रशासन की एक-एक मूवमेंट की जानकारी इन खनन माफियाओं को है। यही वजह है कि जब भी कोई अफसर या महकमा इनके खिलाफ एक्शन लेने का प्रयास करता है। छापेमारी की सूचना इन तक पहुंच जाती है। बीते दिनों शिकारगंज क्षेत्र में अवैध खनन की जांच के लिए गई पुलिस व वन विभाग की टीम को खनन क्षेत्र में माफियाओं की सह पर घेर लिया गया। अंततः पुलिस व वन विभाग को मौके की नजाकत को देखते हुए अपनी जान बचाने के लिए वहां से खाली हाथ लौटना पड़ा। पुलिस ने अवैध पत्थर लदे ट्रक को भी खनन माफियाओं के हवाले कर दिया। इस बीच लौटते समय पुलिस पार्टी व कुछ अराजकत खनन माफियाओं ने पत्थरबाजी करके दहशत कायम कर दी। इस मामले में पुलिस ऐसी वारदात से इन्कार करती रही। वहीं डीएफओ ने इस घटना की पुष्टि की। साथ ही खनन माफियाओं के खिलाफ कार्यवाही की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया। अब सवाल यह उठता है कि वन विभाग, पुलिस व नौगढ़ के साथ-साथ चकिया तहसील का प्रशासनिक अमला इन खनन माफियाओं के खिलाफ कितनी मजबूती के साथ खड़ा नजर आता है।

शिकारगंज क्षेत्र में गाय घाट के पास स्थित ललमनिया चमरड़ीह पहाड़ व 52 वीर पहाड़, नेवाजगंज के पास बदहवा पहाड़, गणेशपुर के पास कोठी घाट पहाड़ और चंदौली मिर्जापुर के बॉर्डर पर स्थित रामसगरा पहाड़ अवैध खनन हो रहा है।

पुलिस व वन विभाग पर खनन माफियाओं ने किया पथराव

खनन रोकने गयी पुलिस व वन विभाग की टीम को घेरे ग्रामीण।

Young Writer, चकिया। चंदौली जनपद के शिकारगंज क्षेत्र की प्रतिबंधित पहाड़ियों पर हो रहे अवैध खनन को रोकने में निकली वन विभाग व पुलिस टीम को खनन माफियाओं के विरोध का सामना करना पड़ा। सूत्र बताते हैं कि बीते मंगलवार की देर शाम ट्रक पर बोल्डर लादे जाने की सूचना पर पहुंचे वन विभाग और पुलिस विभाग का खनन माफियाओं से सामाना हुआ तो दूसरे पक्ष के जोरदार प्रतिकार हुआ। पत्थर खनन से जुड़े मजदूरों के आक्रामक रवैया को देखकर पुलिस और वन विभाग की टीम ट्रक को वहीं छोड़ बैरंग वापस लौट गई। इस दौरान पुलिस व वन विभाग के दल पर पथराव भी हुआ।

बीते मंगलवार की देर शाम चंद्रप्रभा रेंजर बृजेश पांडेय को सूचना मिली कि सहामदपुर गांव के पास अवैध रूप से ट्रक पर बोल्डर लादा जा रहा है जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए रेंजर अपनी टीम के साथ ट्रक को अपनी गिरफ्त में लेने के लिए पहुंच गए, लेकिन खुद को घिरता देख उन्होंने इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे कोतवाल राजेश यादव अपनी टीम के साथ पहुंच गए और ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया। कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक गाड़ी छोड़कर रात के अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस और वन विभाग द्वारा ट्रक को कब्जे में लेने की सूचना पर वहां भारी भीड़ ने घेराव कर लिया। इस दौरान पुलिस पार्टी पर पथराव होने की भी चर्चाएं रही। पथराव में कोतवाल चकिया की फर्स्ट मोबाइल वाहन व वन विभाग की क्षतिग्रस्त हो गई। उसके बावजूद कोतवाल ने साहस का परिचय देते हुए खनन क्षेत्र में अपनी गाड़ी से उतरकर मजदूरों को समझाने लगे काफी मशक्कत के बाद किसी तरह खनन करने वाले मजदूरों का गुस्सा शांत हुआ, लेकिन स्थिति तनावपूर्ण देख चकिया कोतवाल ने पकड़ी गई ट्रक के कागजात मजदूरों के हवाले कर दिया। मौके से बैरंग वापस लौट आए। इस बाबत डीएफओ दिनेश सिंह ने बताया कि अवैध खनन की सुचना पर पुलिस और वन विभाग की टीम कार्रवाई करने मौके पर पहुंची थी। इस दौरान खनन माफियाओं ने टीम का घेराव कर पथराव करने लगे। फोर्स की कमी के चलते बिना कार्रवाई के वापस लौटना पड़ा। फिलहाल इस पूरे घटना से जॉइंट मजिस्ट्रेट प्रेम प्रकाश मीणा को अवगत करा दिया गया। साथ ही कार्रवाई के बाबत रणनीति बनाई जा रही है।

Chandauli
light rain
34.2 ° C
34.2 °
34.2 °
51 %
2.5kmh
95 %
Fri
34 °
Sat
35 °
Sun
35 °
Mon
36 °
Tue
36 °

You cannot copy content of this page

Verified by MonsterInsights