38.9 C
Chandauli
Monday, July 27, 2026

Buy now

Home Blog Page 625

कटवामाफी व इलिया अस्पतालों का ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने लिया जायजा

निरीक्षण के दौरान अस्पताल के अभिलेखों का मुआयना करते एसडीएम प्रेमप्रकाश मीणा।

Young Writer, इलिया। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट प्रेम प्रकाश मीणा ने सोमवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कटवामाफी तथा इलिया का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कटवामाफी स्वास्थ्य केंद्र पर कई कर्मचारी बगैर छुट्टी लिये लंबे समय से अनुपस्थित पाए गए। साथ ही स्वास्थ्य केंद्र पर साफ-सफाई व्यवस्था बेहद खराब मिली। उन्होंने चिकित्सा प्रभारी मिलेश मालवीय को कड़ी फटकार लगाई तथा चिकित्सकीय उपकरण उपलब्ध न रहने पर जवाब-तलब किया।
ग्रामीणों की लगातार मिल रही शिकायत पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दोपहर दो बजे कटवांमाफी स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण करने पहुंच गए। जहां फार्मासिस्ट अखिलेश पांडेय, सुनील कुमार सिंह, बीएचडब्ल्यू आरती देवी, सद्दाम हुसैन बगैर छुट्टी लिए ही स्वास्थ्य केंद्र से गायब मिले। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने जब अभिलेखों का निरीक्षण किया तो पता चला कि यह सारे कर्मचारी लंबे समय से बगैर छुट्टी लिए अनाधिकृत रूप से स्वास्थ्य केंद्र से गायब है। जिस पर उन्होंने अनुपस्थित अधिकारियों तथा कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई किए जाने का निर्देश दिया। इसके अलावा स्वास्थ्य केंद्र पर साफ-सफाई, टॉयलेट, ऑपरेशन थिएटर, वूमेन वार्ड की बेहद खराब स्थिति पायी तथा लंबे समय से साफ सफाई ना होने पर उन्होंने प्रभारी चिकित्सा अधिकारी निलेश मालवीय को कड़ी फटकार लगाई। इसके बाद ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सीधे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तथा वैलनेस सेंटर इलिया पहुंचे, जहां चिकित्साधिकारी सहित सभी स्टॉप उपस्थित पाए गए। बताया कि कटवामाफी स्वास्थ्य केंद्र पर पाई गई कमियों को तत्काल दुरुस्त करने संबंधी आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं।

कपड़ा से लेकर कफन तक होगा महंगा‚ जानिए कैसे

कलेक्ट्रेट में डीएम को ज्ञापन सौंपते सपा व्यापार सभा के पदाधिकारी।


व्यापारी बोले‚ जीएसटी की दरों से आमजन पर बढ़ेगा महंगाई का भार

Young Writer, चंदौली। समाजवादी व्यापार सभा का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को जिलाधिकारी से मिला। इस दौरान व्यापारियों ने कपड़े, फुटवियर व ईंट पर जीएसटी की दर बढ़ाने का विरोध किया। साथ ही जीएसटी दरों में वृद्धि से आम आदमी के जीवन पर पढ़ने वाले असर से जिलाधिकारी को अवगत कराया। चेताया कि यदि जीएसटी की बढ़ी हुई दारों को वापस नहीं लिया गया तो हम सभी इसका पुरजोर विरोध करेंगे।

इस दौरान जिलाध्यक्ष अशोक कुमार गुप्त ने कहा कि जीएसटी की दरें बढ़ने से एक जनवरी के बाद कपड़ा से लेकर कफन तक महंगा हो जाएगा। इसके अलावा ईंट महंगी होने से गरीबों व मध्यम वर्गीय लोगों के घर–मकान बनाने का सपना भी उनकी पहुंच से बाहर हो जाएगा। लिहाजा सरकार का यह निर्णय पूरी तरह से व्यापारी व आमजन के खिलाफ है। सरकार के इस निर्णय से महंगाई की मार झेल रहे आम आदमी की जेब पर बोझ और बढ़ेगा। सरकार की गलत नीतियों के कारण आज व्यापारी बर्बादी की कगार पर है। ऐसी विषम स्थिति में राहत देने की बजाय केन्द्र सरकार ने कपड़े, ईंट व फुटवियर जैसी बुनियादी वस्तुओं की जीएसटी की दरें पांच से बढ़ाकर 12 प्रतिशत करने का निर्णय लिया है, जिससे इस व्यापार से जुड़े दुकानदारों, उद्यमियों व भट्टा मालिकों को मौत की शैया पर धकेलने काम कर रही है। सरकार के इस फैसले से चंद बड़ी कम्पनियों को लाभ होगा। साथ ही छोटे व मध्यम व्यापारी के अलावा किसान, छात्र व मजदूर पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। नई दरें प्रभावी होने से कपड़े, कंबल, पर्दे, सुतली की नुकीले जाल, रस्सी, तिरपाल, जूतू, हवाई चप्पल व ईंट आदि महंगे हो जाएंगे। लिहाजा सरकार इसे तत्काल वापस ले। क्योंकि ऐसा नहीं हुआ तो देश के आम लोगों पर महंगाई का बोझ और बढ़ेगा।

धान के कटोरे में ‘गुम’ हुई किसान पेंशन योजना

Story Credit लारेंस सिंह

Young Writer, चंदौली। प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री किसान मानधन योजना अंतर्गत अंशदान करने वाले किसानों को 60 वर्ष की आयु के बाद ₹3000 मासिक पेंशन देगी। इस योजना का सच है कि काफी दिन बाद की कृषि  विभाग ने कोई लेखा-जोखा नहीं जुटा पाया है कि कितने किसान इससे जुड़े है या जुड़े ही नहीं हैं। हालांकि कृषि विभाग प्रचार प्रसार का दावा दो मजबूती से करता है लेकिन योजना का धरातल पर हाल पूछने पर हाथ खड़े कर दे रहा है। प्रदेश सरकार किसानों से जुड़े होने के प्रदेश स्तरीय आंकड़े जारी कर रही है। इसमें जनपदवार उल्लेख ना होने से जिले की स्थिति स्पष्ट नही है। अभी तक इस योजना का पन्ना तक कृषि विभाग ने नहीं बनाया है। और तो और जिस योजना का प्रचार प्रसार कृषि विभाग दावा कर रहा है उसका प्रतिफल जानने की कोशिश भी नहीं की है।

क्या है किसान पेंशन योजना
प्रधानमंत्री मानधन योजना के तहत 60 साल की उम्र के बाद किसानों के लिए 3000 मासिक या 36000 सालाना पेंशन का प्रावधान है। इस योजना के अंतर्गत 18 से 40 साल तक की उम्र का किसान पात्र है। उम्र के हिसाब से मासिक अंशदान करना है। 18 से 40 वर्ष तक की आयु के 2 हेक्टेयर तक के किसान योजना से जुड़ सकते हैं। 20 से 40 वर्ष के किसान 55 से 200 तक मासिक अंशदान करना होगा 18 साल की उम्र में किसान जुड़ते हैं तो मासिक अनुदान 55 या सालाना 660 होगा। वही 40 की उम्र में जुड़ते हैं तो 200 महीना या 2400 सालाना योगदान करना होगा। किसान के बराबर योगदान सरकार भी पीएम किसान अकाउंट में करती है। अगर किसान का योगदान 55 है तो सरकार भी 55 का योगदान करेगी, अगर कोई किसान बीच में स्कीम छोड़ना चाहता है तो जमा धन पर बैंक के सेविंग अकाउंट के बराबर का ब्याज मिलेगा। पॉलिसी होल्डर किसान की मौत हो गई तो पत्नी को 50 फीसदी रकम मिलती रहेगी।

इस तरह करें आवेदन
इस योजना का लाभ उठाने के लिए किसान को कॉमन सर्विस सेंटर में रजिस्ट्रेशन कराना होगा। रजिस्ट्रेशन के लिए आधार कार्ड, दो फोटो, बैंक की पासबुक और खसरा खतौनी की नकल ले जानी होगी। रजिस्ट्रेशन के लिए किसान को अलग से कोई फीस नहीं देनी होगी। रजिस्ट्रेशन के दौरान किसान का किसान पेंशन यूनिक नंबर और पेंशन कार्ड बनाया जाता है।

प्रदेश सरकार के ये हैं आंकड़े
प्रदेश सरकार ने पीएमकेएमवाई के तहत 16 नवंबर तक 252256 लाभार्थियों को कार्ड उपलब्ध कराया है। इसमें 74% पुरुष व 26% महिला हैं। इसमें 18 से 25 आयु वाले 23. 60%, 26 से 35 वर्ष वाले 49.90% तथा 36 से 40 वर्ष के 26.4% लाभार्थी हैं। वर्ष 2015-16 की कृषि गणना के अनुसार प्रदेश के लघु एवं सीमांत कृषक परिवारों की संख्या 221.10 लाख अर्थात कुल किसानों का 92.80% है।

सफल होने के लिए पुरातन छात्रों से प्रेरणा लें विद्यार्थी

Young Writer, चंदौली। महेंद्र टेक्निकल इंटर कालेज में आजादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस दौरान मुख्य अतिथि विद्यालय के पुरातन छात्र विनोद कुमार तिवारी मुख्य आयकर आयुक्त रहे।
जिला विद्यालय निरीक्षक डा. विजय प्रकाश सिंह ने कहा कि विद्यालय के पुरातन छात्र जो आज सफल हैं उनसे प्रेरणा लेकर छात्र-छात्राओं को अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए दृढ़ संकल्पित होना होगा। जब तक आप मेहनतकश नहीं होंगे, लक्ष्य की प्राप्ति व सफलता आपकी पहुंच से दूर होगी। इसी विद्यालय प्रांगण से पढ़कर कई छात्र आज समाज व देश की सेवा कर रहे हैं। मुख्य अतिथि विनोद कुमार तिवारी ने विद्यालय की पुरानी यादों को विद्यार्थियों से साझा किया। साथ ही अपने पिता व विद्यालय के पूर्व प्रवक्ता अंग्रेजी स्वर्गीय शोभनाथ तिवारी के आदर्शों के अनुकरण की बात कही। इस अवसर विद्यालय के विद्यार्थियों ने अतिथियों के सम्मान के सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कर सबका मन मोह लिया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि अपर आयकर आयुक्त लियाकत अली, विश्वजीत मुखर्जी आदि उपस्थित रहे। अध्यक्षता सदर ब्लाक प्रमुख संजय सिंह व संचालन प्रधानाचार्य डा. रामचंद्र शुक्ल ने किया।

दीन-दुखियों की सेवा ही संत गाडगे के प्रति श्रद्धांजलि

चंदौली सावजी के पोखरे पर संत गाडगे का परिनिर्वाण दिवस मनाते लोग।

Young Writer, चंदौली। उत्तर प्रदेश धोबी कल्याण समिति की ओर से सोमवार को सावजी के पोखरे पर बाबा संत गाडगे का 65वां परिनिर्वाण दिवस श्रद्धापूर्वक मनाया गया। इस दौरान मुख्य अतिथि चकिया के पूर्व विधायक जितेंद्र कुमार सहित धोबी समाज के लोगों ने चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। साथ ही उनके योगदान पर प्रकाश डाला।
इस दौरान पूर्व विधायक जितेंद्र कुमार ने कहा कि संत गाडगे मानव कल्याण की दिशा में कार्य किया। वह स्वच्छता के जनक थे। बाबा सन्त गाडगे के मिशन में भूखे को भोजन, प्यासे को पानी, गरीबों को शिक्षित करने के साथ ही दीन-दुखियों की सेवा करना शामिल रहा। आज समाज को बाबा सन्त गाडगे के मिशन पर चलने की जरूर है। विशिष्ट अतिथि सपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि सन्त गाडगे को डा. बीआर अम्बेडकर को अपना सामाजिक गुरु मानते थे। इस अवसर पर भरत प्रसाद, रामाश्रय, सुजीत कन्नौजिया, भोला प्रधान, निरंजन कन्नौजिया, शिवचरण बाबू, तेरसू राम, उपेंद्र कन्नौजिया, मनोज कुमार कन्नौजिया आदि उपस्थित रहे। संचालन जिलाध्यक्ष दुलारे राम कन्नौजिया ने किया।

रोजगार मेला 24 दिसंबर को
चंदौली। राजकीय आईटीआई रेवसा में 24 दिसंबर को रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इस दौरान कई प्रतिष्ठित कम्पनियों के प्रतिनिधि रोजगार मेले में हिस्सा लेंगे। साथ ही साक्षात्कार के जरिए युवाओं को रोजगार के लिए चुना जाएगा। यह जानकारी देते हुए जिला रोजगार सहायता अधिकारी गिरीजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि रोजगार मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, डिप्लोमा और आईटीआई के सभी ट्रेड की शैक्षिक योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी हिस्सा ले सकते हैं।

चंदौली जनपद में ठंड व गलन से ठिठुरते दिखे लोग

चंदौली नगर में ठंड व गलन से बचने के लिए आग तापते लोग।

Young Writer, चंदौली। जनपद में मौसम बदलते ही ठंडे ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। तेज हवाओं के कारण गलन बढ़ी है, जिससे लोग ठिठुरने को विवश हैं। रविवार को शाम ढलते ही सड़कों पर सन्नाटा पसर गया। साथ ही जगह-जगह लोग आग व अलाव तापते नजर आए।
जनपद में एकाएक ठंड ने अपनी मजबूत दस्तक दी, जिसका असर आमजन जीवन पर दिख रहा है। ठंड के कारण कस्बों में जगह-जगह चट्टी, चौराहों पर अलाव जलाने की मांग उठने लगी है। कस्बे के लोगों ने बढ़ते ठंड को देखते हुए नगर प्रशासन से चौराहों, बस स्टैंड, अस्पताल आदि के पास अलाव जलाने की मांग की। लोगों का कहना है कि ठंड के मौसम में आम आदमी के लिए जगह जगह चौराहों पर जलने वाला अलाव ठंड से बचने का एकमात्र साधन होता है। जहां लोग बस या ट्रेन के लिए आने जाने वालों के लिए सहारा साबित होता है। इस समय कुछ दिनों से ठंड अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। ऐसे में नगर में अलाव जलाने की मांग उठना लाजमी है। नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी अनिल सिंह ने बताया कि ठंड बढ़ते ही नगर पंचायत अलाव जलाने को लेकर तैयारी शुरू कर दिया है जल्द ही नगर में अलाव जलाए जाएंगे, जिससे लोगों को ठंड से राहत मिल सकेगी।

गड्ढे में गिरा बच्चा, जानिए कैसे बची मासूम की जान

Young Writer, मुगलसराय। मुगलसराय कोतवाली अंतर्गत हनुमानपुर मुस्लिम बस्ती में शनिवार की देर शाम 5 वर्षीय बालक एक गड्ढे में गिर गया। बच्चे को डूबता देख आस पास के लोगों ने शोर मचाना शुरू किया। इसी बीच किसी तरह गड्ढे में कूदकर मासूम को बाहर निकाला। हालांकि बचाव रेस्क्यू कर बाहर निकाले गए बच्चे ने नाले में गंदा पानी पी लिया था‚ जिसे मौके पर लोगों ने पीठ व सीने को दबाकर पेट से पानी निकाला‚ तब जाकर बच्चे की जान बच सकी।
इस घटना से आसपास के लोगों में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला। गुस्साए लोगों का कहना है कि हादसा पहली बार नहीं हुआ है। इससे पहले भी कई बार ऐसे हादसा हो चुके हैं। इस संबंध में स्थानीय लोगों ने कई बार पालिका प्रशासन को पत्रक भी दिया। पालिका प्रशासन द्वारा किसी भी प्रकार की कोई कार्रवाई नहीं की गयी। जिसका नतीजा रहा कि आज पांच वर्षीय बच्चे की जान जोखिम में पड़ गयी। यदि लोगों ने समय से बच्चे को बाहर नहीं निकाला होता तो बड़ी अनहोनी से इन्कार नहीं किया जा सकता था। इसे लेकर मोहल्ले वासियों में आक्रोश व्याप्त हो गया है। लोगों ने बताया कि उक्त खाली जमीन है रोड ऊंचा होने से वह 4 फीट गहरा गड्ढा बन गया है। आसपास के नाली क्षतिग्रस्त होने से उस में गंदा पानी भर गया है ।लोगों का कहना है कि पालिका प्रशासन कि शिकायत के बावजूद पानी निकासी नहीं होने से लोग सड़क पर उतरने के लिए बाध्य हो रहे हैं। जिसकी सारी जिम्मेदारी पालिका प्रशासन की होगी।

अज्ञात कारणों से खलिहान में लगी आग, पांच एकड़ धान की फसल खाक


Young Writer, चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के खोनपुर गांव में रविवार की रात्रि अज्ञात कारण से खलिहान में आग लगने से लगभग 5 एकड़ की धान की फसल देखते ही देखते जलकर राख हो गई। अपनी जलते हुए धान की फसल को देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। भुक्तभोगी द्वारा पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुची ने जांच पड़ताल कर तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचित कर किया। 

बताते हैं कि बलुआ थाना क्षेत्र के खोनपुर गांव में किसान आजाद यादव अपनी सारी धान की फसल खलिहान में इकट्ठा किये हुए थे। आज अज्ञात कारण से धान के फसल में आग लग गई, देखते ही देखते धान की फसल जलकर राख हो गई। वही मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने आग को बुझाने का अथक प्रयास किया लेकिन आग पर काबू नही पाया जा सका। घटना के समय किसान आजाद यादव अपने किसी निजी कार्य से वाराणसी गए हुए थे। सूचना के बाद मौके पर रोते बिलखते मौके पर पहुंचे। जिसके बाद तत्काल भुक्तभोगी द्वारा पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल में जुटी हुई है।

सर्वसमाज के समर्थन व साथ से जीतेगी सपाः विरेंद्र बिंद

Young Writer, कंदवा। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के आह्वान पर इन दिनों जनपद के सपाई पार्टी ध्वज लगाने के मिशन पर है। इसी मिशन को मूर्त रूप देने के लिए सपा के पिछड़ा प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष डा. विरेंद्र बिंद ने सैयदराजा विधानसभा के बरहनी गांव में जनसम्पर्क किया। इस दौरान उन्होंने समाजवादी विचारधारा में आस्था रखने वाले ग्रामीणों को पार्टी का झंडा भेंट किया और जगह-जगह सपा समर्थकों के मकानों व प्रतिष्ठानों पर पार्टी ध्वज फहराकर सपा की जीत में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने का वचन व संकल्प भी लिया।

कहा कि समाजवादी पार्टी सर्वसमाज की पार्टी है और इसकी जीत को सुनिश्चित करने के साथ सर्वसमाज का साथ व समर्थन जुटाने का काम किया जा रहा है। क्योंकि सर्वसमाज के समर्थन व साथ से ही सपा की जीत होगी। कहा कि सूबे में परिवर्तन की लहर चल रही है। क्योंकि भाजपा सरकार ने पिछले पांच साल में जनता की परेशानियों को बढ़ाने के साथ ही अतिपिछड़ों व दलितों के साथ-साथ किसानों व नौजवानों पर अत्याचार व उत्पीड़न करने का काम किया है, जिससे आम जनता में आक्रोश है। समाज में शांति‚ सद्भाव कायम करने के साथ ही शिक्षा व चिकित्सा जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर करने के लिए समाजवादी पार्टी को एक बार फिर सत्ता में लौटने की जरूरत है। यह तभी संभव है जब सबका साथ समाजवादी पार्टी के साथ होगा। इस अवसर पर पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के विधानसभा अध्यक्ष महेन्द्र कुमार यादव, धानापुर ब्लाक अध्यक्ष शम्भू बिंद आदि उपस्थित रहे।

शिक्षा, स्वास्थ्य व सुरक्षा के मुद्दे पर सरकार विफलः मनोज सिंह डब्लू

Young Writer, धानापुर। सपा के राष्ट्रीय सचिव मनोज कुमार सिंह डब्लू ने रविवार को क्षेत्र के आधा दर्जन गांवों में ग्रामीणों से जनसंवाद किया। इस दौरान गांव के गली-मोहल्ले व बस्तियों में जाकर लोगों को समाजवादी विचारधारा से जोड़ा। साथ ही सत्ता परिवर्तन में उनका साथ व योगदान मांगा। उन्होंने कहा कि जनता के लिए काम करने वाली सरकार के गठन में आमजन का साथ बहुत जरूरी है। सपा सरकार में जनहित में हुए काम को फिर से दोहराने के लिए हम सभी को मिलकर समाजवादी पार्टी को मजबूत बनाना होगा।

सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र के अलग–अलग गांव व मजरों में समाजवादी साथियों को पार्टी का ध्वज देते मनोज कुमार सिंह डब्लू (Manoj Kumar Singh W)

उन्होंने बीते पांच सालों में आमजन की बढ़ी दुश्वारियों को गिनाया। कहा कि यदि सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य व सुरक्षा के मुद्दे पर पूरी तरह से विफल हुई है। बेटियों की सुरक्षा व शिक्षा का भरोसा देकर सत्ता में आयी भाजपा सरकार न तो उन्हें सुरक्षा दे पायी और ना ही शिक्षा के बंदोबस्त करने में ही सफल रही है। कहा कि हाथरस की घटना को पूरे देश ने देखा। अंतर्राष्ट्रीय पटल पर देश के साथ ही यूपी का नाम खराब हुआ। स्वास्थ्य सेवाओं की बात करें तो कोरोना की दूसरी लहर में स्वास्थ्य सेवाएं किस कदर बेपटरी थी उसे लोगों ने न सिर्फ देखा, बल्कि उनके दंश को भी झेला। आज जनपद चंदौली में अतिमहत्वपूर्ण एंबुलेंस सेवाओं को सरकार ने बर्बाद करने का काम किया है। घंटों फोन करने पर भी एंबुलेंस लोगों के घर व घटनास्थल तक नहीं पहुंच रहे हैं, जबकि यदि एंबुलेंस सेवाएं सपा सरकार में लोगों के लिए बड़ी मददगार साबित हुई थी। सरकार ने यूपी पुलिस की आधुनिक सेवा यूपी-100 डायल को भी बेपटरी करने का काम किया है। कहा कि ऐसी सरकार को हटाने के लिए सपा ने झंडा लगाओ अभियान लगाया है ताकि पार्टी के परचम को विधानसभा चुनाव में ऐसे ही बुलंद रखा जाय। इसके पूर्व मनोज सिंह डब्लू ने शिवदासीपुर, नोनारी, गुरेहूं, नेगुरा गांव में सपा समर्थकों को झंडा भेंट करने के साथ-साथ जगह-जगह पार्टी का ध्वज फहराया।

सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र के अलग–अलग गांव व मजरों में समाजवादी साथियों को पार्टी का ध्वज देते मनोज कुमार सिंह डब्लू (Manoj Kumar Singh W)
सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र के अलग–अलग गांव व मजरों में समाजवादी साथियों को पार्टी का ध्वज देते मनोज कुमार सिंह डब्लू (Manoj Kumar Singh W)
Chandauli
broken clouds
38.9 ° C
38.9 °
38.9 °
33 %
2.6kmh
83 %
Mon
39 °
Tue
38 °
Wed
36 °
Thu
38 °
Fri
35 °

You cannot copy content of this page

Verified by MonsterInsights