चंदौली। डूडा की ओर से गुरुवार को समूह की महिलाओं को एक स्थान पर उत्पाद बेचने का अवसर दिया। इसके मद्देनजर दीपावली मेला महोत्सव का आगाज किया गया है। इस अवसर पर राष्ट्रीय शहरी आजीविकास मिशन योजना के तहत गठित स्वयं सहायता समूहों द्वारा विभिन्न उत्पादों की दुकान लगाई गई। इसका उद्घाटन विधायक साधन सिंह द्वारा किया गया।इस दौरान संजीवन स्वयं सहायता समूह की अध्यक्ष मीरा सिंह ने हाथ से बने हैंडी पियर, दीपावली के दीप के अलावा विभिन्न प्रकार के अचार आदि को बेचने में काम किया। अर्चना स्वयं सहायता समूह की अध्यक्ष, अर्चना देवी ने अचार, मुरब्बा आदि का दुकान लगाया गया। आसमा स्वयं सहायता समूह की अध्यक्ष के शीला देवी, शीला गुप्ता ने निर्मित उत्पादी उत्पादों को मेले में बेचा। इसके अलावा डूडा विभाग की ओर से चलाए जा रहे प्रधानमंत्री आवास योजना(शहरी) के बारे में भी बनाया गया। अफसरों ने कहा कि डूडा ने दीपावली पर्व के मद्देनजर समूह की महिलाओं अपने द्वारा निर्मित उत्पादों को बेचने का मंच दिया गया है, ताकि वे आर्थिक रूप से सशक्त हो सके। कार्यक्रम में परियोजना अधिकारी संजय मौर्य, डा. राजेश राय, मोहविश कुमार तथा शीतल, आशा, आदित्य कुमार, डीके प्रसाद, रीतेश सिंह आदि उपस्थित रहे।
निरीक्षण को पहुँचे एसडीएम ने बच्चों की परखी पढ़ाई
चन्दौली।नौगढ़ एसडीएम डा. अतुल गुप्ता ने गुरुवार को ग्राम पंचायत बसौली अंतर्गत हनुमानपुर प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान शौचालय बाउंड्री वॉल की स्थिति देखकर उपजिलाधिकारी भड़क गए। उन्होंने ग्राम प्रधान को 15 दिन के भीतर दुरुस्त कराने का निर्देश दिया।हनुमानपुर प्राथमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण करने पहुंचे
उपजिलाधिकारी डा. अतुल गुप्ता तो विद्यालय के बाउंड्री एवं शौचालय की स्थिति देखकर भड़क गए, जिसकी वजह से ग्राम प्रधान से वार्ता करना चाहे तो नहीं हो पाया। ऐसे में उन्होंने प्रधान प्रतिनिधि से वार्ता करके निर्देश दिए कि 15 दिन के भीतर इसका मरम्मत हो जाना चाहिए। वही विद्यालय में बच्चों को दी जा रही शिक्षा व्यवस्था को परखा। अध्यापकों को कड़ी निर्देश देते हुए कहा कि बच्चों को पढ़ाने के लिए नए-नए टेक्निक का प्रयोग करिए, जिससे बच्चों को बेहतर शिक्षा देने का सरकार का सपना साकार हो सके। इस दौरान सहायक अध्यापक मोनू सिंह व शिक्षामित्र आशा देवी व अमिता उपस्थित रहीं।
चोरों ने सर्राफा दूकान को बनाया निशाना 2 किलो चांदी 10 ग्राम सोने पर किया हाथ साफ दुकानदारों में दहशत
चंदौली बबुरी पिछले कई महीनों से क्षेत्र में चोरी की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। इससे क्षेत्रवासियों सहित दुकानदारों में दहशत का माहौल है।, पुलिस की गश्त के बावजूद बबुरी पुलिस घटनाओं पर लगाम लगा पाने में नाकाम साबित हो रही है । ताजा घटना स्थानीय थाना क्षेत्र के उत्तरौत गांव की है जहां बुधवार की देर रात शटर तोड़कर सोने चांदी की दुकान में घुसे चोरों ने 2 किलो चांदी तथा 10 ग्राम सोने के आभूषण पर हाथ साफ कर दिया । ग्रामीणों द्वारा सुबह जानकारी होने पर दुकानदार ने बबुरी पुलिस को घटना की सूचना दी जिस पर पुलिस मौके पर पहुंचकर लकीर पीटती रही ।

जानकारी के अनुसार सिकंदरपुर निवासी शब्बर सेठ कि सोने चांदी की दुकान थाना क्षेत्र के उत्तरौत बाजार में स्थित है । बुधवार को दुकान बंद होने के बाद दुकानदार सब्बर सेठ घर को लौट गए थे देर रात किसी समय अज्ञात चोर शटर तोड़कर दुकान में घुस गए तथा दुकान में रखे अलमारी को खोलकर उसमें से 2 किलो चांदी के गहने तथा 10 ग्राम सोने के गानों पर हाथ साफ कर दिया । सुबह होने पर ग्रामीणों द्वारा जब इसकी जानकारी दुकानदार को दी गई तब उसके होश उड़ गए । आनन-फानन में दुकानदार ने घटना की जानकारी बबुरी थानाध्यक्ष को दी जिस पर घटनास्थल पर पहुंची पुलिस देर तक चोरों का सुराग लगाती रही लेकिन हमेशा की तरह कुछ भी हाथ नहीं लग पाया । गौरतलब है कि आए दिन क्षेत्र में हो रही चोरी की घटनाओं से दुकानदार दहशत में है । स्थानीय पुलिस की भूमिका को लेकर लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही है ।
पुरानी पेंशन के लिए शिक्षक–कर्मचारियों ने भरी हुंकार
चंदौली। चुनावी साल में एक बार फिर पुरानी पेंशन की जिन्न बोतल से बाहर निकल आया है। अबकी बार-बार इस मांग को अगल-अलग करने की बजाय इस बार एक मंच पर नजर आए। बिछियां धरनास्थल पर जमा शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक व शिक्षणेत्तर कर्मियों संग राज्य कर्मचारियों ने एकजुटकता का परिचय देते हुए एक मंच पर नजर आए। इस दौरान आजादी की तर्ज पर पुरानी पेंशन को लेकर रहने की अपने दृढ़ संकल्प को प्रदर्शित किया। कहा कि सरकार ने इस विचार नहीं किया तो वह सत्तासीन सरकार की ईंट से ईंट बजाकर रख देंगे। 30 नवंबर को लखनऊ में 20 लाख कर्मचारी जमा होंगे। इस दौरान सरकार व राजनेता सरकारी कर्मचारियों के निशाने पर रहे।
इस दौरान राज्य कर्मियों ने कहा कि सांसद, विधायक व मंत्री एक बार चुने जाने के बाद आजीवन पुरानी पेंशन का लाभ लेते हैं, जबकि अपने जीवन का कीमती वक्त सरकारी व जनता के कामकाज में खपाने वाले कर्मचारियों को पुरानी पेंशन देने में सरकार व सरकार के नुमाइंदे आनाकानी कर रहे हैं। कहा कि पुरानी पेंशन कर्मचारियों, शिक्षकों व शिक्षणेत्तर कर्मियों का हक है जिसे हम सभी लेकर रखेंगे। इस मांग को मुकाम देने के लिए आज हम सभी जिला मुख्यालय पर इकट्ठा हुए हैं। यदि सरकार ने हमारी मांगों को संज्ञान में नहीं लिया तो आगे आने वाले दिनों में कर्मचारी लखनऊ कूच करेंगे। कहा कि 30 नवंबर को 20 लाख से अधिक कर्मचारी व शिक्षक लखनऊ में होंगे, जो सरकार तक अपनी मांग को पहुंचाने का काम करेंगे। कहा कि प्राथमिक विद्यालयों में तैनात शिक्षामित्र व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत अनुदेशकों को सरकार नियमित करें। साथ ही कर्मचारियों व शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा सेवा का लाभ सरकार दे। इसके अतिरिक्त शिक्षकों व कर्मचारियों को जो भी मांग शासन-प्रशासन स्तर पर लंबित है उसे गंभीरता के आधार पर सरकार पूरा करे। यदि ऐसा नहीं होता है तो आगामी विधानसभा चुनाव में शिक्षक व कर्मचारी सरकार की ईंट से ईंट बजाने का काम करेंगे।

आरोप लगाया कि जनप्रतिनिधि व सरकार राज्य कर्मियों व शिक्षकों के साथ लगातार सौतेला व्यवहार कर रही है। खुद पुरानी पेंशन का लाभ रहे हैं और कर्मचारियों को नई पेंशन के फायदे गिनाए जा रहे हैं। यदि नई पेंशन व्यवस्था वास्तव में लाभकारी है तो वह खुद पुरानी पेंशन को छोड़कर नई पेंशन का लाभ लें। कर्मचारी भी पुरानी पेंशन की मांग को स्थगित कर देंगे। यदि ऐसा नहीं है तो हम सभी को तत्काल पुरानी पेंशन का लाभ दिया जाय। सरकार ने पहले ही इस मामले को काफी लंबित कर रखा है, लेकिन अब इसमें किसी भी तरह की लेटलतीफी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह मांग कर्मचारियों के हितों से जुड़ा है, लिहाजा इसे पूरा कराने के लिए हम सभी आज एकजुट होकर एक मंच पर है, ताकि सरकार हमारे शक्ति प्रदर्शन को समझे और समय रखते पुरानी पेंशन की बहाली की दिशा में प्रभावी कदम उठाए। इस अवसर पर आनंद कुमार सिंह, बृजेश सिंह, देवेंद्र प्रताप यादव, अजीत यादव, मिथिलेश, रवि कुमार आदि उपस्थित रहे।
एसडीएम ने चलाया ओवर लोडिंग के खिलाफ अभियान दो ट्रैक्टर सीज
चन्दौली – उपजिलाधिकारी सकलडीहा अजय मिश्रा ने ओवरलोडिंग के खिलाफ अभियान चलाया है.इसी क्रम में धानापुर चौराहे पर खड़ी दो ट्रैक्टर ट्राली में लदे मोरंग बालू सीज कर थाना प्रभारी सत्येंद्र विक्रम सिंह को कार्यवाही के निर्देश दिए. जिसके बाद थाना प्रभारी ने दोनो ट्रैक्टर को थाने भेजकर अग्रिम कार्यवाही में जुट गए. बता दें की एसडीएम की इस कार्रवाई से हड़कंप की स्थिति देखने को मिली. ड्राइवर और क्लीनर अपने वाहन छोड़ भाग गए.

नौगढ़ से चंदौली के लिए नहीं चलती रोडवेज बस जनपद सृजन के 24 वर्ष बाद भी नहीं मिली सुविधा
चंदौली। नौगढ़। जनपद चन्दौली का सृजन हुए करीब 24 वर्ष का समय ब्यतीत हो जाने पर भी वनांचल वासियों को आज तक जिला मुख्यालय तक परिवहन के रोडवेज बसों का संचालन नहीं किया गया है। ऐसे में नौगढ़ के पहाड़ी इलाकों में निजी वाहन संचालन डग्गामार वाहनों पर जमकर ओवरलोडिंग कर रहे है जिससे यात्रा करने वाले लोगों की जान सांसत में रहती है। चुनाव में जनप्रतिनिधि आते हैं, लेकिन चुनाव बीतने के बाद नौगढ़ को चंदौली मुख्यालय सहित अन्य इलाकों से जोड़ने के लिए परिवहन की सुविधाएं देने से मूकर जाते हैं। ऐसे में नौगढ़वासियों को आज भी रोडवेज बसों के संचालन की दरकार है, जिससे लोगों को काफी धन व समय अपब्यय कर भूंसो की तरह ठूंस करके जान हथेली पर लेकर के डग्गामार वाहनों पर सवार होकर के नौगढ से चकिया के बीच की पहाड़ियों का उतार चढाव करने के बाद मुगलसराय पहुंचते हैं इसके बाद जिला मुख्यालय चंदौली जाना पड़ता है। ऐसे में लोगों का पूरा दिन बर्बाद हो जाता है। हालात ऐसे होते हैं उसी दिन नौगढ़वासियों की घरवापसी मुश्किल हो जाती है। जबकि यह क्षेत्र जब जनपद वाराणसी में समाहित रहा तब नौगढ से बनारस तक तीन बड़ी बसों का संचालन नियमित समयानुसार होता आ रहा। वर्ष 1997 मे जनपद चन्दौली का सृजन होने से 36 वर्ग किलोमीटर वाले वनांचल क्षेत्र के रहनुमाओं मे आश जगी थी कि सरकार आवागमन की सुविधाओं में विस्तार करेगी। लेकिन किसी भी जनप्रतिनिधि का इस ओर आवाज प्रबल नहीं होने से नतीजा सिफर ही रहा।
इनसेट—–
एक दिन के काम में लग जाते हैं तीन दिननौगढ़। नक्सल प्रभावित नौगढ़ क्षेत्र के गहिला, जमसोत, नरकटी, सुखदेवपुर, सेमर साधोपुर, बरबसपुर, बकुलघट्टा, रहमानपुर, काशीपुर, कुबराडीह, बरवाडीह, गढवां, धौठवां, हरियाबांध, चमेरबांध, भूलई, चुप्पेपुर आदि गांववासियों को न्यायालय या अन्य विभागीय कार्यों के लिए एक दिन पूर्व ही घर से चलकर नौगढ में रात्रि प्रवास फिर अगले दिन अलसुबह ही डग्गामार वाहनों में सवार होकर चकिया होते हुए मुगलसराय पहुंचते है वहां से चन्दौली मुख्यालय जाना होता है, जहां पर पहुंचते पहुंचते दोपहर का समय हो जाता है। जिसकी पुनरावृत्ति वापसी के दौरान भी करनी पड़ती है, जिसमें धन व समय का व्यय करने के बाद भी भोजन तक की काफी असुविधाओ का सामना करना पड़ता है।
शहाबगंज ब्लाक में नहीं सुधर रहा सरकारी विद्यालयों का हाल!
आज भी स्कूली बच्चों से कराई जा रही सरकारी विद्यालयों की सफाई
शहाबगंज। शहाबगंज ब्लाक के सरकारी स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था आज तक पटरी पर नहीं लौट पायी है। जबकि कोविड-19 संक्रमणकाल के बाद स्कूल खुले लम्बा समय हो चुका है। बावजूद इसके स्कूलों में शिक्षकों की उपस्थिति के साथ-साथ बच्चों की पढ़ाई व उन्हें मानक के अनुरूप गरमा-गर्म मिड-डे-मील का भोजन उपलब्ध कराने में भी ढिलाई बरती जा रही है। समय से शिक्षकों के स्कूल नहीं आने से उनका सीधा असर उनकी पढ़ाई पर पड़ रहा है, जिससे अभिभावक बच्चों की शिक्षा को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं। ऐसे सवाल यह है आखिलर कैसे पढ़ेगा इंडिया और आगे बढ़ेगा इंडिया।
स्थलीय जांच में कम्पोजिट विद्यालय तियरा के कक्षाओं में 9 बजे के बाद भी ताला लटकता मिला,वही बच्चे परिसर में खेलते हुए मिले। कम्पोजिट विद्यालय उदयपुरा में सात अध्यापक नियुक्त है, जहां सहायक अध्यापक अमर बहादुर सिंह उपस्थित मिले। साथ ही कक्षा में स्कूली बच्चा खुद ही झाडू लगाता हुआ मिला। वहीं प्राथमिक विद्यालय सिंघरौल में भी सहायक अध्यापक मनोज कुमार, शिक्षामित्र भानूमति, ममता समय पर उपस्थित नहीं थी। वहीं लटांव, मचवल में मेन्यू के अनुसार खिचड़ी बना मिला। साथ ही रोटी और सब्जी भी रसोईया द्वारा बनता मिला। पूछताछ के दौरान रसोईयां ने अध्यापकों के लिए भोजन बनाने की बात कही। शिक्षकों की लापरवाही का खामियाजा परिषदीय विद्यालय के बच्चों को झेलना पड़ रहा है, जबकि एबीएसए प्रतिदिन विद्यालयों के निरीक्षण की बात कह रहे है। उसके बाद भी परिषदीय विद्यालयों में पठन-पाठन का माहौल नहीं तैयार हो पा रहा है। वजह साफ है कि इन विद्यालयों में तैनात सरकारी शिक्षक बच्चों के शिक्षा-दीक्षा के प्रति गंभीर नहीं नजर आ रहे है। इस सम्बन्ध में खंड शिक्षा अधिकारी शहाबगंज अरविंद यादव व बीएसए सत्येंद्र कुमार सिंह से टेलीफोनिक बातचीत का प्रयास किया गया, लेकिन दोनों ही अफसरों का फोन नहीं उठा।
शिक्षकों ने दीवाली से पहले मांगा बकाया वेतन व मानदेय
जिला मुख्यालय पर बैठक करते शिक्षक।
चंदौली। उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ की मासिक बैठक बुधवार को मुख्यालय पर हुई। इस दौरान जिलाध्यक्ष आनंद कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में शिक्षक जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सत्येंद्र कुमार सिंह से मिले और दस सूत्रीय मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।
इस दौरान जिलाध्यक्ष आनंद कुमार पांडेय ने कहा कि समस्त शिक्षकों को अर्जित अवकाश सेवा अवधि के आधार पर गणना करके सेवा पुस्तिका में दर्ज कराई जाए। जीपीएफ लोन का भुगतान तीन कार्य दिवस में कराया जाय। शिक्षकों, शिक्षा मित्र, अनुदेशक व परिचारक का पहचान पत्र जल्द से जल्द बनवाया जाय। खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालयों में शिक्षकों से संबंधित प्रकरण पर उदासीनता बरती जा रही है जिससे कि शिक्षकों में आक्रोश है। लिहाजा कार्यालय सहायकों की मनमानी पर विराम लगाया जाय। कहा कि एक वर्ष बीत जाने के बाद भी नौगढ़, बरहनी ब्लॉक का चयन वेतनमान कार्यालय के पटल पर लंबित है इसका अविलंब निस्तारण कराया जाए। नगरीय भत्ता के सीमा निर्धारण हेतु आपके कार्यालय से एसडीएम कार्यालय को पत्र भेजा गया था, परंतु अभी तक इस पर कोई अग्रिम कार्यवाही नहीं हो पाई है। कहा कि एमडीएम संचालन हेतु परिवर्तन लागत बढ़ाई जाए। महंगाई के कारण इसका संचालन कठिन हो गया है। दिवंगत अध्यापकों का समस्त बकाया एवं पारिवारिक पेंशन, नियुक्ति का कार्य अविलंब किया जाय। शिक्षा मित्र, अनुदेशक, रसोईयां मानदेय दीवाली के पहले भुगतान किया जाय। बैठक में सुनील कुमार सिंह, शशिकांत गुप्त, बलराम पाठक, रामावतार यादव, राजेश मौर्य, विवेक विश्वकर्मा, सुरेश यादव, नन्द कुमार शर्मा, धनंजय सिंह, सरोज उपाध्याय, रवि पाठक, संजय यादव, प्रशांत गुप्ता आदि उपस्थित रहे।
चंदौली में सदस्यता अभियान का आगाज 29 अक्टूबर से करेगी भाजपा
भाजपा कार्यालय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करती मीना चौबे।
चंदौली। भाजपा की बैठक बुधवार को जिला कार्यालय पर आयोजित हुई। इस दौरान मुख्य अतिथि प्रदेश मंत्री मीना चौबे ने संगठन के कामकाज की समीक्षा की। कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए हम सभी कार्यकर्ताओं को दृढ़ संकल्प के साथ कार्य करने की जरूरत है। 29 अक्टूबर को सदस्यता अभियान का शुभारंभ होगा। इसके बाद जनपद के सभी कार्यकर्ता सदस्यता अभियान में लग जाए, जिससे कि अधिक से अधिक लोगों को सदस्य बनाया जा सके। सदस्यता अभियान में अभियान में जनपद आगे रहे और जल्द से जल्द मंडल के कार्यशाला को भी हर मंडल अध्यक्ष पूरा करने का कार्य करें।
इस दौरान जिलाध्यक्ष अभिमन्यु सिंह ने कहा कि जिस भी कार्यकर्ता को जो जिम्मेदारी सौंपी जा रही है उसको पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करने का काम करें, जिससे कि काम को गति दिया जा सके और उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि हर कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है चाहे पन्ना प्रमुख का काम हो या सदस्यता अभियान हर कार्य को समय से पूर्ण करें। महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दर्शना सिंह ने महिला कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती के लिए बढ़-चढ़कर भागीदारी करने के साथ अधिक से अधिक महिलाओं को सदस्यता दिलाने का आह्वान किया। कहा कि महिलाओं को भी राजनीतिक क्षेत्र में अपना दमखम दिखाना होगा। इस दौरान जिला महामंत्री सुजीत जायसवाल, हरिवंश उपाध्याय, पूर्व जिला अध्यक्ष राणा प्रताप सिंह, उमाशंकर सिंह, जितेंद्र पांडेय, शिवराज सिंह, गुड्डू लाल विश्वकर्मा, प्रेम नारायण सिंह, हरीश सिंह, किरण शर्मा, मधु खरवार आदि उपस्थित रहे।
भैस खरीदने जा रहे व्यक्ति को ट्रैक्टर ने रौंदा मौत, परिजनों में मचा कोहराम
चन्दौली।कन्दवा क्षेत्र के बरहनी नौबतपुर मार्ग पर गुरुद्वारा के पास बुधवार को ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना स्थल पर पहुचे आस पास के लोगो ने तत्काल उसकी सूचना पुलिस को दी मौके पर पहुची पुलिस ने घायल को इलाज़ के लिए जिला अस्पताल ले कर पहुचे जहा चिकित्सकों ने इलाज़ के दौरान उसे मृत घोषित कर दिए वही मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार कन्दवा थाना क्षेत्र के केदारपुर गांव निवासी शिऊराम 65 वर्ष बुधवार को भैंस खरीदने के लिए सैयदराजा जा रहे थे। जैसे ही वो बरहनी नौबतपुर मार्ग पर नौबतपुर स्थित गुरुद्वारा के पास पहुंचे थे कि ट्रैक्टर की चपेट में आकर गम्भीर रूप से घायल हो गए। मौके पर जुटे आस पास के लोगो के तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी मौके पर पहुची पुलिस ने तत्काल उन्हें लेकर इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचे जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। भारी सांख्य में परिजन रोते बिलखे पोस्टमार्टम हाउस पहुच गए।












