चंदौली। एसपी अमित कुमार सहित सूबे दर्जन पर आईपीएस अफसरों का सरकार ने तबादला कर दिया। अंकुर अग्रवाल चंदौली के नए एसपी बनाए गए है। वहीं अमित कुमार का तबादला गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट में किया गया है। इसके अलावा उन्नाव के एसपी अविनाश पांडेय को 38वीं वाहिनी पीएसी सेनानायक अलीगढ़ में तैनाती दी गयी है। बाराबंकी के एसपी यमुना प्रसाद पुलिस अधीक्षक क्षेत्रीय अभिसूचना बरेली बनाए गए है। अखिलेश कुमार निगम 38वीं वाहिनी पीएसी के सेनानायक से पुलिस अधीक्षक कॉपरेटिव सेल लखनऊ बनाए गए हैं। वहीं दिनेश त्रिपाठी बने एसपी उन्नाव, जयप्रकाश सिंह एसएसपी इटावा बनाए गए हैं। आगरा से मुनिराज जी को एसपी चुनाव बनाकर मुख्यालय भेजा गया। सहारनपुर एसएसपी एस चिनप्पा को वीआईपी सुरक्षा बनाया गया है।
डीडीयू मंडल में चला टिकट चेकिंग अभियान, 607 यात्री धराए…
मंडल रेल प्रबंधक श्री राजेश कुमार पांडेय के दिशा निर्देश पर बिना टिकट या बिना उचित प्राधिकार के रेल यात्रा की रोकथाम हेतु पूरे पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल (डीडीयू मंडल) में वाणिज्य विभाग द्वारा निरंतर सघन टिकट चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। स्टेशन परिसर सहित ट्रेनों में भी लगातार टिकट चेकिंग की जा रही है।
आज दिनांक 23.10.2021 शनिवार को स्वयं डीडीयू मंडल के वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री रुपेश कुमार की अगुवाई में वाणिज्य विभाग के पर्यवेक्षकों एवं टिकट चेकिंग स्टाफ की टीम द्वारा 05647 लोकमान्य तिलक ट.-गुवाहाटी स्पेशल ट्रेन में डीडीयू से बक्सर तक और फिर वापसी करते हुए 02792 दानापुर – सिकंदराबाद स्पेशल ट्रेन में बक्सर से डीडीयू तक गहन टिकट चेकिंग की गई। इन ट्रेनों में आज के चेकिंग अभियान में बिना टिकट या बिना उचित प्राधिकार रेल यात्रा के 607 मामले पकड़े गए जिनमें जुर्माने के रूप में लगभग 305370 रुपए (तीन लाख पांच हज़ार तीन सौ सत्तर रुपये) का राजस्व अर्जित किया गया।
अचानक विद्यायल का निरीक्षण करने पहुच गयी विकास खंड अधिकारी भोजन की गुणवत्ता खराब पाए जाने पर विद्यालय प्रबंधक को जमकर लगाई फटकार
चंदौली।पड़ाव क्षेत्र के चौरहट स्थित प्राथमिक विद्यालय पर मिल डे मिल टास्क फोर्स के तहत विद्यालय का निरीक्षण करने विकास खंड अधिकारी नियमताबाद पहुँची। विद्यालय में बने भोजन की गुणवत्ता की जांच मानक के अनुरूप न पाए जाने पर विद्यालय प्रबंधक को जमकर फटकार लगाई,दरअसल लगातार चौरहट प्राथमिक विद्यालय की खाने को लेकर शिकायत परिजनों द्वारा की जाती रही है, इसी की जांच करने पहुची खंड विकास अधिकारी नियमताबाद रक्षिता सिंह को स्कूल में मिड डे मील भोजन की जांच करने को निर्देशित किया गया था, जांच के दौरान बने भोजन से जांच अधिकारी संतुष्ट नही दिखी, वही जब मानक के अनुरूप बच्चों में खाना बाटवाया तो लगभग 3 दर्जन नौनिहालो को खाना ही नसीब नही हुआ और खाली बर्तन लेकर बच्चे खाना का इंतजार करते रहे थे ऐसी हालत देख नियामताबाद खंड विकास अधिकारी द्वारा विद्यालय की प्रधानाचार्या शशि प्रभा त्रिपाठी को अनियमिता पर जमकर फटकार लगाई,वही उच्च अधिकारी से शिकायत की बात भी कहीं।औचक निरीक्षण करने पहुची बीडीओ ने स्कूल प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया। वही इस मौके पर चौरहट ग्राम प्रधान वसीम ने बताया कि मिड डे मील को लेकर हमें भी कई बार शिकायतें मिली और इस विषय पर प्रधानाचार्य को हमने कई बार समझाया था।
शराब तस्करी का अनोखा तरीका देख पुलिस भी हैरान,ट्रक के अंदर बने टैंक के तहखाने से 270 कार्टून शराब बरामद,तस्कर फरार
चंदौली–बिहार में शराबबंदी कानून को लागू हुए करीब पांच साल बीत चुके हैं. लेकिन आज भी तस्कर शराब की तस्करी के लिए पुलिसिया कार्रवाई से बचने के लिए ऐसे-ऐसे हथकंडे अपनाते नजर आ रहे हैं .जिसे देखकर पुलिस वाले भी दंग रह जा रहे हैं.. लेकिन उत्पाद विभाग, एंटी लिंंकर टास्क फोर्स एवं दुर्गावती पुलिस की सक्रियता के कारण तस्करों के मंसूबों पर पानी फिर जा रहा है.कैमूर में एक बार फिर अवैध शराब तस्करी करने का अलग ढंग से एक नया तरीका सामने आया है. लेकिन शनिवार को चेकिंग के दौरान एंटी लिंंकर टास्क एवं उत्पाद विभाग तथा पुलिस के संयुक्त कार्रवाई में नेशनल हाईवे पर दुर्गावती थाना क्षेत्र के ग्राम डिड़खिली बाजार स्थित टोल प्लाजा के पास एक ट्रक के अंदर बने टैंक के तहखाने से 270 पेटी शराब बरामद की गयी.

हालांकि शराब तस्कर पुलिस की चेकिंग देख कुछ दूरी पर ट्रक को खड़ी कर भाग निकले. काफी देर तक ट्रक के खड़ा रहते देख आशंका होने पर संयुक्त टीम द्वारा उक्त वाहन की तलाशी ली गई तो ट्रक के अंदर बने टैंक के तहखाने में भारी मात्रा में शराब छिपाई गई थी. ट्रक के पकड़े जाने पर शराब तस्करी के इस अनोखे तरीका का पर्दाफाश हुआ तो हर कोई दंग रह गया. संयुक्त टीम ने शराब सहित ट्रक को जप्त कर दुर्गावती थाने ले आयी. ट्रक संख्या d l 1gc /3965 की तलाशी ली गई तो एमसी मैकडॉवेस नंबर वन 750 एमएल का 828 बोतल 69 कार्टून, एमसी मैकडॉवेल नंबर वन 375 एमएल का 3048 बोतल 127 कार्टून, एमसी मैकडॉवेल नंबर वन 180 एमएल का 3552 बोतल 74 कार्टून इस प्रकार कुल 270 कार्टून,7428 बोटल,2403.36 लीटर शराब बरामद हुआ. पुलिस ने शराब व ट्रक को जप्त कर आवश्यक कार्रवाई करने में जुट गई है. पुलिस के लिए एक बड़ी सफलता मानी जा रही है इस टीम में उत्पाद विभाग के निरीक्षक देवव्रत कुमार,एंटी लिंकर टास्क फोर्स के एस आई आर के यादव ,थाना अध्यक्ष संजय कुमार सहित पुलिस कर्मी शामिल रहे। फोटो कैप्शन- शराब से भरी बरामद ट्रक और अधिकारी- भारी मात्रा बरामद शराब-
करवाचौथ पर गुलज़ार दिखा मार्केट महिलाओं में खूब किया खरीदारी
चंदौली।जीवनसाथी की दीर्घायु के लिए करवा चौथ पर्व 24 अक्तूबर को मनाया जाएगा। पर्व की तैयारियों को लेकर चाँदनी मार्केट पूरी तरह गुलजार हैं। महिलाओं के साथ ही दुकानदारों में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। ज्वेलरी, कॉस्मेटिक, पूजा सामान, कपड़े और गिफ्ट आइटम की दुकानों पर भी काफी भीड़ जुट रही है। करवा चौथ पर्व के नजदीक आते ही बाजार में रौनक लौट आई है। महिलाओं के साज-सज्जा के लिए जगह-जगह दुकानें सज रही हैं।
करवा-चौथ पूजन के लिए खास माने जाने वाले मिट्टी के करवे और सास-ससुर के लिए मीठे करवा बाजार में बिक रहे हैं। इसके साथ ही मिठाई की दुकानें भी सजाई गई हैं। करवा चौथ महिलाओं के लिए खास होता है। महिलाएं निर्जला उपवास रखेंगी। इसमें जितना महत्व व्रत के विधि-विधान का है, उतना ही सजने-संवरने का भी माना जाता है। ऐसे में सोलह श्रृंगार के लिए महिलाओं ने खरीदारी शुरू कर दी है। ज्वेलरी बाजार की बात करें तो कारोबारियों ने इस पर्व को लेकर विशेष ऑफर भी दिए हैं। हार, नेकलेस, झुमके, कंगन और अंगूठी की मांग ज्यादा है। गहनों पर मेकिंग चार्ज और डायमंड ज्वेलरी पर महिलाओं को लुभाने के लिए यह विशेष छूट दी गई है।

करवा चौथ पर इस बार मिट्टी के करवे 40 से 50 रुपये, स्टील करवा 100 से 400, छन्नी 50 से 100, करवा पूजा किताब 10 रुपये कीमत रखी है। इसके अलावा करवा पूजा का पूरा सेट 250 से 400 रुपये तक का है।महिलाओं को कम बजट में सजना संवरना पसंद-सोलह श्रृंगार के लिए महिलाओं का कॉस्मेटिक और रेडीमेड कपड़ों की दुकानों पर भी काफी भीड़ है। सजने संवरने के लिए महिलाएं कम बजट वाली चीजों को पसंद कर रही हैं। इसके पीछे दुकानदार कोरोना के कारण आर्थिक मंदी मान रहे हैं। पुरानी सब्जी मंडी बाजार में कॉस्मेटिक समान के विक्रेता राम अवतार ने बताया कि करवा पर कारोबार बढऩे की उम्मीद रहती है, क्योंकि हर व्यक्ति पर्व को लेकर खर्च होने वाले बजट को अलग रखकर चलता है। इस बार कोरोना काल से सभी का बजट पहले से बिगड़ा हुआ है, ऐसे में ग्राहक सस्ता समान की मांग कर रहे हैं।
एक-एक ईवीएम को परखेंगे सपा के राष्ट्रीय सचिव मनोज सिंह डब्लू
चंदौली। विधानसभा चुनाव-2022 के सुगबुगाहट के बीच शनिवार को नवीन मंडी स्थित ईवीएम स्ट्रांग रूम को खोला गया। इस दौरान निर्वाचन आयोग द्वारा भेजी गयी टीम द्वारा ईवीएम मशीनों को जांचा व परखा गया। इसकी जानकारी होते ही सपा के राष्ट्रीय सचिव मनोज कुमार सिंह डब्लू भी ईवीएम स्ट्रांग रूम पहुंचे। उन्होंने स्ट्रांग रूम में हो रही गतिविधि के बाबत वहां मौजूद तकनीकी कर्मियों व अफसरों से बातचीत की। ऐसे में वहां ड्यूटीरत कर्मियों द्वारा बताया कि अभी ईवीएम मशीनों की जांच चल रही है जिन मशीनों में तकनीकी खामियां होगी उसे अलग करके उन्हें वापस भेजा जाएगा, वहीं सही मशीनों को पुनः स्ट्रांग रूम में जगह दी जाएगी।
इस दौरान तकनीकी कर्मियों ने बताया कि मशीनों की जांच की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद आप को स्ट्रांग रूप में आमंत्रित किया जाएगा। यहां आप अपने विधानसभा इलाके के पांच प्रतिशत मशीनों को चेक कर सकते है। किसी भी तरह के गड़बड़ी का संदेह होने पर सभी मशीनों को चेक करने का अवसर राजनीतिक दल के नेताओं को मौका दिया जाएगा। इस पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव मनोज सिंह डब्लू ने कहा कि ईवीएम की शुचिता पर संदेह व सवाल होते रहे हैं। ऐसे में आगामी विधानसभा चुनाव-2022 के मद्देनजर सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र में इस्तेमाल की जाने वाली एक-एक ईवीएम मशीन की जांच तकनीकी व्यक्तियों द्वारा करवाई जाएगी, ताकि किसी तरह की गड़बड़ी की गुंजाइश व शंका शेष न रह जाए। इसके अलावा उन तमाम ईवीएम को मेरे द्वारा व्यक्तिगत रूप से सूचीबद्ध करके रेंडमाइजेशन किया जाएगा, ताकि चुनाव में मतदाता तिथि को ईवीएम बदलने की शिकायत व प्रयासों के लिए कोई जगह न रहे। बावजूद इसके यदि चुनाव के वक्त किसी तरह की गड़बड़ी का प्रयास किया गया तो इसके बाद बड़ी लड़ाई लड़ी जाएगी, क्योंकि यह मामला केवल ईवीएम से छेड़छाड़ व गड़बड़ी का नहीं, बल्कि जनादेश को कूचलकर लोकतंत्र की हत्या करने के समान होगा।
चन्दौली के लाल रक्षामंत्री राजनाथ सिंह व जैगम इमाम का यूपी बोर्ड करेगा सम्मान
मिशन गौरव के तहत किये गए चयनित
राष्ट्रपति, राज्यपाल समेत 79 प्रतिभाशाली हैं शामिल
चंदौली। यूपी बोर्ड शताब्दी दिवस पर उसके स्कूल के ‘आंगन’ से निकलकर खुद को विभिन्न क्षेत्रों में स्थापित कर परिषद और ‘घर’ का मान बढ़ाने वाले मेधावियों को सम्मानित करेगा। यूपी बोर्ड मिशन गौरव के तहत पूरे प्रदेश से ऐसे प्रतिभाशाली व्यक्तियों की सूची भी तैयार की है। इसमें चंदौली जिले से केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और अन्तर्राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्राप्त निर्देशक सैयद जैगम इमाम का नाम शामिल है। यही नहीं चंदौली के सांसद एवं केंद्रीय मंत्री डा. महेंद्रनाथ पांडेय का नाम प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी जनपद में सम्मिलित है।
1921 में स्थापित माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) 100 वर्ष पूरे होने पर अपनी स्थाना के शताब्दी समारोह मना रहा है। इस मौके पर यूपी बोर्ड से सम्बद्ध स्कूलों से निकलकर प्रदेश, राष्ट्रीय व अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर कला, साहित्य, राजनीति, चिकित्सा, शिक्षा, विज्ञान आदि क्षेत्रों में विशेष पहचान बनाने वाले शख्सियतों को यूपी बोर्ड प्रयागराज में सम्मानित करेगा। इसके लिए सितंबर माह में प्रदेश भर के जिला विद्यालय निरीक्षकों से सूची मांगी थी। चंदौली जिले 10 लोगों की सूची यूपी बोर्ड को भेजी गई थी। अब यूपी बोर्ड मिशन गौरव के तहत राष्ट्र्पति, राज्यपाल, उप मुख्यमंत्री समेत 79 ऐसे प्रतिभाशाली शख्सियत को सूची में शामिल किया है। इसमें चकिया तहसील क्षेत्र के भभौरा निवासी व केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यालय के वार्ड नम्बर 14 गांधी नगर निवासी फिल्म निर्माता निर्देशक सैयद जैगम इमाम का नाम भी शामिल है। इसके अलावा चंदौली के सांसद एवं केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री डा. महेंद्रनाथ पांडेय का नाम प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी जनपद की सूची में दर्ज है। जल्द ही प्रयागराज में आयोजित होने वाले समारोह में ऐसे शख्सियतों को सम्मानित करेगा। इससे जिले का मान बढ़ा है। इस बाबत डीआईओएस डा. विजय प्रकाश ने बताया कि जिले से भेजी गई सूची की स्कूटनी के बाद यूपी बोर्ड ने परिषद का मान बढ़ाने वाले जिले से दो शख्सियत का चयन किया है।

जैगम को मिल चुका है कई फिल्म फेयर अवार्ड
चंदौली। नगर के वार्ड नम्बर 14 गांधी नगर निवासी डा. एसए मुजफ्फर के पुत्र सैयद जैगम इमाम ने 1997 में महेंद्र टेक्निकल इंटर कालेज से हाईस्कूल की शिक्षा ग्रहण की थी। इसके बाद इलाहाबाद से 1999 में इंटरमीडिएट, 2002 में इलाहाबाद विश्वविद्यालय से स्नातक की उपाधि प्राप्त की। वहीं 2004 में माखनलाल चतुर्वेदी अंतर्राष्ट्रीय प्रत्रकारिता विश्वविद्यालय से मास्टर आफ जर्नलिज्म की डिग्री हासिल किया। उन्होंने 2015 में अपनी उपन्यास पर आधारित पहली फिल्म दोजख इन सर्च आफ हेवेन बनायी। इसको कोलकाता, बैंगलुरू अंतर्राष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल में चयन किया गया। यही नहीं हिडेन जेम्स अन्तर्राष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल कनाडा में बेस्ट फिल्म का सम्मान मिला। वहीं हैबिटेट फिल्म समारोह नई दिल्ली सहित दुनियां भर के दो दर्जन से अधिक फिल्म समारोहों में चयन एवं पुस्कृत किए गए। उन्होंने 2017 में अलिफ और 2019 में नक्काश फिल्म बनायी। फिल्म निर्देशक जैगम इमाम को सिंगापुर साउथ एशियन फिल्म फेस्टिवल में इमर्जिंग फिल्म मेकर आफ द ईयर अवार्ड, बोस्टन इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल अमेरिका में बेस्ट डायरेक्टर का अवार्ड, एशियन फिल्म फेस्टिवल वाशिंगटन डीसी, अमेरिका में बेस्ट फिल्म मेकर का अवार्ड और इंडियन इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल आफ क्वींसलैंड आस्ट्रेलिया में बेस्ट फिल्म डायरेक्टर वार्ड से सम्मानित हो चुके हैं। उनकी उपन्यास दोजख और मैं मुहब्बतें के अलावा देश के अलग-अलग पत्रिकाओं में कविताएं एवं कहानियां प्रकाशित हो चुकी हैं।
मासूम बच्चे को उसकी माँ की गोद से छिनकर काटने लगा पागल कुत्ता मचा गया अफरा-तफ़री
चंदौली सदर कोतवाली क्षेत्र के झांसी गांव में उस वक्त अफरातफरी मच गया। जब एक माँ घर के बाहर बैठक अपने एक वर्ष के बच्चे को दूध पिला रही थी। और अचानक एक पागल कुत्ते ने उसके बच्चे को गोद से झपटकर घसीटते हुए काटकर बुरी तरह जख्मी कर दिया।माँ की चीख पुकार सुनकर मौके पर जुटे ग्रामीणों ने किसी तरह पागल कुत्ते से बच्चे की जान बचाकर जिला अस्पताल पहुचे जहां चिकित्सकों ने इलाज के दौरान उसे ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार सदर कोतवाली क्षेत्र के झांसी गांव निवासी पिंटू कुमार की पत्नी अपने एक वर्षीय बच्चे शिव शंकर को घर के बाहर बैठ पर दूध पिला रही थी। तभी अचानक एक पागल कुत्ते में उसके ऊपर हमला कर दिया।और बच्चे को उसकी गोद से छिनकर कुछ दूर घसीटते ले गया और बच्चे को काट कर बुरी तरह जख्मी कर दिया। यह देख पिंटू की पत्नी जोर जोर से चिल्लाने लगी चीख पुकार सुनकर मौके पर पहुचे आसपास के लोगों ने किसी तरह पागल कुत्ते से बच्चे की जान बचाई और जिला अस्पताल लेकर पहुंचे जहा चिकित्सकों ने हालत नाजुक देख उसे ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया इस दौरान डॉ अजय ने बताया कि झांसी गांव का एक बच्चा इलाज़ के लिए आया था जिसको पागल कुत्ते ने काटा था। कुत्ते ने बच्चे के सर पीठ गर्दन पर काटकर घायल कर दिया था जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बीएचयू के लिए रेफर कर दिया गया है।
चकिया के स्टाफ नर्स पर तीमारदारों संग अभद्रता का आरोप
चंदौली। जिले में जहां स्वास्थ्य महकमा सुधरने का नाम नहीं ले राह है। जिले में एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है, जिसमंे सरकारी अस्पताल में तैनात नर्स मरीज के परिजनों से तल्ख अंदाज में बातकर रही है। वही उन पर कार्यवाही की बात भी कह रही है। मरीज के परिजनों का आरोप है कि वह लोग जमीन पर बैठे थे तो नर्स उनको पैर से आकर मारकर वहां से हटाई है। मामले में चकिया जिला संयुक्त चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक के द्वारा जांच करने का निर्देश दिया है। दरसअल चकिया तहसील के अकोढवा गांव निवासी शशीकला पाठक डायरिया से पीड़ित है और इलाज हेतु जिला संयुक्त चिकित्सालय चकिया अपने परिजनों संग आई हुई है। इलाज में लापरवाही पर मरीज के परिजनों ने जब शिकायत की तो अस्पताल में तैनात नर्स नाराज हो गयी और मरीज के परिजनों के बच्चो संग नाराज होकर अपशब्दों के साथ बात किया। वहां मौजूद किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल कर दिया। मरीज शशिकला के परिजनों ने आरोप लगाया कि दवा इंजेक्शन बाहरी प्राइवेट लोगों से कराया जा रहा है।
इससे बौखलाई महिला स्टाफ नर्स ने तल्खी दिखाई। परिजन आशीष कुमार पाठक ने बताया कि प्रज्ञा पटेल नाम की स्टाफ नर्स सुबह के वक्त आई और अपने पैर से हमें उठाया। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक अजय सिंह गौतम ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है इसमें जांच करने के लिए आदेश दे दिए हैं। जिसमें डॉक्टर अशोक की कमेटी बनी है। जैसे ही कमेटी जांच कर अवगत कराएगी उस समय कार्रवाई की जाएगी। दलालों के संबंध में पहले भी सूचना मिली हैं और उन पर कार्यवाही की जाएगी।
जवान राकेश यादव के परिजनों को मिले सरकारी नौकरी व आर्थिक मदद
जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपती गार्गी सिंह पटेल व बबिता यादव।
गेट निर्माण, रास्ते का नामकरण व आदम कद प्रतिमा स्थापित करने की मांग
चंदौली। सपा महिला सभा की जिलाध्यक्ष गार्गी सिंह पटेल व जिला पंचायत सदस्य बबिता यादव शुक्रवार को जिलाधिकारी संजीव सिंह से मिले। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री नाम संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए जवान राकेश यादव के परिजनों को आर्थिक मदद देने साथ ही आश्रितों को अनुंकपा के आधार पर सरकारी नौकरी देने की मांग की। इसके अलावा गांव जाने वाले रास्ते पर जवान के नाम गेट का निर्माण, सड़क का नामकरण उनके नाम पर किए जाने की मांग की। साथ ही गांव में आदम कद प्रतिमा स्थापित कर जवान को सम्मान देने की गुजारिश की।
इस दौरान जिलाध्यक्ष गार्गी सिंह पटेल ने बताया कि बैंगलूर में जेसीओ की ट्रेनिंग के दौरान हिरामनपुर निवासी जवान राकेश यादव का निधन हो गया था। उन्होंने देश सेवा करते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है। उनके दिवंगत होने के बाद परिवार के समक्ष आर्थिक दिक्कतें पैदा हुआ है। साथ ही परिवार का एक मजबूत सहारा हमेशा के लिए छिन गया है। जिला पंचायत सदस्य बबिता यादव ने मांग किया कि मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से जवान के परिवार को एक करोड़ की आर्थिक मदद की जाए। साथ ही जवान के आश्रित को सरकारी नौकरी दी जाय। इसके अलावा जवान के सम्मान में हिरामनपुर जाने वाली सड़क का नामकरण किया। गांव के समीप गेट स्थापित की जाए और गांव में आदम कद प्रतिमा स्थापित किया जाय, ताकि गांव के लोग राकेश यादव की वीरता व शौर्य को हमेशा याद रखे। कहा कि जल्द से जल्द सभी मांगों को पूरा नहीं किया गया तो हम सभी जवान राकेश यादव के परिवार को उनका हक़ दिलाने के लिए लोकतांत्रिक तरीक़े से आंदोलन करने को बाध्य होंगे, जिसकी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। उधर‚ एमएलसी आशुतोष सिन्हा ने भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर जवान राकेश यादव के परिजनों को एक करोड़ की आर्थिक मदद व सरकारी नौकरी दिए जाने के साथ ही छह सूत्रीय मांग पत्र भेजा है।













