28.5 C
Chandauli
Sunday, November 1, 2026

Buy now

Home Blog Page 755

एक बार फिर भिड़े सुशील और मनोज डब्लू समर्थक‚ जानिए क्या है वजह

चंदौली। बरहन निवासी ठेकेदार बृजेश सिंह के पोस्टमार्टम के दौरान जिला अस्पताल पर जमकर रविवार को भाजपा विधायक सुशील सिंह व सपा के मनोज सिंह डब्लू एक बार फिर आमने-सामने आ गए। ठेकेदार बृजेश सिंह की मौत को हत्या बताने वाले मनोज डब्लू पर विधायक सुशील सिंह के समर्थकों ने राजनीति ना करने का बात कही। इसी बात को लेकर दोनों पक्ष के समर्थकों में विवाद हो गया। प्रत्यक्षदर्शी बताते हैं कि सुशील समर्थक किसी युवक ने मनोज डब्लू के किसी समर्थक को थप्पड़ जड़ दिया, जिससे मामले ने तूल पकड़ा और उक्त युवक मनोज डब्लू के समर्थकों द्वारा वहीं पर पीटा गया। इस घटना से वहां तनाव की स्थिति कायम हो गयी। हालात बिगड़ता देख वहां मौके पर कई थानों की फोर्स के साथ ही जिले के कई आला पुलिस अफसरों को आना पड़ा।
बताते हैं कि बरहन निवासी ठेकेदार बृजेश सिंह की मौत के बाद धीना पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल ले आए। शव आने के बाद सैयदराजा विधायक सुशील सिंह व उनके कई समर्थक भी वहां डंट गए। इसी बीच सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू भी अपने समर्थकों संग पहुंचे और बृजेश की मौत को हादसा की बजाय हत्या करार दिया। कहा कि पीड़ित परिवार के तहरीर पर धीना पुलिस मामला दर्ज कर इसकी जांच करें और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाए। यह बात वहां मौजूद सुशील सिंह के समर्थकों को नागवार गुजरी और उन्होंने इसका विरोध किया। विरोध में विवाद हुआ और इस कदर बड़ा कि मनोज डब्लू के किसी समर्थन को थप्पड़ मार दिया गया, जिससे गुस्साए मनोज समर्थकों ने दूसरे गोल के युवक को मारपीट दिया। मारपीट व तनातनी से वहां का माहौल तनावपूर्ण हो गया। मौके पर मौजूद पुलिस फोर्स ने बीचबचाव कर दोनों पक्षों को अलग किया। इसके बाद मनोज डब्लू पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी पुलिस को देते हुए चले गए। हालांकि पोस्टमार्टम होने तक विधायक सुशील सिंह व उसके समर्थकों के साथ ही भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रही।

…क्या कहते हैं मनोज डब्लू
चंदौली। इस बाबत मनोज डब्लू ने बताया कि विधायक सुशील सिंह मुझे देखते ही बेचैन हो उठते हैं और पोस्टमार्टम हाउस पर भी कुछ ऐसा ही हुआ। मेरे द्वारा पीड़ित परिवार की मांग को आगे बढ़ाया गया है। परिवार की मांग है कि उनके पुत्र की हत्या हुई है। मौके पर काफी दूर तक खून मिला है, वहां बाल मिले और वहां हुई हाथापाई के निशान भी है जो ठेकेदार बृजेश सिंह की हत्या की ओर इशारा करते है। इस प्रकरण में पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की बजाय उस पर लीपापोती का प्रयास हो रहा है। यही बात सुशील समर्थक को नागवार लगी तो उसने मेरे साथ मौजूद युवक सुबाष को थप्पड़ मार दिया, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गयी। चेताया कि पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

….क्या कहते हैं सुशील सिंह
चंदौली। सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने कहा कि इस प्रकरण से मेरा कोई सरोकार नहीं है। मैं पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद था और सपा नेता मनोज डब्लू आए और किसी बात को लेकर वहां मौजूद लोगों से उनका विवाद हुआ और मामला मारपीट तक पहुंच गया। यह दुर्भाग्यपूर्ण है मनोज डब्लू एक संवेदनहीन नेता है जो अपनी टीआरपी के लिए ऐसे कृत्य को अंजाम देते रहते है। मातम के मौके पर संवेदनाएं व्यक्त करनी चाहिए, जैसा कि अन्य लोगों ने किया।

बरहन गांव के पास सड़क पर खून से लथपथ मिला ठेकेदार, मौत


कमालपुर, चंदौली। चंदौली जिले के धीना थाना क्षेत्र के बरहन गांव के समीप एक युवक खून से लथपथ सड़क पर मिला। ग्रामीणों की जानकारी के बाद पुलिस उसे स्थानीय अस्पताल ले गयी, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। स्थानीय पुलिस प्रथम दृष्टया घटना को सड़क हादसे से जोड़कर देख रही है, वहीं परिजनों ने हत्या की आशंका जाहिर करते हुए थाने पर तहरीर दी है। घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त है। मृतक पेशे से ठेकेदार था, जिसे लेकर उसकी हत्या की चर्चाएं ग्रामीण करते नजर आए।
बताते हैं कि सुबह के वक्त जब बरहन के ग्रामीण शौच के लिए सिवान की ओर निकले तो देखा कि मुख्य सड़क पर एक युवक खून से लथपथ पड़ा हुआ था। मौके पर जमा ग्रामीणों ने युवक की पहचान गांव निवासी बृजेश सिंह, 38 वर्ष के रूप में की। जानकारी के बाद परिजन भी दौड़ते-भागते पहुंचे। वहीं सूचना पाकर स्थानीय पुलिस भी पहुंच गयी। बृजेश को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन हत्या की आशंका जाहिर करते हुए धीना थाने को तहरीर दी है। वहीं थानाध्यक्ष अतुल प्रजापति का कहना है कि मामला सड़क दुर्घटना से जुड़ा हुआ प्रतीत होता है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। मौके पर जांच में खून के धब्बों के साथ ही किसी दूसरी बाइक के टूटे हुए हिस्से भी पाए गए हैं। दूसरी ओर परिजनों का कहना है कि रात के वक्त बदमाशों से बृजेश की हाथापाई और मारपीट हुई होगी, जिससे वह जान बचाकर भागा होगा, लेकिन अत्यधिक आघात के कारण वह घर तक नहीं पहुंच पाया और 500 मीटर पहले ही सड़क पर उसकी मौत हो गयी।

ट्रेन से कटकर महिला की मौत शिनाख्त में जुटी पुलिस

चंदौली। नगर स्थित सकलडीहा चंदौली क्रॉसिंग पर किसी ट्रेन की चपेट में आने से रविवार की सुबह एक अज्ञात महिला की मौत हो गई। उक्त महिला 50 वर्ष की है वह रेलवे क्रॉसिंग को पार कर रही थी इसी दौरान किसी ट्रेन की चपेट में आ गई।जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। आसपास लोगों की भीड़ जुट गई और किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दी।जानकारी के बाद पहुंची सदर कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया और उसकी शिनाख्त में जुट गई।

पूर्वांचल में समाजवादी पार्टी की नींव को मजबूती देंगे सपा के नए साथी


पूर्वांचल, डेस्क। समाजवादी पार्टी अपने संगठनात्मक ढांचे को तेजी से मजबूत कर रही है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव की बसपा समेत अन्य राजनीतिक दलों में सेंधमारी कर दिग्गजों को अपने पाले में लाने की योजना काफी हद तक सफल होती नजर आ रही है। अभी हाल ही में बसपा के कई दिग्गज नेता टूटकर समाजवादी पार्टी की विचारधारा व सिद्धांतों को अपनाते हुए सदस्यता ली। बलिया से बसपा नेता अम्बिका चौधरी की दल में वापसी हुई। यह पल उनके लिए इतना भावुक रहा कि वे अखिलेश यादव के समक्ष ही रो पड़े। इससे उनके दूसरे दल में जाने की पीड़ा को समझा जा सकता है। लेकिन वह अकेले नहीं आए। इनके साथ बसपा की एक बड़ी टीम टूटकर सपा में समाहित हो गयी।
उनके साथ आजमगढ़ मंडल के चीफ जोनल कोआर्डिनेटर विनायक मौर्य, दिनेश यादव, बलिया में बसपा के जिला उपाध्यक्ष शिव नारायण यादव, प्रभुनाथ राजभर, राजेंद्र यादव आदि ने लखनऊ प्रदेश मुख्यालय पर बसपा की सदस्यता को छोड़कर सपा में शामिल है।

वहीं बलिया के जिला पंचायत सदस्यत आनंद चौधरी, अभय नारायण गिरि, जिला पंचायत सदस्य राजीव यादव के साथ ही कई स्थानीय दिग्गज सपा में शामिल हुए। इससे बलिया में समाजवादी पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव के दौरान एक बार फिर अपने रौ में नजर आएगी। इसकी पूरी संभावनाएं है।
इसके अतिरिक्त गाजीपुर जनपद से भी कई दिग्गज सपा में शामिल हुए, जिसमें मुख्तार अंसारी के बड़े भाई सिब्गतुल्लाह अंसारी के साथ सुहेब अंसारी, सलमान अंसारी तथा रेयाज अहमद अंसारी के नाम शामिल है। इसके अतिरिक्त कई पूर्व प्रमुख, पूर्व प्रधान, जिला पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य, वार्ड सभासद भी समाजवादी रंग में रंग गए, जो चुनाव के वक्त बूथ व सेक्टर स्तर पर सपा को मजबूती देंगे और इनकी मजबूती किसी भी परिणाम को जीत में बदलने के लिहाज से प्रभावी होगी। क्योंकि ये सभी अपने जिले, विधानसभा व क्षेत्र में जमीनी रूप से जुड़े हैं और अपने राजनीतिक रसूख, अनुभव का पूरा लाभ पार्टी को पहुंचाएंगे।

5 सितंबर को भदोही में शिक्षक सम्मेलन को सफल बनाये शिक्षक:प्रियदर्शी

चन्दौली।समाजवादी पार्टी ने संजय प्रियदर्शी को शिक्षक सभा का प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया है। उनके उपाध्यक्ष बनाये जाने पर सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बधाई दी है। संजय प्रियदर्शी को समाजवादी शिक्षक सभा का प्रदेश उपाध्यक्ष बनाए जाने पर चंदौली के जिला के शिक्षक सभा के जिला अध्यक्ष मयंक सिंह द्वारा स्वागत और बधाई दी गई
इस दौरान संजय प्रियदर्शी ने कहा समाजवादी पार्टी हमेशा शिक्षकों का हितेषी रही है समाजवादी पार्टी शिक्षक समाज के लोगों को एक ऊंचा स्थान देने का भी काम किया है सरकार बनने पर समाजवादी पार्टी वित्तविहीन शिक्षकों के साथ साथ शिक्षामित्र अनुदेशकों पर विशेष ध्यान देगी उन्होंने शिक्षकों से अपील किया कि 5 सितंबर को भदोही में शिक्षक सम्मेलन में अधिक से अधिक शिक्षकों को सम्मिलित होकर राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का कार्यक्रम को सफल बनाएं और विपक्षी दलों को मुंहतोड़ जवाब मिले वही शिक्षक सभा के जिलाध्क्ष मयंक सिंह यादव ने कहां की प्रदेश में अपराध का बोलबाला उत्तर प्रदेश की सरकार गरीबों के मुंह से निवाला छीनने का काम कर रही है वहीं शिक्षक वर्ग भी काफी परेशान है सभी समाजवादी लोगों को एक होकर सरकार बनानी है जिससे जनता के साथ साथ शिक्षकों का भला हो सके इस दौरान योगेंद यादव चकरु दिलीप पासवान अन्य सपाई उपस्थित रहे।

मंत्रीमंडल के विस्तार के बहाने इन जातियों को साधने की जुगत में योगी सरकार


लखनऊ। यूपी विधानसभा-2022 से पहले योगी सरकार अपने मंत्रिमंडल में आखिरी और विस्तार करेगी। सितंबर के पहले पखवारे में नए मंत्रियों को सरकार में शामिल किए जाने की संभावनाएं है। विधानसभा चुनाव में पिछड़ी जातियों को साधने का भाजपा का मास्टर प्लान बताया जा रहा है। सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी पर गौर करें तो चुनावी साल में होने वाले मंत्रिमंडल विस्तार में निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय निषाद भी मंत्री बन सकते हैं। इसके अलावा मेरठ के सोमेन्द्र, फतेहपुर से कृष्णा पासवानख् गाजियाबाद से तेजपाल गुर्जर, रामचंद्र विश्वकर्मा, मंजू सिवाच और अपना दल से आशीष पटेल को मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है। इसके अलावा और भी नाम हैं जिन्हें मंत्रीमंडल में जगह देने की प्रबल संभावनाएं हैं क्योंकि यह अतिपिछड़े बिंद समाज के साथ ही गोंड, कोल जैसी दलित जातियों का प्रतिनिधित्व करने वाले चेहरे है। भाजपा व योगी चुनावी साल में इन्हें सरकार अंक बनाकर इन जातियों का वोट अपने पाले में करने की जुगत में है। फिलहाल मंत्रीमंडल के विस्तार के बाद चेहरे व नाम स्पष्ट होंगे। लेकिन विरोधी दल इसे चुनावी लालीपाप बता रहे हैं। कहा कि भाजपा अपनी डूबती नाव को अतिपिछड़ों व दलितों के वोट के बल पर पार लगाने के प्रयास में है। इन्हें प्रतिनिधित्व देने की मंशा यदि सरकार में होती तो शुरुआती दौर में इन चेहरों को मंत्रिमंडल में जरूरत जगह मिलती, लेकिन इन्हें सरकार के अवसान के वक्त उम्मीद के उजाले की आस से लाया जा रहा है। प्रदेश की जनता सच को जान व समझ चुकी है।

नौगढ़ के पहाड़ों पर एसपी ने पुलिस के साथ की कांबिंग


पुलिस दल के साथ पहाड़ों पर कांबिंग करते एसपी अमित कुमार।


चंदौली। पुलिस फोर्स के हौसले को बढ़ाने के लिए तमाम मोर्चों पर एसपी अमित कुमार खुद अगुवाई करते दिख जाते हैं। इस कड़ी में शनिवार को नौगढ़ की सुदूर पहाड़ियों पर गश्त के लिए एसपी अमित कुमार ने पुलिस फोर्स के साथ जंगल एवं पहाड़ों में भ्रमण किया। उन्होंने ग्रामीणों व चरवाहों से मुलाकात किया और शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग का आह्वान किया। एसपी के नेतृत्व में क्षेत्राधिकारी नौगढ़, प्रभारी निरीक्षक नौगढ़ व थानाध्यक्ष चकरघट्टा सहित पर्याप्त पुलिस बल के साथ थाना नौगढ़ अन्तर्गत विभिन्न गांवों, पहाड़ों एवं जंगलों में काम्बिंग की। वहां के निवासियों व वनवासियों से वार्ता की गई तथा उनसे उनकी समस्याओं के विषय में जानकारी ली गई तथा समस्याओं के निराकरण के लिए संबंधित अफसरों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

स्काउट-गाइड का पंजीकरण अनिवार्यः डा.विजय प्रकाश

चंदौली। महेंद्र टेक्निकल इंटर कॉलेज के प्रांगण में उत्तर प्रदेश भारत स्काउट और गाइड जनपद चंदौली इकाई की जनपदीय कार्यकारिणी की बैठक हुई। इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ विजय प्रकाश सिंह ने किया।उन्होंने कहा कि सभी राजकीय, माध्यमिक, वित्तविहीन सीबीएसई, आईसीएससी विद्यालयों एवं समस्त महाविद्यालय का शत-प्रतिशत पंजीकरण करना अनिवार्य है तथा जिन जिन महाविद्यालयों एवं विद्यालयों का पंजीकरण हो चुका है उनका नवीनीकरण का ससमय कराना प्रधानाचार्य एवं प्राचार्य कर लें, तथा विद्यालय स्तर पर स्काउट गाइड प्रवेश प्रथम एवं द्वितीय कि शिविरों का आयोजन सुनिश्चित करें। कहा कि स्काउट एवं गाइड प्रशिक्षण से बच्चों का सर्वांगीण विकास होता है जिससे बच्चा अपने जीवन काल में स्वयं के बल पर आगे बढ़ता है। साथ ही समाज में सेवाभाव के साथ अपने आप को सुदृढ़ कर्ता है। इसलिए विद्यालयों में अनिवार्य रूप से शासनादेश के अनुसार पंजीकरण करवाना अत्यंत आवश्यक है। इस अवसर पर सहायक प्रादेशिक संगठन कमिश्नर हीरालाल यादव, डा. एसके लाल, डा.रामचंद्र शुक्ल, पूनम सिंह, अंजू कुमारी, सैयद अली अंसारी, सत्यमूर्ति ओझा, बृजेश सिंह रजनीश, जयप्रकाश रावत, भानु प्रताप सिंह, मनोज कुमार पांडेय उपस्थित रहे। संचालन जिला सचिव वीरेंद्र कुमार सिंह ने किया।

सभी मिलकर बनाए समाजवादी पार्टी की सरकारः जितेंद्र कुमार एड.

सम्मान समारोह को संबोधित करते पूर्व विधायक जितेंद्र कुमार।


शहाबगंज। सपा शहाबगंज ब्लाक इकाई अध्यक्ष सुनील सिंह मुखिया के नेतृत्व में पूर्व विधायक जितेंद्र कुमार का जोरदार स्वागत सामरोह का आयोजन किया गया। बीते सात अगस्त को सपा का दामन थामने वाले पूर्व विधायक जितेन्द्र कुमार के पार्टी में सामिल होने से गदगद कार्यकर्ताओं ने माला पहनाकर स्वागत किया।
इस दौरान पूर्व विधायक जितेंद्र कुमार ने कहा कि समाजवादी पार्टी में पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ पार्टी को मजबूत करने का कार्य करूंगा, ताकि आगामी विधानसभा चुनाव में चकिया की सीट समाजवादी पार्टी को जीत की सुनिश्चित करते हुए सपा की सरकार बनाने में हम सभी को मिलकर योगदान देना होगा। विधानसभा इकाई अध्यक्ष प्रभु नरायण यादव ने कहा कि पूर्व विधायक के पार्टी से जुड़ने से चकिया में सपा और मजबूत हो गयी है, जिसका सीधा असर आगामी चुनाव में दिखाई देगा। वहीं विपक्षी पार्टियों में खलबली मच गयी है। इस दौरान रामकृत, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष भूपेंद्र पटेल, अनिल पटेल, अतीक अहमद, राजेश पटेल, रमेश यादव, राजनाथ यादव, उस्मान गनी, बबलू खां, अछैबर भरती, अजय जायसवाल, गुलफाम अहमद मिक्कू, मुनिराज यादव, धर्मेन्द्र अजय भारती ,मनोज यादव, बबलू शर्मा सहित आदि उपस्थित रहे। संचालन रामसहारे यादव ने किया।

बरहनी के पत्रकार सौरभ राय के उत्पीड़न के खिलाफ पत्रकार लामबंद‚ पुलिस की कार्य प्रणाली पर उठाए सवाल


जिलाधिकारी संजीव सिंह को पत्रक सौंपते धीरेंद्र सिंह शक्ति।


चंदौली। पत्रकारों का एक दल शनिवार को सकलडीहा में जिलाधिकारी संजीव सिंह से मिला। इस दौरान बरहनी के पत्रकार सौरभ राय उर्फ सोनू पर कंदवा पुलिस द्वारा फर्जी मुकदमा किए जाने की समस्या को प्रमुखता के साथ रखा। धीरेंद्र सिंह शक्ति ने ज्ञापन देकर जिलाधिकारी को अवगत कराया कि बीते दिनों बरहनी के पत्रकार सौरभ राय के द्वारा एक खबर का प्रकाशन किया गया था, जिसे संज्ञान में लेते हुए एसपी ने कंदवा थाने के पुलिस कर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया था।
इस बात से कंदवा थाने पर तैनात पुलिस अफसर व कर्मचारी पत्रकार से खुन्नस खाए हुए थे और पत्रकार सौरभ राय को फर्जी मुकदमें में फंसाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहे और इसी बीच उनके विरूद्ध फर्जी तरीके से 60/63 का मामला दर्ज कर दिया है, जो पूरी तरह से बेबुनियाद व गलत है। यह लोकतंत्र की हत्या है और पुलिस विभाग की खामियों को पटल पर लाने वाले पत्रकार का उत्पीड़न एवं दमन का प्रयास है। स्वस्थ लोकतंत्र में ऐसी दमनकारी कार्यवाही के लिए कोई जगह नहीं है, लिहाजा उक्त मामले में पत्रकार के ऊपर दर्ज प्राथमिकी को निरस्त करते हुए। ऐसा करने वाले पुलिस कर्मियों व अफसरों के खिलाफ उचित कार्यवाही अमल में लायी जाय, ताकि ताकि पीड़ित पत्रकार के साथ न्याय हो। जिलाधिकारी ने पत्रकारों को भरोसा दिया कि किसी भी पत्रकार के साथ पुलिसिया उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा। मामले की जांच कराकर न्यायोचित कार्यवाही अमल में लायी जाएगी। इस मौके पर अजीत कुमार, सत्येंद्र यादव, जलील अहमद, सत्य नारायण, सुनील सिंह, वैरिस्टर यादव, अख्तर अली, सुनील कुमार सिंह, प्रदीप गुप्ता, सेनापति कुमार मौर्या आदि उपस्थित रहे।

Chandauli
few clouds
28.5 ° C
28.5 °
28.5 °
62 %
1.6kmh
22 %
Sun
29 °
Mon
29 °
Tue
31 °
Wed
31 °
Thu
30 °
Verified by MonsterInsights