चंदौली। कमालपुर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के बैनर तले व्यापार मंडल का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हुआ। कार्यक्रम को लेकर व्यापारियों में खासा उत्साह रहा। जिलाध्यक्ष लक्ष्मीकांत अग्रहरि के नेतृत्व में व्यापारियों ने ढोल-नगाड़ों के साथ बाजार में भ्रमण कर व्यापारी एकता के नारे लगाए। मुख्य अतिथि विधायक सुशील सिंह, मुख्य वक्ता वरिष्ठ प्रांतीय महामंत्री रमेश अग्रहरि और जिलाध्यक्ष लक्ष्मीकांत अग्रहरि समेत अतिथियों का कमालपुर व्यापार मंडल अध्यक्ष आनंद रस्तोगी व पदाधिकारियों ने माल्यार्पण कर स्वागत किया।
जिलाध्यक्ष ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष, महामंत्री, कोषाध्यक्ष समेत सभी पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। विधायक सुशील सिंह ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए व्यापारियों की समस्याओं के प्राथमिकता से समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने व्यापारियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक सहयोग तथा बाजार में जल्द लाइट लगवाने की बात कही। रमेश अग्रहरि ने व्यापार मंडल को मजबूत करने के प्रयासों की सराहना की। जिलाध्यक्ष लक्ष्मीकांत अग्रहरि ने कहा कि व्यापारियों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों के लिए संगठन लगातार कार्य करेगा। प्रदेश मंत्री चंद्रेश्वर जायसवाल, राकेश मोदनवाल, अशोक केशरी व महमूद आलम सहित अन्य वक्ताओं ने भी विचार रखे। संचालन गोपाल उर्फ पिंटू यादव ने किया।

