चंदौली। जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने डिजिटल लेनदेन पर प्रस्तावित शुल्क के विरोध में जिलाधिकारी को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस नेताओं ने सरकार से डिजिटल भुगतान व्यवस्था को सरल, सुलभ और आम नागरिकों व छोटे-मझोले व्यापारियों के हित में बनाए रखने की मांग की।
जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने कहा कि डिजिटल भुगतान आज आम लोगों और व्यापारियों के लिए लेनदेन का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है। ऐसे में यूपीआई पर किसी भी प्रकार का अतिरिक्त शुल्क आम जनता और व्यापारियों पर आर्थिक बोझ बढ़ा सकता है। उन्होंने प्रस्तावित शुल्क को वापस लेने की मांग की। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं एआईसीसी सदस्य देवेंद्र प्रताप सिंह मुन्ना ने कहा कि डिजिटल भुगतान व्यवस्था में शुल्क संबंधी नए प्रावधानों से व्यापारियों की लागत बढ़ने की चिंता है। उन्होंने कहा कि व्यापारिक संगठनों ने भी इसके संभावित प्रभाव को लेकर आपत्ति जताई है। ज्ञापन के माध्यम से राष्ट्रपति से हस्तक्षेप कर प्रस्तावित शुल्क व्यवस्था वापस कराने की मांग की गई। इस दौरान बृजेश गुप्ता, मधु राय, रामानंद यादव, रजनीकांत पांडेय, राजेंद्र गौतम, सतीश बिंद, गंगा प्रसाद, मुनीर खान, राममूरत गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

