30.3 C
Chandauli
Sunday, July 12, 2026

Buy now

Home Blog Page 409

निकाय चुनावः चंदौली के रण से नगण्य नजर आ रहे अनुसूचित जाति के रणबांकुरे

Young Writer: नगर निकाय

चुनावी प्रचार व चर्चाओं से गायब है अनुसूचित जाति के भावी उम्मीदवारों के नाम व चेहरे

Young Writer, चंदौली। नगर निकाय चुनाव का शंखनाद अघोषित रूप से हो चुका है। इसकी बस औपचारिक घोषणाएं ही शेष है। चुनावी रण की पृष्टभूमि कैसी और किसके अनुकूल होगी इसका निर्धारण अभी राज्य निर्वाचन आयोग तय करेगा। लेकिन संभावित रण बांकुरे अभी से ही दो-दो हाथ करने की अपनी भूमिका बना और सजा रहे हैं। उनकी इस तैयारी में समर्थकों की चुनावी ललकार व जयकार रंग भरती नजर आ रही है। इन तमाम कवायदों व गतिविधियों के बीच कुछ ऐसा भी है जो नगण्य प्रायः है, अदृश्य है जिसकी मौजूदगी नाम मात्र नजर नहीं आ रही है। देखा जाए तो चंदौली नगर में पिछला निकाय चुनाव इन्हीं की भूमिका पर लड़ा गया। यही जीते और इन्हीं की हार हुई। लेकिन इस बार ऐसा न जाने क्या हुआ कि न तो हारा हुआ प्रत्याशी संभावित उम्मीदवारों की दौड़ में है और ना ही जीते हुए उम्मीदवार में फिर से जीतने की लालसा नजर आ रही है। जी हां! यह संकेत अनुसूचित जाति के उन उम्मीदवारों की ओर है। जिनकी गतिविधियां व चुनावी हलचल अबकी बार भी होनी चाहिए थी। इसके विपरीत चुनावी रण में इनकी शून्यता और गैरहाजिरी कई सारे सवाल खड़े कर रही है।
विदित हो कि राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से नगर निकाय चुनाव के मद्देनजर आरक्षण चक्र का निर्धारण व प्रकाशन अभी नहीं किया गया है जिसका सभी वर्ग व समुदाय के लोगों को बेसब्री से इन्तजार है। बावजूद इसके मामला चाहे अनारक्षित कोटे का हो या पिछड़े समुदाय से ताल्लुक रखने वाले भावी उम्मीदवारों का। उनकी संभावित दावेदारी व उम्मीदवारी की चर्चाएं नगर में चल रही है। जगह-जगह टंगे इनके बैनर-पोस्टर इस बात की गवाही व तसदीक कर रहे हैं कि ये भी संभावित प्रत्याशी हो सकते हैं और चंदौली की जनता का साथ व समर्थन मिला तो इनकी संभावित उम्मीदवारी जीत में भी बदल सकती है।

फिलहाल यह भविष्य की बातें हैं लेकिन चंदौली चेयरमैन बनने का सपना पाले हरएक उम्मीदवार की तस्वीर कहीं न कहीं जरूर टंगी हुई मिल जाएगी। हालात ऐसे हैं कि कोई दीवार पर टंगा है तो कोई झाड़ पर। इसके पीछे मंशा यह है कि लोगों के दिल ही नहीं बल्कि दिमाग में भी इनकी छवि व छाप बनी रहनी चाहिए, ताकि चुनावी डुगडुगी बजते ही ये अपनी उम्मीदवारी के रंग को और चटख कर सके। फिलहाल सभी की मौजूदगी से पूरा का पूरा नगर चुनावी रंग में रंगा हुआ और रमा हुआ दिख रहा है। लेकिन अनुसूचित जाति के भावी उम्मीदवारी के नाम व तस्वीर का कहीं दूर दूर तक पता नहीं है। ऐसा किसी दल विशेष का नहीं, बल्कि सभी दलों का हाल है। यहां तक की अनुसूचित जाति के किसी निर्दल उम्मीदवार ने अघोषित अपनी उम्मीदवारी को घोषित नहीं किया है।

नगर में ऐसे उम्मीदवारों के बैनर पोस्टर का अभाव अपने आप में चर्चा है और ऐसा होना भी लाजिमी है। क्योंकि पिछले चुनाव में सभी रण बांकुरे अनुसूचित जाति के थे जो पूरी शिद्दत के साथ निकाय चुनाव को लड़े। जनता के बीच गए, विरोधियों की खामियों के साथ ही अपनी खुबियों को भी गिनाया। वोटिंग तक मामला कांटे का चला और कई उम्मीदवारों के बीच दिलचस्प मुकाबला देखने को मिला। लेकिन इस बार अनुसूचित जाति से ताल्लुक रखने वाले एक भी प्रत्याशी के नाम व उसके चुनाव लड़ने का  जिक्र ना होना कुछ लोगों के मन में फिक्र पैदा कर रहा है। आखिर! इसके पीछे वजह क्या है, यदि आरक्षण चक्र में पुनः अनुसूचित जाति के पुरुष या महिला की उम्मीदवारी के लिए चंदौली निकाय की सीट आरक्षित होती है तो वह कौन चेहरे होंगे जो आगे आएंगे। अबकी बार किनके बीच संभावित मुकाबला होगा। यह सारे सवाल आने वाले दिनों से जुड़े हैं लेकिन इसकी चर्चाएं अभी से हो रही है। वहीं कुछ लोग इस बात पर भी चिंतन-मंथन कर रहे हैं कि आखिर अनुसूचित जाति का प्रतिनिधित्व की लालसा अचानक से इतनी सुस्त और शिथिल क्यों पड़ गयी है।

चंदौली-जाम में फंसकर करार रही जनता,घंटो फसी एंबुलेंस यातायात पुलिस व प्रशासन को कोस रहे लोग


चंदौली। चंदौली मुख्यालय पर जाम की समस्या खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन लगने वाले भीषण जाम से आमजन मानस के साथ साथ जिले के अधिकारी भी घंटो फंसकर हलकान हो रहे हैं। इसके अलावा स्थानीय दुकानदारों की दुकानदारी पर भी इसका प्रतिकूल असर पड़ रहा है। बावजूद इसके यातायात महमा उसे पटरी पर लाने में सफल नहीं हो पा रहा है।
दरसअल सदर तहसील से लगाकर जिला अस्पताल तक की वाहन स्टैंड नहीं होने से सड़क किनारे आड़े-तिरछे खड़े वाहन जाम का मुख्य कारण बन रहे हैं। इससे आए दिन जाम की स्थिति बन रही है और लोगों के साथ जिले के अधिकारी भी जाम में फंसकर घंटों हलकान हो रहे हैं। जाम से सबसे ज्यादा परेशानी स्कूल के बच्चों व एम्बुलेंस को होता है। नगर के अतिव्यस्त मार्ग सदर तहसील से लेकर सकलडीहा रोड पुलिस चौकी तक सुबह से लेकर शाम तक आड़े तिरछे खड़े दुपहिया वाहन व आटो चालकों का कब्जा रहता है। सुबह से ही दोपहर तक बीच सड़क पर आटो खड़ा करके सवारियां बैठते हैं। जिससे जाम की स्थित पैदा हो जा रही है। जाम में सबसे ज्यादा परेशानी स्कूल से छूटे बच्चों व एम्बुलेंस को हो रही है। वही बाइक व साइकिल सवार हलकान हो जा रहे है। सदर तहसील से लगाकर पुलिस चौकी के समीप छोटी पुलिया तक प्रतिदिन जाम की समस्या बनी रहती है। जाम में फंसे लोग यातायात पुलिस व प्रशासन को कोस रहे थे।

जवाब–तलबः अस्पताल के बेड पर कैसे पहुंचा कुत्ता‚ सीएमओ ने की पड़ताल

Young Writer: शहाबगंज अस्पताल का निरीक्षण करते सीएमओ डा. वाईके राय।
Young Writer: शहाबगंज अस्पताल का निरीक्षण करते सीएमओ डा. वाईके राय।

शहाबगंज प्राथमिक अस्पताल के बेड पर कुत्ता बैठने के प्रकरण के बाबत ली जानकारी

Young Writer, शहाबगंज। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा.वाईके राय ने शनिवार की शाम को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। जहां प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. हीरालाल सिंह से मिलकर वायरल वीडियो के बारे में जानकारी प्राप्त किया। वहीं अस्पताल के बेड पर कुत्ता बैठने के बाबत जवाब-तलब किया। साथ ही उसके कारणों से अवगत हुए। साथ ही इस घटना के समय ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक व चिकित्सा कर्मियों की जानकारी भी ली।
विदित हो कि शुक्रवार को कई सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था। जिसमें अस्पताल के बेड पर एक कुत्ता बेड पर बैठा था। उक्त वीडियो प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शहाबगंज था। वायरल वीडियो को मुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री के यहां भी पहुंच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक ने ट्विटर के माध्यम से ट्वीट कर जिलाधिकारी चंदौली ईशा दूहन व मुख्य चिकित्साधिकारी चन्दौली को अवगत कराया और मामले की जांच कर रिपोर्ट देने को कहा। ताकि इस प्रकरण के लिए जिम्मेदार लापरवाह कर्मचारियों के खिलाफ कार्यवाही की जा सकें। स्वास्थ्य मंत्री के निर्देश पर मुख्यचिकित्सा अधिकारी ने शनिवार को अस्पताल पर पहुंचकर जानकारी लिया। आगे से इस प्रकार की लापरवाही न होने पाए इसके लिए आगाह किया। सीएमओ डा.वाईके राय ने बताया कि मामला मुख्यमंत्री के जानकारी में है। प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण कर जानकारी लिया गया। सभी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को प्रेषित किया जायेगा।

नई सुविधाः चंदौली अस्पताल पर सामान्य हेल्थ परीक्षण मशीन स्थापित

Young Writer: पीएचसी चंदौली पर सामान्य हेल्थ परीक्षण मशीन का शुभारंभ करती डीएम।
Young Writer: पीएचसी चंदौली पर सामान्य हेल्थ परीक्षण मशीन का शुभारंभ करती डीएम।

Young Writer, चंदौली। जिलाधिकारी ईशा दुहन ने शनिवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चंदौली पर हिंदुस्तान एंटीबायोटिक लिमिटेड द्वारा निर्मित संपूर्ण सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण हेतु स्थापित हेल्थ परीक्षण मशीन का फीता काटकर शुभारंभ किया। उक्त मशीन द्वारा बॉडी वेट, बीएमआई, बीएमआर, बोन मास, बॉडी फैट, बॉडी वाटर, फैट फ्री वेट, प्रोटीन, मेटाबॉलिक एज, हेल्थ स्कोर, हाइट, ब्लड प्रेशर, एसपीओ-2 प्लस, बॉडी टेंपरेचर, शुगर, हिमोग्लोबिन, कोविड-19 एंटीजन व एंटीबॉडी, मलेरिया, डेंगू, टाइफाइड, चिकनगुनिया, हेपेटाइटिस बी व सी, ब्लड-ग्रुपिंग, प्रेगनेंसी, एचआईवी, माइक्रोएल्बुमिन, क्रिएटिनिन, ग्लूकोस, बिलरुबिन, ब्लड-पीएच, प्रोटीन, नीट्राइट, ल्यूकोसाइट के साथ-साथ डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड विद ग्राफिकल रिप्रेजेंटेशन, लिपिड प्रोफाइल-एचडीएल, एलडीएल, टोटल कोलेस्ट्रॉल, टीसी एवं एचडीएल रेशियो, कंप्रिहेंसिव हेल्थ प्रोफाइल डाटा एनालिसिस इत्यादि कार्य किया जाएगा। जांच के लिए मशीन द्वारा 15 मिनट का समय लिया जाएगा। डीएम ने कहा की इस तरह की दो और स्वास्थ्य परीक्षण मशीनें जनपद में लगाई जाएंगी। इस अवसर पर एसपी अंकुर अग्रवाल, सीएमओ डा.वाईके राय, डा.आरबी शरण, ब्लाक प्रमुख संजय सिंह (बबलू), डा.गुरु शरण, जेपी सिंह मौजूद रहे।

इंदिरा गांधी ने विश्व पटल पर देश के नाम को किया स्थापितः धर्मेन्द्र तिवारी

Young Writer: जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय पर इंदिरा गांधी को श्रद्धांजलि देते कांग्रेसी।
Young Writer: जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय पर इंदिरा गांधी को श्रद्धांजलि देते कांग्रेसी।

चंदौली कांग्रेस कार्यालय पर धूमधाम से मनी इंदिरा गांधी की जयंती

Young Writer, चंदौली। जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से शनिवार को भारत की प्रथम महिला पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय इंदिरा गांधी की जयंती हर्षाेल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष धर्मेंद्र तिवारी ने कहा कि आजाद भारत में इंदिरा गांधी देश की इकलौती ऐसी नेता रहीं जिन्होंने देश के नाम को विश्व पटल पर स्थापित किया।
उन्होंने आजादी की लड़ाई से लेकर आजाद भारत के बाद अपने संघर्षों के बल पर भारत देश को नए कीर्तिमान पर पहुंचाया। देश के आधुनिक विकास में इंदिरा गांधी का अतुलनीय योगदान रहा है। उन्होंने हमेशा भारत देश के गरीब किसान महिलाओं की सुरक्षा तथा पिछड़े लोगों की लड़ाई लड़कर देश को मजबूती प्रदान करने का कार्य किया। अपने कठोर निर्णय और अनुशासन को सर्वाेपरि मानने वाली इंदिरा गांधी के नेतृत्व में पाकिस्तान के दो टुकड़े करके विश्व का भूगोल बदलने का कार्य किया। विश्व में भारत का उच्च सम्मान स्थापित किया, सिक्किम को चीन के कब्जे से मुक्त करा कर भारत में शामिल कराया। परमाणु परीक्षण कर भारत की धमक पूरे विश्व को दिखाया। भारत देश को मजबूती प्रदान करने में इंदिरा गांधी के विचारों को अनुसरण करके ही भारतवर्ष में एकता तथा अखंडता के रूप स्थापित किया जा सकता है। बैठक में मधु राय, नसरुल्लाह खान, गंगाराम, राममूरत गुप्ता, श्रीकांत पाठक, कमलेश कुमार, विवेक कुमार सिंह, सरफराज खान, अमरदेव राम, नरेंद्र तिवारी आदि लोग उपस्थित रहे। संचालन शशिनाथ उपाध्याय ने किया।

जागरूकताः वाहन चलाते समय यातायात नियमों की अनदेखी से जा रही जाने

Young Writer, धानापुर में बाइक चालकों के बीच जागरूकता पर्ची बांटते फाउंडेशन के लोग।
Young Writer, धानापुर में बाइक चालकों के बीच जागरूकता पर्ची बांटते फाउंडेशन के लोग।

जनपद के धानापुर कस्बे में अदनान फाउण्डेशन ने लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

Young Writer, धानापुर। अदनान फाउण्डेशन द्वारा शनिवार को कस्बा स्थित बस स्टैंड पर यातायात माह के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान वाहन चालकों एवं छात्रों में सड़क सुरक्षा, जीवन रक्षा पर आधारित हैण्डबिल वितरित कर जागरूक किया गया। फाउण्डेशन के प्रबन्धक निदेशक एम अफसर खान ने कहा कि सड़क सुरक्षा हमारे रोजाना के जीवन से जुड़ा अहम पहलू है। आये दिन हमें सड़क हादसे की दुखद खबरें पढ़ने व सुनने को मिलती है, जिसमें लोगों को असमय जिंदगियों से हाथ धोना पड़ रहा है।
कुछ लोगों को ये हादसे तो जिन्दगी भर के लिए अपाहिज बना दे रहे हैं। अक्सर देखा गया है कि वे लोग भी सड़क हादसों का शिकार हो जाते हैं जो न तो वाहन चलाते हैं और न ही उसमें सवार रहते हैं। युवा अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए समाज में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता लाने का प्रयास करें। सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक होने का मतलब है कि आप अपनी जीवन की सुरक्षा के प्रति सजग हैं। यातायात नियमों (Traffic Rules) का पालन कर सड़क हादसों पर अंकुश लगाया जा सकता है। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग करें, ट्रिपल राइडिंग न करें, निर्धारित गति से वाहन चलायें। वाहन के कागजात दुरूस्त रखें।

किसी शायर ने भी क्या खूब कहा है कि चलानी हो बाइक तो हेलमेट लगाना, नहीं मुफ्त में जान गंवाना सड़क पर। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के युवा अध्यक्ष सतीश सेठ ने कहा कि जब भी सड़क पर वाहन लेकर निकलें तो ये जरूर सोचें कि आपके अपने आपका इंतजार कर रहें हैं। तो आइए विचार करिये कि सड़क पर अपनी और दूसरों की जान बचाने के लिए यातायात के नियमों (Traffic Rules) का पालन करना शुरू करें। इस दौरान सलीम निजाम, मंजय पांडेय, आरिफ खान, गणेश, कमाल हाशमी, फिरोज, नसीरूल होदा खान, बदरे आलम, लड्डू सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

चंदौली-नेशनल हाइवे पर रफ़्तार की मार डम्फर व कार की टक्कर में दो युवक की मौत, चार गंभीर


चंदौली। सदर कोतवाली क्षेत्र के माधोपुर नवीन मंडी के समीप नेशनल हाईवे पर शनिवार को कार व डम्फर की जोरदार टक्कर हो गयी। घटना में कार सवार दो युवक की मौके पर ही मौत हो गयी। वही चार गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर जुटे आस पास के ग्रामीणों ने तत्काल एंबुलेंस की सहायता से घायलों को जिला अस्पताल पहुचाया जहा उनका इलाज़ चल रहा है।
बताते है कि बिहार प्रान्त के भभुआ चैनपुर थाना गांव निवासी अजय सिंह पटेल 30 वर्ष,सतीश पासवान 28 वर्ष, विनीत सिंह 30 वर्ष,सुरेश बिंद 24 वर्ष, विवेक कुमार बिंद 20 वर्ष तथा रुपेश पटेल 22 वर्ष सभी हर घर जल नल योजना में काम करते हैं। देर रात यूपी के जौनपुर जिले से कार्य कर वापस बिहार की तरफ जा रहे थे। जैसे ही वो माधोपुर नवीन मंडी के समीप पहुचे की उनके कार की तेज रफ्तार डंपर से टक्कर हो गई।घटना में कार के परखच्चे उड़ गए और उसमे बैठे अजय सिंह पटेल व सतीश पासवान की मौत मौके पर ही हो गई। घटना स्थल पर जुटे आस पास के ग्रामीणों ने तत्काल अन्य घायलों को एम्बुलेंस के सहायता से जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया कराया जहा चिकित्सकों ने विनीत सिंह की हालत चिंताजनक देख ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया। वही सुरेश बिंद विवेक कुमार बिंद रुपेश पटेल की मामूली चोट होने पर जिला अस्पताल में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। पुलिस ने दोनों युवकों के शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए आगे की कार्यवाई में जुट गई।

नवहीं गोलीकांड घटना में निर्दोषों को फंसा रही चंदौली पुलिस

Young Writer, चंदौली। क्षेत्र के नवहीं गांव के प्रधान राजेंद्र गौतम ने शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने बीते 14 जुलाई को नवहीं ग्राम सभा के हुए गोली कांड मामले से अवगत कराया। बताया कि चंदौली कोतवाली पुलिस उस मामले में कुछ निर्दोष लोगों को जबरन फंसाने का प्रयास व कार्यवाही कर रही है।
उन्होंने बताया कि उक्त मामले में बीचबचाव करने के कारण मुझे और गांव के उमापति के विरूद्ध पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज किया गया है। इसके अलावा पढ़ने-लिखने वाले कई नौजवानों का नाम भी पुलिस ने विवेचना के दौरान शामिल किया है। कहा कि जिन नौजवानों का इस घटना से लेना-देना नहीं है पुलिस विवेचना के दौरान उन्हें अभियुक्त बनाकर उनके परिवार को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का काम कर रही है। इससे नवहीं गांव के लोग डरे सहमे हुए हैं। कहा कि निर्दोष पर कार्यवाही से पुलिस की कार्य प्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। आरोप लगाया कि कतिपय लोगों के दबाव व प्रभाव में आकर पुलिस द्वारा ऐसा किया जा रहा है। यदि ऐसा हुआ तो गांव के पढ़ने-लिखने वाले कई बच्चों का भविष्य बर्बाद हो जाएगा, जो किसी भी दृष्टिकोण से न्याय संगत व उचित नहीं है। लिहाजा इस प्रकरण में सही विवेचना करते हुए घटना में संलिप्त लोगों के खिलाफ ही कार्यवाही की जाए। इस प्रकरण में एसपी ने भरोसा दिया कि किसी भी निर्दोष नौजवान के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा, जिनके नाम गलत तरीके से विवेचना में शामिल किए गए हैं उन्हें न्याय मिलेगा।

निकाय चुनावः मतदाता सूची का अंतिम प्रकाश, जुड़े 154588 नाम

Young Writer: नगर निकाय

जनपद चंदौली में 1659 वोटरों का कटा नाम 220 का डाटा हुआ संशोधन

Young Writer, चंदौली। निकाय चुनाव के मद्देनजर मतदाता सूची के परिवर्धन, संशोधन व विलोपन संबंधित दावे व आपत्तियों का निस्तारण कर शुक्रवार को अंतिम सूची का प्रकाशन किया गया। मतदाता सूची में 154588 मतदाता शामिल हैं। इसमें 9302 नए वोटर दर्ज किए गए हैं, वहीं 1659 का नाम काटा गया है, जबकि 220 मतदाताओं का संशोधन किया गया है। अब वार्डों के आरक्षण सूची का लोगों को इंतजार है। इस आरक्षण सूची को बीते दिनों ही शासन को भेजी गई थी। इस सूची के जारी होते ही चुनाव की सरगर्मी बढ़ जाएगी।
जनपद के नगर पालिका मुगलसराय के अलावा चंदौली, सैयदराजा और चकिया नगर पंचायतों में आनलाइन व आफलाइन प्राप्त किए गए दावे आपत्तियों का निस्तारण करते हुए शुक्रवार को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है। मुगलसराय नगर पालिका में कुल 100518 वोटर सूची में दर्ज किए गए हैं। चंदौली नगर पंचायत में 22642 मतदाता, सैयदराजा नगर पंचायत में 16432 मतदाता, चकिया नगर पंचायत में 14996 मतदाता शामिल हैं। मतदाता सूची के अनुसार पीडीडीयू नगर पालिका में 6677 नए मतदाता बढ़े हैं। वहीं 1295 का नाम कटा और 136 मतदाताओं का संशोधन हुआ है। चंदौली नगर पंचायत में 925 नए मतदाता, 86 का नाम कटा व 59 मतदाताओं का संशोधन किया गया है। सैयदराजा नगर पंचायत में 871 नए वोटर, 144 का नाम कटा और 4 मतदाताओं का संशोधन हुआ है। चकिया नगर पंचायत में 829 नए मतदाता,134 वोटरों का नाम कटा है। वहीं 21 मतदाताओं का नाम में संशोधन हुआ है। चारों निकायों में 146945 अन्तिम मतदाताओं की संख्या है। इसके तहत पीडीडीयू नगर पालिका में 95136, चंदौली नगर पंचायत में 21803, नगर पंचायत सैयदराजा में 15705 और चकिया नगर पंचायत में 14301 मतदाताओं की संख्या है।

लिंक भेजकर साइबर ठगों ने युवक के खाते से उठाया 18 हजार

साइबर क्राइम

Young Writer, शहाबगंज। सावधानǃ यदि आप स्मार्टफोन का अत्यधिक इस्तेमाल करते हैं और आपका नंबर आपके खाते से जुड़ा है तो आपको विशेष सावधानी रखने की जरूरत है। किसी भी अनजान फोन‚ मैजेस व लिंक को छेड़ना आपके लिए वित्तीय जोखिम से भरा हाे सकता है। जी हांǃ थोड़ी सी लापरवाही से आप साइबर ठगी का शिकार हो सकते हैं और आपके खाते में पड़ी आपकी कमाई कोई और डिजिटल तरीके से लूट ले जाएगा। ऐसा ही कुछ हुआ शहाबगंज थाना क्षेत्र के मुरकौल गांव निवासी युवक के साथ। थाना क्षेत्र के मुरकौल गांव का एक युवक साइबर ठगों का शिकार हो गया। ठगों ने युवक से ओटीपी पूछकर खाते 18000 रुपये उड़ा दिये। जानकारी होने पर युवक ने बैंक व थाने पर सुचना दिया।
बताते हैं कि मुरकौल गांव निवासी राहुल सिंह के मोबाइल नंबर पर बुधवार की दोपहर में 12 बजे साइबर ठगों द्वारा फोन आया कि आपके बैंक का एटीएम ब्लाक हो गया है। आपके मोबाइल पर एक लिंक दिया गया है। उसको अपने मोबाइल पर लोड़ कर लिजिए एटीएम चालू हो जायेगा। ऐस लोड़ करने का बाद एटीएम का नंबर व कोड़ मांगा गया। एटीएम नम्बर व कोड़ बताने के बाद उसके खाते से 18000 रुपये कटने का मैसेज आ गया। पैसा कटने की सूचना मिलते ही युवक घबरा गया। तत्काल इसकी परिजनों को दिया।घर वालों ने बैंक पर जाकर मामले से अवगत कराया। वहीं लिखित तहरीर थाने पर देकर मुकदमा दर्ज कराया। वहीं आये दिन साइबर ठगी की घट रही घटनाओं को देखते हुए सरकार को इसके खिलाफ कड़ा कानून बनाना चाहिए, जिससे इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सकें।

Chandauli
few clouds
30.3 ° C
30.3 °
30.3 °
57 %
5.8kmh
22 %
Sun
39 °
Mon
41 °
Tue
36 °
Wed
35 °
Thu
42 °

You cannot copy content of this page

Verified by MonsterInsights