22.1 C
Chandauli
Sunday, October 11, 2026

Buy now

Home Blog Page 414

चंदौली न्यायालय के बाउंड्री निर्माण में अनियमितता को जिला जज ने औचक निरीक्षण में पकड़ा

चंदौली दीवानी न्यायालय के बाउंड्री निर्माण में प्रयुक्त ईंट की गुणवत्ता परखते जिला जज।
चंदौली दीवानी न्यायालय के बाउंड्री निर्माण में प्रयुक्त ईंट की गुणवत्ता परखते जिला जज।

जिला जज सुनील कुमार ने औचक निरीक्षण कर पकड़ी अनियमिता

Young Writer, चंदौली। जनपद एवं सत्र न्यायाधीश सुनील कुमार ने मंगलवार को जिला मुख्यालय पर बन रहे दीवानी न्यायालय भवन के लिए चिह्नित जमीन का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान डिस्ट्रिक्ट डेमोक्रेटिक बार एवं सिविल बार के अध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे। जिला जज ने वहां मौजूद निर्माण सामग्री की गुणवत्ता को परखा। बाउंड्रीवाल में उपयोग हो रही निर्माण सामग्री की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं होने पर सभी का सैम्पल एकत्रित कराया। साथ ही नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी सामग्री को हटाकर मानक के अनुसार निर्माण कराए जाने का आदेश दिया।
इस बाबत जिला जज ने कहा कि दीवानी न्यायालय भवन का निर्माण आने वाली पीढ़ियों के लिए महत्वपूर्ण है। इसके निर्माण में अनियमित्ता कत्तई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मौके पर डेमोक्रेटिक बार के अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने बताया कि निर्माण कार्य में तीन नंबर की ईंट का इस्तेमाल किया जा रहा था। इसके अलावा जोड़ाई के लिए तैयार किए गए मिश्रण सामग्री में गंगा बालू को उपयोग में लाया जा रहा था, जो मानक के विपरीत है। न्यायालय के लिए चिह्नित जमीन पर बनाई जा रही बाउंड्री का निर्माण असंतोषजनक है। उन्होंने निर्माण करने वाले ठेकेदार व कार्यदायी संस्था के खिलाफ कार्यवाही किए जाने की मांग की, ताकि इस तरह की लापरवाही पुनः ना होने पाए। वहीं सिविल बार अध्यक्ष सुभाष चन्द्र राय ने भी निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर सवाल उठाए और एकत्रित किए गए सैम्पल की जांच के बाद प्रयोगशाला से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के विरूद्ध कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। इस अवसर पर अनिल कुमार सिंह, शैलेंद्र सिंह, अमरेंद्र प्रताप सिंह, राजेश मिश्रा, मिथिलेश सिंह, मणिशंकर राय, अश्विनी सिंह, संजीव कुमार श्रीवास्तव, शमशुद्दीन आदि उपस्थित रहे।

Big Breaking: OBC आरक्षण रद्द‚ बिना ओबीसी आरक्षण के होगा यूपी निकाय चुनाव

Young Writer: नगर निकाय

Young Writer, चंदौली। यूपी नगर निकाय चुनाव को लेकर हाईकोर्ट के फैसले पर टकटकी लगाए लोगों की उत्सुकता पर मंगलवार को विराम लग गया। हाईकोर्ट के लखनऊ बेंच ने अपना फैसला सुनाते हुए ओबीसी आरक्षण को रद्द कर दिया है। ओबीसी के लिए आरक्षित सीटें अब जनरल मानी जाएंगी। हाईकोर्ट ने तत्काल निकाय चुनाव कराने के निर्देश दिए हैं।
उत्तरप्रदेश में होने वाले नगर निकाय चुनाव को लेकर हाईकोर्ट ने मंगलार को फैसला सुनाया। हाईकोर्ट ने बिना ओबीसी आरक्षण के नगर निकाय चुनाव कराने का फैसला दिया है। कोर्ट ने कहा कि जब तक ट्रिपल टेस्ट न हो, तब तक ओबीसी आरक्षण नहीं होगा। सरकार या निर्वाचन आयोग बिना ओबीसी आरक्षण के चुनाव करवा सकती है। हाईकोर्ट ने मंगलवार को 70 पेज के अपने फैसले में ओबीसी आरक्षण को रद्द कर दिया। ऐसी स्थिति में ओबीसी के लिए आरक्षण के लिए आरक्षित सभी सीटें अब जनरल मानी जाएंगी। ऐसे में अब यूपी में नगर निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी होने का रास्ता साफ हो गया है।

सड़कों के निर्माण व चौड़ीकरण में विलंब ना करें पीडब्ल्यूडीः डा.महेंद्रनाथ पांडेय

Young Writer: केंद्रीय मंत्री डा. महेंद्रनाथ पांडेय।
केंद्रीय मंत्री डा. महेंद्रनाथ पांडेय।

केंद्रीय मंत्री व सांसद चंदौली डा.महेंद्रनाथ पांडेय ने पीडब्ल्यूडी डाक बंगले पर अफसरों संग की बैठक

Young Writer, चंदौली। केंद्रीय मंत्री एवं सांसद डा.महेंद्रनाथ पांडेय ने सोमवार की देर शाम मुख्यालय स्थित निरीक्षण भवन में अधिकारियों व पार्टी पदाधिकारियों संग बैठक किया। इस दौरान सांसद निधि से जनपद में लगायी गई सोलर लाइटों के अनुरक्षण एवं उसे ठीक कराने के लिए ठोस कार्य योजना बनाए जाने और खराब सोलर लाइटों की मरम्मत कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने पीडब्लूडी अधिकारी को प्रस्तावित सड़कों का निर्माण, चौड़ीकरण के संबंध में आवश्यक स्वीकृति की कार्रवाई अविलंब कराने के साथ ही कार्यों को तेजी से पूर्ण कराने का निर्देश दिया। मटकुट्टा ओवर ब्रिज का कार्य तेज गति से कराते हुए पूर्ण कराने का निर्देश सेतु निगम के अभियंता को दिया। भोजापुर व कुचमन रेलवे ओवर ब्रिज के शिलान्यास के लिए आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया। धीना के पास भैसौड़ा में रेलवे अंडर पास बनाए जाने, राजकीय जिला चिकित्सालय चंदौली में निमार्णाधीन बाबा कीनाराम मेडिकल कालेज को समयान्तर्गत तेजी से पूर्ण कराने का निर्देश दिया। आईटीआई, रोजगार सेवा योजन, कौशल विकास, पालीटेक्निक को मार्डन आईटीआई बनाने के लिए अपेक्षित कार्रवाई तेजी से कराने का निर्देश दिया। चंदौली पालीटेक्निक की कक्षाएं सुदृढ़ करने की हिदायत दिया। उन्होंने जिला विपणन अधिकारी को पारदर्शी तरीके से सहुलित पूर्वक किसानों के धान खरीदने व समय से भुगतान करने का निर्देश दिया। स्वास्थ्य विभाग को आयुष्मान योजना में छूटे हुए लाभार्थियों की सूची बनाकर अभियान चलाकर गोल्डन कार्ड शत-प्रतिशत बनाने का निर्देश दिया। हिदायत दी कि इसकी पुन: समीक्षा की जाएगी। इसमें अच्छी प्रगति दिखनी चाहिए। उन्होंने जनजीवन मिशन के तहत हर घर नल से जल योजना को पूर्ण गुणवत्ता के साथ प्रभावी तरीके से कराने के अलावा लक्ष्य के सापेक्ष जर्जर व लटकते तारों को तत्काल ठीक कराने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया। बैठक में विधायक मुगलसराय रमेश जायसवाल, जिलाधिकारी ईशा दुहन, सीडीओ अजितेंद्रनारायण, सीएमओ डा. वाईके राय, डीपीआरओ ब्रह्मचारी दुबे, पीडब्ल्यूडी एक्सईएन, सेतु निगम, सिंचाई, बिजली अधिकारी एवं जिलाध्यक्ष अभिमन्यु सिंह, सांसद प्रतिनिधि सर्वेश कुशवाहा, छत्रबली सिंह, शिवशंकर सिंह पटेल, राणा प्रताप सिंह, हरिवंश उपाध्याय, जगत तिवारी आदि उपस्थित रहे।  

बाइक की टक्कर से साइकिल सवार अधेङ की मौत


कन्दवा। क्षेत्र के जमानिया रोड पर सोमवार की अपराह्न बाइक के धक्के से साइकिल सवार  50 वर्षीय अधेड़ की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अन्त्य परीक्षण हेतु ज़िला चिकित्सालय भेज दिया।
बताते चले कि 50वर्षीय जेवरियाबाद निवासी विजयी साइकिल से रेवसा गांव से अपने घर जा रहे थे उसी समय जैसे ही हाईवे पर पहुंचे तभी बरहनी की तरफ से तेज गति से आ रही बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे अधेङ की मौत हो गयी। घटना के बाद बाइक सवार फरार हो गया। सूचना पर पहुंचे परिजनों का रो रोकर बुरा हाल हो गया।

लोको कालोनी में युवती की गला रेतकर हत्या, फरवरी में होनी थी शादी 

 

नियामताबाद।अलीनगर थाना के लोको कालोनी में युवती की गला रेतकर हत्या कर दी गई। इससे सनसनी फैल गई। सूचना के बाद एसपी अंकुर अग्रवाल समेत भारी फोर्स पहुंच गई। पुलिस घटना की छानबीन में जुटी रही। युवती की फरवरी में शादी होनी थी। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

अलीनगर के लोको कालोनी निवासी खुशबू गुप्ता (23) सोमवार को घर में अकेली थी। पिता दाना भुनने का काम करते हैं। चकिया तिराहे पर दुकान लगाते हैं। मां भी वहीं गई थी। परिजन घर पहुंचे तो युवती का रक्तरंजित शव घर में पड़ा था। इससे कोहराम मच गया। गला रेतकर युवती की हत्या की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। लोगों ने तत्काल घटना की जानकारी पुलिस को दी।इस बाबत एसपी अंकुर अग्रवाल ने कहा कि घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है। सभी एंगल की जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का अनावरण किया जाएगा। घटना में कोई परिचित के शामिल होने की आशंका है। प्रथमदृष्टया गला काटे जाने से युवती की मौत प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का स्पष्ट कारण पता चल पाएगा।

किसान और लेखपाल में मारपीट, मामला पहुंचा कोतवाली


चकिया। तहसील परिसर में स्थित कंप्यूटर कक्ष में धान का सत्यापन कराने पहुंचे किसान रविंद्र नारायण सिंह से लेखपाल तौफिक से कहासुनी के बाद मारपीट हो गई।मामले की जानकारी होते ही मौके पर पहुंचे तहसीलदार विकास धर दुबे ने दोनों पक्षों के बीचबचाव करते हुए कोतवाली पुलिस को बुलाकर किसान को पुलिस के हवाले कर दिया। आक्रोशित दर्जनो लेखपाल किसान के विरूद्ध मुकदमा दर्ज कराने के लिए कोतवाली में डटे रहे।
तहसील क्षेत्र के बरियारपुर गांव निवासी किसान रविंद्र नारायण सिंह धान का सत्यापन कराने के लिए पिछले कई दिनों से तहसील परिसर का चक्कर काट रहा था सोमवार की दोपहर कंप्यूटर कक्ष में सत्यापन कराने पहुंचे थे। जहां क्षेत्र की एक महिला लेखपाल से सत्यापन कराने की बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी होने लगी। उसी दौरान लेखपाल तौफिक दोनों के बीचबचाव करने लगे इसी दौरान मामला बढ़ गया और मामला हाथापाई पर आ गया। लेखपाल के साथ हुई मारपीट की सूचना मिलते ही तहसील परिसर में मौजूद लेखपाल हो हल्ला मचाते हुए कंप्यूटर कक्ष पहुंच गए। मामले की जानकारी होते ही तहसीलदार विकासधर दुबे तत्काल मौके पर पहुंच गए और दोनों पक्षों का बीच बचाव किया। सूचना पर मौके पर पहुंचे प्रभारी कोतवाल जय सिंह और कस्बा चौकी इंचार्ज दिनेश पटेल पहुंच गए। जहां से किसान को हिरासत में लेकर कोतवाली ले गए। प्रभारी कोतवाल जय सिंह ने बताया कि पीड़ित लेखपाल द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।

स्टेलेप्स कम्पनी ने किसानों की आय दुगुना करने को खोला मु ग्रो स्टोर

चन्दौली।कमालपुर। जनपद में स्वेत क्रांति को जगाने का काम स्टेलेप्स कम्पनी द्वारा महिलाओं के समूह में दुग्ध उत्पादक समिति खोलकर दुग्ध सग्रह का काम किया जा रहा है।इसी क्रम में कम्पनी ने  सोमवार को किसानो की आय बढ़ाने को धानापुर के कमालपुर बाजार   में मु ग्रो स्टोर का उद्घाटन किग्रा गया । जिसका उद्घाटन जिला पंचायत सदस्य अंजनी सिंह द्वारा फीता काटकर किया गया।उन्होंने कहा की कम्पनी गांव में जिस तरह लोगो की आवश्यकता को पूर्ण कर रही है इससे आज किसान समृद्ध हो जाएगा।किसान बिचौलिये से आज बच गए उनके दूध का सही दाम मिल रहा जिससे उनकी आय बढ़ गयी।इस अवसर पर उपस्थित किसानों को सम्बोधित करते मु ग्रो के यू पी हेड सत्यम श्रीवास्तव ने कहा की यह कम्पनी दूध के साथ किसानो को इस स्टोर से खाद बीज,दवाई,कृषि उपकरण व पशुओं को पशुचारा सस्ते दर पर मुहैया कराएगा।इस अवसर पर  ,पीयूष पंकज,डॉ मुमताज,आकाश ,आनंद ,प्रवीण सिंह पशु चिकित्सक ,शक्ति मिश्रा,शाहिद सहित अन्य उपस्थित रहे ।

बिना परमिशन चकिया नगर पंचायत कर्मियों ने काटा पेड़‚ वन विभाग ने पकड़ा

Young Writer, चकिया। नगर पंचायत के कर्मचारियों द्वारा सोमवार की तड़के सुबह चकिया लतीफशाह रोड पर नहर के किनारे सूखे शीशम के पेड़ को काट दिया गया। मामले की जानकारी होते ही मौके पर पहुंची राजपथ रेंज की वन विभाग की टीम ने लकड़ी, कुल्हाड़ी और आरे को कब्जे में ले लिया। नगर पंचायत प्रशासन के द्वारा बिना किसी परमिशन के काटे जा रहे पेड़ के मामले में वन विभाग द्वारा कार्रवाई की जाने की बात सामने आ रही है।
शासन के दिशा निर्देश पर नगर पंचायत प्रशासन द्वारा ठंड के मौसम को देखते हुए नगर के विभिन्न चट्टी, चौराहे और तिराहे पर आग जलवाया जा रहा है। विभिन्न जगहों पर आग जलाने के लिए नगर पंचायत द्वारा टेंडर निकाला गया है, लेकिन वर्तमान में नगर पंचायत का टेंडर कोई ठेकेदार लेने को तैयार नहीं है। जिसके चलते लकड़ी क्रय करने में नगर पंचायत प्रशासन को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार की सुबह नगर पंचायत के कुछ कर्मचारी नगर पंचायत के आदेश पर आरा लेकर लतीफशाह रोड पर पहुंच गए। जहां उन्होंने राजपथ रेंज के दायरे में आने वाले शीशम के पेड़ को काट कर धराशाई कर दिया। मामले की जानकारी होते ही तत्काल राजपथ रेंज के डिप्टी रेंजर आनंद दुबे वन कर्मियों की टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। जहां कर्मचारियों को डांट फटकार लगाते हुए काट कर रखी गई लकड़ी, कुल्हाड़ी और आरे को कब्जे में ले लिया। डिप्टी रेंजर आनंद दुबे ने बताया कि नगर पंचायत प्रशासन द्वारा बिना किसी सूचना और बिना किसी परमिशन के ही उनके कर्मचारियों द्वारा पेड़ काटे जाने के मामले में कार्यवाही किए जाने के लिए उच्च अधिकारियों को अवगत करा दिया गया। वही नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी ने बताया ऐसी कोई बात नही नही है।

नगर निकायः …1988 के चुनाव में चला था लालता प्रसाद यादव का सिक्का

Young Writer: नगर पंचायत चंदौली कार्यालय भवन।
Young Writer: नगर पंचायत चंदौली कार्यालय भवन।

चंदौली नगर के पहले चुनाव में नहीं था राजनीतिक दलों का दबाव व दखल

शमशाद अंसारी

Young Writer, चंदौली। अक्सर कोई न कोई चुनाव आते हैं और सत्ता परिवर्तन कर लौट जाते हैं। इनमें कुछ चुनाव ऐसे भी होते हैं जो लोगों की स्मृतियों में हमेशा के लिए रच-बस जाते हैं। ऐसे ही चुनावों में से एक है 1988 का चंदौली नगर पंचायत का प्रथम चुनाव। यह चुनाव चंदौली के लिए नए बदलाव का अध्याय लिख गया, जिसकी स्मृतियां आज भी लोगों में जिंदा है। हालांकि अधिकांश लोग जिन्होंने इस चुनाव के एक-एक पल को अपने आप में जीया था आज शायद वह खुद स्मृति शेष हो चुके हैं। यह चुनाव चंदौली की ग्रामीण जनता के लिए शहरीकरण की ओर बढ़ने का पहला कदम था। यह चुनाव सादगी, सद्भाव व सामाजिक ताने-बाने को मजबूती देने वाला चुनाव रहा। चंदौली का पहला चेयरमैन बनने के लिए एक दर्जन उम्मीदवारों ने अपनी उम्मीदवारी पेश की। उस दौर में प्रत्याशियों का चेहरा और उनका एकल व्यक्तित्व मतदाताओं पर अपनी छाप छोड़ने के लिए पर्याप्त था। नगर के दिग्गज नेता रहे दिवंगत लालता प्रसाद यादव को अपनी जीत अर्जित करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। 

लालता प्रसाद यादव।

नगर पंचायत चंदौली के चुनाव-1988 की बात करें तो लोगों की स्मृतियों से जो बातें और यादें छनकर बाहर आती है। उसके मुताबिक उस दौर के चुनावों में लोगों के व्यक्तित्व का सिक्का चलता था, यही वजह थी कि लोग 100-500 रुपये चुनावों में खर्च कर सभासद निर्वाचित हो जाया करते थे, वहीं चेयरमैन बनने वाले उम्मीदवारों को 1000-10 हजार से ज्यादा करने की जरूरत नहीं पड़ती थी। यह वह दौर था जब चुनावी बैनर पेंटर अपने हाथों से तैयार किया करते थे उस दौर में उनकी काफी खींच व पूछ हुआ करती थी। इस तरह प्रचार का माध्यम डोर-टू-डोर कैम्पेन होता था, जिसमें परिवार के मुखिया से मिलना ही सबसे मिलना होता था। नगर के लोग चुनावी वक्त में भी अपनी सामाजिकता, संस्कार व भाईचारे को इस कदर प्रस्तुत करते थे जिसे देखकर वास्तव में यह लगता था कि चुनाव लोकतंत्र का महापर्व है, जहां लोगों के विचारों, संस्कार और व्यक्तित्व का संगम हो रहा है। पहले नगर पंचायत का चुनावी परिणाम आया तो प्रत्याशियों के बीच कभी भी एक-दूसरे के प्रति किसी तरह का दुराव देखने को नहीं मिला। सभी नगर के विकास के राह में साथ-साथ कंधे से कंधा लगाए खड़े नजर आए। चेयरमैन रहे लालता प्रसाद यादव और उस वक्त 10 वार्डों से निर्वाचित सभासदों के बीच आपसी तालमेल इतना अच्छा रहा कि हर किसी ने इसे ‘चंदौली कुटुम्ब’ के नाम से पुकारा। ना तो किसी राजनीतिक दल का ऐसे चुनावों में कोई जोर था और ना ही किसी ने उसमें दखल की जरूरत ही महसूस की। नगर के लोगों ने नगर के विकास के लिए अपने-अपने सपनों के साथ अपनों के बीच गए और अपनों से हारे और अपनों ने ही उन्हें जिताया। चुनावी आंकड़ें केवल एक अंतर बताने के पर्याय बनकर रह गए कि किसने कौन-सा स्थान अर्जित किया। पास तो खैर खुद को सभी मान रहे थे। 

उम्मीदवार का नाम चुनाव चिह्न प्राप्त मत
1. लालता प्रसाद यादव छाता 2900 लगभग
2. प्रेम नारायण साहू मछली 500 लगभग
3. बद्री विशाल – 1000 लगभग
4. कृष्णदत्त वर्मा उगता सूरज 800 लगभग
5. विक्रमा प्रसाद कुर्सी उपलब्ध नहीं
6. डा. शंकर सिंह घंटी उपलब्ध नहीं
7. छविनाथ मौर्या साइकिल उपलब्ध नहीं
8. बेचन दुबे – उपलब्ध नहीं
9. महेंद्र सिंह मुर्गा उपलब्ध नहीं
10. अलीम राईन फावड़ा-कुदाल उपलब्ध नहीं
11. सीताराम गुप्ता – उपलब्ध नहीं
12. राजेंद्र प्रसाद जायसवाल – उपलब्ध नहीं

गौरवशाली व ऐतिहासिक रहा प्रथम निर्वाचन
चंदौली।
वर्ष 1988 में जब पहली बार चंदौली में नगर पंचायत के गठन के लिए चुनाव हुआ तो उस वक्त चंदौली नगर की सीमा के अंतर्गत 10 वार्ड आते थे। चेयरमैन निर्वाचित होने से पहले लालता प्रसाद यादव को अपने प्रतिद्वंदी प्रेम नारायण, कृष्णदत्त वर्मा, बेचन दुबे, डा.शंकर सिंह, राजेंद्र प्रसाद जायसवाल, छविनाथ मौर्य, विक्रमा प्रसाद, अलीम राईन, महेंद्र सिंह, बद्री विशाल, सीताराम गुप्ता को शिकस्त देकर जीत अर्जित करनी पड़ी थी। उस वक्त अधिकांशतः उम्मीदवार निर्दल थे यानी वह अपने आप में एक दल थे। इसके अलावा वार्डों में उस वक्त विश्वनाथ, सुदर्शन सिंह, विक्खी राम, शौकत, शेष बदन, नूर मोहम्मद, कौशल कुमार, जयराम, आफताब आलम, मुखराम यादव ने जीत दर्ज कर अपने-अपने वार्डों का प्रतिनिधित्व का गौरव अर्जित किया। 

नूर मोहम्मद।

सकारात्मक विपक्ष की मौजूदगी में बेहतर रहा पहला कार्यकालः नूर मोहम्मद
चंदौली।
नगर पंचायत चंदौली के प्रथम बोर्ड के गठन में नगर की सरकार जनहित में कार्य करे। इसके लिए एक मजबूत विपक्ष की मौजूदगी रही, जिसका नेतृत्व तत्कालीन शेष बदन सिंह ने किया, जिनके निर्वाचन में उनकी टीम में बतौर साथी व सहयोगी नूर मोहम्मद, विख्खी राम, जयराम, कौशल कुमार का योगदान रहा। वहीं सभासद आफताब आलम ने मुद्दों का समर्थन किया। नूर मोहम्मद ने बताया कि नगर व जनहित में कार्य हो इस बात को लेकर हमेशा सक्रियता दिखाई गई। इस बात को लेकर चेयरमैन लालता प्रसाद यादव से वैचारिक व मुद्दों को लेकर मतभेद रहे और इसका सकारात्मक विरोध तक किया गया। जब भी हमें लगा नगर पंचायत चंदौली का कामकाज जनता के हित में नहीं हो रहा है, तब-तब हम सभी मिलकर इसका विरोध करते थे। जरूरत पड़ने पर तत्कालीन जिला मुख्यालय वाराणसी जाकर डीएम के समक्ष धरना-प्रदर्शन करने का काम भी हम सभी ने किया। पूरे पांच सालों तक जनहित के मुद्दों के समर्थन का सकारात्मक दौर चला। यह चुनाव जीवन के यादगार स्मृतियों में आज भी हम सभी सहेजे हुए हैं। 

कौशल कुमार।

650 रुपये खर्च कर बन गया सभासदः कौशल कुमार
चंदौली।
इंदिरा नगर वार्ड से तत्कालीन सभासद कौशल कुमार ने बताया कि जब वे सभासद पद के लिए चुनाव लड़े तो उनकी इच्छा और महत्वकांक्षा को देखते हुए परिवार से उन्हें चुनाव खर्च के रूप में 1000 रुपये प्राप्त हुए। हालांकि पूरे चुनाव प्रक्रिया के दौरान वे मात्र 650 रुपये ही खर्च कर पाए और जनमत को प्राप्त कर विजयी रहे। उस दौरान में वार्ड सभासद पद के उम्मीदवारों के लिए जमानत राशि 50 रुपये निर्धारित थी, वहीं चेयरमैन पद के उम्मीदवारों के लिए 100 रुपये थी। 

किसानों ने जमीन के बदले मांगा उचित मुआवजा‚ अधिग्रहण रोकने की दी चेतावनी

उचित मुआवजा की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर में जमा किसान।
उचित मुआवजा की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर में जमा किसान।

Young Writer, चंदौली। राष्ट्रीय राजमार्ग-219 बिहार बॉर्डर स्थित धरौली से लेकर सवैया पाट्टीदारी नेशनल हाईवे-2 तक बनाया जाना है। जिसमें दर्जनों राजस्व ग्रामों की जमीन अधिग्रहण की गई है। इस परियोजना से प्रभावित किसानों को मुआवजे का नोटिस भी मिल चुका है। मुआवजे की नोटिस मिलने के बाद कम मुआवजा मिलने की शिकायत को लेकर धरौली, हलुआ, किल्ला घानापुर, नरहन आदि गांव के सैकडों किसान डीएम कार्यालय ज्ञापन देने पहुंचे।
इस दौरान किसानों ने कहा कि हम सभी को हमारी जमीन के बदले उचित मुआवजा नहीं मिल पा रहा है और कम मुआवजा की राशि दिया जा रहा है। जो पूरी तरह से अनुचित है। यह किसानों का उत्पीड़न करने के समान है। कहा कि सरकार हमारी कृषि योग्य उपजाऊ व कीमती जमीन को हाइवे निर्माण के लिए अधिग्रहित करना चाहती है। किसान इस परियोजना में पूरी तरह सहयोग की भूमिका में है, लेकिन प्रशासनिक अमला हम सभी को उचित मुआवजा देने में आनाकानी कर रहा है। किसानों ने कहा कि कि अगर हमें उचित मुआवजा नहीं दिया गया तो हम जमीन अधिग्रहण नहीं होने देंगे। इस मौके पर अमित सिंह चिंटू, जताई यादव, सियाराम यादव, सुरजीत सिंह रिंकू, मनजीत सिंह, नंदलाल आदि किसान मौजूद रहे।

Chandauli
clear sky
22.1 ° C
22.1 °
22.1 °
83 %
0.4kmh
0 %
Sun
29 °
Mon
32 °
Tue
32 °
Wed
32 °
Thu
32 °
Verified by MonsterInsights