Young Writer, Mughalsarai: पंडित दीनदयाल उपाध्याय तहसील में विभागीय कार्यों में लापरवाही बरतने के आरोप में उपजिलाधिकारी मनोज कुमार पाठक ने एक राजस्व निरीक्षक व दो लेखपालों के खिलाफ कार्रवाई की है। इसमें लेखपालों को चार्जशीट जारी की गई है वहीं राजस्व निरीक्षक की आख्या जिलाधिकारी को प्रेषित करते हुए कार्रवाई की बात कही जा रही है। उपजिलाधिकारी की कार्रवाई से विभागीय कर्मचारियों में डर का माहौल बना हुआ है। इस बाबत उप जिलाधिकारी मनोज कुमार पाठक ने बताया कि तहसील के राजस्व निरीक्षक संतोष कुमार श्रीवास्तव कई दिनों से विभाग के कार्यों में रुचि नहीं ले रहे हैं। सदलपुरा के लेखपाल पवन कुमार व खजूर गांव के लेखपाल प्रियरंजन सिंह यादव के खिलाफ भी चार्जशीट जारी की गई है दोनों ही लेखपाल शासन के महत्वाकांक्षी योजनाओं के क्रियान्वयन में कोई रुचि नहीं ले रहे हैं। साथ ही ऑनलाइन खसरा फिडिंग, स्वामित्व योजना में हीलाहवाली, सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जा हटवाना आदि कार्य में शिथिलता बरतने सहित क्षेत्र में निवास न करने पर आरोप पत्र जारी किया है। इसके साथ ही मामले की जांच नायब तहसीलदार सुनील कुमार सिंह को सौंप दी गई है।
चेतावनीः सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचना देने पर होगी कार्यवाही
Young Writer, कमालपुर। कानपुर की घटना व ज्ञानवापी मस्जिद के फैसले को देखते हुए बुधवार को चौकी कमालपुर में प्रभारी सुग्रीव गुप्ता के नेतृत्व में पीस कमेटी की बैठक सम्पन्न हुई। इसमें सोशल मीडिया पर भ्रामक व तथ्यहीन सूचनाओं का आदान प्रदान करने वालो पर कड़ी कार्रवाही का करने की बात कही। वहीं समाज में चिंहित अराजक तत्वों पर कार्रवाही करने पर चर्चा किया गया। इस दौरान विभिन्न समुदाय के क्षेत्रीय गणमान्य नागरिक शामिल रहे।
धीना थानाध्यक्ष विपिन कुमार सिंह ने कहा कि समाज मे व्याप्त अराजक तत्व हमेशा माहौल को बिगाड़ने का काम करते है। ऐसे अराजक तत्वों को चिन्हित कर नकेल कसने का काम किया जाएगा। समाज मे आपसी भाई चारा कायम रखने के लिए सभी को अपना अमूल्य योगदान देना होगा। किसी भी अफ़वाह पर ध्यान देने की ज़रूरत नहीं है, बल्कि अफ़वाह फ़ैलाने वालों पर ध्यान देने की ज़रूरत है। अराजक तत्वों के बारे में पुलिस को सूचना दे। सोशल मीडिया पर भ्रामक प्रचार प्रसार करने वालों को किसी भी हाल में बक्सा नहीं जायेगा। आईटी सेल सोशल मीडिया पर गलत सूचनाओं के आदान प्रदान पर कड़ी नजर रख रही है। किसी भी भ्रामक सूचना को सोशल मीडिया पर कत्तई भेजने का काम न करें। इस मौके पर चौकी प्रभारी कमालपुर सुग्रीव गुप्ता, एसआई अब्दुल राशिद खान, दयाराम यादव, कल्लू उपाध्याय, रहमान अली, मुन्ना अली, पुमपुम दुबे, अशोक मौर्य, शकील अली, मंजीत कुमार, शिवजी वर्मा, संजय पाण्डेय, अरविंद वर्मा आदि उपस्थित रहे।
Revenue: स्टाम्प वसूली कम पाए जाने पर सब रजिस्टारों को मिली चेतावनी
कर करेत्तर एवं राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने दिए निर्देश
Young Writer, Chandauli News: जिलाधिकारी संजीव सिंह की अध्यक्षता में कर-करेत्तर राजस्व वसूली की मासिक समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई। DM ने निर्देश दिया कि प्रवर्तन की प्रभावी कार्यवाही करते हुए निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत राजस्व वसूली करें। समीक्षा में पाया गया कि स्टाम्प देय एवं रजिस्ट्रेशन की वसूली लक्ष्य के सापेक्ष कम है, प्रवर्तन कार्य में तेजी लाते हुए शत-प्रतिशत वसूली कराए जाने के निर्देश दिए। वसूली में अपेक्षित सुधार लाए जाने हेतु नियमित समीक्षा करने हेतु अपर जिलाधिकारी को निर्देशित किया। कम स्टाम्प वसूली को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने सब रजिस्टारों को चेतावनी जारी करने का निर्देश दिया।
परिवहन विभाग की स्थिति असंतोषजनक पाई गई। प्रवर्तन की कार्यवाही करते हुए राजस्व वसूली में अपेक्षित सुधार लाए जाने के कड़े निर्देश एआरटीओ प्रशासन को दिए। कहा कि अभियान चलाकर वसूली में प्रगति सुनिश्चित करें। ओवरलोड वाहनों की व्यापक धर-पकड़ करते हुए नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित किया जाए। व्यापार कर के अधिकारी को लक्ष्य के सापेक्ष राजस्व वसूली के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान खनन विभाग की वसूली कम पाई गई। संबंधित अधिकारी के खिलाफ जवाब तलब किए जाने का निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रत्येक विभाग अपने 50 बड़े बकायेदारों की सूची प्रस्तुत करें और उनसे नियमानुसार वसूली की कार्रवाई करने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने विभाग वार लंबित आरसी की वसूली का डाटा भी प्रत्येक माह के प्रथम सप्ताह तक अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। जिसकी समीक्षा करते हुए वसूली में सुधार लाया जा सके। उपजिलाधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि वरासत से संबंधित अविवादित मामलों का अविलम्ब निस्तारण सुनिश्चित किया जाय। लंबित पुराने मामलों का तत्काल निस्तारण कराएं। उन्होंने विभिन्न विभागों के लिए जमीन की उपलब्धता हेतु आवश्यक कार्रवाई किए जाने के भी निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि आईजीआरएस सहित विभिन्न स्तरों से प्राप्त होने वाले प्रार्थना-पत्रों का समय से निस्तारण करायें तथा यह भी सुनिश्चित करें कि कोई भी प्रकरण डिफाल्टर की श्रेणी में न रहने पाये। परंतु बार-बार के निर्देश के बावजूद शिकायतों की गुणवत्तापूर्ण निस्तारण की स्थिति संतोषजनक नहीं है। जिलाधिकारी ने निर्देशित करते हुए कहा कि अधिकारी अपने कार्यालयों में समय से उपस्थित होकर जनता की समस्याओं को सुनें व तत्काल समुचित निस्तारण सुनिश्चित कराएं। इसमें कोई लापरवाही नहीं बरती जाए। कहा कि जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु सतर्क नजर रखी जाए। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी उमेश मिश्र, उप जिलाधिकारी चकिया प्रेमप्रकाश मीणा (Prem Prakash Meena, IAS) आदि मौजूद रहे।
चंदौली खड़े वाहन से टकराई बाइक, दो की हालत गंभीर
चंदौली। नगर के समीप भारतीय स्टेड बैक के समीप बुधवार को खड़ी वाहन में टकराने से दो बाइक सवार सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए घटना स्थल पर जुटे आस पास के लोगो ने तत्काल दोनों की जिला चिकित्सालय ने भर्ती कराया उनका इलाज चल रहा है।
बताते हैं। चंदौली नगर के वार्ड नंबर आठ निवासी इकबाल अंसारी 60 वर्ष व इबरार अहमद 22 वर्ष घर से भगवानपुर गांव गए थे वापस लौटते समय जैसे ही दोनों नगर के स्टेड बैक के पास पहुचे की सड़क किनारे खड़ी वाहन के चालक ने दरवाजा खोल दिया जिससे टकराकर दोनों सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए। मौके पर जुटे आस पास के लोगो ने तत्काल दोनों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया जहा उनका इलाज चल रहा है।
चंदौली सड़क हादसे में जीजा साले की मौत,परिजनों में मचा कोहराम
Young Writer, Chandauli News: सदर कोतवाली क्षेत्र के फत्तेपुर गांव के समीप चंदौली-चकिया मार्ग पर बुधवार को तेज रफ़्तार पिकअप की चपेट में आने से दो बाइक गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं घटना के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया। मौके पर जुटे आस पास के लोगो के तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी घटना स्थल पर पहुची पुलिस ने दोनों को 108 एम्बुलेंस द्वारा जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहा चिकित्सकों ने इलाज़ के दौरान दोनों को मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार सदर ब्लाक क्षेत्र के काटा गांव निवासी सरवर अंसारी 33 वर्ष अपने साले सहादत अंसारी 23 वर्ष के साथ घर से चंदौली के लिए आ रहे थे। जैसे ही दोनों फत्तेपुर गांव के समीप पहुंचे की पीछे से आ रही तेज रफ़्तार पिकअप ने दोनों को टक्कर मरती हुए फरार हो गयी। दुर्घटना ने दोनों सड़क किनारे गिरकर लहूलुहान हो गए घटनास्थल पर जुटे आस पास के लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया‚ जहां चिकित्सकों ने इलाज़ के दौरान दोनों को मृत घोषित कर दिया। वही पुलिस से मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटना के बाद कांटा गांव के ग्रामीण भारी संख्या में ग्रामीणों व परिजन रोते बिलखते पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए।
Shahabganj मुख्य बाजार का चौका टूटा, व्यापार पर पड़ रहा असर
मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत के बाद हरकत में आया महकमा
Young Writer, Shahabganj: स्थानीय कस्बा के मुख्य बाजार में पानी निकासी के लिए बने नाली का चौका टूट जाने से आवागमन तो प्रभावित हो ही रहा है। इसके अलावा व्यापार पर भी असर पड़ रहा है।चौका के मरम्मत के लिए व्यापारियों ने अधिकारियों से कई बार बात की, लेकिन महीनों बाद भी चौका मरम्मत नहीं हुआ, जिससे नाराज व्यापारियों ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की। मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत के बाद मंगलवार को एडीओ पंचायत अरविंद कुमार सिंह लाव-लश्कर के साथ कस्बा में पहुंचकर टूटे हुए चौके का निरीक्षण किया और व्यापारियों से चार दिन के अंदर टूटे हुए चौके को बदलने का आश्वासन दिया।
कस्बा में पानी निकासी के लिए ह्यूम पाइप का निर्माण किया गया है जिसमें जगह-जगह सफाई के लिए टंकी बनाकर चौका रखा गया है। मुख्य बाजार से गांधी स्मारक इंटर कॉलेज के बीच कई जगह चौका टूट गया है जिससे कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है। चौका टूटने से व्यापार भी असर पड़ रहा है। व्यापारियों ने कहा कि जल्द ही टूटे चौके बदले नहीं गए तो पुनः मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की जाएगी। इस अवसर पर ग्राम प्रधान रामजीत साहनी, सुरेंद्र मोदनवाल, ज्ञान प्रकाश, दिलीप चौरसिया, पवन जायसवाल, आशुतोष मोदनवाल, अंकित उपस्थित थे।
Sakaldiha में महीनों से बंद पड़ा है वाटर कूलर और हैंडपंप
जिलाधिकारी के फरमान को तहसील प्रशासन ने किया नजरअंदाज
Young Writer, Sakaldiha: जिलाधिकारी संजीव सिंह की निर्देश के बावजूद तहसील परिसर में शीतल पेयजल की व्यवस्था नहीं शुरू हो सका। चिलचिलाती धूप में तहसील कर्मी से लेकर फरियादी ठंडा पानी पीने के लिये तरस जा रहे है। इसके बाद भी विभागीय अधिकारी निर्देश को लेकर सिर्फ कोरमपूर्ति कर रहे है। जिसे लेकर लोगों में नाराजगी भरी है।
तहसील मुख्यालय पर धानापुर, सकलडीहा, और चहनियां ब्लॉक से प्रतिदिन हजारों लोग अपनी समस्या को लेकर आते है। इसके अलावा विभिन्न विभाग के कर्मचारी और अधिकारी सुबह से शाम तक रहते है। तपती धूप और गर्मी से लोग परेशान है। सम्पूर्ण समाधान दिवस पर आने वाले फरियादी शीतल पेयजल के लिये तरस कर रह जाते है। जबकि पूर्व में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस पर जिलाधिकारी द्वारा तहसील ब्लॉक और सीएचसी पर साफ सफाई के साथ शीतल पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया था। इसके बाद भी विभागीय अधिकारी निर्देशों को पालन कराना तो दूर मानवीय संवेदना के प्रति संवेदनहीन बने हुए है। जबकि कई बार संयुक्त बार के अधिवक्ताओं ने शीतल पेयजल की समस्या को लेकर अधिकारियों से मांग उठाया था। इस बाबत तहसीलदार डा. वंदना मिश्रा ने बताया कि शीघ्र ही वाटर कूलर की व्यवस्था सुनिश्चित कराया जायेगा। अलग से हैंडपंप तहसील परिसर में लगाया गया है।
दुर्व्यवस्थाः Naugarh का रेशम फार्म बना पशुओं का तबेला
वन भूमि पर अतिक्रमण कर आबाद हो रहे लोग
Young Writer, Naugarh: रेशम फार्म बना पशुओं का तबेला बन गया है। जहां पर विभागीय उदासीनता के चलते कोआ उत्पादन तो नाकाफी हो रहा है। बल्कि अर्जुन के पेड़ो व आरक्षित वनभूमि मे अतिक्रमणकारी आबाद होते जा रहे हैं। लोगों को रोजगार व रेशम विभाग को आय अर्जन किए जाने के लिए जयमोहनी पोस्ता, भरदूआ, जयमोहनी भूर्तिया, सोनवार व अमराभगवती के समीप की आरक्षित वनभूमि को लीज पर लिए जाने के बाद से कोआ उत्पादन का कार्य तो वर्षों पूर्व शुरू हुआ।
लेकिन सहायक निदेशक रेशम की शह पर अर्जुन के पेड़ों की अवैध रूप से कटाई तथा भूमि पर अतिक्रमण निर्बाध रूप से जारी है। जिससे सरकार की मंशा के अनुरूप कोआ उत्पादन का कार्य प्रभावित होता जा रहा है। क्षेत्र की मिट्टी व जलवायु कोआ उत्पादन के अनुरूप होने से वर्ष 1990 के दशक में काशी वन्य जीव प्रभाग रामनगर के जयमोहनी व मझगाई वन रेंज के आधिपत्य वाली सैकड़ों एकड़ आरक्षित वनभूमि को रेशम कीट (कोआ उत्पादन) किए जाने के लिए रेशम विभाग को दी गई। जिसमें युद्ध स्तर पर अर्जुन के पौधों को रोपित करके रेशम विभाग कार्य शुरू कर दिया, जिससे क्षेत्र के श्रमिकों को बढिया आय अर्जन हो जाया करता था। जिसपर अतिक्रमणकारियों की नजरें ईनायत होने के बाद से निरंतर भू भाग सिमटता ही जा रहा है। अमराभगवती व देवदतपुर के बीच अवैध रूप से अतिक्रमित रेशम विभाग के अधीन वाली भूमि पर से बेदखली की कार्यवाही पूर्व जिलाधिकारी हेमंत कुमार की मौजूदगी में वन विभाग व पुलिस प्रशासन ने किया था। जिस पर अवैध कब्जा यथावत हो गया। सहायक विकास अधिकारी रेशम द्रारा अभिलेखों में हर वर्ष रेशम कीटों का विकास करने की कार्यों का फर्जी उल्लेख करके काफी राजकीय धन का दोहन किया जा रहा है। भाजपा मंडल अध्यक्ष भगवान दास अग्रहरी ने आरोप लगाते हुए बताया कि रेशम कीट उत्पादन मे अब तक ब्यय की गई राजकीय धनराशि व मौके का स्थलीय परीक्षण किए जाने पर सारी कलई खुल जाएगी। जिसमें रेशम विभाग के जिम्मेदारानो द्रारा किए गए लूटखसोट का पर्दाफाश हो जाएगा।
खतौनी पर नाम चढ़ाने के लिए घुस ले रहे थे लेखपाल‚ एंटी करप्शन की टीम ने दबोचा
Young Writer, Niyamtabad: एंटी करप्शन की टीम ने मंगलवार को मुगलसराय तहसील के समीप खतौनी में नाम चढ़ाने के बदले 10 हजार रूपए घूस लेते लेखपाल को गिरफ्तार किया गया। आरोपी लेखपाल को अलीनगर थाने लाकर पूछताछ की गई शिकायतकर्ता वसीम खान से तहरीर और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
मुगलसराय कोतवाली अंतर्गत बहादुरपुर निवासी वसीम खान ने एंटी करप्शन टीम से शिकायत करते हुए बताया कि खतौनी में नाम दर्ज कराने के लिए तहसील का चक्कर काट रहे हैं बहादुरपुर सर्किल के लेखपाल बजरंगबली विश्वकर्मा नाम चढ़ाने के बदले 10 हजार की मांग कर रहे हैं शिकायत के बाद एंटी करप्शन की टीम ने लेखपाल को पकड़ने के लिए जाल बिछा दिया। मंगलवार को तहसील के ठीक सामने रामअशीष बिंद की चाय पान की दुकान के सामने शिकायतकर्ता वसीम खान ने लेखपाल को बुलाया और एंटी करप्शन टीम द्वारा दिए गए केमिकल युक्त नोट जैसे ही लेखपाल को पकड़ाए टीम ने उसे दबोच लिया। फिर लेखपाल का हाथ धुलवाया गया तो उसका हाथ और पानी का रंग लाल हो गया। टीम लेखपाल को हिरासत में लेकर थाने ले आई और प्रकरण के संबंध में पूछताछ किया इसके बाद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू हुई। एंटी करप्शन टीम में निरीक्षक अशोक सिंह, निरीक्षक उपेंद्र सिंह, विनोद कुमार यादव, शैलेश कुमार राय,सुनील कुमार यादव, अश्वनी कुमार पांडे शामिल रहे।
अंत्योदय की सोच के साथ गरीबों का उत्थान कर रही सरकार
शुभम राज अस्पताल पर डा.शैलेश श्रीवास्तव ने किया स्वागत
Young Writer, Chandauli News: भाजपा के राज्यसभा सांसद राम सकल मंगलवार को जनपद दौरे पर थे। इस दौरान नवीन मंडी समिति में आयोजित कार्यक्रम में शरीक होने के बाद उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं व अपने करीबियों के साथ वक्त बिताया। नवीन मंडी के बाद सांसद रामसकल शुभम राज हास्पिटल पहुंचे। वहां डा. शैलेश श्रीवास्तव ने सांसद राम सकल का स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान स्थानीय मुद्दों पर चर्चा करने के साथ ही सरकार की योजनाओं व उससे लाभान्वित होने वाले जनसमुदाय पर भी मंथन-चिंतन हुआ।
इस दौरान राज्यसभा सांसद राम सकल ने कहा कि भाजपा सरकार अंत्योदय की सोच के साथ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को लाभान्वित करने की सोच के साथ कार्य कर रही है। सरकार की इस सोच के साथ संचालित योजनाओं का प्रभाव अब दिखने लगा है। आम आदमी के पक्के घर की जरूरत पूरी हुई। साथ ही ग्रामीण परिवेश को स्वच्छ बनाने का सपना भी पूरा होना नजर आ रहा है। इसके अलावा आयुष्मान भारत योजना से गरीबों को पांच लाख तक के मुफ्त ईलाज व चिकित्सा सेवा को उपलब्ध कराकर भाजपा ने गरीबों तक बड़ी मदद पहुंचाई है। कहा कि जनपद को मेडिकल कालेज की सौगात इसी सोच का परिणाम है। इसके अस्तित्व में आते ही चंदौली के चिकित्सा सेवाओं में बड़ा सुधार होगा और लोगों को अच्छी चिकित्सा सेवाएं उनके जनपद में मिल सकेगी। डा. शैलेश श्रीवास्तव ने भी सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को जनहित में बताया। कहा कि सरकार की योजनाएं आम आदमी की मददगार साबित हो रही है। इस अवसर पर प्रदेश कार्यकारणी सदस्य मनोज श्रीवास्तव व पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री संजय भाई पटेल भी मौजूद रहे।











