28.1 C
Chandauli
Friday, July 24, 2026

Buy now

Home Blog Page 579

मुगलसराय से छब्बू पटेल‚ सैयदराजा से विमला देवी बिन्द व चकिया से रामसुमेर राम बने कांग्रेस प्रत्याशी

कांग्रेस के मुगलसराय प्रत्याशी छब्बू पटेल।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष बोले, युवा व आधी आबादी होंगे यूपी में जीत के सूत्रधार
Young Writer, चंदौली। यूपी विधानसभा चुनाव-2022 की खुमारी तेजी से लोगों के सिर चढ़ रही है। ऐसे में विभिन्न राजनीतिक दलों की ओर से प्रत्याशियों की घोषणाओं के साथ ही चुनावी रंग तेजी से चटख हो रहा है। इसी बीच कांग्रेस ने चंदौली जनपद में सकलडीहा के बाद मुगलसराय‚ सैयदराजा व चकिया विधानसभा से अपने प्रत्याशी के नाम की घोषणा कर दी है। कांग्रेस ने वरिष्ठ नेता छब्बू पटेल को मुगलसराय से प्रत्याशी बनाया गया है। वहीं वरिष्ठ कांग्रेसी सतीश बिंद की पत्नी विमला देवी बिंद व अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित चकिया विधानसभा से रामसुमेर राम को पार्टी का चेहरा बनाया है। प्रत्याशी चयन के साथ ही कांग्रेस ने यह संदेश दिया है कि बिंद समाज समेत तमाम अतिपिछड़ी जातियों के वोट पर उसकी पैनी नजर है। देखा जाए तो पटेल व बिंद समाज के वोट में सपा के कई नेताओं की निगाहें लम्बे समय से टिकी थी, लेकिन अभी तक समाजवादी पार्टी ने मुगलसराय में अपना पत्ता नहीं खोला है। ऐसे में कांग्रेस ने फ्रंट फूट पर खेलते हुए छब्बू पटेल को बतौर प्रत्याशी उतार कर अपने चुनाव लड़ने और उसे जितने के जज्बे को प्रदर्शित किया है।

सैयदराजा प्रत्याशी विमला देवी बिंद।

कांग्रेस ने सैयदराजा में बिंद समाज के वोट बैंक काे देखते हुए उनके स्वजातीय सतीश बिंद की पत्नी विमला देवी बिंद को प्रत्याशी बना दिया। जो पूर्व में कठोरी गांव से क्षेत्र पंचायत सदस्य रहीं। 2015-2020 के बीच ग्राम प्रधान का दायित्व भी संभाल चुकी हैं। कांग्रेस का यह दांव उनके तमाम बिंद नेताओं की दावेदारी को प्रभावित करेगा। जो एकल अपने स्वजातीय वोट बैंक के आधार पर किसी भी दल से टिकट मांग रहे थे। कांग्रेस की इस दांव से उन तमाम बिंद समाज के नेताओं का तिलिस्म टुटने की संभावनाएं अभी से जाग उठी हैं। फिलहाल कांग्रेस ने अपने फैसले से सैयदराजा में अपनी मजबूती दावेदारी और पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ने के जज्बे को भी प्रदर्शित किया है। वहीं मुगलसराय में पिछड़ी जाति के छब्बू पटेल काे अपना प्रत्याशी बनाया है। पूर्व विधायक छब्बू पटेल पुराने भाजपा नेता रहे और लम्बे समय तक उन्होंने मुगलसराय विधानसभा में भाजपा का प्रतिनिधित्व किया‚ लेकिन विचाराधारा के टकराव के कारण उन्होंने भाजपा छोड़ दिया था।

चकिया प्रत्याशी रामसुमेर राम।

वहीं चकिया विधानसभा से रामसुमेर राम को टिकट दिया गया है जो प्रशासनिक सेवा से सेवानिवृत्त हुए और पढ़े–लिखे व्यक्तित्व के रूप में उनकी पहचान स्थापित है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष धर्मेन्द्र तिवारी का कहना है कि पार्टी उन तमाम फैक्टर्स पर काम कर रही है तो उनके जनाधार में जान फूंक दे। यहां जातीय समीकरणों को साधने के साथ ही समर्थन व लोगों के रुझान को वोट में बदलने के लिए कार्यकर्ताओं की टीम बनाकर उन्हें फिल्ड में उतार दिया गया है जो जहां है वहीं से कांग्रेस के लिए वोट जुटाने के काम में लग गया है। पार्टी ने सकलडीहा के साथ ही सैयदराजा‚ मुगलसराय व चकिया में प्रत्याशी उतारकर अपनी मंशा को स्पष्ट कर दिया है। कांग्रेस यूपी में दमदार वापसी की राह पर है। यूपी चुनाव के रण को कैसे लड़ना और जीतना है इसका पूरा खाका यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी के नेतृत्व में तय हो गया है और चंदौली कांग्रेस पार्टी के फार्मुले को जनपद के चारों विधानसभा इलाकों में लागू कर मजबूती के साथ मतदान तिथि तक तटस्थ रहेगी। कहीं भी चूक की कोई गुंजाइश नहीं है। संगठन में जो भी कमियां व खामियां है उसे दुरूस्त किए जा रहे हैं। पार्टी के ढिले हो चुके कल-पुर्जों को कसा जा रहा है ताकि चुनाव में वैसी कोई गलती न हो तो कांग्रेस उम्मीदवार के परिणाम को प्रभावित करे। पूरा का पूरा संगठन नई ताकत और ऊर्जा से लबरेज है। अबकी बार युवाओं के साथ ही आधी आबादी का भरपूर साथ व सहयोग कांग्रेस को मिलता दिख रहा है, जो यूपी में कांग्रेस की जीत का सूत्रधार बनेगी।

चंदौली डाकघर के पोस्ट मास्टर के खिलाफ ग्राहक व कर्मचारी लामबंद

चंदौली मुख्य डाकघर पर प्रदर्शन करते उपभोक्ता।

Young Writer, चंदौली। मुख्य डाकघर पर तैनात पोस्ट मास्टर से डाकघर के नियमित ग्राहक बेहद परेशान व नाराज है। पोस्ट मास्टर के कृत्य से परेशान ग्राहकों का गुस्सा गुरुवार को फूट पड़ा तो वे डाकघर के सामने प्रदर्शन करने लगे। इस दौरान पोस्ट मास्टर की लापरवाही से डाकघर में नहीं हो रहा काम उपभोक्ताओं ने किया हंगामा बर्खास्त किए जाने की मांग की। स्थिति यह थी कि लोगों को स्पीड पोस्ट‚ धन निकासी और जमा करने जैसे कामकाज में दिक्कतों का सामना करना पड़ा और लोग आक्रोशित होकर बैरंग लौट गए।

विदित हो कि चंदौली स्थित डाक घर मे काम नहीं होने से नाराज उपभोक्ताओं ने जमकर हंगामा किया। लोगों ने आरोप लगाया कि डाक घर का पोस्टमास्टर श्रवण कुमार ऑफिस में आते हैं और ऑफिस में बैठकर दबंगई करता है। ना हीं ही खुद काम करता है औऱ ना ही किसी कर्मचारी को काम करने देते हैं। जिसको लेकर डाक घर के कर्मचारी कार्य बहिष्कार कर दिए है। इससे डाक घर का काम काम ठप हो गया है। इस कारण दूरदराज से डाक संबंधित कामकाज के लिए आए उपभोक्ताओं को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है और बिना काम कराए बैरंग वापस लौटना लड़ता है। इस दौरान धनापुर निवासी शिवपूजन गुप्ता ने बताया कि मेरी बेटी की शादी है पैसे निकालने के लिए एक हफ्ते से डाकघर का चक्कर काट रहा हूं, लेकिन डाकघर के कर्मचारी काम नहीं होने का हवाला देकर वापस कर देते हैं। रविकांत तिवारी ने बताया कि पिछले 10 दिनों से डाकघर पैसे निकालने के लिए आ रहे हैं लेकिन यहां के पोस्ट मास्टर श्रवण कुमार की कार्यशैली के कारण काम नहीं हो पा रहा है। इससे परेशान होकर पूरे पोस्ट ऑफिस के कर्मचारी काम नहीं कर रहे हैं इससे परेशानियां हो रही है रणजीत कुमार ने बताया कि दो दिन से काम नहीं होने पर हमने पोस्ट मास्टर के खिलाफ तहरीर दिया है लेकिन अभी तक उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं किया गया है जिसको लेकर काम प्रभावित हो रहा है और हम लोगों को पैसे निकालने के लिए दिक्कत हो रही है। इस दौरान मुकेश कुमार, अर्जुन, विकास कुमार, अखिलेश सिंह, सुशीला देवी आदि मौजूद रहे।

इंडियन बैंक चोरीः लॉकर्स मामले में होगी पुलिस व बैंक अफसरों की मीटिंग

चोरी की घटना के बाद इंडेन बैंक शाखा के बाहर मौजूद पुलिस।

चंदौली के 40 लॉकरधारियों के लिए कल की दिन अहम, बैंक व पुलिस की ओर है सबकी आशा भरी नजर

Young Writer, चंदौली। इंडियन बैंक शाखा के 40 लॉकरधारियों के लॉकरों में हुई सेंधमारी मामले में थोड़ी और मोहलत लेकर बैंक प्रबंधन और जिला प्रशासन ने मामले के खुलासे के साथ-साथ अधिकतम मुआवजे के भुगतान का आश्वासन दिया था। आज उसकी समय सीमा खत्म हो जाएगी। साथ ही शुक्रवार को अब इन अधिकारियों को संयुक्त रूप से लॉकरधारियों के साथ बैठक करके उन सवालों के जवाब देने हैं, जो लॉकरधारियों ने सात फरवरी की बैठक में उठाए थे और इनका जवाब दिलवाने का पुलिस प्रशासन ने जिम्मा लिया था। अब पुलिस व बैंक प्रबंधन को संयुक्त रूप से पहल करके यह सुनिश्चित कराना है कि इन लुटे लॉकरधारियों के लुटे हुए सामान के बदले किस तरह से अधिकतम मुआवजे का भुगतान किया जाएगा और कौन कौन से नियम कानूनों में रियायत देकर या नए रास्ते निकालकर जिले में किसी तरह के आंदोलन से बचने की कोशिश की जाएगी।

आपको बता दें कि 7 फरवरी को बैंक अधिकारियों और पुलिस कप्तान अंकुर अग्रवाल के साथ लॉकरधारकों की एक मीटिंग पुलिस के हॉल में करवायी गयी थी, जिसमें पुलिस के कई आला अधिकारियों ने शिरकत की थी और दोनों पक्षों की बात सुनकर शुक्रवार तक सबकुछ क्लीयर करने की मोहलत मांगी थी। इस बैठक में इसका फैसला लिया गया था कि लॉकरधारियों को अधिक से अधिक मुआवजा दिलवाने और बैंक अपनी शाख बचाने के लिए नियमों में ढील देते हुए कई अन्य रास्ते भी खोजेगा। इसके साथ साथ इतने दिनों के भीतर इस मामले का खुलासा करने की भी पुलिस के अफसरों की बात कही थी और 7 फरवरी को खुलासे के नजदीक रहने का दावा किया था। पुलिस अधीक्षक ने आश्वासन दिया था और यह कहा था कि पुलिस की कई टीमें इस मामले में लगी हुई हैं और जल्द ही इस मामले का खुलासा करते हुए लूटे गए सारे सामान को बरामद करने की भरपूर कोशिश की जाएगी और नियमानुसार सारे लोगों का बरामद सामान वापस कराने की कोशिश की जाएगी। पुलिस और बैंक अधिकारियों के आश्वासन पर 8 फरवरी से होने वाली तालाबंदी को बैंक लॉकरधारकों ने स्थगित करते हुए सभी को शुक्रवार तक का समय दिया था और अब शुक्रवार को इस बात का निर्धारण हो जाएगा कि लॉकरधारियों की मदद के लिए लगातार बयानबाजी करने वाले बैंक अधिकारी और पुलिस के अधिकारी कितना अपने वादे पर खरे उतरते हैं और किस तरह से उनकी मदद के लिए पहल करते हैं। वहीं लॉकरधारकों का एक सुर से कहना है कि पुलिस प्रशासन और विशेष रूप से चंदौली जिले के पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल की पहल पर सभी लोगों ने अपना आंदोलन वापस लिया है। वह कानून व्यवस्था और जिले के अधिकारियों पर भरोसा रखते हैं, लेकिन अगर बैंक और पुलिस के अधिकारी अपने वायदे पर खरे नहीं उतरे तो हमारे लिए सारे रास्ते खुले रहेंगे। हम अपने आंदोलन को अपने तरीके से चलाएंगे और चंदौली जिले के इंडियन बैंक में तब तक कोई काम नहीं करने देंगे, जब तक कि मुआवजे के मामले में सारे नियम कानून और मुआवजे की प्रक्रिया को लेकर लॉकरधारी संतुष्ट नहीं हो जाते हैं।

चकियाः बुजुर्गों के उत्साह ने सपा को दी बड़ी राहत

चकिया से जितेंद्र कुमार को टिकट मिलने के बाद एक–दूसरे का मुंह मीठा कराते वरिष्ठजन।

सपा प्रत्याशी जितेंद्र कुमार के प्रत्याशी बनने के बाद उत्साहित दिख रहे वरिष्ठजन

Young Writer, शहागबंज। ऐसा लग रहा है चकिया विधानसभा क्षेत्र के लोगों की एक अप्रत्यक्ष मांग को समाजवादी पार्टी ने स्वीकार कर लिया है। और इस मांग की पूर्ति के साथ ही चकिया के मतदाताओं में चाहे फिर वह युवा हो, प्रौढ़ हो या बुजुर्ग। हर उम्र के लोग में उल्लास, उत्साह व चुनाव को लेकर उमंग में नजर आ रहा है। पूर्व विधायक जितेंद्र कुमार के प्रत्याशी बनने की घोषणा के साथ चकिया विधानसभा के लोग गदगद हैं। ऐसी बातें सम्पूर्ण आवाम के लिए नहीं कही जा सकती, लेकिन ऐसे लोग बहुसंख्यक है जो समाजवादी पार्टी से ताल्लुक रखते हैं तो कुछ सीधा जितेंद्र कुमार से। खैर! उत्साह इस कदर है कि वह सारी सीमाएं पार गया है। हालांकि सरकारी नियम-कायदे की मर्यादाएं अभी भी बची है। युवाओं का बात-बात में उत्साहित होना तो आम बात है, लेकिन उन बुजुर्गों का उत्साह समाज को एक नया संकेत व संदेश दे रहा है जो अपने उम्र के अंतिम पड़ाव की ओर अग्रसर हैं। बावजूद उसके इन दिनों उनके अंदर युवाओं जैसा जोश नजर आ रहा है।

चकिया में पूर्व विधायक जितेंद्र कुमार को मिठाई खिलाते समाजवादी साथी।

इन बुजुर्गों ने समाजवादी पार्टी ने चकिया विधानसभा से पूर्व विधायक जितेंद्र कुमार का बतौर प्रत्याशी घोषणा की। इसके साथ ही आपस में एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर मुंह-मीठा किया। साथ ही गली-मोहल्ले में हंसी-ठिठौली करते हुए पड़ोसियों व अन्य लोगों का मुंह मीठा करते दिखे। अमूमन ऐसा तभी होता है जब घर में किसी नए मेहमान का आगमन हो या फिर घर के किसी सदस्य ने बड़ी कीर्ति व उपलब्धि अर्जित कर ली हो, लेकिन यहां मामला और माहौल दोनों राजनीतिक था और ये बुजुर्गे उसी राजनीतिक रंग में रंगे व रमे नजर आ रहे हैं। इन वरिष्ठ नागरिकों का उत्साह कहीं न कहीं समाजवादी पार्टी को राहत देने के साथ ही जीत की जद्दोजहद को मुकाम देने वाला था। फिलहाल जश्न के साथ जीत की तैयारियों का खाका बुना जा रहा है। जिसमें बुजुर्गों व युवाओं का एक जबरदस्त तालमेल नजर आ रहा है। कई चुनाव और उसके हार-जीत के परिणाम को देख चुके बुजुर्ग अपने अनुभव युवा नेताओं के बीच साझा कर रहे हैं ताकि वह पुरानी रणनीति को आधार बनाकर जीत की नई इबारत को लिख सकें।

शहाबगंज में एक–दूसरे का मुंह मीठा करते लोग।

युवाओं व बुजुर्गों का यह संयोग और गठजोड़ मतदान तिथि तक कायम रहा तो यह संभावित है कि समाजवादी पार्टी चकिया में नया इतिहास कायम करने के करीब होगी। हार-जीत कितनी होनी है, नहीं होनी है यह भविष्य की बातें है, लेकिन उसे लेकर वर्तमान में जो चर्चा-परिचर्या और तैयारियों का दौर चल रहा है वह कहीं न कहीं सरकार के प्रति असंतोष, आम आदमी के जीवन में मचे कोलाहल और दुश्वारियों को झेलते आ रहे आम आदमी की पीड़ा का एक मिश्रित आघात है जिसे आम मतदाता मतदान तिथि को वोट के मरहम से मिटाने के लिए छटपटा रहा है। फिलहाल हवा नयी है और अबकी बार चुनावी रण में बहुत कुछ नया होने जा रहा है जिसके साक्षी नए युवा मतदाताओं के साथ उत्साह से लबरेज वह सभी बुजुर्ग मतदाता भी होंगे, जो कई दशक से चुनाव के हार-जीत के परिणाम और उसके प्रभाव को देखते व झेलते आ रहे हैं।

चंदौली घर से पान खाने के लिए निकले व्यक्ति को तेज रफ़्तार वाहन ने रौंदा,सड़क पर ही तोड़ दिया दम

चंदौली।मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के भोजपुर गांव निवासी 50 वर्षीय कल्लू पटेल की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई । वही वाहन चालक मौके से फरार हो गया। आस पास के लोगो ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी मौके पर पहुची पुलिस ने शव को कब्जे कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल ले आयी। और आगे की कार्यवाही में जुट गयी। वही मौत की खबर सुनते ही  परिजनों में कोहराम मच गया। बताते हैं कि कल्लू पटेल के पिता को भोजपुर गांव में ससुराल की संपत्ति मिली हुई है। जहां पर कल्लू और उसका परिवार वर्षों से रहता है। मंगलवार की शाम कल्लू घर से पान खाने के लिए निकले थे कि पीछे से आ रही तेज रफ़्तार वाहन उनको रौंदते हुए फरार हो गयी। घटना में कल्लू की मौके पर ही मौत हो गयी। मौके पर जूट आस पास के ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना दी मौके पर पहुची जलीलपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज आगे की कार्यवाही में जुट गई।

विधानसभा चुनावः नामांकन के मद्देनजर कलेक्ट्रेट तैयार

Young Writer, चंदौली। विधानसभा चुनाव-2022 की कड़ी में गुरुवार को कलेक्ट्रेट में नामांकन की प्रक्रिया शुरू होगी। इसके मद्देनजर जिला प्रशासन सारी तैयारी पूर्ण कर ली है। बुधवार को सुरक्षा के मद्देनजर नामांकन स्थल पर बैरिकेडिंग की गई है। साथ ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। प्रत्याशी के साथ सिर्फ प्रस्तावक ही कलेक्ट्रेट परिसर के अंदर प्रवेश कर पाएंगे। चारों विधानसभा के लिए अलग-अलग निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।

जनपद के चार विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों के नामांकन के लिए अपर जिलाधिकारी न्यायालय समेत चार अलग-अलग कक्ष बनाए गए हैं। कलेक्ट्रेट परिसर में सिर्फ प्रत्याशी और उनके प्रस्तावकों को ही अंदर जाने की अनुमति होगी। कलेक्ट्रेट गेट पर ही प्रत्याशी व प्रस्तावकों का सेनेटाइज किया जाएगा, ताकि कोरोना संक्रमण का खतरा न रहे। नामांकन कक्ष के अंदर व परिसर में जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। नामांकन की प्रक्रिया सुबह 11 से दोपहर तीन बजे तक चलेगी। चुनाव लड़ने के इच्छुक प्रत्याशियों को पर्चा निःशुल्क मिलेगा। एक प्रत्याशी अधिकतम चार सेट में पर्चा दाखिल कर सकते हैं। नामांकन पत्र प्राप्त करने के लिए लिए चालान राशि बैंक में जमा करानी अनिवार्य होगी। सामान्य व पिछड़ा वर्ग के प्रत्याशियों को 10 हजार व अनुसूचित जाति के प्रत्याशियों को पांच हजार जमानत राशि जमा करनी होगी। इस बाबत उपजिला निर्वाचन अधिकारी उमेश मिश्रा ने बताया कि चारों विधानसभा का नामांकन अलग-अलग कक्षों में होगा। प्रत्याशी के अलावा प्रस्तावक को ही इंट्री दी जाएगी। कोविड गाइडलाइन का पालन करना सभी के लिए अनिवार्य है।
इनसेट—-
प्रत्याशियों को खुलवाना होगा नया बैंक खाता

चंदौली। विधानसभा चुनाव में दावेदारी करने वाले प्रत्याशियों को चुनाव संबंधित खर्चों के संचालन के लिए नया बैंक खाता खुलवाना होगा। इसी खाते से चुनाव खर्च संबंधी लेन-देन कर सकेंगे। जिला प्रशासन प्रत्याशियों के इन खातों पर नजर रखेगा। इस बार विधानसभा चनाव में प्रत्याशियों को 40 लाख तक खर्च करने की छूट दी गई है।

सपा की सरकार बनी तो बेटियों को मिलेगी निःशुल्क शिक्षा

Young Writer, चंदौली। समाजवादी युवजन सभा के पदाधिकारियों ने बुधवार को साइकिल यात्रा लेकर गांवों की ओर निकल पड़े। इस दौरान समाजवादी वचन-पत्र में उल्लिखित वादों को जनता के बीच रखा। समाजवादियों ने बकायदा लोगों को वचन-पत्र उल्लिखित वादों को पढ़कर सुनाया। साथ ही उन योजनाओं के अमल में आने के बाद उनके जीवन में आने वाले सकारात्मक बदलाव को भी बताया। सयुस कार्यकर्ताओं ने बिसौरी, सिरसी, हिनौती आदि गांवों में जनसम्पर्क किया।

इस दौरान सयुस जिला महासचिव दिलीप पासवान ने कहा कि सपा सरकार लड़कियों की शिक्षा को लेकर बेहद गंभीर है। सपा सरकार बनी तो लड़कियों को पोस्ट ग्रेजुएट तक की शिक्षा सपा सरकार का जिम्मा होगी। तीन महिला के अंदर जातिगत जनगणना कराई जाएगी, ताकि पिछड़ों व दलितों को उनकी जनसंख्या के सापेक्ष सरकारी योजनाओं से लाभान्वित किया जा सके। किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य दिया जाएगा, दो बोरी डीएपी और पांच बोरी यूरिया सरकार मुफ्त दी जाएगी। समाजवादी कैंटीन में 10 रुपये की थाली में गरीबों को भोजन का बंदोबस्त होगा। सपा सरकार गरीबों को 300 यूनिट घरेलू बिजली मुफ्त दी जाएगी। साथ ही छात्रों को लैपटाप योजना से लाभान्वित किया जाएगा। सरकारी कर्मचारियों व अफसरों को पुरानी पेंशन योजना से लाभान्वित किया जाएगा। सपा सरकार शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए छह प्रतिशत बजट खर्च करेगी। प्रदेश में बड़े पैमाने पर विश्वविद्यालयों का निर्माण कराया जाएगा। इस दौरान चंदौली ब्लाक अध्यक्ष मनोज यादव, लल्लू, सूर्यप्रकाश, बलवंत, रोशन, उमेश, प्रिंस, हनुमान, गजेंद्र आदि उपस्थित रहे।

कलम की जगह कट्टा बन रहा युवाओं की पसंद

सोशल मीडिया पर असलहा लहराने वाले को धीना पुलिस ने दबोचा

Young Writer, चंदौली। जिस उम्र में युवाओं के हाथ में कलम होनी चाहिए, वो आज कट्टा लहरा रहे हैं। जिनके आदर्श कलाम होने चाहिए आज उनके आदर्श गुंडे माफिया हो रहे हैं। उनके सिर माफियागिरी इस कदर सिर चढ़कर बोल रही है कि युवा अपने नाम के आगे अपराधी लगाकर खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। लेकिन इन दिनों जनपद पुलिस ऐसे कट्टाबाज व अपराधियों को आदर्श मानने वाले युवाओं को उनकी सही जगह दिखा रही है। इन पर नकेल कसने की कयावद सकलडीहा क्षेत्राधिकारी अनिरूद्ध सिंह की सक्रियता व निगरानी पर हो रही है। एक पखवारे के अंदर सोशल मीडिया पर असलहा लहराने और अपराध के लिए ललकारने वाले दो छुट भइए अपराधी सलाहों के पीछे चले गए।

सकलडीहा सीओ दफ्तर में मंगलवार को क्षेत्राधिकारी अनिरूद्ध सिंह ने सोशल मीडिया पर गत दिनों अवैध असलहे के साथ फोटो डालने वाले युवक जिगना निवासी विशाल यादव की गिरफ्तारी की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि धीना पुलिस द्वारा द्वारा मंगलवार को क्षेत्र में चेकिंग संदिग्ध वाहनों व व्यक्तियों के वाहन की जांच की जा रही थी। तभी सीयूजी नंबर पर सोशल मीडिया सेल चंदौली द्वारा वीडियो फुटेज भेजा गया, जिसमें एक युवक अवैध असलहे को लहराते हुए दिखाई दे रहा था। उक्त वीडियो की जांच के क्रम में मुखबिर द्वारा सूचना दी गई कि उक्त युवक मनबढ़ किस्म का है और इसका तीन चार लड़कों का एक गैंग है। ये सभी मिलकर चोरी व तस्करी का कार्य भी चोरी छिपे करते रहते हैं। सूचना पर पुलिस ने चोरी की बाइक पर बैठे दो अभियुक्तों को जिनके पास नाजायज गांजा व असलहा के साथ जिगना गेट के पास पकड़ा गया। पकड़े गए दोनों अभियुक्तों की जामातलाशी में दोनों के पास एक-एक तमंचा बोर व जिन्दा कारतूस बरामद हुआ। साथ ही झोले में गांजा लगभग 2.4 बरामद हुआ। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वह अपने दोस्त पिन्टू निषाद के साथ मिलकर हमलोग रोजमर्रा के अपने खर्चों को पूरा करने के लिये कभी-कभी चोरी व तस्करी जैसे कृत्य को अंजाम देते थे। साथ बी बाइक को सुसुवाही लंका से चुराने की बात कही। पुलिस ने बताया कि युवकों ंने रंगदारी मांगने का जिक्र किया, जिसकी जांच की जा रही है।

मनोज डब्लू की चेतावनी बंद मिला शहीद स्मारक तो उखाड़ देंगे गेट

Young Writer: धानापुर शहीद स्मारक गेट पर नमन करते मनोज सिंह डब्लू।

Young Writer, धानापुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव व पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू बुधवार को एक बार फिर सैयदराजा विधायक पर हमलावर रहे। इस दौरान शहीद स्मारक समिति के लोग भी निशाने पर रहे। मनोज सिंह डब्लू पर शहीद स्मारक समिति के गेट पर माल्यार्पण किया और धानापुर थानाध्यक्ष सत्येंद्र विक्रम से टेलीफोनिक बातचीत की। चेताया कि यदि अगली बार नामांकन करके आया और धानापुर शहीद स्मारक का गेट बंद मिला तो उसे तोड़ने का काम किया है।

इस दौरान मनोज सिंह डब्लू ने कहा कि शहीद स्मारक, धानापुर शहीदी धरती का है और यहां धरती में पले-बढ़े एक-एक लाल का शहीदी धरती पर पूरा अधिकार है, लेकिन स्मारक समिति और उसमें शामिल सैयदराजा विधायक शहीद स्मारक पर कब्जा करना चाहते है। चेतावनी दी कि उनके इस कब्जे को धानापुर की जनता उखाड़ फेंकने का काम करेगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि धानापुर शहीद स्मारक है इस पर कब्जा करने का सपना देखने वालों को जनता उखाड़ फेंकने का काम करेगी। स्मारक गेट बंद होने से सपा नेता मनोज सिंह डब्लू के साथ-साथ आपसे लोगों में गहरा आक्रोश देखने को मिला। कस्बावासियों ने स्मारक समिति के कार्य एवं व्यवहार पर सवाल खड़े किए। कहा कि यह स्मारक शहीदों के सम्मान व याद में बनाया गया है ताकि लोग समय-समय पर यहां आकर शहीदों के प्रति अपने प्रेम व सम्मान को प्रदर्शित कर सके। लेकिन कतिपय लोगों के कृत्य के कारण इस पर भी प्रतिबंध लगाने का प्रयास किया जा रहा है जो पूरी तरह से अनुचित है। माल्यार्पण कर लौटते समय सपा के पूर्व विधायक ने धानापुर एसओ को फोन कर इस प्रकरण की जानकारी दी। साथ ही इस बात की चेतावनी दी कि अगली बार यदि वह आए और गेट बंद मिला तो उसे उखाड़कर फेंकने का काम किया जाएगा, लिहाजा धानापुर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस-प्रशासन उचित पहल करे।

नामांकनः थोड़ी सी चूक से रण-छोड़ हो जाएंगे चुनावी रण-बांकुरे

नामांकन

10 मार्च से शुरू हो रहा नामांकन, प्रारूप-26 के नियम4क के तहत देनी होगी पूरी जानकारी

Young Writer, चंदौली। विधानसभा चुनाव-2022 को लेकर जिला प्रशासन कमर कसकर पूरी तरह तैयार है। ऐसे में जिन प्रत्याशियों के टिकट की घोषणा हो चुकी है अब वे अपनी तैयारियों में जुट गए है। चुनाव के लिए सबसे अहम नामांकन की प्रक्रिया मानी गयी है, क्योंकि इस प्रक्रिया में थोड़ी सी चूक आपकी उम्मीदवारी व जनता के बीच दावेदारी को एक झटके में समाप्त कर सकती है। या यूं कहा जाए कि प्रत्याशी बिना लड़े ही चुनावी रण में हार जाता है। यानी आपको ’रण छोड़’ नहीं बनना है तो 10 फरवरी से शुरू हो रहे नामांकन प्रक्रिया को बेहद गंभीरता से लें और इस कानूनी व प्रशासनिक प्रक्रिया को पूरी सतर्कता के साथ मुकम्मल करें, अन्यथा जिला प्रशासन आपकी दावेदारी को खारिज करने में जरा की संकोच नहीं करेगा।

विदित हो कि विधानसभा चुनाव लड़ने वाले सभी दल के उम्मीदारों के साथ ही निर्दल उम्मीदवार अपना नामांकन प्रारूप-26 के नियम-4क के तहत दिए गए फार्मेट पर अपनी सम्पूर्ण जानकारी निर्वाचन अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत करते हैं। जिसमें प्रत्याशी के विधानसभा का नाम व नंबर का अंकन होता है। साथ ही उसके नाम व उसकी वल्दियत के अलावा पते का पूरा विवरण होगा है। इसके बाद प्रत्याशी को प्रारूप के पहले उपखण्ड में उस राजनीतिक दल के बारे में उल्लेख करना होता है, जिसे चुनाव चिह्न पर वह चुनाव लड़ रहा है। इसके बाद प्रत्याशी द्वारा उक्त विधानसभा के मतदाता सूची में दर्ज अपने नाम के विवरण में भाग संख्या और क्रम संख्या का उल्लेख करना होगा है। तीसरे उपखण्ड में प्रत्याशी को अपने सम्पर्क सूत्र का पूरा विवरण उपलब्ध कराना है। मसलन मोबाइल नंबर व ई-मेल आईडी के उल्लेख के साथ ही यदि वह सोशल मीडिया पर सक्रिय है तो उसे ट्विटर एकाउंट, वाट्सऐप नंबर, फेसबुक एकाउंट की भी जानकारी निर्वाचन अधिकारी को देनी है। चौथे उपखण्ड में पैनकार्ड व उसके माध्यम से हुए वित्तीय लेन-देन का विवरण देना है। साथ ही आश्रितों के साथ अन्य महत्वपूर्ण जानकारी इसी उपखंड में दी जाएगी। पांचवें उपखण्ड में प्रत्याशी को लंबित आपराधिक मामलों का सम्पूर्ण विवरण देना है। यदि इसमें किसी भी तरह के तथ्य को बदला या छिपाया गया तो प्रत्याशी की उम्मीदवारी निरस्त होना लगभग तय है।

अगले उपखण्ड में जंगम सम्पत्तियों का सम्पूर्ण विवरण दिया जाएगा। मसलन नकदी कितनी है और कितने आभूषण रखते हैं आदि। वहीं उपखण्ड के दूसरे कालम में स्थावर सम्पतियों का विवरण दिया जाएगा। यानी यहां आप यह दिखाएंगे आपके पास कितने मकान, दुकान व कृषि योग्य भूखण्ड व फ्लैट आदि हैं। नौवें उपखण्ड में आपको यह बताया है कि आप अपनी आजीविका को चलाने के लिए क्या करते हैं। 10वें उपखण्ड में आपकी शिक्षा-दीक्षा का विवरण उल्लिखित करना होगा। 11वें उपखण्ड में एक बार फिर आपको नाम, पिता का नाम, डाक का पूरा पता, निर्वाचन क्षेत्र, उसका नाम व राज्य के नाम के साथ ही पार्टी के नाम का उल्लेख करना होगा। साथ ही पार्टी के नाम व आपराधिक मामलों की संख्या के अलावा उम्मीदवार अपने पैन कार्ड के साथ-साथ अपनी पत्नी के पैन कार्ड के विवरण की जानकारी मुहैया कराएगा। उक्त उपखण्ड के नौवें कालम में सरकारी संस्थाओं के बकाए एवं ऋण संबंधित जानकारी भी प्रत्याशी को निर्वाचन अधिकारी के समक्ष रखनी होगी। इसमें किसी तरह के विषय-वस्तु को छिपाने या बदल कर प्रस्तुत करने पर उक्त प्रत्याशी की उम्मीदवारी खतरे में पड़ सकती है। देखा जाए तो प्रारूप-26 के नियम-4क के एक-एक कालम को बड़ी बारीकी के साथ ध्यान पूर्वक व उसकी सत्यता के साथ दर्शाना अत्यंत आवश्यक एवं जरूरी है।

Chandauli
overcast clouds
28.1 ° C
28.1 °
28.1 °
74 %
3.2kmh
100 %
Fri
33 °
Sat
36 °
Sun
35 °
Mon
36 °
Tue
36 °

You cannot copy content of this page

Verified by MonsterInsights